इसराइल चुनाव: क़तर-तुर्की से फ़ंडिंग के आरोप पर बोला विपक्ष - 'नतीजे पलटने के लिए गढ़ी जा रही है झूठी कहानी'

लोग अरबी और हिब्रू भाषा में "अपने पड़ोसी से प्रेम करो" लिखा हुआ बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, "अपने पड़ोसी से प्यार करो" लिखे हुए बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने विपक्षी नेता गादी आइज़नकोट से अरब नेतृत्व वाली पार्टियों को शामिल करते हुए सरकार बनाने का प्रयास करने का आग्रह किया.
    • Author, टॉम बेनेट
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, यरूशलम
  • प्रकाशित एक मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 6 मिनट

इसराइल में विपक्ष के प्रमुख नेता गादी आइज़नकोट और अरब नेतृत्व वाली पार्टियों के नेताओं ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आलोचना की है.

नेतन्याहू ने चुनाव में अपने गठबंधन का बहुमत ख़त्म होने के बाद विदेशी दख़ल का आरोप लगाया था.

नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने इसराइल की अरब नेतृत्व वाली पार्टियों पर चुनाव 'चुराने' का आरोप लगाया. देश की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेत इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन पार्टियों को क़तर और तुर्की से अवैध फंडिंग मिली थी.

क़तर के विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को "हास्यास्पद और खतरनाक" बताते हुए खारिज कर दिया. उसने इसराइली नेताओं पर दोहा के ख़िलाफ़ दुष्प्रचार अभियान चलाने का आरोप लगाया.

अंतिम नतीजों से पुष्टि हुई कि न तो नेतन्याहू के गठबंधन और न ही यहूदी विपक्ष को संसद में बहुमत मिला है.

जॉइंट लिस्ट और रा'म नाम की दो अरब पार्टियों ने उम्मीदों के उलट प्रदर्शन करते हुए 120 सदस्यों वाली संसद (क्नेसेट) में रिकॉर्ड 19 सीटें जीतीं. अरब मतदाताओं के बीच मतदान में बढ़ोतरी के बाद यह नतीजा सामने आया.

इससे ये पार्टियां सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने की स्थिति में आ गई हैं. नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी गादी आइज़नकोट के गठबंधन ने 48 सीटें हासिल कीं.

गुरुवार को लिकुड पार्टी ने आरोप लगाया कि अरब पार्टियों को वोट देने के लिए मतदाताओं को "रिश्वत दी गई" थी. इससे पहले केंद्रीय चुनाव समिति के प्रमुख ने सुरक्षा एजेंसी शिन बेत से विदेशी दख़ल के 'गंभीर संदेहों' की जांच करने को कहा था.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • Israeli Prime Minister Benjamin Netanyahu waves while addressing supporters at his Likud party's headquarters in Jerusalem (28 October 2026)

  • अरब पार्टी की एक रैली में प्रत्याशी का सपोर्ट करते इसराइली अरब मुस्लिम

  • जामिया मिल्लिया इस्लामिया की तस्वीर

  • कराची की इस इमारत से नज़रें हटाए बिना वहां से गुज़रना मुश्किल है.

समाप्त

दोनों अरब पार्टियों ने इस आरोप को सख्ती से खारिज किया. जॉइंट लिस्ट ने कहा कि इस आरोप का कोई आधार नहीं है.

नेतन्याहू के आलोचकों का मानना है कि यह विवाद अरब पार्टियों की वैधता पर सवाल उठाने की कोशिश है. इससे आइज़नकोट के लिए इन पार्टियों के साथ गठबंधन करना राजनीतिक रूप से असंभव हो सकता है. फिलहाल, सत्ता तक पहुंचने के लिए उनके गठबंधन के पास यही एक रास्ता है.

लिकुड पार्टी के आरोप और विपक्ष का जवाब

यूसुफ़ जबरीन और अन्य लोग जश्न मनाते हैं

इमेज स्रोत, EPA

इमेज कैप्शन, यूसुफ जबरीन (बीच में) के नेतृत्व वाली ज्वाइंट लिस्ट पार्टी सहित अरब-नेतृत्व वाली पार्टियों ने रिकॉर्ड 19 सीटें जीतीं हैं

इसराइली मीडिया ने बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति के सामने यह दावा रखा गया था कि क़तर ने अरब समुदायों में मतदान बढ़ाने के मक़सद से फ़ंडिंग की थी.

क़तर के विदेश मंत्रालय ने इन दावों को 'पूरी तरह' खारिज किया. नेतन्याहू और उनकी लिकुड पार्टी ने इन आरोपों को 'राजनीतिक भूकंप' और 'लोकतंत्र पर हमला' बताया.

उन्होंने कहा कि इसका मकसद उनकी दक्षिणपंथी सरकार को सत्ता से हटाना है.

हालांकि, बाद में शिन बेत ने स्पष्ट किया कि उसकी जांच में उन सभी लोगों को संदेह के दायरे में नहीं रखा गया है, जिन्होंने क़ानूनी तरीके से मतदान किया था.

वहीं, केंद्रीय चुनाव समिति के कार्यवाहक महानिदेशक डीन लिवने ने कहा कि चुनाव की निष्पक्षता के व्यवस्थित उल्लंघन के आरोपों का 'कोई आधार नहीं है.'

जांच के बारे में जानकारी दिए जाने के बाद आइज़नकोट ने कहा, "यह तय करना अभी जल्दबाज़ी होगी कि क्या हुआ था या वास्तव में कुछ हुआ भी था या नहीं."

उन्होंने नेतन्याहू पर "चुनाव नतीजों की वैधता ख़त्म करने के लिए सुनियोजित और संगठित अभियान चलाने" का आरोप लगाया.

जॉइंट लिस्ट के गठबंधन का हिस्सा रही बालाद पार्टी के अध्यक्ष सामी अबू शेहादेह ने इस आरोप को ख़ारिज करते हुए कहा, "हारने वाला पक्ष नस्लवादी खून-खराबे की झूठी कहानी गढ़ रहा है और सुरक्षा एजेंसियों से बल प्रयोग करने की अपील कर रहा है, ताकि चुनाव के नतीजे पलटे जा सकें."

अरब पार्टियों पर निशाना

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, नेतन्याहू ने आरोप लगाए हैं कि 'इसराइली चुनाव अरब पार्टियों ने धांधली की है और इसकी जांच होनी चाहिए'

अरब मतदाताओं और पार्टियों पर नेतन्याहू के हमले कई दिनों से जारी हैं.

चुनाव के दिन उन्होंने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए और कहा कि अरब मतदाताओं का बड़ी संख्या में वोट डालना इसराइल के दक्षिणपंथ के लिए 'आपात स्थिति' और 'जीवन-मरण का सवाल' है.

उन्होंने मतदान केंद्रों पर अरब मतदाताओं की एआई से बनाई गई तस्वीरें भी साझा कीं, ताकि दक्षिणपंथी मतदाताओं को घरों से निकलकर वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा सके.

जब मतगणना में स्पष्ट हो गया कि वो बहुमत हासिल नहीं करने जा रहे तो उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट कर चुनावों में अरब पार्टियों पर धांधली के आरोप लगाए.

नेतन्याहू ने लिकुड पार्टी का एक बयान एक्स पर साझा किया और दावा किया,

इसराइल में अरब आबादी देश की कुल जनसंख्या का करीब पांचवां हिस्सा है. इनमें से कई लोग खुद को इसराइल के फ़लस्तीनी नागरिक कहते हैं.

कई साल तक इनमें से बहुत से लोगों ने इसराइल के चुनावों का बहिष्कार किया. उनका कहना था कि मतदान करने से ऐसी व्यवस्था को वैधता मिलेगी, जो उनके मुताबिक़ उन्हें दूसरे दर्जे का नागरिक मानती है.

लेकिन बीते मंगलवार को मतदान में उनकी बढ़ी हुई भागीदारी की एक वजह इसराइल के इतिहास के सबसे दक्षिणपंथी गठबंधन को सत्ता से हटाने की इच्छा थी. इस गठबंधन का नेतृत्व नेतन्याहू कर रहे हैं.

अंतिम नतीजे के बाद तीन विकल्प

अंतिम नतीजों के बाद सरकार बनाने के सिर्फ तीन संभावित विकल्प नज़र आ रहे हैं.

  • पहला, नेतन्याहू और आइज़नकोट की भागीदारी वाली राष्ट्रीय एकता सरकार.
  • दूसरा, नेतन्याहू के नेतृत्व में दक्षिणपंथी गठबंधन, जिसमें आइज़नकोट के गठबंधन से अलग हुए नेता शामिल हों.
  • तीसरा, आइज़नकोट के नेतृत्व वाली सरकार, जिसे अरब पार्टियों का समर्थन मिले.

आइज़नकोट और उनके गठबंधन के एक सदस्य को छोड़कर बाकी सभी नेता पहले अरब पार्टियों के साथ सरकार बनाने से इनकार कर चुके हैं.

हालांकि, पिछले कुछ दिनों से ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो सकता है.

हिब्रू यूनिवर्सिटी की ओर से किए गए एक सर्वे में पता चला कि विपक्षी गठबंधन की हर पार्टी के मतदाताओं के बीच सबसे लोकप्रिय विकल्प यह था कि आइज़नकोट रा'म के साथ मिलकर अल्पमत सरकार बनाएं और जॉइंट लिस्ट बाहर से उसका समर्थन करे.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · टॉम बेनेट

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira