वैभव सूर्यवंशी

इमेज स्रोत, PA Media

इमेज कैप्शन, 24 नवंबर को दोहा में हुए एक मैच में वैभव सूर्यवंशी की रिकार्डतोड़ बल्लेबाज़ी के बाद लोग सवाल कर रहे हैं कि उन्हें टी 20 इंटरनेशनल में कब मौका मिलेगा
    • Author, भरत शर्मा
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित 3 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

टीनएजर बच्चों में वीडियो गेम काफ़ी पसंद किया जाता है. लेकिन 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ऐसे टीनएजर हैं, जो आजकल प्रोफ़ेशनल क्रिकेट को ही वीडियो गेम में बदल रहे हैं.

24 नवंबर को दोहा में हुए एक मैच में उन्होंने ऐसा ही कुछ किया.

वैभव ने लिस्ट ए क्रिकेट की एक ही पारी में सबसे तेज़ 100 रन (28 बॉल), सबसे तेज़ 150 रन (40 बॉल) और सबसे तेज़ 200 रन (52 बॉल) का रिकॉर्ड बना दिया.

उनकी इस पारी में कुल 28 छक्के थे. जी हां, 28 छक्के. यानी 204 रनों की इस पारी में 168 रन छक्कों से ही बटोर लिए.

वैभव की ताज़ा पारी ने एक बार फिर इस सवाल को हवा दी है कि ये लड़का इंडिया की टी20 क्रिकेट टीम में बतौर ओपनर अपनी जगह पक्की कब कर पाएगा? और क्या टी20 के अलावा उन्हें वनडे क्रिकेट में भी आज़माया जाना चाहिए?

आंकड़े क्या कहते हैं

वैभव सूर्यवंशी

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी को अब तक इंग्लैंड के सामने तीन, ज़िम्बाब्वे के सामने तीन, न्यूज़ीलैंड के सामने दो और पाकिस्तान-श्रीलंका के सामने एक-एक मैच में मौका दिया गया है

सबसे पहले डेटा पर ही नज़र डाल लेते हैं.

अब तक खेले गए 10 टी20 इंटरनेशनल मैच में वैभव ने 29.50 की एवरेज और 185.53 के स्ट्राइक रेट से 295 रन बनाए हैं, जिनमें सबसे ज़्यादा पारी 81 रनों की रही.

उन्हें अब तक इंग्लैंड के सामने तीन, ज़िम्बाब्वे के सामने तीन, न्यूज़ीलैंड के सामने दो और पाकिस्तान-श्रीलंका के सामने एक-एक मैच में मौका दिया गया है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उच्छिपिल्लैयार मंदिर में हर बार की तरह दीपक जलाया गया

  • वैभव सूर्यवंशी

  • हानिया आमिर

  • इमरान मसूद

समाप्त

दूसरी ओर, आईपीएल की अब तक खेली गई 23 पारियों में उन्होंने 1028 रन बनाए हैं, जहां उनकी औसत 44.69 और स्ट्राइक रेट 228.95 रहा.

इनमें से सात मैच उन्होंने 2025 सीज़न और 16 मैच साल 2026 के आईपीएल में खेले.

और आईपीएल 2026 में ही उन्होंने क्रिस गेल का एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड भी तोड़ा था.

गेल ने 2012 सीज़न में 59 छक्के मारे थे, जबकि राजस्थान रॉयल्स के इस टीएनएज सेंसेशन ने 2026 में 72 छक्के जड़े.

छक्कों का ज़िक्र इसलिए ज़रूरी है क्योंकि वैभव सूर्यवंशी के खेलने के स्टाइल में उनके एग्रेशन और सिक्स हिटिंग एबिलिटी की बात बार-बार होती है.

कुछ एक्सपर्ट का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को भारत की टी20 इंटरनेशनल टीम में परमानेंट जगह मिलनी चाहिए और ओपनर की उनकी पोज़िशन से कुछ समय तक छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए.

'कंपटीशन तगड़ा है'

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल के साथ. न्यूज़ीलैंड में पांच मैचों की टी20 सिरीज़ के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा था कि वैभव अभी काफ़ी यंग हैं और उनके पास आने वाले समय में कई मौके होंगे

वरिष्ठ खेल पत्रकार और विशेषज्ञ अयाज़ मेनन से जब ये पूछा गया कि ऐसी शानदार पारियां खेलने के बावजूद वैभव को टीम में जगह देकर लंबे तक क्यों नहीं आज़माया जाता तो उन्होंने कहा कि ये बिलकुल वाजिब सवाल है.

हाल में इंडियन टीम ने न्यूज़ीलैंड में पाँच मैचों की टी20 सिरीज़ खेली जिनमें से दो में वैभव सूर्यवंशी को टीम में खिलाया गया.

इनमें से एक मैच में उन्हें ओपन करने का मौका मिला और उन्होंने 19 बॉल में 45 रन बनाए.

कप्तान श्रेयस अय्यर से जब सिरीज़ से पहले वैभव को मौका देने के के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था, ''ये ज़रूरी है कि उसके जैसा टैलेंट ड्रेसिंग रूम के आसपास ख़ुश रहे.''

अय्यर के मुताबिक़, ''वो बहुत ही यंग है और उसके पास आने वाले सालों में कई सारे मौके आएंगे. वो सीधे ऐसे टीम में वॉक इन नहीं कर सकता क्योंकि हमारे ओपनर भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.''

लेकिन क्या ये सही स्ट्रेटेजी है?

इमेज स्रोत, Action Images/Reuters

इमेज कैप्शन, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी ने जानी-मानी स्पोर्ट्स एक्सपर्ट और राइटर मीनाक्षी राव से बात की तो उन्होंने कहा कि वैभव को लेकर बैलेंस्ड अप्रोच की ज़रूरत है

अयाज़ मेमन ने बीबीसी से कहा, ''ज़्यादातर लोगों का कहना है कि वैभव सूर्यवंशी 'चाइल्ड प्रोडिजी' हैं या वंस इन ए जनरेशन प्लेयर हैं. ऐसे खिलाड़ी को अगर सही समय पर मौके न मिलें और वो भी लगातार, तो इसके नुक़सान भी हो सकते हैं. सचिन तेंदुलकर को भी बहुत कम उम्र में मौका दिया गया था और उन्हें जब मौका दिया गया तो फिर लगातार मौके दिए गए, उसके बाद उन्होंने जो किया वो हम सभी के सामने है.'

साल 1989 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ सचिन तेंदुलकर ने जब टेस्ट और वनडे में डेब्यू किया तो उनकी उम्र 16 साल थी.

अगर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बात करें तो पाकिस्तान के हसन रज़ा ने महज़ 14 साल 233 दिनों की उम्र में ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ पहला वनडे खेला था.

आम तौर पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में काउंटी और स्टेट टीम से खेलने वाले खिलाड़ियों को नेशनल टीम में जगह बनाने में काफ़ी समय लग जाता है, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में कम उम्र में डेब्यू करने और अपनी जगह बनाने वाले एशियाई खिलाड़ियों की लिस्ट लंबी है.

मंगलवार को यूएई के ख़िलाफ़ खेली गई वैभव की पारी को लेकर अयाज़ मेमन ने कहा, ''वैभव की कल की पारी एक फ़्रीक पारी थी, जैसे कि वो सेलेक्टर्स को कोई मैसेज दे रहे हों. ऐसा खिलाड़ी कभी-कभार आता है. जब अच्छा खेलने के बावजूद टीम में परमानेंसी की उम्मीद नहीं दिखती तो खिलाड़ी के मेंटल स्ट्रेंथ पर भी इसका असर पड़ सकता है.''

उन्होंने कहा, ''कोई भी खिलाड़ी ये सोच सकता है कि अच्छा खेलने के बावजूद टीम में ठीक से जगह नहीं बन रही, अब और क्या किया जाए. दस मैच में फ़ेल होने पर बाहर करना समझ आता है. लेकिन एक-दो मैच खिलाना, फिर बाहर कर देना सही नहीं है. वैभव को लंबा मौका दिए जाने की ज़रूरत है.''

लेकिन कप्तान अय्यर की ओपनिंग पेयर की दलील का क्या. इस पर मेमन ने कहा, ''ये बात सही है कि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन, दोनों बढ़िया खिलाड़ी हैं, लेकिन आपको वैभव के लिए जगह बनाने के रास्ते खोजने होंगे. ऐसा नहीं कर सकते कि कभी खिला रहे हैं, कभी बाहर कर दे रहे हैं.'

बीबीसी ने वैभव के बारे में जब जानी-मानी स्पोर्ट्स एक्सपर्ट और राइटर मीनाक्षी राव से बात की तो उन्होंने कहा कि इस खिलाड़ी को लेकर बैलेंस्ड अप्रोच की ज़रूरत है.

मीनाक्षी के मुताबिक़, ''वैभव को लेकर चारों तरफ़ काफ़ी हाइप है. जब वो बाकी जगह अच्छा करते हैं तो काफ़ी चर्चा होती है, जब इंडियन टीम से खेलते हुए किसी दिन नाकाम हो जाते हैं तो कह दिया जाता है कि ख़राब खेल रहा है, ये सब सही नहीं है. ऐसी उम्मीद करना बेमानी है कि वो हर मैच में स्कोर करेंगे. लेकिन उन्हें मौके लगातार देने होंगे.''

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, 2026 के आईपीएल सीजन में सबसे ज़्यादा रन बनाने पर ऑरेंज कैप से नवाज़े जाते वैभव सूर्यवंशी (फ़ाइल फ़ोटो)

मीनाक्षी का कहना है कि वैभव की आक्रामक बल्लेबाज़ी उनका यूएसपी है, और इससे छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए. लेकिन इसके साथ-साथ उन्हें इंटरनेशनल पिच और इंटरनेशनल बॉलर्स के सामने टेस्ट ज़रूर करना चाहिए.

साथ ही वैभव को कुछ टी20 मैचों में 30-40 रनों की पारियां लगातार खेलकर अपनी कंसिस्टेंसी का अंदाज़ा भी देना होगा.

उन्होंने कहा, ''वैभव को इंटरनेशनल क्रिकेट में पिच और बॉलर को समझने की ज़रूरत होगी. क्योंकि आने वाले समय में बॉलर भी उनके खेल को रीड करेंगे, ऐसे में उन्हें जवाब खोजने होंगे. टेक्निकली अपने खेल को और सॉलिड बनाना होगा. वो ड्रेसिंग रूम में रहकर काफ़ी कुछ सीख सकते हैं.''

मीनाक्षी का मानना है कि वैभव को अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले कुछ वनडे मैच में भी खिलाना चाहिए. साथ ही उन्हें घरेलू क्रिकेट में भी जब-जब मौका मिले, लंबे फॉर्मेट भी खेलने चाहिए.

उन्होंने कहा, 'ये बात सही है कि उनकी उम्र कम है, ऐसे में टीम में जगह पक्की करने के लिए उनके पास अभी काफ़ी समय है. लेकिन वो जिस फॉर्म में है, जो एग्रेशन उनके खेल में आज है, वो बरक़रार रखना होगा. टैलेंट की कोई कमी नहीं है, लेकिन उसके साथ कंसिस्टेंसी, एडेप्टिबिलिटी, मैच की अंडरस्टैंडिंग और टेक्निकल इंफो चाहिए होगी. और ये सब उन्हें इंटरनेशनल मैच में खेलकर ही मिलेगा.''

मीनाक्षी के मुताबिक़, 'अगर वो 15 साल के बजाय 16 साल की उम्र में परमानेंट प्लेयर बन जाएं तो भी कोई दिक़्क़त नहीं है, क्योंकि उनके पास समय है. लेकिन उन्हें सेलेक्टिव टूर ज़रूर खिलाने होंगे क्योंकि दुनिया भर के बॉलर ने उन्हें रीड करना शुरू कर दिया होगा. और उन्हें भी अब इंटरनेशनल बॉलर को रीड करना सीखना होगा.''

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · भरत शर्मा

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira