विरोध के बाद भारत में पाकिस्तानी टीवी शो की दो स्क्रीनिंग रद्द

पाकिस्तानी सीरियल 'दर-ए-निजात' भारत में भी बेहद लोकप्रिय है

इमेज स्रोत, IMDB

इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी सीरियल 'दर-ए-निजात' भारत में भी बेहद लोकप्रिय है
    • Author, ज़ोया मतीन
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़
    • ........से, Delhi
  • प्रकाशित 2 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 6 मिनट

बुधवार तक, बेंगलुरु में कुछ टीवी शो के शौक़ीन लोगों के वीकेंड प्लान में ख़ास तैयारी शामिल थी. वे शानदार डिनर के साथ यह जानने के लिए जुटते कि पाकिस्तानी टीवी के एक बेहद लोकप्रिय जोड़े की ज़िंदगी (रील लाइफ़) में आगे क्या होता है.

लेकिन फिर जियो-पॉलिटिक्स बीच में आ गई.

पाकिस्तानी टीवी ड्रामा 'दर-ए-निजात' (मुक्ति का दरवाज़ा) की दो निजी स्क्रीनिंग रद्द कर दी गईं. यह शो भारत में सोशल मीडिया सेंसेशन बन चुका है. ऑनलाइन विरोध और पुलिस की जांच-पड़ताल के बाद ये स्क्रीनिंग रद्द हुईं.

यह सीरियल पाकिस्तान के एआरवाई डिजिटल चैनल पर प्रसारित होता है. भारत के दर्शक इसे कुछ यूट्यूब चैनलों पर देख सकते हैं, हालांकि चैनल का आधिकारिक यूट्यूब चैनल भारत में ब्लॉक है.

यह विवाद ऐसे समय में हुआ है, जब भारत में पाकिस्तानी सीरियल की मांग फिर बढ़ रही है. हालांकि, पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान के बीच तीखी सैन्य भिड़ंत के बाद सांस्कृतिक मेलजोल अब भी संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है.

पिछले हफ़्ते दिल्ली में भी ऐसा ही एक आयोजन हुआ था. इसमें शो से जुड़े सवाल-जवाब और यहां तक कि निर्देशक के साथ ऑनलाइन बातचीत भी हुई थी. इस आयोजन को लेकर सोशल मीडिया पर पहले ही बहस हो रही थी.

वीडियो कैप्शन, Sur Taal Academy: Pakistan के इन बच्चों ने गाए ऐसे गाने कि Social Media पर छा गए

बेंगलुरु में एक स्क्रीनिंग शनिवार को एक रेस्तरां में होनी थी. इसमें मामूली टिकट शुल्क पर फ़ारसी और अरबी डिनर के साथ सीरियल के दो एपिसोड दिखाए जाने थे.

दूसरी स्क्रीनिंग एक निजी थिएटर में होनी थी. यह सिर्फ़ परिवार के सदस्यों के लिए रखी गई थी. इसमें मेहमानों से अपने "सबसे अच्छे पाकिस्तानी पहनावे" में आने को कहा गया था.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • मल्लिकार्जुन खड़गे

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • खाने की थाली

  • इक़रा हसन और इमरान मसूद

समाप्त

जैसे ही आयोजन के प्रचार पोस्टर ऑनलाइन फैलने लगे, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने ऐसे आयोजनों पर सवाल उठाए. उन्होंने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग भी की. इसके बाद दोनों आयोजन रद्द कर दिए गए.

यह विरोध ऐसे समय में हुआ है, जब भारत में एक और पाकिस्तानी ड्रामा की रिलीज़ रोकने की मांग उठ रही है.

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नेटफ़्लिक्स की आने वाली पाकिस्तानी सीरीज़ 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में रिलीज़ न होने देने की मांग की है.

इस सीरीज़ में फ़वाद ख़ान, माहिरा ख़ान, सनम सईद और दूसरे ऐसे कलाकार हैं, जिनके भारत में कई प्रशंसक हैं. यह पाकिस्तान की पहली नेटफ़्लिक्स ओरिजिनल सीरीज़ है. इसका दुनिया भर में प्रीमियर 4 दिसंबर को होना है.

मंगलवार को पीएम मोदी को लिखे पत्र में एआईसीडब्ल्यूए ने कहा कि इस सीरीज़ को भारत में रिलीज़ करना आतंकवाद से प्रभावित परिवारों की भावनाओं की अनदेखी होगी.

भारत लंबे समय से पाकिस्तान पर सीमा पार आतंकवाद का समर्थन करने का आरोप लगाता रहा है. पाकिस्तान इस आरोप से इनकार करता है.

इमेज स्रोत, Instagram

इमेज कैप्शन, एक आयोजन के निमंत्रण में मेहमानों से पाकिस्तानी पहनावे में आने को कहा गया था

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने भारत में पाकिस्तानी मनोरंजन से जुड़ी सामग्री पर रोक लगाने के लिए स्थायी क़ानून बनाने की मांग भी की है. नेटफ़्लिक्स ने अब तक यह साफ़ नहीं किया है कि यह सीरीज़ भारत के सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होगी या नहीं.

इन घटनाओं ने भारत में एक पुरानी बहस को फिर से हवा दे दी है. सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान के साथ सांस्कृतिक रिश्तों को राजनीतिक मतभेदों से अलग रखा जाना चाहिए.

भारत और पाकिस्तान की साझा सांस्कृतिक विरासत काफ़ी समृद्ध है. लेकिन आज़ादी के बाद से ही दोनों के रिश्तों में अक्सर तनाव रहा है.

और राजनीतिक तनाव का असर सबसे पहले सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर ही पड़ा है. कई पाकिस्तानी ग़ज़ल गायकों के भारत में बड़ी संख्या में प्रशंसक रहे हैं लेकिन वो कई बार यहां कार्यक्रम नहीं कर पाए हैं. वहीं पाकिस्तान में बेहद लोकप्रिय भारतीय फ़िल्में वहां के सिनेमाघरों से ग़ायब हो गई हैं. जब दोनों देशों के रिश्तों में कुछ सुधार हुआ, तो कलाकारों ने साथ काम किया. लेकिन तनाव बढ़ते ही ये सहयोग फिर टूट गए.

2010 के शुरुआती साल इस लिहाज़ से काफ़ी अच्छे रहे. पाकिस्तानी गायक आतिफ़ असलम और राहत फ़तेह अली ख़ान हिंदी सिनेमा की सबसे पहचानी जाने वाली आवाज़ों में शामिल थे.

2014 में टीवी चैनल ज़िंदगी शुरू हुआ. इसके ज़रिए पाकिस्तानी सीरियल भारतीय घरों तक पहुंचे. दर्शकों को इन सीरियल की कहानियों की भाषा और भावनात्मक दुनिया अपनी-सी लगी. लेकिन रोज़मर्रा की ज़िंदगी को दिखाने का उनका अंदाज़ काफ़ी अलग और नया था.

2016 तक फ़वाद ख़ान बॉलीवुड की कुछ बड़ी फ़िल्मों में नज़र आने लगे थे. लेकिन उसी साल उरी में भारतीय सुरक्षा बलों पर हुए हमले और 2019 में पुलवामा हमले के बाद सांस्कृतिक सहयोग की गुंजाइश कम हो गई. भारत ने इन दोनों हमलों के लिए पाकिस्तान स्थित चरमपंथी संगठनों को ज़िम्मेदार ठहराया था.

पाकिस्तान लगातार किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार करता रहा है. उसने भी भारतीय मनोरंजन सामग्री पर पाबंदियां लगा दीं.

आधिकारिक सांस्कृतिक आदान-प्रदान कम होने के बावजूद पाकिस्तानी ड्रामा यूट्यूब के ज़रिए भारत में नए दर्शकों तक पहुंचते रहे. वहीं, म्यूज़िक स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए दोनों देशों के बीच संगीत का सफ़र जारी रहा.

लेकिन पिछले साल हुई घटनाओं ने इस अनौपचारिक रिश्ते को भी प्रभावित किया.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी कलाकार फ़वाद ख़ान ने कुछ बॉलीवुड फ़िल्मों में काम किया है और उनके भारत में प्रशंसक हैं

22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में चरमपंथियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी. इनमें ज़्यादातर पर्यटक थे. भारत ने इस हमले के लिए पाकिस्तान से जुड़े चरमपंथियों को ज़िम्मेदार ठहराया. पाकिस्तान ने इसमें अपनी भूमिका से इनकार किया.

मई में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में कई ठिकानों पर सैन्य हमले किए. भारत ने दावा किया कि यहां पर आतंकवादी ढांचे थे.

इसके बाद चार दिन तक दोनों देशों के बीच लड़ाई चली. फिर संघर्ष विराम का एलान हुआ.

भारत में इस हमले को लेकर काफ़ी ग़ुस्सा था. इस बीच सरकार ने स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म से पाकिस्तानी मूल के कंटेंट हटाने को कहा. कई पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट भी ब्लॉक कर दिए गए.

फ़वाद ख़ान की हिंदी सिनेमा में बहुप्रतीक्षित वापसी की कोशिश भी नाकाम हो गई. उनकी फ़िल्म 'अबीर गुलाल' को भारत में रिलीज़ की अनुमति नहीं मिली. पाकिस्तानी कलाकारों की ओर से भारत की सैन्य कार्रवाई की आलोचना ने भी ग़ुस्से को और बढ़ाया.

पिछले साल के ज़्यादातर समय में भारतीय दर्शकों ने पर्दे पर पाकिस्तान को मुख्य रूप से राष्ट्रीय सुरक्षा के नज़रिए से देखा.

दिसंबर में रिलीज़ हुई आदित्य धर की जासूसी पर बनी थ्रिलर फ़िल्म 'धुरंधर' ब्लॉकबस्टर साबित हुई. फ़िल्म की कामयाबी के बाद कराची के गैंगस्टरों, जासूसों और राजनीतिक उठापटक को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी.

लेकिन पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान को लेकर एक अलग तरह की दिलचस्पी फिर लौटने लगी है.

'अल्फ़ाज़' जैसे पाकिस्तानी गाने भारतीय सोशल मीडिया पर काफ़ी लोकप्रिय हुए हैं. वहीं, शादी, दिल टूटने और घरेलू ज़िंदगी की कहानी पर बना 'दर-ए-निजात' भी भारतीय दर्शकों को ख़ूब पसंद आ रहा है.

मशहूर उर्दू उपन्यासकार उमेरा अहमद ने इस सीरियल की कहानी लिखी है. इसमें ज़रयाब (दुरेफ़िशां सलीम) और अबू बकर (शेहेरयार मुनव्वर) की शादी की कहानी दिखाई गई है. ज़रयाब एक ऐसी युवती है, जो प्यार में मिले धोखे से उबर रही है. वहीं, अबू बकर बेहद धार्मिक स्वभाव का शख़्स है.

इस ड्रामा में आस्था और पश्चाताप जैसे सवालों को भी उठाया गया है. लेकिन अपनी पत्नी के प्रति अबू बकर का प्यार और संवेदनशीलता दर्शकों को ख़ास तौर पर पसंद आई है. आजकल प्रेम और रिश्तों की भाषा में इसे सबसे बड़ी तारीफ़ों में से एक माना जाता है. लोग उसे 'ग्रीन फ़्लैग' कहते हैं.

इसी ड्रामा को लेकर लोगों की दिलचस्पी ने बेंगलुरु में एक स्क्रीनिंग की आयोजक को अपने अपार्टमेंट परिसर के निजी थिएटर में कार्यक्रम रखने के लिए प्रेरित किया.

उन्होंने कहा कि उनकी योजना परिवार के कुछ लोगों के साथ छोटी-सी स्क्रीनिंग करने की थी. लेकिन जब इसका निमंत्रण एक्स पर पहुंचा, तो लोगों ने इसका अलग ही मतलब निकाला.

उन्होंने कहा, "मेरे परिवार के लोग पूछ रहे थे कि हमें इसे रद्द क्यों करना चाहिए?" लेकिन आख़िरकार उन्होंने कार्यक्रम रद्द करने का फ़ैसला किया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · ज़ोया मतीन

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira