फ्लोरिडा विमान हादसा: हादसे से ठीक पहले क्रू मेंबर एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल से लगा रहे थे ये गुहार

वीडियो कैप्शन, डैशकैम फुटेज में फ्लोरिडा में निजी जेट विमान दुर्घटना कैद हुई है
    • Author, नार्डीन साद
  • प्रकाशित एक मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 3 मिनट

अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टिंग सेफ़्टी बोर्ड (एनटीएसबी) का कहना है कि वह इस बात की जांच करेगा कि क्या फ्लोरिडा में दुर्घटनाग्रस्त हुए जेट विमान के कुछ हिस्से उसके नीचे गिरने और विस्फोट होने से पहले टूट गए थे, जिसके कारण विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई.

रविवार को ऑस्टिन, टेक्सस से बहामास जा रहा लेयरजेट 60 विमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से नौ मील (14 किमी) दूर एक सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

मरने वालों में एक तकनीकी उद्यमी और उसका युवा परिवार, साथ ही 20 वर्षीय को-पायलट भी शामिल थे.

एनटीएसबी ने सोमवार को कहा कि वह इस बात की भी जांच करेगा कि बर्फ़ और टर्बुलेंस किस हद तक कारण हो सकते हैं.

इससे पुष्टि हुई कि ऑस्टिन से जेट के उड़ान भरने के बाद, चालक दल ने एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल को सूचित किया कि उन्हें बर्फ़ और मिडिल लेवल की टर्बुलेंस का सामना करना पड़ रहा है.

क्रू ने कहा, "हमें बारिश वाले बादलों का सामना करना पड़ रहा है. हम 37,000 फीट की ऊंचाई तक जाने की अनुमति चाहते हैं."

एनटीएसबी के सदस्य टॉम चैपमैन ने कहा कि 30 सेकंड से भी कम समय बाद, विमान नीचे उतरने लगा और चालक दल ने आपातकालीन सहायता के लिए कॉल जारी की.

उन्होंने बताया कि इसके बाद ट्रांसमिशन बाधित हो गया और उन्होंने कहा- "दुख की बात है कि जहाज़ पर सवार सभी लोग मारे गए."

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • दिल्ली पुलिस

  • सोमवार को विशाखापत्तनम में, साइक्लोन मुरासु के आंध्र प्रदेश तट के क़रीब पहुँचने पर तेज़ लहरें किनारे से टकराती हुई दिखीं

  • अभिजीत दीपके

  • दो नवंबर, 2026 को चक्रवाती तूफ़ान 'मुरासु' के दस्तक देने से पहले बंगाल की खाड़ी के तट पर बारिश के बीच काले बादल छाए हुए हैं. एक महिला सड़क पर चल रहे वाहन चालक के पास से गुज़र रही है

समाप्त

एनटीएसबी ने कहा कि दुर्घटना में बर्फ़ और टर्बुलेंस कारक थे, लेकिन इसके संभावित कारण का निर्धारण एक लंबी जांच प्रक्रिया होगी.

उस समय इलाक़े में आंधी-तूफ़ान की ख़बर थी.

अधिकारी यह पता लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं कि दुर्घटना के समय विमान में कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर मौजूद था या नहीं और क्या उसे बरामद किया जा सकता है.

इस जांच के तहत, एनटीएसबी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए), लेयरजेट के प्रतिनिधियों के साथ-साथ मौसम विज्ञानियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल एक्सपर्ट के साथ मिलकर काम कर रहा है.

सुरक्षा बोर्ड के हवाई सुरक्षा जांचकर्ता टिमोथी मोनविले ने कहा कि सड़क पर बने गड्ढे से मलबे को निकालना एक "बेहद चुनौतीपूर्ण काम" होगा.

वीडियो कैप्शन, अधिकारियों ने बताया कि घातक दुर्घटना से पहले लीयरजेट उड़ान की घटनाएँ किस प्रकार घटीं

फ्लाइट एनलिसिस से पता चलता है कि दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले जेट सैकड़ों फीट प्रति सेकंड की गति से नीचे गिर रहा था.

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग में, एक क्रू मेंबर को आपातकाल की घोषणा करते हुए, "हम ओवरस्पीड की स्थिति में हैं और 20,000 फीट प्रति मिनट की दर से नीचे उतर रहे हैं" चिल्लाते हुए सुना जा सकता है, और फिर यह कहते हुए सुना जा सकता है, "हम ज़मीन से टकराने वाले हैं".

शुरुआती आपातकालीन घोषणा के लगभग 35 सेकंड बाद, कॉकपिट से अंतिम टिप्पणी है- "हमारे पास समय नहीं बचा है."

जिन सात लोगों की मौत हुई है और जो यात्री के रूप में यात्रा कर रहे थे, उनकी पहचान उनके परिवारों की ओर से जारी एक संयुक्त बयान में तकनीकी उद्यमी एडम रॉबिन्सन, उनकी पत्नी हेलेन शार्प और उनके दो बच्चों - एम्मा और चार्ली के साथ-साथ राचेल रीड, चार्मी फेहर और अनीता मारिया सेटिना के रूप में की गई है.

मीडिया रिपोर्टों में पायलट का नाम जेफरी ग्रेगरी बताया गया है, जबकि 17 साल की उम्र में पायलट का लाइसेंस हासिल करने वाली नथालिया फिल्गुइरास को सह-पायलट बताया गया है.

मृतकों के अलावा, ज़मीन पर मौजूद एक व्यक्ति को उस समय पैर में चोट आई, जब विमान सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि यह दुर्घटना मिलिट्री ट्रेल पर हुई, जो व्यवसायों और रेस्तरां से घिरी छह लेन वाली सड़क है.

दुर्घटनास्थल से मिली तस्वीरों में एक आवासीय सबअर्बन सड़क के बीचोंबीच एक बड़ा, आग से जलता हुआ गड्ढा दिखाई दे रहा है.

अधिकारियों ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मलबा इलाक़े के खेल के मैदानों, कारोबारों और घरों में बिखरा हुआ था, जो इस बात का संभावित सबूत है कि विमान ज़मीन से टकराने से पहले ही टूट गया था.

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए अपुष्ट फुटेज में दुर्घटना के क्षण की डैश-कैमरा रिकॉर्डिंग दिखाई दे रही है.

ट्रंप रविवार सुबह मार-ए-लागो में थे और दुर्घटना से लगभग एक घंटे पहले पास के एक हवाई अड्डे से एयर फोर्स वन से रवाना हुए थे.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · नार्डीन साद

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira