बिहारः पीएम मोदी जिस 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन कर रहे हैं उस पर क्यों मचा सियासी घमासान

पीएम मोदी

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, पीएम मोदी शनिवार को बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ब्रिज का उद्घाटन कर रहे हैं

प्रकाशित 2 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 6 मिनट

पटना के बाहरी इलाक़े में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ब्रिज को लेकर बिहार में सियासी हंगामा मचा हुआ है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को इस ब्रिज का उद्घाटन कर रहे हैं. इस ब्रिज को 'नीतीश सेतु' नाम दिया गया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, 9.76 किलोमीटर लंबे इस पुल को वैशाली के बिदुपुर ब्लॉक से पटना के बाहरी इलाक़े में स्थित कच्ची दरगाह से जोड़ा गया है.

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि यह ब्रिज क़रीब डेढ़ साल से चालू है लेकिन इसका फिर से उद्घाटन किया जा रहा है.

बिहार सरकार के मुताबिक़ इस ब्रिज को इंटेलिजेंट ट्रैफ़िक मैनेजमेंट सिस्टम पर बनाया गया है

इमेज स्रोत, @IPRDBihar

इमेज कैप्शन, बिहार सरकार के मुताबिक़ इस ब्रिज को इंटेलिजेंट ट्रैफ़िक मैनेजमेंट सिस्टम पर बनाया गया है

विपक्षी नेताओं ने इस ब्रिज के नाम बदलने के भी आरोप लगाए हैं. जबकि सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी और जेडीयू ने इस ब्रिज के 'नीतीश सेतु' नाम रखने का स्वागत किया है.

उत्तर-दक्षिण बिहार कनेक्टिविटी वाला यह ब्रिज आवागमन को तेज और आसान बनाता है. यह राघोपुर के लोगों को साल भर सड़क संपर्क मुहैया कराता है.

इसके शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और हाजीपुर-पटना मार्ग पर होने वाले जाम और ट्रैफिक का दबाव काफ़ी कम हुआ है.

लेकिन इस ब्रिज से वाहनों को जो रफ़्तार मिल रही है, उससे कहीं ज़्यादा तेज सियासी बयानबाज़ी हो रही है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • मुसादिक मलिक

  • अमेरिकी ड्रोन

समाप्त

विपक्ष ने लगाए आरोप

इमेज स्रोत, @yadavtejashwi

इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने दस्तावेज़ दिखाते हुए दावा किया कि ब्रिज का पहले ही उद्घाटन हो चुका है

इस ब्रिज का नाम भले ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया हो, लेकिन यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि उद्घाटन के मौक़े पर कहीं नीतीश कुमार का पोस्टर या उनकी तस्वीर नज़र नहीं आ रही है.

विधानसभा में विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "बिहार में साल 2015-16 में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद इस पुल की आधारशिला रखी गई. उस समय मेरे पास पीडब्लूडी विभाग था. हमने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह किया था कि इस पुल का नाम अक्षयवट राय के नाम से कर किया जाए. नीतीश जी मान भी गए थे."

समाजवादी नेता अक्षयवट राय बिहार के वैशाली ज़िले के रहने वाले थे. वह एक स्वतंत्रता सेनानी भी थे.

आरजेडी सांसद मीसा भारती ने कहा, "यह पुल क़रीब डेढ़ साल पहले शुरू हो चुका है और सबलोग इसे राघोपुर 6 लेन पुल के नाम से जानते हैं. सब लोग इससे आ रहे हैं, जा रहे हैं. दो साल के बार डबल इंजन की सरकार को नामकरण याद आया है."

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री उस पुल का उद्घाटन करने आ रहे हैं, जिसका निर्माण महागठबंधन की सरकार ने करवाया है. मुझे खुशी होती की बिहार में प्रधानमंत्री किसी फ़ैक्ट्री का उद्घाटन करते, कोई कल-कारखाना लगाते, बेरोज़गारों के लिए रोज़गार के किसी साधन की शुरुआत करते तो सबको खुशी होती."

इमेज स्रोत, @Pawankhera

इमेज कैप्शन, पवन खेड़ा ने इस दस्तावेज़ के आधार पर आरोप लगाया है कि सिख समुदाय की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया, "बिहार सरकार के अनुसार, इस पुल का नाम या तो स्वतंत्रता सेनानी स्व. अक्षयवट राय जी के नाम पर रखा जाना था. या फिर (सिख धर्म के) दशवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर इस पुल का नाम रखा जाना था, क्योंकि यह गुरु महाराज जी की जन्मस्थली के पास ही स्थित है."

"सिख समुदाय की भावनाओं से ये खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है? उनके जीते जी ही वो काम करना जो मरणोपरांत किए जाने चाहिए, इससे यह सवाल भी उठता है कि नीतीश कुमार को इतना आनन फानन में राजनीतिक मुख्यधारा से क्यों खदेड़ा जा रहा है?"

जेडीयू और बीजेपी के कई नेताओं ने ब्रिज का नाम नीतीश सेतु रखे जाने का स्वागत किया है.

बीजेपी और जेडीयू ने क्या कहा

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा (फ़ाइल फ़ोटो)

बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर तंज़ करते हुए कहा, "आज बदलता हुआ बिहार है और किन्हीं को तकलीफ़ होती है कि मेरे पिताजी के नाम पर क्यों नहीं हुआ. आज नीतीश कुमार- मोदी जी के शासन को सम्राट चौधरी ऊंचाई पर ले जा रहे हैं."

जेडीयू सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह (राजीव रंजन सिंह) ने कहा, "तेजस्वी यादव के बयान पर मुझे कोई प्रतिक्रिया नहीं देनी है. जिनके बोलने का कोई मतलब नहीं है, उनकी बात पर क्या प्रतिक्रिया दें."

जबकि केंद्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर ने कहा, "यह अच्छी बात है. नीतीश कुमार के नाम से अब तक कुछ नहीं हुआ था. यह हो गया है और बहुत अच्छी बात है. यह एनडीए की उपलब्धि है."

जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा, "मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने मिलकर इस ब्रिज का नाम रखा है जो स्थायी तौर पर आर्थिक गतिविधियों के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है. गांधी जी, राजेंद्र प्रसाद, जय प्रकाश नारायण और नीतीश कुमार सबके नाम पर गंगा नदी पर पुल हो गया."

"प्रधानमंत्री पूरे देश के होते हैं, शायद उनको (तेजस्वी यादव) को यह ध्यान होना चाहिए. वह एनडीए गठबंधन के नेता हैं. यह ब्रिज बिहार सरकार ने बनवाया है. नीतीश कुमार इसके निर्माण के दौरान कई बार इसे देखने आते थे. जिन्होंने कुछ नहीं किया, वे इस पर बयान दे रहे हैं."

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार ने 20 साल तक जनता की सेवा की इसलिए नीतीश सेतु नाम रखा गया है.

पहले उद्घाटन होने का दावा

इमेज स्रोत, Bihar CM/X

इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार का इस ब्रिज को बनाने में कोई योगदान नहीं है

तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि इस ब्रिज का उद्घाटन पहले ही तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कर दिया था.

एक्स पर उन्होंने लिखा, "इस प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक पैसा भी नहीं दिया गया है. इस पुल का उद्घाटन 1 साल 5 महीने पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था और इससे लाखों वाहनों की आवाजाही हो चुकी है. क्या आप इसका दोबारा उद्घाटन इसलिए कर रहे है कि शिलापट्ट पर आपका भी नाम लिखा जा सके."

इस ब्रिज के निर्माण में क़रीब 5 हज़ार करोड़ रुपये की लागत आई है.

अग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस और अन्य स्थानीय मीडिया में आई ख़बरों के मुताबिक़, 23 जून 2025 को बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ब्रिज का उद्घाटन किया था.

उस वक़्त इस ब्रिज का पहला फेज़ पूरा हुआ था.

इस ब्रिज के शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफ़िक का दबाव कम होने की संभावना है. ब्रिज से नॉर्थ बिहार और साउथ बिहार के बीच संपर्क का नया विकल्प उपलब्ध हुआ है.

पीटीआई के मुताबिक़, उस वक़्त इस ब्रिज से राघोपुर दियारा को भी काफ़ी फ़ायदा होने की उम्मीद जताई गई थी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira