सऊदी समर्थित यमनी सेना बाब अल-मंदेब से हटी, तेल की आवाजाही पर कितना असर

एक सैनिक पीछे से दिखाई दे रहा है. वह एक पहाड़ की ओर जा रहा है. पहाड़ के सामने एक बख़्तरबंद गाड़ी खड़ी है

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, सरकार समर्थित बलों ने कहा कि अंतरिम राजधानी अदन की रक्षा के लिए सैनिकों को भेजा जा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)
    • Author, केटी वाटसन
    • Author, ओलिविया आयरलैंड
  • प्रकाशित 16 नवंबर 2026

  • पढ़ने का समय: 4 मिनट

सऊदी अरब के समर्थन वाले यमन के सरकारी बलों का कहना है कि वे देश की अंतरिम राजधानी अदन की रक्षा के लिए सैनिकों को बाब अल-मंदेब स्ट्रेट से हटाकर दूसरी जगह तैनात कर रहे हैं. ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के साथ यमनी सेना की लड़ाई कई हफ़्तों से तेज़ हो गई है.

बाब अल-मंदेब स्ट्रेट रणनीतिक रूप से बेहद अहम है. यह लाल सागर के दक्षिणी छोर पर स्थित है. सैनिकों को अदन और आसपास के इलाक़ों में अपनी स्थिति मज़बूत करने के लिए भेजा जा रहा है.

हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले मीडिया का कहना है कि उन्होंने इस ख़ाली किए गए इलाक़े पर क़ब्ज़ा कर लिया है. सऊदी अरब ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

इस बदलाव के साथ ही उस इलाक़े पर क़ब्ज़ा करने के लिए कई हफ़्तों से चल रहा सैन्य अभियान ख़त्म हो गया है. यह इलाक़ा अहम समुद्री व्यापार मार्ग के पास है.

हूती विद्रोहियों ने सितंबर में अचानक किए गए हमले के दौरान इस पर क़ब्ज़ा कर लिया था.

सरकार समर्थित बलों ने अक्तूबर की शुरुआत में कहा था कि उन्होंने इस स्ट्रेट को "सुरक्षित" कर लिया है. वे हूती विद्रोहियों से अहम इलाक़ों को वापस लेने की कोशिश कर रहे थे.

वहीं ईरान समर्थित हूती लड़ाकों ने कहा था कि उन्होंने इससे एक महीने पहले बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के मुहाने पर स्थित पेरिम द्वीप और रणनीतिक रूप से अहम बंदरगाह शहर मोखा समेत कई इलाक़ों पर क़ब्ज़ा कर लिया था.

लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन की सरकार की ओर से लड़ रहे सऊदी समर्थित दक्षिणी सशस्त्र बलों ने रविवार को कहा कि वे दूसरी जगहों पर सैनिकों की तैनाती मज़बूत करने के लिए पीछे हट रहे हैं. दक्षिणी शहर अदन उनकी "प्राथमिकता" है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • Xi & Trump, putin

  • मोहम्मद लतीफ़ बट

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर 2026 को फिलीपींस पहुंचे, जहां वे आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे.

समाप्त

बलों ने कहा कि धुबाब एयरपोर्ट और बाब अल-मंदेब इलाक़े से सैनिकों को हटाया जा रहा है. इसका मक़सद "मोर्चे पर अपनी स्थिति मज़बूत करना और मौजूदा ख़तरों से निपटना" है.

उन्होंने कहा, "यह क़दम राजधानी अदन और पड़ोसी प्रांतों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, मोर्चे पर अपनी स्थिति मज़बूत करने और मौजूदा ख़तरों से निपटने के मक़सद से उठाया गया है."

हूती विद्रोहियों ने कहा, 'सऊदी के जहाजों को निशाना बनाना जारी रखेंगे'

यमन के ताइज़ प्रांत में धुबाब से बाब अल-मंदेब तक हूती बलों ने नियंत्रण कर लिया है. सऊदी समर्थित बलों के इस इलाक़े से हटने के बाद की यह तस्वीर 15 नवंबर 2026 को जारी एक वीडियो से ली गई है. वीडियो हूती सैन्य बलों ने जारी किया है.

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, यमन के ताइज़ प्रांत में धुबाब से बाब अल-मंदेब तक हूती बलों ने नियंत्रण कर लिया है. सऊदी समर्थित बलों के इस इलाक़े से हटने के बाद की यह तस्वीर 15 नवंबर 2026 को जारी एक वीडियो से ली गई है. वीडियो हूती सैन्य बलों ने जारी किया है

हूती विद्रोहियों ने कहा था कि स्ट्रेट के पास के इलाक़ों पर क़ब्ज़ा करने के बावजूद वे वहां से गुज़रने वाले अंतरराष्ट्रीय जहाज़ों के लिए कोई ख़तरा नहीं हैं. हालांकि, उन्होंने कहा था कि वे सऊदी अरब के जहाज़ों को निशाना बनाना जारी रखेंगे.

लेकिन इस क़ब्ज़े के बाद दुनिया भर में तेल की क़ीमतों में तेज़ उछाल आया. इसकी वजह यह थी कि ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग के कारण होर्मुज़ स्ट्रेट लगभग बंद हो गया था. इसके बाद सऊदी अरब तेल के निर्यात के लिए लाल सागर पर निर्भर हो गया था.

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की प्रवक्ता रवीना शामदासानी ने सभी पक्षों से आम लोगों और नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करने की अपील की.

उन्होंने बताया कि अगस्त में लड़ाई तेज़ होने के बाद से मारे गए और घायलों में 60% से ज़्यादा महिलाएं और बच्चे हैं.

हाल के हफ़्तों में हूती विद्रोहियों ने अदन पर कई बार हमले किए हैं. इनमें 15 अक्तूबर का हमला भी शामिल है. इस हमले में राष्ट्रपति भवन को निशाना बनाया गया था. इसमें पांच लोगों की मौत हुई और 16 घायल हुए.

इसके जवाब में सऊदी अरब ने सैकड़ों हवाई हमले किए. वहीं, हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के शहरों और बुनियादी ढांचे पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलें दागीं.

संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के मुताबिक़, लड़ाई तेज़ होने के बाद से यमन में क़रीब 3 लाख 30 हज़ार लोग विस्थापित हुए हैं. सैकड़ों लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

12 सालों से जारी है युद्ध

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

इमेज कैप्शन, 15 नवंबर 2026 को यमन के सना में गश्त के दौरान एक पिकअप ट्रक पर लगी मशीनगन संभालता हूती लड़ाका

यमन 2014 में शुरू हुए गृह युद्ध से तबाह हो चुका है. उस साल हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना से सरकार को सत्ता से हटा दिया था.

2015 में यह संघर्ष और तेज़ हो गया. उस समय अरब देशों के सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने सरकार की सत्ता बहाल करने के लिए सैन्य हस्तक्षेप किया था.

चार साल से लागू अनौपचारिक युद्धविराम जुलाई में टूटने लगा. उस समय हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के ख़िलाफ़ "समुद्री नाकेबंदी" का एलान किया. इसके बाद उन्होंने सऊदी अरब के हवाई अड्डों, तेल ठिकानों और लाल सागर में तेल टैंकरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू कर दिए.

हूती विद्रोहियों ने कहा कि वे अपने नियंत्रण वाले इलाक़ों में बंदरगाहों और हवाई अड्डों की सऊदी नाकेबंदी का जवाब दे रहे थे. उन्होंने सना एयरपोर्ट पर हुए हवाई हमले के लिए भी सऊदी अरब को ज़िम्मेदार ठहराया था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · केटी वाटसन, ओलिविया आयरलैंड

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira