शेख़ हसीना की वापसी की चर्चा के बीच भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर ये क्या हो रहा है?
इमेज स्रोत, Getty Images
- Author, अमिताभ भट्टासाली
- पदनाम, बीबीसी न्यूज़ बांग्ला, कोलकाता
प्रकाशित 18 मिनट पहले
पढ़ने का समय: 7 मिनट
बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग के कुछ बड़े नेता हाल ही में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास के कुछ इलाकों में देखे गए हैं.
बांग्लादेश में आंदोलन के बाद से भारत में रह रहे इन नेताओं ने नवंबर में पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा की दो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं का दौरा किया.
सबसे पहले बीते रविवार, 22 नवंबर को वे पेट्रापोल इलाके में गए और फिर बुधवार, 25 नवंबर को अगरतला के पास अखौरा सीमा पर पहुंचे.
उनका दावा है कि देश की सत्ता से हटाई गई प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की पार्टी के नेतृत्व ने 16 दिसंबर को उनके देश लौटने के एलान के बाद कई योजनाएं बनाई हैं. इसी के तहत वे सीमा के पास के इलाकों का दौरा कर रहे हैं.
हालांकि, उनका कहना है कि कौन-सी योजना आख़िरी होगी, इसका फ़ैसला उनकी नेता ही करेंगीं.
बीबीसी को यह जानकारी भी मिली है कि उन्होंने त्रिपुरा में अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के नेताओं के साथ बातचीत की है.
दूसरी ओर, अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत में पता चला कि इनमें से कई लोग अब अपने देश लौटने और वहां गिरफ़्तारी होने पर भी उसका सामना करने के लिए तैयार हैं.
वहीं, पार्टी और उससे जुड़े संगठनों के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता भारत से बांग्लादेश लौट भी चुके हैं.
छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें
सबसे अधिक पढ़ी गईं
समाप्त
बॉर्डर ओर क्यों गए आवामी लीग के नेता
इमेज स्रोत, T. Narayan/Bloomberg via Getty Images
अवामी लीग के कुछ बड़े नेता, जो अखौरा सीमा इलाके में गए थे, पिछले रविवार को पश्चिम बंगाल के पेट्रापोल सीमा इलाके में भी पहुंचे थे.
बीबीसी को मिली जानकारी के अनुसार, अखौरा सीमा इलाके में जाने वालों में जहांगीर कबीर नानक, अलाउद्दीन नसीम और मोफ़ज्जल हुसैन चौधरी माया समेत सात से आठ बड़े नेता शामिल थे.
बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग के संयुक्त महासचिव बहाउद्दीन नसीम ने बीबीसी बांग्ला से कहा, "हमारे नेतृत्व ने दो इलाकों का दौरा किया है और कुछ और जगहों पर जाने की योजना है. हालांकि, सभी सीमा इलाकों का दौरा करना संभव नहीं है. इन इलाकों में जाकर वे यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि 16 दिसंबर को नेता के देश लौटने के ऐलान के बाद वहां आने-जाने की क्या व्यवस्था है और बांग्लादेश की ओर सीमा के इलाकों में क्या हालात हैं."
बीबीसी को पता चला है कि दोनों सीमा इलाकों में उन्होंने भारतीय सुरक्षा क्षेत्र के अंदर क़दम नहीं रखा, बल्कि बाहर से ही हालात देखे.
यह साफ़ नहीं है कि अवामी लीग के नेताओं ने स्थानीय भारतीय अधिकारियों से मुलाक़ात की या नहीं. लेकिन कुछ सूत्रों का कहना है कि भारतीय अधिकारी इन नेताओं की गतिविधियों पर नज़र रख रहे थे. वे सीधे या दूर से उन पर नज़र बनाए हुए थे.
इमेज स्रोत, Getty Images
पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा, "अगर आख़िरी फ़ैसला यह होता है कि शेख़ हसीना को ज़मीन के रास्ते बांग्लादेश में प्रवेश करना है, तो पहले से यह तैयारी करनी होगी कि किस सीमा से उन्हें सबसे ज़्यादा सुरक्षा के साथ ले जाया जा सकता है.''
''बड़े नेता इसी बारे में पूरी जानकारी जुटाने के लिए सीमा का दौरा कर रहे हैं. अब वह अकेले नहीं जाएंगीं, क्योंकि उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल हैं. इसलिए कुछ नेता उनके साथ जाएंगे. लेकिन उनके साथ कौन जाएगा, इसका फ़ैसला नेता ही करेंगी. यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि पार्टी की नेता क्या फ़ैसला लेती हैं."
उन्होंने कहा, "नेता की वापसी और हम लोगों की वापसी, ये दोनों बिल्कुल अलग बातें हैं. उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. नेतृत्व का एक हिस्सा उनके साथ ज़रूर रहेगा. और हो सकता है कि उनके बांग्लादेश लौटने से पहले ही कई लोग देश छोड़ दें. बाकी लोग कैसे जाएंगे, इसकी योजना को भी वह आख़िरी रूप दे रही हैं."
उन्होंने कहा, "प्लान ए, बी, सी और डी तैयार हैं. आख़िरी फ़ैसला नेता का ही होगा."
हालांकि, यह कहा जा सकता है कि शेख़ हसीना का फ़ैसला भारत सरकार की अनुमति से ही लिया जाएगा.
लेकिन अभी यह साफ़ नहीं है कि शेख़ हसीना 16 दिसंबर को अपने देश लौट पाएंगीं या नहीं.
अपना नाम न बताने की शर्त पर एक नेता ने कहा, "ऐसा लगता है कि बांग्लादेश में अलग-अलग जगहों पर पार्टी के साथी जिस आंदोलन को चला रहे हैं, उसकी रफ़्तार को देखते हुए अगले हफ़्ते देश लौटने की योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा."
'कई नेता पहले ही बांग्लादेश लौट चुके हैं'
प्रतिबंधित अवामी लीग के कुछ नेताओं का कहना है कि उनकी नेता के देश लौटने का एलान करने से पहले ही पार्टी के कुछ नेता और कार्यकर्ता बांग्लादेश लौटने लगे थे.
ये वे लोग हैं जो 5 अगस्त 2024 के बाद भारत या दूसरे देशों में चले गए थे.
पार्टी के नेता यह जानकारी नहीं देना चाहते थे कि कुछ नेता और कार्यकर्ता पहले ही बांग्लादेश जा चुके हैं. उनका मानना था कि ऐसा करने से इन लोगों का पता लगाया जा सकता है और उन्हें गिरफ़्तार किया जा सकता है.
पता चला है कि भारत के अलावा दूसरे देशों में रह रहे कुछ लोग भी बांग्लादेश लौट चुके हैं. हालांकि, ऐसे लोगों की संख्या बहुत कम है.
पार्टी के एक नेता ने कहा, "पिछले डेढ़ महीने में क़रीब 300 युवा बांग्लादेश लौटे हैं. इनमें पार्टी और उससे जुड़े संगठनों जैसे छात्र लीग और युवा लीग के अलग-अलग स्तर के नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं."
अवामी लीग से जुड़े छात्र संगठन प्रतिबंधित छात्र लीग के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन ने कहा, "हमारी कोई गुप्त योजना नहीं है. यह योजना लगातार चल रही है. जिस तरह हम अपने देश लौटने का इंतज़ार कर रहे हैं, उसी तरह अलग-अलग देशों में रह रहे पार्टी के कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक भी धीरे-धीरे लौट रहे हैं. इनमें से कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया जा रहा है या अलग-अलग तरीक़ों से रोका जा रहा है, लेकिन बहुत से लोग लौट चुके हैं."
बांग्लादेश की संसद के पूर्व सदस्य पंकज देबनाथ ने बीबीसी बांग्ला से कहा, "हम कई महीनों से मन से घर लौटने की तैयारी कर रहे हैं और अब संगठन के स्तर पर तैयारियों को आख़िरी रूप दिया जा रहा है. हम बांग्लादेश के अंदर ज़मीनी स्तर पर अपने साथियों को एकजुट कर रहे हैं और यह भी तय कर रहे हैं कि नेता के स्वागत के लिए ढाका में कौन-कौन मौजूद रहेगा."
प्रतिबंधित अवामी लीग के नेताओं का कहना है कि एक तरफ़ सत्ता से हटाई गई प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने 16 दिसंबर को देश लौटने का दिन घोषित किया है, वहीं दूसरी तरफ़ वे एक साल से ज़्यादा समय से 'ख़राब राजनीतिक हालात' के बीच पार्टी को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं.
इसी कोशिश के तहत शेख़ हसीना बांग्लादेश के में रह रहे पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार ऑनलाइन मीटिंग करती रही हैं.
शेख़ हसीना की 'वापसी का रास्ता' क्या है?
इस बीच, बांग्लादेश की एक अदालत ने शेख़ हसीना को मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के लिए मौत की सज़ा सुनाई है.
बांग्लादेश सरकार ने उन्हें वापस भेजने के लिए भारत से मांग की है, लेकिन भारत ने अभी तक इस पर कोई जवाब नहीं दिया है.
हाल ही में भारत के विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने फिर कहा कि वे इस मामले को देख रहे हैं.
हालांकि, भारतीय जानकार बार-बार साफ़ कर चुके हैं कि प्रत्यर्पण समझौते के तहत भारत शेख़ हसीना को वापस भेजेगा, इसकी संभावना कम है.
दूसरी ओर, बांग्लादेश सरकार ने शेख़ हसीना को पासपोर्ट या यात्रा से जुड़ा कोई दस्तावेज़ देने की संभावना से भी इनकार कर दिया है.
उन्होंने एक क़ानूनी फ़र्म के ज़रिए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था. ऐसे में अभी शेख़ हसीना के पास क़ानूनी तरीक़े से अपने देश लौटने का कोई रास्ता नहीं है.
हालांकि, भारत में मौजूद अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता कह रहे हैं कि वे अपनी नेता की देश वापसी की तैयारी जारी रखे हुए हैं.
इसी के तहत वे देश में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए हुए हैं और सीमा पर भी नज़र रख रहे हैं.
इन मामलों में उन्हें भारतीय अधिकारियों से कोई मदद मिल रही है या नहीं, इस बारे में उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
Source: BBC Hindi · अमिताभ भट्टासाली
At a glance
- Topic
- World
- Country
- 🇮🇳 IN
- Publisher language
- HI
- Added to Allnira