उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी किया हैं

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी किया हैं
    • Author, दुष्यंत कुमार
    • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित 2 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 11 मिनट

सरकारी भर्ती की परीक्षा कब होगी और नियुक्ति कब तक मिलेगी? गन्ना बेचने के बाद किसान के खाते में पैसा आने में कितना वक़्त लगेगा? उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने इन सवालों के जवाब अपने घोषणापत्र में दिए हैं. हालांकि, ये सभी वादे हैं.

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 26 नवंबर को संविधान दिवस पर 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' जारी किया. इसमें कई वादे पुराने हैं, लेकिन कुछ की समय-सीमा बदली है. गन्ने के भुगतान के लिए पिछली बार 15 दिन का वादा था, इस बार 24 घंटे का है. पिछड़ों और दलितों की हिस्सेदारी का सवाल भी अब सरकारी नौकरियों के साथ सरकारी ठेकों तक पहुंच गया है.

बीजेपी ने जवाब में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते किए गए वादों का हिसाब उठाया. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि अखिलेश ने 2012 से 2017 के अपने कार्यकाल में कई वादे पूरे नहीं किए थे.

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "यह समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र नहीं, बल्कि 'ढकोसला पत्र' है. यह कोई संकल्प पत्र नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता को धोखा देने वाला दस्तावेज़ है. लोग जानते हैं कि समाजवादी पार्टी सत्ता में नहीं आने वाली और बीजेपी कहीं नहीं जाने वाली. बीजेपी ने अच्छा काम किया है और आगे भी करती रहेगी."

सपा के नए वादे इसी बहस के बीच आए हैं. वह बीजेपी से मौजूदा सरकार के काम का हिसाब मांग रही है, जबकि बीजेपी उसे उसका अपना रिकॉर्ड याद दिला रही है.

नौकरियों पर सपा ने क्या कहा और वादा कैसे परखा जाएगा?

सपा का वादा है कि सरकार बनी तो पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तुरंत भरने का फ़ैसला लिया जाएगा.

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, सपा का वादा है कि सरकार बनी तो पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तुरंत भरने का फ़ैसला लिया जाएगा

सपा का वादा है कि सरकार बनी तो पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तुरंत भरने का फ़ैसला लिया जाएगा. पहली बैठक में भर्ती का फ़ैसला होगा. नियुक्तियों के लिए पार्टी ने अलग समय-सीमा दी है. शिक्षा, स्वास्थ्य और यूपी पुलिस के ख़ाली पदों पर एक साल के भीतर नियुक्तियां करने की बात है.

परीक्षाओं के लिए सपा सालाना कैलेंडर बनाना चाहती है. उसके मुताबिक़, एक चरण वाली भर्ती तीन महीने में और दो या तीन चरणों वाली भर्ती छह महीने में पूरी होगी. पार्टी ने काम मिलने तक बेरोज़गार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये देने का भी वादा किया है.

वरिष्ठ पत्रकार शरत प्रधान कहते हैं कि किसी घोषणापत्र के हर वादे के पूरा होने की उम्मीद करना ठीक नहीं, लेकिन मतदाता बड़े वादों से पार्टी पर भरोसा करते हैं. वह मंच से अखिलेश के उठाए इस सवाल का ज़िक्र करते हैं कि आईटी सिटी क्यों नहीं बन पाई?

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • अमित शाह और नरेंद्र मोदी

  • डॉली वडालिया

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • आशुतोष रांका

समाप्त

उनके मुताबिक़, सपा ऐसे सवाल उठाकर रोज़गार को चुनावी बहस के केंद्र में लाना चाहती है. भर्ती का कैलेंडर देने से पार्टी ने अपने लिए भी एक कसौटी तय कर दी है. अगर वह सत्ता में आती है, तो अभ्यर्थी देख सकेंगे कि परीक्षा और नतीजे तय वक़्त पर आए या नहीं.

इमेज स्रोत, SP Manifesto

इमेज कैप्शन, जिन अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में आगे सेवा का मौक़ा नहीं मिलता, सपा ने उन्हें राज्य पुलिस और दूसरे सरकारी विभागों में नौकरी देने की बात कही है

रोज़गार के सभी वादे सरकारी भर्ती से जुड़े नहीं हैं. सपा ने छोटे और मझोले उद्योगों को आर्थिक मदद देने, उनकी तकनीक बेहतर करने और नए बाज़ारों तक पहुंच बढ़ाने के ज़रिए 2030 तक दो करोड़ रोज़गार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा है. वहीं, जिन अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में आगे सेवा का मौक़ा नहीं मिलता, उन्हें राज्य पुलिस और दूसरे सरकारी विभागों में नौकरी देने की बात कही है.

राजनीतिक विश्लेषक और 'वोट वाइब' के संस्थापक अमिताभ तिवारी इतने बड़े रोज़गार लक्ष्य को लेकर संदेह जताते हैं. उनके मुताबिक़, रोज़गार लगभग हर पार्टी के घोषणापत्र में होता है, लेकिन सरकार बनने के बाद हर वादे को एक जैसी प्राथमिकता नहीं मिलती. किसे पहले पूरा किया जाएगा, इस पर उस समय की ज़रूरतों और आगे के चुनावों का भी असर होता है.

वरिष्ठ पत्रकार सुनीता एरोन इस वादे को अग्निवीर योजना पर सपा के पुराने रुख़ से जोड़ती हैं. उनके मुताबिक़, सपा अब तक इस योजना का विरोध करती रही है. इस बार उसने यह भी बताया है कि जिन अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में आगे सेवा का मौक़ा नहीं मिलेगा, उनके लिए वह राज्य के स्तर पर क्या करना चाहती है.

रोज़गार का एक और हिस्सा उन लोगों से जुड़ा है जिन्हें नियमित काम नहीं मिलता. सपा ने गांवों में कम से कम 150 दिन का काम देने की योजना और शहरों में रोज़गार की गारंटी के लिए क़ानून लाने की बात कही है. शहरों में काम की गारंटी का वादा 2022 के घोषणापत्र में भी था.

शिक्षा में भी कुछ पुराने वादे लौटे हैं. बारहवीं पास करने वाले छात्रों को लैपटॉप देने का ज़िक्र 2022 में था. 2017 में भी लैपटॉप योजना को आगे बढ़ाने की बात कही गई थी. इस बार सपा ने बंद सरकारी प्राथमिक स्कूलों को फिर खोलने और शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाने का वादा किया है.

किसानों के लिए पुराने वादों में क्या बदला?

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, खेती के मामले में सपा ने दाम और भुगतान, दोनों पर बात की है

खेती के मामले में सपा ने दाम और भुगतान, दोनों पर बात की है. 2022 में पार्टी ने न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर फ़सलें ख़रीदने और गन्ने का पैसा 15 दिन में देने का वादा किया था. इस बार वह 24 घंटे में गन्ने का भुगतान करने के लिए अलग कोष बनाना चाहती है.

दाम पर इस बार प्रस्ताव यह है कि एमएसपी को क़ानूनी गारंटी बनाया जाए. यानी सरकारी हो या निजी, कोई भी ख़रीदार किसानों से तय दाम से कम पर फ़सल न ख़रीद सके. पार्टी दूध को भी इस गारंटी में शामिल करना चाहती है.

किसानों को क़र्ज़मुक्त करने का वादा भी नया नहीं है. पिछली बार पार्टी ने इसके लिए 2025 तक का लक्ष्य रखा था. इस बार वह सरकार बनने के शुरुआती महीनों में सभी किसानों का पूरा क़र्ज़ माफ़ करने की बात कह रही है. हालांकि, घोषणापत्र की उपलब्ध प्रति में इसकी समय-सीमा दो जगह अलग है: एक हिस्से में तीन महीने और दूसरे में 100 दिन.

सिंचाई के लिए मुफ़्त बिजली देने का वादा फिर आया है. साथ ही पार्टी ने तीन महीने के भीतर किसानों के बकाया बिजली बिल माफ़ करने की बात कही है. घरेलू इस्तेमाल के लिए 300 यूनिट मुफ़्त बिजली देने का वादा 2022 में भी था. इस बार कृषि और ग्रामीण विकास वाले हिस्से में 300 यूनिट तक मुफ़्त बिजली का ज़िक्र ख़ास तौर पर ग्रामीण घरों के लिए है.

गन्ने के मामले में बदलाव सिर्फ़ इतना नहीं है कि पार्टी ने 15 दिन की जगह 24 घंटे कह दिए. उसने भुगतान के लिए अलग कोष बनाने की बात भी की है. हालांकि कोष से भुगतान कैसे होगा और किसान के खाते में एक दिन के भीतर पैसा पहुंचाने की व्यवस्था कैसे होगी ये अभी स्पष्ट नहीं.

पीडीए के नारे से सरकारी ठेकों तक

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, 'दलित संकल्प' वाले हिस्से में पार्टी ने इन वर्गों के ठेकेदारों के लिए पांच करोड़ रुपये तक के ठेकों में 50 फ़ीसदी आरक्षण से शुरुआत करने की बात कही है

सपा पीडीए के ज़रिए पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की बात करती है. लेकिन सरकारी ठेकों के प्रस्ताव में जिन तीन वर्गों के नाम हैं, वे हैं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग.

'दलित संकल्प' वाले हिस्से में पार्टी ने इन वर्गों के ठेकेदारों के लिए पांच करोड़ रुपये तक के ठेकों में 50 फ़ीसदी आरक्षण से शुरुआत करने की बात कही है. 50 करोड़ रुपये तक के ठेकों के लिए अलग से 'विशेष प्रावधान' का ज़िक्र है. इसी हिस्से में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित रह गए सरकारी पद भरने का विशेष अभियान, दलित युवाओं के कारोबार के लिए अलग कोष और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद बनाने की बात भी है. पार्टी ने जाति आधारित सर्वे का वादा किया है.

वरिष्ठ पत्रकार सुनीता एरोन इसे सपा के समर्थन का दायरा बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखती हैं. उनके मुताबिक़, पार्टी ने अपने पुराने मुस्लिम और यादव वोट आधार से आगे बढ़ने की कोशिश 2022 में शुरू की थी, लेकिन यह बदलाव 2024 में ज़्यादा साफ़ दिखा. वह कहती हैं कि सपा ने पीडीए के ज़रिए नए तबकों तक पहुंच बनाई और बाद में 'आधी आबादी' यानी महिलाओं को भी इस अभियान से जोड़ा.

अमिताभ तिवारी इसके पीछे बसपा के कमज़ोर होने की भूमिका भी देखते हैं. उनके मुताबिक़, सपा दलित वोटरों के बीच लंबे समय से जगह बनाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसे ज़्यादा गुंजाइश तब मिली जब बसपा कमज़ोर हुई. उनका यह भी मानना है कि 'संविधान ख़तरे में है' वाला चुनावी संदेश अब उत्तर प्रदेश में पहले जितना असरदार नहीं है.

ठेकों का वादा इसी बहस को आगे ले जाता है. सपा अब सिर्फ़ यह नहीं कह रही कि सरकार में इन वर्गों की हिस्सेदारी बढ़ेगी. वह बता रही है कि सरकारी काम के ठेके देने के नियमों में यह बदलाव कहां से शुरू होगा. हालांकि, पांच करोड़ से ऊपर के ठेकों में 'विशेष प्रावधान' क्या होगा, उसका ब्योरा उपलब्ध प्रति में नहीं है.

क़ानून-व्यवस्था और महिलाओं के सवाल पर बीजेपी से मुक़ाबला

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, सपा ने संगठित अपराध के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई, ज़मीन पर अवैध क़ब्ज़े रोकने के लिए विशेष बल और हर छह महीने में अपराध के आंकड़े सार्वजनिक करने का वादा किया है

सपा ने संगठित अपराध के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई, ज़मीन पर अवैध क़ब्ज़े रोकने के लिए विशेष बल और हर छह महीने में अपराध के आंकड़े सार्वजनिक करने का वादा किया है. भर्ती परीक्षाओं के पर्चे लीक करने वालों को संगठित अपराधी मानने की बात भी क़ानून-व्यवस्था वाले हिस्से में रखी गई है. इस तरह पार्टी ने भर्ती का कैलेंडर देने के साथ परीक्षा में गड़बड़ी रोकने पर भी अपना प्रस्ताव रखा है.

वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ तिवारी के लिए यह घोषणापत्र के सबसे दिलचस्प हिस्सों में से एक है. उनके मुताबिक़, सपा के पिछले शासन में क़ानून-व्यवस्था ख़राब होने के आरोप लगते रहे हैं. माफ़िया और संगठित अपराध पर कार्रवाई का वादा करके सपा उस सवाल का भी जवाब दे रही है.

तिवारी इसे महिलाओं की सुरक्षा से जोड़ते हैं. उनके मुताबिक़, बीजेपी कहती रही है कि क़ानून की सख़्ती से महिलाएं ज़्यादा भरोसे के साथ बाहर निकल पा रही हैं. तिवारी का अपना आकलन है कि इस सख़्ती का असर दिखता है और यही एक वजह है कि सपा ने इस मुद्दे पर ज़ोर दिया है.

वहीं, प्रधान का मानना है कि बीजेपी चुनावी बहस को हिंदू-मुसलमान के मुद्दे पर रखना चाहती है, जबकि सपा ने घोषणापत्र में रोज़गार, खेती और रोज़मर्रा की समस्याओं को आगे रखा है. अखिलेश ने घोषणापत्र में मुसलमानों से जुड़े मुद्दों को ज़्यादा जगह नहीं दी. उनकी नज़र में यह बीजेपी को बहस हिंदू-मुसलमान के मुद्दे पर ले जाने का मौक़ा न देने की कोशिश है.

महिला वोटरों से सपा की बात सुरक्षा तक सीमित नहीं है. उनका अलग घोषणापत्र अभी आना बाक़ी है, लेकिन मौजूदा दस्तावेज़ में ग़रीबी रेखा से नीचे के परिवारों की बुज़ुर्ग और ज़रूरतमंद महिलाओं के लिए 40 हज़ार रुपये सालाना की समाजवादी पेंशन फिर शुरू करने की बात है. दलित महिलाओं को इतनी ही सालाना मदद देने का ज़िक्र अलग हिस्से में है. पार्टी ने एक साल के भीतर ग़रीबी रेखा से नीचे के परिवारों में महिलाओं के नाम पर राशन कार्ड जारी करने का वादा भी किया है.

दूसरी ओर, द इंडियन एक्सप्रेस की 26 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश सरकार का महिला और बाल कल्याण विभाग भी आर्थिक मदद की योजना पर काम कर रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन नवंबर को इसका संकेत दिया था, यानी सपा का घोषणापत्र आने से पहले. हालांकि, यह सरकार की अपनी तैयारी है, घोषणापत्र पर बीजेपी की औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं.

इस बार सपा ने इतना पहले घोषणापत्र क्यों जारी किया?

द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, सपा ने 2017 में पहले चरण के मतदान से 20 दिन पहले घोषणापत्र जारी किया था. 2022 में 'समाजवादी वचन पत्र' मतदान शुरू होने से सिर्फ़ दो दिन पहले आया था. इस बार पार्टी ने चुनाव से कई महीने पहले अपने वादे रख दिए हैं.

तिवारी के मुताबिक़, सपा के पास अब अपने वादे मतदाताओं तक पहुंचाने का ज़्यादा समय है. अगर सरकार बाद में मिलता-जुलता कोई क़दम उठाती है, तो सपा कह सकती है कि उसने मुद्दा पहले उठाया और सरकार पर दबाव बनाया. प्रधान भी इसे बीजेपी को पहले से जवाब देने की कोशिश के तौर पर देखते हैं.

शरत प्रधान इसके लिए दलित विकास परिषद का उदाहरण देते हैं. उनके मुताबिक़, अगर बीजेपी आगे दलितों के लिए अपने प्रस्ताव रखती है, तो सपा कह सकेगी कि उसने परिषद बनाने का वादा पहले ही अपने घोषणापत्र में शामिल कर लिया था.

एरोन इस रणनीति की सीमा बताती हैं. उनके मुताबिक़, सत्ता में बैठी पार्टी चुनाव से पहले ही किसी योजना का लाभ लोगों तक पहुंचा सकती है. विपक्ष को अपना वादा लागू करने के लिए पहले चुनाव जीतना होगा. महिलाओं के लिए आर्थिक मदद का सवाल इस फ़र्क़ को साफ़ करता है. सपा ने रक़म बताई है, लेकिन अगर योगी सरकार अपनी योजना शुरू करती है, तो उसके पास चुनाव से पहले मदद पहुंचाने का मौक़ा है.

जल्दी घोषणापत्र लाने से सपा को बीजेपी के काम पर सवाल उठाने का वक़्त मिला है. इसी दौरान मतदाता भी उससे पूछ सकते हैं कि 10 लाख सरकारी पदों में कितने पहले से ख़ाली हैं, गन्ने का पैसा 24 घंटे में कैसे मिलेगा और पांच करोड़ से बड़े ठेकों में हिस्सेदारी किस नियम से तय होगी.

यूपी चुनाव 2027: सपा के घोषणापत्र के 10 बड़े वादे

1. ग्रामीण घरों को 300 यूनिट तक मुफ़्त बिजली. खेती की सिंचाई के लिए मुफ़्त बिजली का अलग वादा है.

2. प्रदेश के सभी किसानों का पूरा क़र्ज़ माफ़ करने का वादा. एक जगह सरकार बनने के 100 दिन के भीतर और दूसरी जगह तीन महीने के भीतर लिखा है.

3. फ़सलों के साथ दूध पर भी एमएसपी की क़ानूनी गारंटी. फ़सलों के लिए प्रस्ताव है कि सरकारी या निजी ख़रीदार तय दाम से कम पर उपज न ख़रीद सकें.

4. पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पद भरने का फ़ैसला.

5. ग्रामीण इलाक़ों में कम से कम 150 दिन का रोज़गार. इसके लिए ग्रामीण रोज़गार गारंटी योजना लाने की बात है.

6. बेरोज़गार स्नातकों को काम मिलने तक महीने के 5,000 रुपये. वादा स्नातकों के लिए है, सभी बेरोज़गार युवाओं के लिए नहीं.

7. बेटी के जन्म पर उसके नाम से 10 ग्राम तक सोना. राज्य सरकार इसके लिए व्यवस्था करेगी.

8. ग़रीबी रेखा से नीचे के परिवारों की बुज़ुर्ग और ज़रूरतमंद महिलाओं के लिए सालाना 40 हज़ार रुपये की समाजवादी पेंशन. पार्टी ने योजना फिर शुरू करने का वादा किया है.

9. 12वीं पास करने वाले छात्रों को लैपटॉप. प्रदेश में लैपटॉप वितरण योजना फिर शुरू करने की बात है.

10. शिक्षामित्रों के मानदेय में हर महीने 5,000 रुपये की बढ़ोतरी. उनका मानदेय दूसरी ग्रामीण सेवाओं के बराबर करने की बात भी है.

इस बार सपा के वादों में पहले से ज़्यादा ब्योरा है. मगर चुनाव के नतीज़े ही तय करेंगे कि समाजवादी पार्टी अपने घोषणापत्र के जरिए कितने लोगों तक पहुंच पाई और कितने मतदाताओं को वोट में तब्दील कर सकी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · दुष्यंत कुमार

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira