साइक्लोन 'अक्वान': तेज़ हवाएं और भारी बारिश की आशंका बढ़ी, कब और कहां देगा दस्तक?

मौसम विभाग ने कहा है कि 'अक्वान' गंभीर चक्रवाती तूफ़ान में तब्दील हो गया है (सांकेतिक तस्वीर)

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, मौसम विभाग ने कहा है कि 'अक्वान' गंभीर चक्रवाती तूफ़ान में तब्दील हो गया है (सांकेतिक तस्वीर)

प्रकाशित 17 नवंबर 2026

पढ़ने का समय: 8 मिनट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफ़ान 19 नवंबर, गुरुवार तक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफ़ान में बदल सकता है.

इसके 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है और अगले चार दिनों के दौरान तमिलनाडु के कई ज़िलों में भारी से अत्यधिक बारिश होने की चेतावनी दी है.

आईएमडी ने अपने ताज़ा बुलेटिन में कहा है कि बुधवार को सुबह 5.30 बजे तक, दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित चक्रवात 'अक्वान' उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बहुत धीमी गति से आगे बढ़ा है.

पिछले छह घंटों में इसकी रफ़्तार 7 किमी प्रति घंटे की है और 20 नवंबर की दोपहर तक इसके मछलीपट्टनम और पुरी के बीच तट को पार करने की उम्मीद है.

आईएमडी के अनुसार, उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए, अक्वान के 20 नवंबर को दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की आशंका है.

इस दौरान यह एक गंभीर चक्रवाती तूफ़ान होगा. इसकी हवा की अधिकतम रफ़्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है, जबकि झोंकों की रफ़्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

चक्रवात का केंद्र चेन्नई से लगभग 580 किमी पूर्व, आंध्र प्रदेश के मसूलीपटनम से 610 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 610 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 730 किमी दक्षिण में था.

आईएमडी के अनुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए यह चक्रवाती तूफ़ान 20 नवंबर, को दोपहर के आसपास नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट से बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकरा सकता है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • मोदी और ट्रंप

  • RAHUL

समाप्त

उस समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

बीबीसी तेलुगू के अनुसार, आंध्र प्रदेश के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से तटों के पास न जाने को कहा है. तटीय क्षेत्रों के लोगों से अपील की गई है कि वे आपातकालीन स्थिति को छोड़कर घर से बाहर न निकलें.

अक्वान

इमेज स्रोत, Konaseema I&PR

इससे पहले मंगलवार सुबह 8.30 बजे यह तूफान बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में केंद्रित था. इससे पहले के छह घंटों के दौरान यह तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा था.

आईएमडी के मुताबिक़ इस तूफान के प्रभाव से 18 से 21 नवंबर के बीच आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है.

इस साइक्लोन का नाम ईरान ने रखा है. 'अक्वान' नाम की जड़ें फ़ारसी पौराणिक कथाओं में हैं.

यह नाम 'अक्वान-ए-दीव' से जुड़ा है, जो मशहूर फ़ारसी महाकाव्य 'शाहनामा' में एक दानव जैसा पात्र है. इस महाकाव्य की रचना फ़िरदौसी ने की थी.

मौसम विभाग की चेतावनी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, कई इलाक़ों में मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

मौसम विभाग ने 22 नवंबर तक देश के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान जताया है.

दक्षिण भारत में केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 22 नवंबर को, तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 22 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है.

बुधवार को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में जबकि रायलसीमा में 21 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 19 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है.

इसके अलावा, 19 से 20 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा रायलसीमा में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 20 से 22 नवंबर के बीच भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है.

मध्य भारत में पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 22 नवंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर, विदर्भ में 19 से 21 नवंबर और छत्तीसगढ़ में 18 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.

पूर्वी भारत में गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 20 नवंबर को, झारखंड में 20 से 21 नवंबर के बीच और ओडिशा में 19 से 22 नवंबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है.

पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 21 से 22 नवंबर को, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 नवंबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. असम और मेघालय में 22 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.

बारिश के अलावा मौसम विभाग ने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है.

विभाग के मुताबिक़, 20 नवंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है. वहीं, बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरा छा सकता है.

समुद्र की स्थिति

इमेज स्रोत, @Indiametdept

इमेज कैप्शन, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 18 नवंबर और 21 नवंबर को, जबकि रायलसीमा में 18 नवंबर और 21 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के अलग-अलग हिस्सों और आसपास के समुद्री इलाकों में समुद्र की स्थिति ख़राब होने की चेतावनी दी है.

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 18 नवंबर तक यह बहुत ख़राब से अत्यंत ख़राब हो सकती है.

दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर तक स्थिति और बिगड़कर अत्यंत ख़राब से बहुत ही ज़्यादा ख़राब (वेरी हाई) हो सकती है.

पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर से अगले 24 घंटों के दौरान समुद्र की स्थिति बहुत ही ज़्यादा ख़राब से लेकर 'असाधारण' (फ़ेनॉमिनल) स्तर तक पहुंच सकती है.

उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर को समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने की संभावना है.

उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों के पास 18 नवंबर तक समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रह सकती है.

आंध्र प्रदेश और यनम के तटों के पास 19 नवंबर की सुबह तक तीव्रता में और गिरावट आ सकती है और यह अत्यंत ख़राब से बहुत ही ज़्यादा ख़राब हो सकती है.

इसके बाद 19 नवंबर की शाम से 20 नवंबर की सुबह तक समुद्र की स्थिति 'असाधारण' स्तर तक पहुंच सकती है.

ओडिशा के इन इलाक़ों के लिए ऑरेंज अलर्ट

'अक्वान' की वजह से ओडिशा के तट के पास 18 नवंबर से 20 नवंबर की सुबह तक समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने का अनुमान है.

ओडिशा राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, "मौजूदा चक्रवात के 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकराने की आशंका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि 19 नवंबर को गंजाम, गजपति और पुरी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी."

उन्होंने बताया, "इन तीनों ज़िलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है. 20 नवंबर को चक्रवात के तट से टकराने वाले दिन मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश से काफ़ी असर पड़ने की आशंका है."

इस बीच मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे इन इलाकों में न जाएं:

  • 17 नवंबर तक अंडमान सागर और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह के आसपास के इलाकों में.
  • 17 नवंबर तक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में.
  • 19 नवंबर तक दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में.
  • 20 नवंबर तक मध्य बंगाल की खाड़ी में.
  • 19 से 20 नवंबर के दौरान उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में.

साइक्लोन के नाम देने की दिलचस्प कहानी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, साइक्लोन के प्रस्तावित नाम किसी भी राजनीतिक पार्टी, शख्सियत, धर्म, संस्कृति और लिंग के आधार पर नहीं होने चाहिए

साल 2000 में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों को नाम देने की पद्धति एशिया और प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक आयोग (ईएससीएपी) और विश्व मौसम संगठन (डब्लूएमओ) ने शुरू की.

इसके तहत बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड जैसे देशों के एक समूह ने बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों के लिए 13 नामों की एक सूची सौंपी.

2018 में इन देशों के पैनल में ईरान, क़तर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन का नाम भी जुड़ गया. इस पैनल का काम चक्रवातों के नाम तय करना है.

इन देशों की ओर से सुझाए गए नाम देश के नाम की वर्णमाला के हिसाब से सूचीबद्ध किए जाते हैं. इस सूची की शुरुआत बांग्लादेश से होती है.

फिर इसके बाद इसमें भारत, ईरान, मालदीव, ओमान, पाकिस्तान का नाम आता है.

इस क्रम के हिसाब से ही चक्रवातों के नाम रखे जाते हैं. 2020 में आए चक्रवात निवार के बाद जिन चक्रवातों के नाम सुनाई पड़ने वाले हैं वो हैं बुरेवी (मालदीव), तौकते (म्यांमार), यास (ओमान) और गुलाब (पाकिस्तान).

अप्रैल 2020 में इन नामों वाली नई सूची सदस्य देशों की ओर से मंजूर की गई है.

प्रस्तावित नाम किसी भी राजनीतिक पार्टी, शख्सियत, धर्म, संस्कृति और लिंग के आधार पर नहीं होने चाहिए.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira