यहाँ कुछ लोग क्यों अजनबियों के साथ घर ख़रीद रहे हैं?

पुलमैन परिवार (बाईं ओर) और विलकॉक्स परिवार (दाईं ओर) एक साथ सोफ़े पर बैठे हैं.

इमेज स्रोत, Elizabeth Wilcox

इमेज कैप्शन, पुलमैन परिवार (बाईं ओर) और विलकॉक्स परिवार ने पहली मुलाक़ात के कुछ ही समय बाद मिलकर एक घर ख़रीद लिया
    • Author, डेविड सिल्वरबर्ग
    • पदनाम, बिज़नेस रिपोर्टर
    • ........से, टोरंटो
  • प्रकाशित 2 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

जब एलिज़ाबेथ और टॉम विलकॉक्स को एहसास हुआ कि वे अपने और अपने दो बच्चों के लिए मनचाहा घर कभी नहीं ख़रीद पाएंगे, तो उन्होंने एक बड़ा जोखिम उठाने का फ़ैसला किया.

उन्होंने सोचा कि वे छोटे बच्चों वाले किसी दूसरे जोड़े को ढूंढेंगे, जो उनके लिए बिल्कुल अजनबी हों. फिर उन्हें प्रस्ताव देंगे कि वे मिलकर एक प्रॉपर्टी ख़रीदें और उसमें साथ रहें.

कनाडा के वैंकूवर में रहने वाले विलकॉक्स दंपति एक ऐसा घर ख़रीदना चाहते थे, जिसके पीछे खुली जगह हो और जहां उनके बच्चे खेल सकें. वैंकूवर में मकानों की क़ीमतें लंबे समय से कनाडा के सबसे महंगे शहरों में शुमार रही हैं.

हेल्थकेयर सेक्टर में प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करने वाली एलिज़ाबेथ कहती हैं, "हम ऐसा घर चाहते थे, जिसके पीछे इतनी जगह हो कि वहां ट्रैम्पोलिन रखा जा सके. घर ऐसी जगह भी हो, जहां पैदल आसानी से आया-जाया जा सके. लेकिन हम इसे ख़रीदने का ख़र्च नहीं उठा सकते थे."

उनका बजट 10 लाख कनाडाई डॉलर (करीब सात लाख अमेरिकी डॉलर या पांच लाख ब्रिटिश पाउंड) था. इस बजट में वे ज़्यादा से ज़्यादा बालकनी वाला एक छोटा अपार्टमेंट ही ख़रीद सकते थे.

तभी एलिज़ाबेथ के मन में एक दूसरे परिवार के साथ मिलकर घर ख़रीदने का विचार आया.

'हज़ारों डॉलर बचाएं'

बाईं ओर एश्ले पुलमैन और दाईं ओर एलिज़ाबेथ विलकॉक्स का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच अच्छी बनती है.

इमेज स्रोत, Elizabeth Wilcox

इमेज कैप्शन, एश्ले पुलमैन (बाईं ओर) और एलिज़ाबेथ विलकॉक्स का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच अच्छी बनती है

उन्होंने एक स्थानीय रियल एस्टेट एजेंट के ई-न्यूज़लेटर में विज्ञापन दिया. लेकिन उन्हें ऐसा परिवार मिलने में दो साल लग गए, जिसके साथ उनकी अच्छी बनती थी. यह परिवार एश्ले पुलमैन, उनके पति और उनके दो बच्चों का था.

2023 में विलकॉक्स और पुलमैन परिवारों ने मिलकर छह बेडरूम वाला एक अलग घर ख़रीदा. इस घर के पीछे एक बगीचा भी है और इसकी क़ीमत 18 लाख 50 हज़ार कनाडाई डॉलर (करीब 12 करोड़ रुपये) थी.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • कप्तान शुभमन गिल ने 15 ओवर्स बाकी रहते ड्रॉ पर सहमति जताने के अपने फ़ैसले का बचाव किया

  • भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ नेपाल के पीएम बालेन शाह

  • तिलक वर्मा ने मैच में शतक लगाया, लेकिन उनकी पारी काफ़ी धीमी रही (फ़ाइल फ़ोटो)

  • पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम

समाप्त

दोनों परिवारों ने घर ख़रीदने के लिए 2 लाख 50 हज़ार कनाडाई डॉलर (करीब 1 करोड़ 60 लाख) की डाउन पेमेंट आधी-आधी दी. वे हर महीने मॉर्गेज यानी होम लोन की 3,900 कनाडाई डॉलर की किस्त भी बराबर बांटते हैं.

इसके अलावा, बिजली-पानी के बिल और घर की मरम्मत जैसे दूसरे ख़र्च भी दोनों परिवार आधे-आधे उठाते हैं.

एलिज़ाबेथ का कहना है कि इस व्यवस्था से दोनों परिवारों के हज़ारों नहीं, बल्कि "दसियों हज़ार डॉलर" बच रहे हैं.

हालांकि, ऐसे लोगों की संख्या का कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, जो पहले से अनजान लोगों के साथ मिलकर घर ख़रीद रहे हैं. लेकिन पारिमल गोसाई का कहना है कि टोरंटो में घरों की ऊंची क़ीमतों के कारण इसमें लोगों की दिलचस्पी काफ़ी बढ़ी है.

गोसाई कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में हस्मेट्स ऐप और वेबसाइट के संस्थापक और सीईओ हैं. यह ऐप और वेबसाइट उन लोगों को आपस में जोड़ती है, जो किसी अनजान व्यक्ति के साथ मिलकर घर ख़रीदने की संभावना तलाश रहे हैं.

उनका कहना है, "इसे एक वित्तीय संबंध के तौर पर देखा जा सकता है और इससे भावनाएं बीच में नहीं आतीं."

दुनिया के दूसरे हिस्सों में यह चलन कितना आम है, यह साफ़ नहीं है. ब्रिटेन की मॉर्गेज ब्रोकर कंपनी एलएंडसी के डेविड हॉलिंगवर्थ कहते हैं कि उन्होंने खुद ऐसा मामला नहीं देखा है, लेकिन उनका मानना है कि ब्रिटेन में भी ऐसा होता है. हालांकि, उनके मुताबिक यह चलन "बहुत सीमित" है.

वह कहते हैं, "मुझे याद है कि कोविड-19 महामारी से पहले लंदन के एक पब में ऐसा ही एक कार्यक्रम हुआ था. यह स्पीड डेटिंग जैसा था, जहां घर ख़रीदने के इच्छुक लोग किसी अनजान व्यक्ति के साथ जोड़ी बनाने आए थे. हालांकि, यह कितना कामयाब रहा, मुझे नहीं पता."

इमेज स्रोत, Elizabeth Wilcox

इमेज कैप्शन, विलकॉक्स और पुलमैन परिवारों ने मिलकर वैंकूवर में एक अलग घर ख़रीदा

तीन साल बाद भी विलकॉक्स और पुलमैन परिवारों का कहना है कि साथ रहने का उनका फ़ैसला अब तक अच्छा काम कर रहा है.

दोनों परिवारों के पास रहने के लिए कुछ निजी जगहें हैं, जैसे उनकी अपनी रसोई. लेकिन घर के बेसमेंट में बने बड़े लिविंग रूम का इस्तेमाल दोनों परिवार मिलकर करते हैं. इस कमरे के एक कोने में होम जिम है. इसके अलावा, दोनों परिवार एक साझा फ़्रीज़र भी इस्तेमाल करते हैं.

एलिज़ाबेथ कहती हैं, "अगर कोई बताता है कि वह बेसमेंट में कसरत करने जा रहा है, तो हम समझ जाते हैं कि कुछ देर तक वहां नहीं जाना है. इस बात को लेकर कभी कोई परेशानी नहीं हुई."

एश्ले भी मानती हैं कि उन्हें साथ रहने में कोई दिक़्क़त नहीं होती. वह कहती हैं, "शायद यह हमारा ज़रूरत से ज़्यादा आत्मविश्वास था, लेकिन मुझे और मेरे पति को लगता था कि हम ऐसे लोग हैं, जो अजनबियों के साथ भी रह सकते हैं."

'हम घर के मामलों पर मीटिंग करते हैं'

इमेज स्रोत, Sabrina Bowman

इमेज कैप्शन, सबरीना बोमन का कहना है कि खुलकर बातचीत करना ज़रूरी है

टोरंटो में फ्रीलांस बिज़नेस कंसल्टेंट सबरीना बोमन 2018 से दो अन्य लोगों के साथ मिलकर एक घर की मालकिन हैं. जब उन्होंने घर ख़रीदने के दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर किए और वहां रहने आईं, तब वह उन दो लोगों में से एक को जानती तक नहीं थीं.

सबरीना अपनी आर्थिक स्थिति से जुड़ी सटीक जानकारी साझा नहीं करना चाहतीं. हालांकि, उनका कहना है कि तीनों ने अपनी-अपनी आमदनी के हिसाब से घर की डाउन पेमेंट और मॉर्गेज की किस्तें बांटने का फ़ैसला किया था.

उनका कहना है कि घर में किसी तरह का विवाद होने पर खुलकर बातचीत करके उसे शुरुआत में ही सुलझाया जा सकता है. वह कहती हैं, "हमारे लिए यह ज़रूरी है कि घर में जो कुछ भी होता है, उस पर बातचीत करने के लिए एक तय व्यवस्था हो."

तीनों नियमित रूप से घर के मामलों पर बैठक करते हैं. इन बैठकों में घर के कामों की ज़िम्मेदारी, पैसों से जुड़े मुद्दों, जन्मदिन मनाने और आपसी मतभेदों पर चर्चा होती है.

सबरीना कहती हैं, "यह देखकर अच्छा लगता है कि लोग किसी ऐसी बात के बारे में भी ईमानदारी से अपनी बात रखते हैं, जिसे कहने में उन्हें झिझक हो सकती है. फिर हम मिलकर उस समस्या का हल निकालते हैं."

सबरीना के टोरंटो वाले घर और वैंकूवर में विलकॉक्स और पुलमैन परिवारों के साझा घर, दोनों के लिए क़ानूनी समझौते किए गए हैं. इन समझौतों में यह तय किया गया है कि अगर कोई अपना हिस्सा बेचकर घर छोड़ना चाहे, तो क्या प्रक्रिया होगी.

दोनों घरों के समझौतों में घर छोड़ने के लिए पहले से उचित समय पर सूचना देने की शर्त रखी गई है. सबरीना के घर के मामले में यह भी तय है कि घर छोड़ने वाला व्यक्ति अपना हिस्सा बेचने से पहले वहां रह रहे बाकी लोगों को उसे ख़रीदने का पहला मौक़ा देगा.

टोरंटो की रियल एस्टेट वकील तान्या वॉकर कहती हैं कि इस तरह के क़ानूनी समझौते होना बहुत ज़रूरी है. वह कहती हैं, "आपके पास ऐसा समझौता होना चाहिए, जो क़ानूनी तौर पर बाध्यकारी हो. सिर्फ़ ईमेल और फ़ेसबुक संदेशों के भरोसे नहीं रहना चाहिए, क्योंकि विवाद होने पर इन सबको इकट्ठा करना और उनका रिकॉर्ड रखना मुश्किल हो सकता है."

वहीं, वैंकूवर में एलिज़ाबेथ कहती हैं कि दोनों परिवारों ने अभी यह तय नहीं किया है कि वे कितने समय तक इस घर में रहेंगे. वह कहती हैं, "हम सभी इस व्यवस्था और इस जगह से बहुत ख़ुश हैं, इसलिए यहां से जाना मुश्किल होगा."

वह कहती हैं, "बच्चों को पहली बार ट्रैम्पोलिन पर उछलते-कूदते या अपने हरे-भरे छोटे से बगीचे में गोल-गोल दौड़ते हुए देखना कैसा लगा, इसे पैसों में नहीं आंका जा सकता."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · डेविड सिल्वरबर्ग

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira