महंगा एयर प्यूरिफ़ायर क्या सच में ज़्यादा साफ़ हवा देता है? ख़रीदते वक़्त क्या-क्या देखें

फिल्टर का प्रकार, उसकी दक्षता और एक्टिवेटेड कार्बन की मौजूदगी कीमत को प्रभावित करती है

इमेज स्रोत, Joan Cros/NurPhoto via Getty Images

इमेज कैप्शन, फ़िल्टर की किस्मत, उसकी दक्षता और एक्टिवेटेड कार्बन की मौजूदगी कीमत को प्रभावित करती है
    • Author, शुभ राणा
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
    • ........से, दिल्ली
  • प्रकाशित 7 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 11 मिनट

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ साफ़ हवा की तलाश अब सिर्फ घरों के बाहर तक सीमित नहीं रह गई है. लोग अपने घरों के अंदर की हवा को भी साफ़ रखने के लिए एयर प्यूरिफायर का इस्तेमाल कर रहे हैं.

एयर प्यूरिफ़ायर एक ऐसी मशीन है, जो कमरे की हवा को फिल्टर करके उसमें मौजूद धूल, धुएं और प्रदूषण के बारीक कणों को कम करने में मदद करती है.

बाज़ार और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एयर प्यूरिफ़ायर करीब 999 रुपये से लेकर 80 हज़ार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध दिख रहे हैं. लेकिन क्या इनकी कीमत के साथ इनकी गुणवत्ता और काम करने की क्षमता भी बदलती है?

आख़िर ये मशीनें हवा को साफ कैसे करती हैं? और अपने घर के लिए सही एयर प्यूरिफ़ायर चुनते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

इन सवालों के जवाब जानने के लिए हमने उन परिवारों से बात की, जो पिछले कुछ सालों से घर में एयर प्यूरिफ़ायर का इस्तेमाल कर रहे हैं.

हमने बाज़ार में जाकर इसकी बढ़ती मांग और अलग-अलग मॉडल के बारे में भी समझने की कोशिश की. साथ ही, विशेषज्ञों से जाना कि एयर प्यूरिफ़ायर कितना असरदार है.

घर के अंदर साफ़ हवा की तलाश

दिल्ली के पंजाबी बाग में रहने वाली श्वेता ने अपनी बेटी को साफ हवा देने के लिए घर के हर कमरे में एयर प्यूरिफायर लगाया है.

इमेज स्रोत, SHUBH RANA\BBC

इमेज कैप्शन, दिल्ली के पंजाबी बाग में रहने वाली श्वेता ने अपनी बेटी को साफ़ हवा देने के लिए घर के हर कमरे में एयर प्यूरिफ़यर लगाया है

श्वेता के मुताबिक़, पहले उनके परिवार के सदस्यों को बार-बार खांसी और जुकाम की शिकायत होती थी. उनके सास-ससुर को नेबुलाइज़र का भी इस्तेमाल करना पड़ता था.

वह बताती हैं कि बाहर निकलते समय अब भी उन्हें मास्क लगाना पड़ता है, लेकिन घर के अंदर सांस लेने में पहले के मुकाबले बेहतर महसूस होता है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • मुसादिक मलिक

  • श्रावणी राणे और मोहम्मद फैज़

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • मोदी और नीतीश कुमार

समाप्त

श्वेता ने अपने घर और बाहर के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में अंतर का भी ज़िक्र किया. उनके मुताबिक, बाहर का एक्यूआई करीब 210 था, जबकि घर के अंदर यह लगभग 30 दर्ज किया गया.

दिल्ली में रहने वाली 69 वर्षीय संगीता नाकरा भी पिछले तीन साल से एयर प्यूरिफ़ायर का इस्तेमाल कर रही हैं.

वह बताती हैं कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के कारण अब बाहर घूमना और टहलना मुश्किल हो गया है. उन्हें सांस लेने में परेशानी होती थी और बैठने-उठने जैसे रोज़मर्रा के काम भी मुश्किल लगने लगे थे.

उनकी परेशानी को देखते हुए बच्चों ने घर में एयर प्यूरीफ़ायर लगाया.

प्रदूषण बढ़ने के साथ एयर प्यूरिफ़ायर की मांग

इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images

इमेज कैप्शन, दिवाली के दौरान दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ था. इस दौरान इंडिया गेट के आसपास भी धुंध की मोटी परत देखी गई

एयर प्यूरिफ़ायर का बढ़ता इस्तेमाल बाज़ार में भी दिखाई दे रहा है.

दिल्ली की एक दुकान संचालक संगीता के मुताबिक़, पहले उनकी दुकान पर सामान्य दिनों में तीन से चार एयर प्यूरिफ़ायर बिकते थे. अब यह संख्या बढ़कर रोज़ाना 15 से 20 यूनिट तक पहुंच गई है.

उनका कहना है कि पहले लोग एयर प्यूरिफ़ायर को लग्ज़री प्रोडक्ट के तौर पर देखते थे, लेकिन अब कई ग्राहक इसे ज़रूरत समझकर खरीद रहे हैं. हालांकि, इसकी कीमत अधिक होने के कारण हर कोई इसे खरीद नहीं पाता.

संगीता के मुताबिक़, एयर प्यूरिफ़ायर की मांग में सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी दिवाली के आसपास और उसके बाद देखने को मिलती है, जब दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है.

बाज़ार में इसकी बढ़ती मांग के संकेत दूसरी जगहों से भी मिलते हैं.

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया था कि वित्त वर्ष 2030 तक यह बाज़ार बढ़कर एक हज़ार करोड़ रुपये का हो सकता है.

इसी रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 तक देश में एयर प्यूरिफ़ायर की कुल बिक्री में दिल्ली-एनसीआर की हिस्सेदारी करीब 80 फ़ीसदी थी.

वहीं, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेज़न इंडिया ने नवंबर 2026 में एक हफ्ते के भीतर एयर प्यूरिफ़ायर की बिक्री दोगुनी होने की बात कही थी.

कैसे चुनें अपने घर के लिए सही एयर प्यूरिफ़ायर?

इमेज स्रोत, Pongmanat Tasiri/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

इमेज कैप्शन, बाज़ार में अलग-अलग आकार के कमरों के लिए अलग-अलग क्षमता वाले एयर प्यूरिफायर उपलब्ध हैं

बाज़ार में अलग-अलग आकार के कमरों के लिए अलग-अलग क्षमता वाले एयर प्यूरिफ़ायर उपलब्ध हैं.

संगीता के मुताबिक़, 150 से 600 वर्ग फुट तक के कमरों के लिए एयर प्यूरिफ़ायर मिलते हैं. दुकानों में इनकी कीमत करीब पांच हज़ार रुपये से शुरू होती है.

इंडोर एयर क्वालिटी एक्सपर्ट माधव नारंग ने बीबीसी को बताया कि एयर प्यूरिफ़ायर खरीदने से पहले यह देखना ज़रूरी है कि उसे किस जगह इस्तेमाल किया जाना है और उस जगह का आकार कितना है.

माधव नारंग के मुताबिक, एयर प्यूरिफ़ायर चुनते समय उसका सीएडीआर यानी क्लीन एयर डिलीवरी रेट देखना चाहिए.

यह बताता है कि मशीन एक घंटे में कितनी मात्रा में फ़िल्टर की गई साफ़ हवा उपलब्ध करा सकती है.

सीएडीआर जितना अधिक होगा, मशीन उतनी तेज़ी से हवा को साफ़ कर सकेगी.

एयर प्यूरिफ़ायर का सीएडीआर चुनते समय कमरे का आकार ही नहीं, बल्कि छत की ऊंचाई और एक घंटे में हवा को कितनी बार साफ करना है, यह भी ध्यान में रखना चाहिए.

मसलन, अगर कमरे का आकार 100 वर्ग फुट और छत की ऊंचाई 10 फुट है, तो पांच एयर चेंज प्रति घंटे के लक्ष्य के लिए करीब 140 घन मीटर प्रति घंटे सीएडीआर की ज़रूरत होगी.

हेपा फ़िल्टर क्या है और यह कैसे काम करता है?

इमेज स्रोत, Mengshin Lin for The Washington Post via Getty Images

इमेज कैप्शन, एयर प्यूरिफ़ायर खरीदना ही काफ़ी नहीं है.उसके फिल्टर की नियमित देखभाल भी ज़रूरी है

एयर प्यूरिफ़ायर की कीमत और मॉडल के साथ-साथ उनमें इस्तेमाल होने वाले फिल्टर भी अलग-अलग होते हैं.

माधव नारंग के मुताबिक़, कुछ एयर प्यूरिफ़ायर में सिर्फ हेपा फिल्टर होता है, जबकि कुछ में हेपा के साथ एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर भी लगा होता है.

हेपा का पूरा नाम 'हाई एफिशिएंसी पार्टिकुलेट एयर' है. यह हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के बारीक कणों को रोकने के लिए बनाया गया फिल्टर है.

इसमें फाइबर की कई परतें होती हैं, जो हवा के साथ आने वाले छोटे-छोटे कणों को पकड़ती हैं.

हेपा फिल्टर की अलग-अलग श्रेणियां होती हैं, जिनमें एच13 और एच14 शामिल हैं.

यूरोपीय मानक ईएन 1822 के मुताबिक़, परीक्षण में एच13 फिल्टर हवा में मौजूद सबसे मुश्किल से पकड़े जाने वाले कणों में से कम से कम 99.95 फ़ीसदी और एच14 फिल्टर 99.995 फ़ीसदी कणों को रोक सकता है.

हालांकि, सिर्फ फ़िल्टर पर एच13 या एच14 लिखा होना उसकी गुणवत्ता की गारंटी नहीं है.

यह देखना भी ज़रूरी है कि फ़िल्टर का परीक्षण मान्यता प्राप्त मानक के तहत हुआ है या नहीं और उसके दावे प्रमाणित हैं या नहीं.

दूसरी ओर, एक्टिवेटेड कार्बन फ़िल्टर का काम अलग है. यह हवा में मौजूद कुछ गैसों, धुएं से जुड़े गैसीय प्रदूषकों और गंध को सोखने में मदद करता है.

इसलिए कई एयर प्यूरिफ़ायर में दोनों तरह के फ़िल्टर का इस्तेमाल किया जाता है.

पांच हज़ार और 50 हज़ार रुपये के एयर प्यूरिफ़ायर में फ़र्क

इमेज स्रोत, Farooq NAEEM / AFP

इमेज कैप्शन, वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ एयर प्यूरिफ़ायर की मांग भी बढ़ रही है, जिसका असर बाज़ार में दिखाई दे रहा है

बाज़ार में एयर प्यूरिफायर की कीमतों में काफ़ी अंतर है. हालांकि, महंगा मॉडल हमेशा बेहतर हो, यह ज़रूरी नहीं है.

माधव नारंग के मुताबिक, इसकी कीमत कई बातों पर निर्भर करती है.

- फिल्टर की क्वालिटी : फ़िल्टर की क्वालिटी, उसकी दक्षता और एक्टिवेटेड कार्बन की मौजूदगी कीमत को प्रभावित करती है.

- क्लीन एयर डिलीवरी रेट : ये बताता है कि मशीन कितनी तेजी से साफ हवा दे सकती है. आमतौर पर अधिक सीएडीआर वाली मशीन बड़े कमरे के लिए उपयुक्त होती है.

कुछ मॉडल में एक्यूआई डिस्प्ले, एयर क्वालिटी सेंसर, ऑटो मोड और मोबाइल ऐप जैसी सुविधाएं होती हैं.

- शोर और बिजली की खपत: मशीन की आवाज़ और बिजली की खपत भी उसकी कीमत को प्रभावित कर सकती है.

इसके अलावा, बाज़ार में यूवी-सी, आयोनाइज़र और इलेक्ट्रोस्टैटिक फिल्ट्रेशन जैसी तकनीकों वाले एयर प्यूरिफ़ायर भी मिलते हैं.

यूवी-सी तकनीक का इस्तेमाल कुछ सूक्ष्मजीवों को निष्क्रिय करने के लिए किया जाता है. वहीं, आयोनाइज़र हवा में मौजूद कणों को चार्ज करके उन्हें सतहों पर जमा होने में मदद करते हैं.

इसलिए ऐसे एयर प्यूरिफ़ायर खरीदते समय उनके ओज़ोन उत्सर्जन की जानकारी ज़रूर देखनी चाहिए.

एयर प्यूरिफ़ायर सेहत के लिए कितना असरदार है?

इमेज स्रोत, BYAMBASUREN BYAMBA-OCHIR / AFP

इमेज कैप्शन, लोग अपने घरों के अंदर की हवा को भी साफ़ रखने के लिए एयर प्यूरिफ़ायर का इस्तेमाल कर रहे हैं

एयर प्यूरिफ़ायर की उपयोगिता और उसके काम करने के तरीके को समझने के लिए हमने मैक्स हेल्थकेयर, साकेत के वाइस चेयरमैन और हेड ऑफ पल्मोनोलॉजी डॉ. विवेक नागिया से बात की.

डॉ. नागिया के मुताबिक़, एयर प्यूरिफ़ायर हवा में मौजूद पार्टिकुलेट मैटर यानी प्रदूषण के बारीक कणों को फिल्टर करने का काम करता है.

हालांकि, एयर प्यूरिफ़ायर सभी तरह के प्रदूषकों को नहीं हटा सकते. यह इस बात पर निर्भर करता है कि मशीन में किस तरह के फ़िल्टर लगे हैं.

मसलन, हेपा फिल्टर हवा में मौजूद पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे कणों को कम करने में मदद कर सकते हैं, जबकि गैसों को हटाने के लिए उपयुक्त एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर की ज़रूरत होती है.

अमेरिकी ईपीए के मुताबिक़, कोई भी एयर प्यूरिफ़ायर घर के अंदर मौजूद सभी प्रदूषकों को पूरी तरह ख़त्म नहीं कर सकता.

एयर प्यूरिफ़ायर के फि़ल्टर की देखभाल कितनी ज़रूरी है?

इमेज स्रोत, Smith Collection/Gado/Getty Images

इमेज कैप्शन, दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए विशेषज्ञ हर तीन दिन में फ़िल्टर की बाहरी सतह साफ़ करने की सलाह देते हैं

एयर प्यूरिफ़ायर खरीदना ही काफ़ी नहीं है.उसके फ़िल्टर की नियमित देखभाल भी ज़रूरी है.

सेल्समैन राज के मुताबिक़, फ़िल्टर की उम्र आमतौर पर करीब एक साल हो सकती है.

हालांकि, यह इस्तेमाल, प्रदूषण के स्तर और मशीन के मॉडल पर निर्भर करता है.

दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए वह फ़िल्टर की बाहरी सतह को हर तीन दिन में साफ करने की सलाह देते हैं.

उनके मुताबिक़, फ़िल्टर बदलने पर सालाना करीब दो हज़ार से पांच हज़ार रुपये तक का खर्च आ सकता है. अगर इसकी नियमित देखभाल न की जाए, तो मशीन की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है.

हालांकि, यह समझना ज़रूरी है कि हर फ़िल्टर को पानी या कपड़े से साफ नहीं किया जा सकता.

कई मशीनों में लगा फ़िल्टर साफ़ किया जा सकता है, लेकिन हेपा फ़िल्टर को साफ़ करने या धोने का तरीका निर्माता के निर्देशों के मुताबिक ही होना चाहिए.

गलत तरीके से सफाई करने पर फ़िल्टर खराब हो सकता है.

किन लोगों के लिए ज़्यादा फ़ायदेमंद हो सकता है एयर प्यूरिफ़ायर?

इमेज स्रोत, Justin Sullivan/Getty Images

इमेज कैप्शन, दिल्ली समेत भारत के कई महानगरों में बढ़ते प्रदूषण के स्तर से सेहत पर गंभीर असर पड़ने के संकेत मिले हैं. लिहाजा एयर प्यूरीफ़ायर की बिक्री बढ़ी है

डॉ. नागिया के मुताबिक़, एयर प्यूरिफ़ायर उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी हो सकता है, जिन्हें वायु प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने का ज़्यादा जोखिम है.

इनमें बुज़ुर्ग, बच्चे और अस्थमा या सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिज़ीज़) जैसी फेफड़ों की बीमारियों से जूझ रहे लोग शामिल हैं.

वह बताते हैं कि वायु प्रदूषण का असर सिर्फ सांस की तकलीफ तक सीमित नहीं है. यह जीवन प्रत्याशा को भी प्रभावित कर सकता है.

गर्भवती महिलाओं और गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी प्रदूषण का असर पड़ सकता है. वायु प्रदूषण के संपर्क और समय से पहले प्रसव या कम वज़न वाले बच्चों के जन्म के बीच संबंध को लेकर कई रिसर्च हुए हैं.

इसमें पाया गया कि एयर प्यूरिफायर और बचाव के दूसरे उपायों से घर के अंदर पीएम2.5 और पीएम10 का स्तर कम हो सकता है. हालांकि, सांस की कार्यक्षमता, सांस संबंधी लक्षणों और ब्लड प्रेशर में स्पष्ट सुधार के पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले.

डॉ. नागिया के मुताबिक, एयर प्यूरिफ़ायर का इस्तेमाल प्रदूषण से बचाव के उपायों में से एक हो सकता है, लेकिन सिर्फ इस मशीन पर निर्भर रहना सही नहीं है.

घर के अंदर प्रदूषण के स्रोतों को कम करना, ज़रूरत के मुताबिक बाहर की साफ हवा का वेंटिलेशन और बाहर वायु प्रदूषण कम करने के उपाय भी उतने ही ज़रूरी हैं.

इसलिए एयर प्यूरिफ़ायर घर के अंदर हवा की गुणवत्ता बेहतर करने का एक साधन हो सकता है, लेकिन यह बाहर के वायु प्रदूषण का समाधान नहीं है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · शुभ राणा

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira