लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह, शिवांगी जायसवाल

  1. 29 मिनट पहलेशी की मौजूदगी में पुतिन और ट्रंप की गर्मजोशी भरी मुलाक़ात, कल होगी त्रिपक्षीय बैठक

    व्लादिमीर पुतिन, शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रूस के क्रेमलिन ने टेलीग्राम पर एक वीडियो साझा किया जिसमें व्लादिमीर पुतिन, शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप एक साथ दिखाई दिए

    चीन के शेनझेन में बुधवार की रात होने वाले गाला डिनर से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गर्मजोशी भरी मुलाक़ात देखने को मिली.

    दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी में हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया.

    यूरोप संवाददाता लॉरा गोज़ी के मुताबिक़, क्रेमलिन की ओर से टेलीग्राम पर जारी एक वीडियो में पुतिन, ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग रेड कार्पेट पर साथ दिखाई देते हैं.

    वीडियो में ट्रंप, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी खड़े नज़र आते हैं. तभी पुतिन वहां पहुंचते हैं और ट्रंप से हाथ मिलाते हैं. इसके बाद दोनों नेता एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर भी अभिवादन करते हैं.

    वीडियो में ट्रंप, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी खड़े नज़र आते हैं. तभी पुतिन वहां पहुंचते हैं और ट्रंप से हाथ मिलाते हैं.

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, वीडियो में ट्रंप, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी खड़े नज़र आते हैं. तभी पुतिन वहां पहुंचते हैं और ट्रंप से हाथ मिलाते नज़र आते हैं

    अगस्त 2025 में अलास्का में हुई रूस-अमेरिका शिखर बैठक के बाद यह ट्रंप और पुतिन की पहली आमने-सामने की मुलाक़ात है. ऐसे में इस मुलाक़ात को कूटनीतिक लिहाज़ से अहम माना जा रहा है.

    कल दोपहर शी जिनपिंग, डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की त्रिपक्षीय शिखर बैठक भी प्रस्तावित है. यह पहली बार होगा जब तीनों नेता एक साथ औपचारिक बैठक करेंगे.

    इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ यात्रा कर रहीं बीबीसी की अमेरिका संवाददाता नादा तौफ़ीक का कहना है कि एशिया दौरे के दौरान ट्रंप को मिले स्वागत से वह काफ़ी संतुष्ट दिखाई दिए हैं.

    उनके अनुसार, मनीला से लेकर शेनझेन तक लगभग हर पड़ाव पर ट्रंप के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया और मेज़बान देशों के नेताओं ने उन्हें ख़ास महसूस कराने की कोशिश की.

    हालांकि, उनके मुताबिक़ कई नेता निजी तौर पर इस बात पर भी नज़र रखे हुए हैं कि दो साल के बाद जब ट्रंप अमेरिका में राष्ट्रपति पद से हटेंगे तो अमेरिका की राजनीति किस दिशा में जाएगी.

    एपेक सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की सामूहिक तस्वीर जारी की गई

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, एपेक सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की सामूहिक तस्वीर जारी की गई
  2. एक घंटा पहलेझारखंड: एनटीपीसी टंडवा प्रोजेक्ट में हादसा, तीन मजदूरों की मौत, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    एनटीपीसी की एक्सटर्नल सीएचपी परियोजना के कार्य के दौरान यह घटना हुई

    इमेज कैप्शन, एनटीपीसी की एक्सटर्नल सीएचपी परियोजना के कार्य के दौरान यह घटना हुई

    झारखंड में स्थित एनटीपीसी की एक्सटर्नल सीएचपी परियोजना में टेकअप ट्रॉली गिरने से वहां काम कर रहे तीन मज़दूरों की मौत हो गई.

    यह हादसा राज्य के चतरा ज़िले के टंडवा थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी की एक्सटर्नल सीएचपी परियोजना के परिसर में हुआ.

    हादसे में हुईं इन मौतों की पुष्टि चतरा ज़िला के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी से की है.

    उन्होंने बताया कि "परियोजना में कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर हुए इस हादसे में तीन मज़दूरों की मौके पर मौत हो गई. जबकि गंभीर रूप से घायल एक मज़दूर अस्पताल में इलाजरत है."

    चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि राहत कार्य जारी है

    इमेज कैप्शन, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि राहत कार्य जारी है

    चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को आगे बताया कि “राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है. साथ ही ये भी कोशिश की जा रही है कि अगर कोई और मजदूर फंसा हो तो उसे तुरंत रेस्क्यू किया जा सके.”

    इस प्लांट में निर्माण कार्य सिम्पलेक्स नाम की कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था. इसी दौरान ये हादसा हुआ है.

    हादसे के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से शोक व्यक्त किया है और ज़िला प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है.

  3. 2 घंटे पहलेसैंडपेपर कांड पर बैनक्रॉफ़्ट के दावे से कप्तान कमिंस पर पड़ सकता है दबाव, स्टीफ़न शेमिल्ट, क्रिकेट संवाददाता, बीबीसी स्पोटर्स

    कैमरन बैनक्रॉफ़्ट

    इमेज स्रोत, Josh Chadwick/Getty Images

    इमेज कैप्शन, कैमरन बैनक्रॉफ़्ट

    कैमरन बैनक्रॉफ़्ट ने दावा किया है कि 2018 के सैंडपेपर कांड की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी.

    उनके इस विस्फोटक दावे से मौजूदा कप्तान पैट कमिंस पर दबाव बढ़ सकता है.

    वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में प्रकाशित अपने विस्तृत बयान में बल्लेबाज़ बैनक्रॉफ़्ट ने केपटाउन में आठ साल पहले हुई घटनाओं का शायद अब तक का सबसे बड़ा ब्यौरा दिया है.

    दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच के दौरान सैंडपेपर के साथ पकड़े गए खिलाड़ी वही बैनक्रॉफ़्ट थे.

    बैनक्रॉफ़्ट ने कहा, "2018 में पूरी सच्चाई नहीं बताई गई थी. मैंने भी कभी पूरी ईमानदारी से नहीं बताया कि क्या हुआ था."

    पिछले दो हफ़्तों से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट फिर से बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर बहस में घिरा हुआ है. इसकी वजह उस्मान ख़्वाजा की आत्मकथा का प्रकाशित होना है.

    ख़्वाजा ने अपनी किताब में लिखा कि इस योजना की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी. डेविड वॉर्नर और चाड सेयर्स ने भी इस दावे का समर्थन किया. वहीं कमिंस ने ख़्वाजा के बयान को "ग़लत" और "बकवास" बताया.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कैमरन बैनक्रॉफ़्ट और स्टीव स्मिथ को सैंडपेपर कांड में अपनी भूमिका के लिए प्रतिबंधित किया गया था

    'मेरे साथ विश्वासघात हुआ, कमिंस समेत पूरी टीम जानती थी'

    जिस दिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सैंडपेपर प्रकरण की समीक्षा के लिए एक फ़ोरम बनाने की घोषणा की, उसी दिन बैनक्रॉफ़्ट ने अपना बयान प्रकाशित किया. उन्होंने कहा कि ऐसा करने की बड़ी वजह कमिंस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस थी.

    बैनक्रॉफ़्ट ने कहा, "मेरे लिए यह बयान लिखने की आख़िरी वजह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कप्तान पैट कमिंस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस थी."

    "इससे मुझे ग़ुस्सा आया. मुझे लगा कि मेरे साथ विश्वासघात हुआ है और मैं अकेला छोड़ दिया गया हूं."

    "मैंने जो देखा, जो अनुभव किया और जिसके साथ जिया, वह सिर्फ़ कमिंस ही नहीं बल्कि दक्षिण अफ़्रीका दौरे पर मौजूद सभी लोगों ने भी देखा था. लेकिन उनकी प्रेस कॉन्फ़्रेंस और पिछले वर्षों में दिए गए बयानों में उस दौर की जो तस्वीर पेश की गई, वह मेरे अनुभव से मेल नहीं खाती."

  4. 2 घंटे पहलेट्रंप की अगवानी के लिए ख़ुद हवाई अड्डे पहुंचे शी जिनपिंग, क्यों है यह अहम?, चीन के शेनझेन से बीबीसी संवाददाता लॉरा बिकर का विश्लेषण

    इमेज स्रोत, Win McNamee/Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के शेनझेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने खुद राष्ट्रपति शी पहुंचे

    यह सिर्फ़ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ओर से हवाई अड्डे पर किया गया औपचारिक स्वागत नहीं है. बल्कि बहुत सोच-समझकर तैयार किया गया एक कूटनीतिक पल है.

    माना जा रहा है कि राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने पहली बार किसी विदेशी नेता का हवाई अड्डे पर जाकर स्वागत किया है.

    सबसे पहले तो वह वही कर रहे हैं जो राष्ट्रपति ट्रंप ने किया था. इसी साल अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप ख़ुद वॉशिंगटन के हवाई अड्डे पर शी जिनपिंग का स्वागत करने पहुंचे थे. अब चीनी नेता उसी शिष्टाचार का जवाब दे रहे हैं.

    लेकिन शी जिनपिंग यह भी जानते हैं कि ट्रंप व्यक्तिगत सम्मान, औपचारिकता और हैसियत को काफ़ी महत्व देते हैं.

    इस ज़िम्मेदारी को किसी और को न सौंपकर चीनी राष्ट्रपति ट्रंप का विशेष सम्मान कर रहे हैं. वह ख़ुद स्वागत करके उन्हें यह महसूस करा रहे हैं कि वे उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं.

    शी जिनपिंग को उम्मीद हो सकती है कि सद्भावना का यह संकेत व्यापार, ताइवान और तकनीक जैसे मुद्दों पर होने वाली बातचीत को आसान बनाएगा.

    वह बिना अपनी प्रतिष्ठा को नुक़सान पहुंचाए ऐसा कर सकते हैं. इसकी वजह यह है कि ट्रंप, शी जिनपिंग और पुतिन के बीच होने वाले इस अभूतपूर्व शिखर सम्मेलन की पूरी रूपरेखा और व्यवस्थाएं पहले से ही चीन के नियंत्रण में हैं.

  5. 3 घंटे पहलेअमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के चीन पहुंचने पर राष्ट्रपति शी ने लगाया गले, तस्वीरें देखिए

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति का एयर फ़ोर्स वन विमान चीन के शेनझेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लाल कालीन बिछाकर रनवे पर ट्रंप का स्वागत किया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, चीन के शेनझेन में ट्रंप की झलक पाने के लिए मौजूद स्थानीय लोग
  6. 4 घंटे पहलेएलपीजी ले जा रहे यूएई के एक जहाज़ पर हमला, ईरान पर लगा ये आरोप

    इमेज स्रोत, Nicolas Koutsokostas/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में उसके एक जहाज़ पर हुए हमले में एक क्रू सदस्य लापता हो गया और 11 अन्य घायल हो गए हैं.

    यह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी की सरकारी स्वामित्व वाली प्रमुख राष्ट्रीय तेल और ऊर्जा कंपनी है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने इसे ईरानी हमला बताया है.

    कंपनी ने कहा कि जहाज़ पर मौजूद बाकी क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.

    अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने लापता क्रू सदस्य के बारे में कहा, "संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर तलाश और बचाव अभियान चलाया जा रहा है."

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने समुद्री सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि मंगलवार को एक प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद एलपीजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) ले जा रहे एक टैंकर के क्रू ने जहाज़ छोड़ दिया.

    ग़ौरतलब है कि ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) और नौसेना ने मंगलवार को घोषणा की थी कि एलपीजी ले जा रहे एक जहाज़ और दो तेल टैंकरों में होर्मुज़ स्ट्रेट में आग लग गई थी.

  7. 4 घंटे पहले

    अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

  8. 4 घंटे पहलेबांग्लादेश के गोपालगंज में जले वाहन और दुकानों में तोड़फोड़ बीबीसी संवाददाता को क्या दिखा?

    इमेज स्रोत, BBC/ABUL KALAM AZAD

    इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारियों ने सैन्यबलों की गाड़ियों को जला दिया

    बांग्लादेश के गोपालगंज में प्रतिबंधित अवामी लीग के कार्यक्रम को लेकर बुधवार को भी तनाव बना रहा.

    तुंगीपारा इलाके में प्रदर्शनकारियों ने कई जगह सड़कें बंद कर रखी हैं.

    मौके पर पहुंचे बीबीसी बांग्ला के संवाददाता अबुल कलाम आज़ाद के मुताबिक़, मौजूदा समय में तुंगीपारा सबसे ज़्यादा प्रभावित है.

    उन्होंने बताया कि गोपालगंज शहर से तुंगीपारा होते हुए पिरोजपुर जाने वाली सड़क पर कई जगह पेड़ों के तने डाले गए हैं और टायर जलाए गए हैं.

    इमेज स्रोत, BBC/ABUL KALAM AZAD

    इमेज कैप्शन, गोपालगंज में प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया

    अबुल कलाम आज़ाद आगे बताते हैं कि, ''अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता नीलफा बाज़ार इलाक़े में डेरा डाले हुए हैं. वहां माइक्रोफ़ोन पर शेख़ मुजीबुर रहमान का सात मार्च का भाषण चलाया जा रहा है.''

    बीबीसी बांग्ला के संवाददाता के मुताबिक, मंगलवार रात नीलफा बाज़ार में कई दुकानों में तोड़फोड़ और आगज़नी हुई थी, जिसके निशान अब भी दिखाई दे रहे हैं.

    बीबीसी संवाददाता ने गोपालगंज से तुंगीपारा जाने वाली सड़क पर अलग-अलग जगह सुरक्षा एजेंसियों के कम से कम चार जले हुए वाहनों के अवशेष भी देखे.

    हालांकि, आज़ाद ने बताया कि बुधवार सुबह से गोपालगंज शहर में स्थिति काफ़ी हद तक सामान्य है. सुरक्षा एजेंसियों के सदस्यों ने हालात पर चर्चा के लिए बैठक भी की है.

  9. 5 घंटे पहलेअमेरिका में भारतीय अर्थव्यवस्था वाले बयान पर बीजेपी ने राहुल से पूछा ये सवाल?

    इमेज स्रोत, x.com/INCIndia

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने अमेरिका में बेरोज़गारी और भारत की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए हैं

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि देश बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने भारत में बेरोज़गारी, कमज़ोर पड़े मैन्युफ़ैक्चरिंग सेक्टर और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का ज़िक्र किया.

    बीजेपी ने राहुल गांधी के बयान को दुष्प्रचार और भारत को बदनाम करने की कोशिश बताया है.

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत के आर्थिक मॉडल ने क़रीब एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर दिया था. उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा आर्थिक रास्ते पर चलते रहने से देश गंभीर मुश्किलों में पड़ सकता है.

    उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी सरकारी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये अर्थव्यवस्था की कमज़ोर पड़ी बुनियाद को मज़बूत करने में नाकाम रही हैं.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी है

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर विदेश में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया.

    गौरव भाटिया ने कहा कि भारत का लोकतंत्र स्थिर और अर्थव्यवस्था मज़बूत है. उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को ''झूठ और दुष्प्रचार से भरा'' बताते हुए आरोप लगाया कि इनमें तथ्यों पर आधारित रिसर्च नहीं है.

    उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसा मॉडल अपनाकर भारत को अस्थिर करना चाहते हैं.

    भाटिया ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए उन्हें ''ग़ैरज़िम्मेदार'' और ''भारत विरोधी'' बताया.

  10. 5 घंटे पहलेआठ साल पुराने गेंद से छेड़छाड़ विवाद पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फ़ैसला

    इमेज स्रोत, Darrian Traynor/Getty Images

    इमेज कैप्शन, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक़, ‘सैंडपेपरगेट’ से जुड़े लोगों को बात रखने के लिए एक प्लेटफॉर्म बनाया है

    क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 के ‘सैंडपेपरगेट’ विवाद से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ़ को अपना पक्ष रखने का मौक़ा देने के लिए एक प्लेटफॉर्म बनाया है.

    बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह मामले की दोबारा जांच नहीं है और न ही इसका मक़सद किसी को सज़ा देना है. इसमें शामिल होना पूरी तरह स्वैच्छिक होगा.

    यह क़दम पूर्व खिलाड़ी उस्मान ख़्वाजा के उस दावे के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 2018 की टेस्ट सिरीज़ में गेंद से छेड़छाड़ के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी.

    क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, "यह पता चला है कि उस समय कुछ खिलाड़ियों की बात नहीं सुनी गई थी. अब उन्हें बिना किसी फ़ैसले या सज़ा के डर के अपनी बात रखने का मौक़ा मिलेगा."

    2018 के इस विवाद के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और बल्लेबाज़ कैमरन बैनक्रॉफ़्ट पर प्रतिबंध लगाए गए थे.

    हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में पाया गया था कि टीम के गेंदबाज़ों को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी नहीं थी.

    केपटाउन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ी में पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड, नेथन लायन और मिचेल स्टार्क शामिल थे.

    इन चारों ने 2021 में एक साझा बयान में कहा था कि उन्हें मैदान पर कोई बाहरी चीज ले जाए जाने की जानकारी नहीं थी.

    पिछले हफ़्ते एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कमिंस ने ख़्वाजा के दावे को "100 फ़ीसदी ग़लत" बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि ख़्वाजा ने उनकी ज़िंदगी और प्रतिष्ठा को लेकर लापरवाही से बात की है.

  11. 6 घंटे पहलेआज़म ख़ान की अंतरिम ज़मानत को ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती

    इमेज स्रोत, Sakib Ali/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आज़म ख़ान की अंतरिम जमानत को ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज़म ख़ान को मिली अंतरिम ज़मानत के ख़िलाफ़ प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के सामने मामला उठाते हुए उसी दिन सुनवाई की मांग की थी. जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर लिया है

    आपको बता दें कि, आज़म ख़ान को ईडी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से मंगलवार को अंतरिम ज़मानत मिली थी.

    हाईकोर्ट की दो जजों की बेंच ने 10 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई तक उन्हें अंतरिम ज़मानत देने का आदेश दिया था.

    जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की बेंच ने आज़म ख़ान की गिरफ़्तारी की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे.

    कोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) की धारा 19 के तहत तय अनिवार्य प्रक्रिया का ईडी ने सख़्ती से पालन नहीं किया.

    आज़म ख़ान की ओर से अदालत में दलील दी गई कि गिरफ़्तारी के समय उन्हें लिखित रूप में गिरफ़्तारी के आधार नहीं बताए गए और न ही रिमांड पर पेश किए जाने से पहले ये दस्तावेज़ दिए गए.

    ईडी का कहना था कि अधिकारियों ने उन्हें दस्तावेज़ देने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने लेने से इनकार कर दिया था.

    इससे पहले आज़म ख़ान को बर्थ सर्टिफिकेट मामले में भी राहत मिली थी. आज़म ख़ान के वकील नासिर सुल्तान के मुताबिक़, "इस मामले में उनकी सज़ा पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी."

    "हाईकोर्ट के इस आदेश को उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने आज़म ख़ान के संबंध में सरकार की अपील ख़ारिज कर दी. बर्थ सर्टिफिकेट मामले में दोषसिद्धि (कन्विक्शन) पर रोक की राहत आज़म ख़ान को मिली थी, जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म और पत्नी डॉ. तज़ीन फ़ातिमा को यह राहत नहीं मिली थी."

  12. 7 घंटे पहलेसुरक्षाबलों के साथ कुलगाम मुठभेड़ में चरमपंथी मो. लतीफ़ भट की मौत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक़,मुठभेड़ में मो. लतीफ़ भट नाम के चरमपंथी का शव और हथियार बरामद हुआ है

    जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चरमपंथी मो. लतीफ़ भट की मौत हो गई है.

    कश्मीर ज़ोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के मुताबिक, जहां पर मुठभेड़ हुई वहां से शव और एक हथियार बरामद हुआ है. जिसमें उसकी पहचान मो. लतीफ़ भट के तौर पर हुई है.

    कुलगाम में चलाए गए इस ऑपरेशन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि, कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ़ और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए ऑपरेशन में घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय चरमपंथी मो. लतीफ भट की मौत हो गई. देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ़ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है.

    भारतीय सेना ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया था, ''एक चरमपंथी ने मस्जिद में शरण ले ली थी. सुरक्षा बलों ने बहुत संयम बरतते हुए धार्मिक स्थल की पवित्रता का पूरा ध्यान रखा और चरमपंथी को मस्जिद परिसर से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया, जिसके बाद उसे मार गिराया गया.''

    इस अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम शामिल थी.

    अनायत अली के मुताबिक़, चरमपंथी ने आत्मसमर्पण से इनकार कर दिया और एक मस्जिद में घुसकर रात क़रीब 2:45 बजे गोलीबारी शुरू कर दी.

    एसएसपी ने दावा किया कि लतीफ़ 18 नवंबर, 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और उसे सीमा पार से शांति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बाधित करने के निर्देश मिल रहे थे.

    पुलिस ने बरामद शव की पहचान अभी स्पष्ट नहीं की है.

  13. 7 घंटे पहलेमैच के दौरान सिर पर चोट लगने से अर्जेंटीना के फ़ुटबॉलर एबेल नूनेज़ की मौत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एबल नूनेज़ अर्ज़ेंटीना के एफ़सी एज़ेइज़ा के लिए खेलते थे (सांकेतिक तस्वीर)

    अर्जेंटीना के युवा फ़ुटबॉलर एबल नूनेज़ की मैच के दौरान सिर में चोट लगने के बाद मौत हो गई है.

    वह एफ़सी एज़ेइज़ा की युवा टीम के लिए खेलते थे. उनके क्लब ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करके मौत की पुष्टि की है.

    यह मैच अर्जेंटीना फ़ुटबॉल संघ की ‘जुवेनिलेस सी’ प्रतियोगिता के तहत क्लब एटलेटिको ला सोनिया के मैदान पर खेला जा रहा था.

    रविवार, 15 नवंबर को उनकी मौत की पुष्टि हुई. घटना के बाद मैच और उसके बाद होने वाला एक अन्य युवा टीमों का मुक़ाबला रोक दिया गया.

    एफ़सी एज़ेइज़ा ने अपने बयान में इसे क्लब के लिए बेहद दुखद ख़बर बताया और नूनेज़ के परिवार, दोस्तों और साथी खिलाड़ियों के प्रति संवेदना जताई.

  14. 8 घंटे पहलेबहरीन में फिर हवाई हमले का अलर्ट, विस्फोटों की आवाज़ सुनाई देने की ख़बर

    इमेज स्रोत, LEILA GORCHEV/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने बहरीन में अमेरिकी रडार प्रणाली नष्ट करने का दावा किया है. अमेरिकी सेना ने इसकी पुष्टि नहीं की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बहरीन में सायरन और हवाई हमले का वॉर्निंग सिस्टम फिर सक्रिय किए जाने की ख़बरें हैं.

    बीबीसी फ़ारसी से मिली जानकारी के मुताबिक, इसी बीच, ईरानी मीडिया ने देश में कई धमाकों की आवाज़ सुनाई देने की रिपोर्ट दी है.

    कुछ घंटे पहले ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया था कि उसने बहरीन में एक अमेरिकी रडार सिस्टम को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है.

    अमेरिकी सेना ने रडार प्रणाली नष्ट होने के इस दावे की पुष्टि नहीं की है.

    हालांकि, अमेरिकी मीडिया ने मंगलवार, 17 नवंबर को बहरीन में हमले की ख़बर दी.

    अमेरिका के नेशनल पब्लिक रेडियो नेटवर्क यानी एनपीआर ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ईरान ने मंगलवार को बहरीन स्थित अमेरिकी रडार फैसिलिटी पर ड्रोन से हमला किया.

    एनपीआर के मुताबिक़, हाल के दिनों में बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान का यह तीसरा हमला था.

  15. 9 घंटे पहलेएनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी पर कंपनी ने साफ किया रुख़

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, कथित चीनी जासूस से संबंध के बाद जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दे दिया था

    एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि जेनसन हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने की उसकी कोई योजना नहीं है.

    हुआंग ने एक संदिग्ध चीनी जासूस सहित कथित संबंधों की ख़बरें सामने आने के बाद इस्तीफ़ा दिया था.

    कंपनी के चेयरमैन हार्वी जोन्स ने मंगलवार को कहा, ''बोर्ड का उन्हें दोबारा नियुक्त करने का इरादा नहीं है.''

    इससे पहले मंगलवार को हुआंग ने कहा था कि अगर उन्हें एनवीडिया का नेतृत्व करने के लिए वापस बुलाया जाता है, तो यह उनके लिए ''सम्मान की बात'' होगी.

    हुआंग के जाने के बाद जारी कंपनी के पहले वित्तीय नतीजों में तिमाही बिक्री एक साल पहले के मुक़ाबले दोगुनी होकर 115.8 अरब डॉलर पहुंच गई. पहली बार कंपनी की तिमाही बिक्री 100 अरब डॉलर के पार गई है.

    25 अक्तूबर को समाप्त हुई तिमाही में कंपनी का मुनाफ़ा भी दोगुना होकर 65 अरब डॉलर रहा. नतीजों के बाद नियमित कारोबार बंद होने के बाद की ट्रेडिंग में कंपनी के शेयर 4.8 फ़ीसदी चढ़े.

  16. 18 नवंबर 2026कुवैत में ड्रोन हमलों का अलर्ट, सेना ने एक्टिवेट किया एयर डिफ़ेंस सिस्टम

    इमेज स्रोत, Scott Nelson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, कुवैती सेना के मुताबिक़, देश में सुनाई दे रही धमाकों की आवाज़ें ड्रोन हमलों को रोकने की कार्रवाई के कारण हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कुवैत की सेना ने कहा है कि देश की हवाई रक्षा प्रणालियां ड्रोन हमलों का मुकाबला कर रही हैं.

    कुवैत आर्मी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “कुवैत की हवाई रक्षा प्रणालियां इस समय शत्रुतापूर्ण ड्रोन हमलों का मुकाबला कर रही हैं.”

    कुवैती सेना के जनरल स्टाफ के मुताबिक़, सुनाई दे रही धमाकों की आवाज़ें हवाई रक्षा प्रणालियों की ओर से इन हमलों को रोकने की कार्रवाई के कारण हैं.

    बीबीसी फ़ारसी से मिली जानकारी के मुताबिका, ईरानी मीडिया ने “अरब सूत्रों” के हवाले से कुवैत में कई विस्फोटों की ख़बर दी है.

    पिछले कुछ दिनों में ईरान ने बहरीन में अमेरिकी रडार ठिकानों पर हमले की घोषणा की थी. उसने इसे केशम और सिरिक समेत खाड़ी के तटीय इलाक़ों में अमेरिकी हवाई हमलों का जवाब बताया था.

    ईरान ने चेतावनी दी है कि उसके देश पर हमला होने की स्थिति में वह क्षेत्र और उससे बाहर भी अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है.

  17. 18 नवंबर 2026महिंद्रा ने जीता अर्थशॉट पुरस्कार, कंपनी ने प्रिंस विलियम की पहल को सराहा

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, प्रिंस विलियम की ओर से स्थापित अर्थशॉट पुरस्कार में हर साल पांच विजेताओं को अपने कार्य-योजना के विस्तार के लिए 10–10 लाख पाउंड दिए जाते हैं

    ब्रिटेन के प्रिंस विलियम की ओर से स्थापित अर्थशॉट पुरस्कार 2026 में महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड ने ‘क्लीन आवर एयर’ यानी हवा साफ़ करने की श्रेणी में जीत हासिल की है.

    कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, उसे छोटे इलेक्ट्रिक व्यावसायिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने और इन्हें ड्राइवरों व छोटे कारोबारियों की पहुंच में लाने के प्रयासों के लिए यह पुरस्कार मिला है.

    महिंद्रा समूह के सीईओ और एमडी डॉ. अनीश शाह ने प्रिंस विलियम की पहल की सराहना की.

    उन्होंने कहा, ''हम ऐसा मंच बनाने में प्रिंस विलियम के नेतृत्व की सराहना करते हैं.”

    प्रिंस विलियम की ओर से शुरू किया गया अर्थशॉट पुरस्कार हर साल पर्यावरण से जुड़े पांच क्षेत्रों में 15 फ़ाइनलिस्ट चुनता है.

    ये क्षेत्र हैं पर्यावरण सुरक्षा और बहाली, हवा साफ़ करना, महासागरों को फिर से स्वस्थ बनाना, कचरा-मुक्त दुनिया बनाना और जलवायु संकट से निपटना.

    इनमें से हर साल पांच विजेता चुने जाते हैं. प्रत्येक विजेता को अपने कार्य-योजना के विस्तार के लिए 10 लाख पाउंड मिलते हैं.

    सभी 15 फ़ाइनलिस्ट एक साल के अर्थशॉट फ़ेलोशिप कार्यक्रम में भी शामिल होते हैं.

    महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी का कहना है कि उसने भारत में चार लाख से अधिक इलेक्ट्रिक व्यावसायिक वाहन बेचे हैं. ये वाहन कुल मिलाकर नौ अरब किलोमीटर से अधिक चले हैं और इनसे लगभग एक लाख 85 हज़ार मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन से बचने में मदद मिली है.

    कंपनी पुरस्कार की रकम से सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर महिला ड्राइवरों को प्रशिक्षण देने और किफ़ायती कर्ज़ तक उनकी पहुंच बढ़ाने पर काम करेगी.

    इसके अलावा, कम सुविधाओं वाले इलाक़ों में चार्जिंग की व्यवस्था बढ़ाने और अर्थशॉट के दूसरे फ़ाइनलिस्टों के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक रिक्शे की पहुंच को बढ़ाने की योजना है.

    कंपनी की एमडी और सीईओ सुमन मिश्रा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से लड़ने की कोशिशों से लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी भी बेहतर होनी चाहिए.

  18. 18 नवंबर 2026रूस में सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी 19 लोगों की मौत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़, केमेरोवो क्षेत्र में एन-12 सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से सभी 19 लोगों की मौत हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूस के साइबेरिया में एक सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी 19 लोगों की मौत हो गई है. रूसी सरकारी मीडिया ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से यह जानकारी दी है.

    मंत्रालय के मुताबिक़, एन-12 विमान मंगलवार को नियमित उड़ान के दौरान केमेरोवो क्षेत्र के एक सुनसान इलाक़े में गिर गया.

    शुरुआती तौर पर तकनीकी ख़राबी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. रूस के विमानन अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है.

    स्थानीय गवर्नर इल्या सेरेड्युक ने बताया कि विमान यागुनोवो गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ. आपातकालीन टीम ने घटनास्थल पर लगी आग पर जल्द काबू पा लिया और पुलिस ने इलाक़े की घेराबंदी कर दी.

    घटनास्थल का दौरा करने वाले सेरेड्युक ने कहा कि एक हेलीकॉप्टर और चिकित्सा सुविधाओं को तैयार रखा गया है. उनके मुताबिक़, अब मुख्य काम जांचकर्ताओं की मदद करना है.

    गवर्नर ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें दमकलकर्मी विमान का मलबा लग रहे हिस्सों के बीच तलाश करते दिखे. पास में कई एंबुलेंस भी खड़ी थीं.

    सोशल मीडिया पर साझा सीसीटीवी फ़ुटेज में दूर आसमान से एक चमकती चीज गिरती दिखाई दी. हालांकि, दूरी अधिक होने के कारण विमान के ज़मीन से टकराने की तस्वीर साफ़ नहीं दिखी.

    बीबीसी और समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने फ़ुटेज की तारीख़ और समय की पुष्टि की है. रॉयटर्स ने आसपास की तस्वीरों की सैटेलाइट तस्वीरों से मिलान करके जगह की भी पुष्टि की.

    फ़िलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में कोई माल लदा था या नहीं.

    रूसी सेना एन-12 विमानों का इस्तेमाल हथियार और कर्मियों को लाने-ले जाने के अलावा खोज और बचाव अभियानों में भी करती है.

  19. 18 नवंबर 2026

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira