भारत में खाने की थाली क्यों होती जा रही है महंगी?

सब्ज़ियां

इमेज स्रोत, NurPhoto via Getty Images

इमेज कैप्शन, खाने-पीने की चीज़ों की महंगाई बढ़ने के साथ, सब्ज़ियां घरेलू बजट का एक बड़ा और महंगा हिस्सा बनती जा रही हैं
    • Author, सौतिक बिस्वास
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित एक मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 9 मिनट

भारत में महंगाई फिर बढ़ रही है. और सबसे बड़ी चिंता खाने-पीने की चीज़ों की बढ़ती क़ीमतों को लेकर है.

सरकार के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, अक्तूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फ़ीसदी हो गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 फ़ीसदी थी.

लेकिन अगर खाद्य महंगाई पर नज़र डालें, तो यह बढ़कर 8.94 फ़ीसदी हो गई है.

ग्रामीण भारत में इसका असर ज़्यादा देखने को मिला, जहां खाद्य महंगाई दर 9.09 फ़ीसदी रही. वहीं शहरी इलाक़ों में यह 8.68 फ़ीसदी थी.

दूसरे शब्दों में कहें तो खाने-पीने की चीज़ों की क़ीमतें महंगाई की कुल दर के मुकाबले कहीं तेज़ी से बढ़ रही हैं.

अर्थशास्त्रियों का कहना है कि इस साल खाद्य महंगाई बढ़ने के पीछे मौसम में बदलाव, सप्लाई में कमी और खेती की लागत में बढ़ोतरी जैसे कई कारण हैं.

भारत की करीब 60 फ़ीसदी खेती बारिश पर निर्भर है. इसलिए यहां मानसून में होने वाले बदलावों का खेती पर सीधा असर पड़ता है. इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से 13 फ़ीसदी कम रहा और देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश कहीं कम और कहीं ज़्यादा हुई.

वहीं, अल नीनो की स्थिति और मज़बूत होने से कृषि उत्पादन पर असर पड़ने का ख़तरा बढ़ गया है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • आज़म ख़ान

  • इक़रा हसन और इमरान मसूद

  • कुत्ता

समाप्त

प्याज़ की थैली

इमेज स्रोत, Hindustan Times via Getty Images

इमेज कैप्शन, प्याज़ की क़ीमतों में तेज़ उछाल आया है, जिससे घर के खाने-पीने के बजट पर दबाव बढ़ गया है

महंगाई की मार

पोलिंग एजेंसी लोकलसर्कल्स के एक सर्वे में सामने आया है कि हर दस में से छह लोगों का कहना है कि एक साल पहले के मुकाबले अब हर महीने घर के ज़रूरी सामान पर उनका खर्च बीस फ़ीसदी से ज़्यादा बढ़ गया है.

इसके बाद लोगों ने सरकार से इस मामले में दखल देने की मांग की है.

बढ़ती क़ीमतों की वजह से लोग अपने खर्चों में भी कटौती कर रहे हैं. सर्वे के मुताबिक, 74 फ़ीसदी लोग बाहर खाना खाने, ख़रीदारी और मनोरंजन जैसी चीज़ों पर खर्च कम कर रहे हैं. वहीं, आधे लोग ज़रूरी सामान कम मात्रा में ख़रीद रहे हैं.

भारतीय परिवारों के कुल खर्च में खाने-पीने की चीज़ों की हिस्सेदारी पहले के मुकाबले कम हुई है, लेकिन महंगाई बढ़ाने में इनकी भूमिका अब भी सबसे ज़्यादा है. इसका अर्थव्यवस्था, समाज और राजनीति पर भी बड़ा असर पड़ता है.

भारत के मौजूदा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) में खाने-पीने की चीज़ों की हिस्सेदारी 36.75 फ़ीसदी है. इसी सूचकांक के ज़रिए महंगाई दर मापी जाती है.

पिछले सूचकांक में यह हिस्सेदारी 45.86 फ़ीसदी थी. इसमें आई गिरावट से पता चलता है कि भारतीय परिवारों के खर्च करने के तरीक़े बदल रहे हैं. अब वे सेवाओं, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा और खाने-पीने के अलावा दूसरी चीज़ों पर ज़्यादा खर्च कर रहे हैं.

इसके बावजूद खाने-पीने की चीज़ों की क़ीमतों में तेज़ बढ़ोतरी से महंगाई की कुल दर पर बड़ा असर पड़ सकता है. इसका सबसे ज़्यादा बोझ उन लोगों पर पड़ता है जिनकी आमदनी इतनी नहीं होती कि वे बढ़ते खर्च के हिसाब से अपने बजट में बदलाव कर सकें.

मुंबई स्थित इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलपमेंट रिसर्च की अर्थशास्त्र की एसोसिएट प्रोफ़ेसर राजेश्वरी सेनगुप्ता कहती हैं, "भारत जैसे ग़रीब देश में अपने खर्चों को घटाने या उनमें बदलाव करने की गुंजाइश बहुत कम है."

वह इस ओर ध्यान दिलाती हैं कि भारतीय परिवारों की आमदनी का एक बड़ा हिस्सा अब भी खाने-पीने की चीज़ों पर खर्च होता है.

इमेज स्रोत, Hindustan Times via Getty Images

इमेज कैप्शन, खाने-पीने की चीज़ों की बढ़ती कीमतों का सबसे ज़्यादा असर गरीबों पर पड़ता है

महंगाई का बोझ ग़रीबों पर ज़्यादा

इमेज स्रोत, Getty Images

आंकड़े भी इसी बात की पुष्टि करते हैं.

एनालिटिक्स कंपनी क्रिसिल के मुख्य अर्थशास्त्री धर्मकीर्ति जोशी की गणना के मुताबिक, अक्तूबर में ग्रामीण इलाक़ों के सबसे ग़रीब बीस फ़ीसदी परिवारों को 6.9 फ़ीसदी महंगाई का सामना करना पड़ा. वहीं, सबसे अमीर बीस फ़ीसदी परिवारों के लिए यह दर 6.5 फ़ीसदी रही.

शहरी भारत में सबसे ग़रीब बीस फ़ीसदी परिवारों के लिए महंगाई दर 6.1 फ़ीसदी, जबकि सबसे अमीर 20 फ़ीसदी परिवारों के लिए 5.3 फ़ीसदी रही.

इसका असर रोज़मर्रा के एक साधारण खाने की लागत पर भी दिखाई दे रहा है.

क्रिसिल के 'रोटी राइस रेट' विश्लेषण के मुताबिक, अक्तूबर में घर पर बनने वाली शाकाहारी थाली की क़ीमत एक साल पहले के मुकाबले 12 फ़ीसदी बढ़ गई.

इसकी वजह प्याज़, टमाटर, सब्ज़ियों, खाद्य तेल, चावल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतें हैं. वहीं, मांसाहारी थाली की क़ीमत में नौ फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई.

क्रिसिल के इंटेलिजेंस विभाग के निदेशक पुषन शर्मा के मुताबिक, चावल की क़ीमतें सालाना आधार पर करीब दस फ़ीसदी, दालों की आठ फ़ीसदी, खाद्य तेल की तेरह फ़ीसदी और एलपीजी की दस फ़ीसदी बढ़ी हैं.

वह कहते हैं, "अब क़ीमतों में बढ़ोतरी के लिए सिर्फ़ कुछ चीज़ें ज़िम्मेदार नहीं हैं, बल्कि इसका असर कई तरह की चीज़ों पर दिखने लगा है."

जब प्याज़ की क़ीमतें बढ़ती हैं, तो परिवार कुछ हद तक इसका इस्तेमाल कम कर सकते हैं. लेकिन चावल, दाल और खाना पकाने के तेल की जगह किसी दूसरी चीज़ का इस्तेमाल करना काफ़ी मुश्किल है.

खाद्य महंगाई का संबंध सिर्फ़ इस बात से नहीं है कि किसान कितना उत्पादन कर रहे हैं. यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि खाने-पीने की चीज़ों को कितनी अच्छी तरह सुरक्षित रखा जाता है, उनकी प्रोसेसिंग कैसे होती है और उन्हें बाज़ार तक कितनी कुशलता से पहुंचाया जाता है.

इनमें से हर स्तर पर कमियां होने से मौसमी कमी के दौरान कीमतें तेज़ी से बढ़ सकती हैं. वहीं, ज़रूरत से ज़्यादा उत्पादन होने पर खाने-पीने की चीज़ें बर्बाद हो सकती हैं.

उदाहरण के तौर पर, प्याज़ की क़ीमतों में मौसम के हिसाब से काफ़ी उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है.

रबी की फ़सल यानी सर्दियों में बोई जाने वाली फ़सल, जिसकी बुवाई मानसून के बाद और कटाई वसंत के मौसम में होती है, देश में प्याज़ के कुल उत्पादन का करीब दो-तिहाई हिस्सा होती है.

इसकी कटाई मार्च और अप्रैल में होती है और फिर इसे कई महीनों तक भंडार में रखा जाता है. जैसे-जैसे इसका स्टॉक कम होने लगता है, नई फ़सल बाज़ार में आने से पहले प्याज़ की कीमतें तेज़ी से बढ़ सकती हैं.

वहीं, गर्मियों के महीनों में टमाटर की क़ीमतें अक्सर बढ़ जाती हैं. इसकी वजह कुछ बाज़ारों में टमाटर की आवक कम होना या तेज़ गर्मी के कारण उत्पादन पर असर पड़ना है.

पुषन शर्मा कहते हैं कि जल्दी ख़राब होने वाली चीज़ें अक्सर खाद्य महंगाई में अचानक बढ़ोतरी की वजह बनती हैं. वहीं, चावल और गेहूं जैसी ज़रूरी चीज़ों की क़ीमतें धीरे-धीरे बढ़ती हैं, लेकिन लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती हैं.

वह कहते हैं, "जल्दी ख़राब होने वाली चीज़ों की वजह से क़ीमतों में उतार-चढ़ाव आता है. वहीं, चावल और गेहूं जैसी चीज़ें लंबे समय तक लागत बढ़ाने की वजह बनती हैं."

अर्थशास्त्रियों का कहना है कि भारत में अब भी ऐसी पर्याप्त सुविधाओं की कमी है, जिनकी मदद से जल्दी ख़राब होने वाली कृषि उपज की छंटाई, गुणवत्ता के आधार पर वर्गीकरण, भंडारण और प्रोसेसिंग की जा सके.

उदाहरण के लिए, टमाटर की बंपर फ़सल होने पर बाज़ार में ये इतनी ज़्यादा मात्रा में उपलब्ध हो सकती है कि किसानों को सही दाम पर इसे बेचना मुश्किल हो जाता है. लेकिन कुछ महीनों बाद यही टमाटर उपभोक्ताओं को बहुत महंगे दाम पर ख़रीदने पड़ सकते हैं.

इमेज स्रोत, Bloomberg via Getty Images

इमेज कैप्शन, भारत की करीब 60 फ़ीसदी खेती बारिश पर निर्भर है, इसलिए अनियमित मानसून का असर खेती पर पड़ता है

सरकारी अनाज भंडार और मुफ़्त राशन से राहत

पुषन शर्मा के मुताबिक, भंडारण और प्रोसेसिंग की बेहतर सुविधाओं से टमाटर की ज़्यादा पैदावार को प्यूरी जैसे उत्पादों में बदला जा सकता है.

इससे बाज़ार में कभी बहुत ज़्यादा और कभी बहुत कम सप्लाई होने की स्थिति के बीच का अंतर कम किया जा सकता है.

इसके अलावा भी कई कारण हैं, जिनसे खाने-पीने की चीज़ों की कीमतें बढ़ती हैं.

ऊर्जा की क़ीमतों में उछाल से परिवहन, सिंचाई और खेती में इस्तेमाल होने वाली चीज़ों की लागत बढ़ जाती है. खाद की क़ीमतें भी बढ़ सकती हैं. दुनिया के खाद्य तेल बाज़ार का भी भारत पर असर पड़ता है, क्योंकि भारत अपनी ज़रूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है.

हालांकि, भारत के पास खाद्य महंगाई के सबसे बुरे असर से बचने के कुछ उपाय भी हैं.

सरकार के पास अनाज का भंडार तय न्यूनतम स्तर से काफ़ी ज़्यादा है. इसके अलावा, करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ़्त अनाज देने वाली सरकारी योजना भी बढ़ती क़ीमतों के असर को कम करने में मदद करती है. ख़ास तौर पर चावल का भंडार काफ़ी ज़्यादा है.

राजेश्वरी सेनगुप्ता कहती हैं कि खाद्य महंगाई से अर्थव्यवस्था पर एक बड़ा ख़तरा भी पैदा हो सकता है.

वह कहती हैं, "खाद्य महंगाई की शुरुआत भले ही सप्लाई में कमी से हो, लेकिन इसका असर धीरे-धीरे दूसरे क्षेत्रों में भी फैल सकता है. जब मज़दूरों को लगने लगता है कि उनकी तनख़्वाह से बुनियादी ज़रूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं, तो वे ज़्यादा वेतन की मांग कर सकते हैं."

"वहीं, मज़दूरी पर ज़्यादा खर्च करने वाले कारोबारी अपने उत्पादों और सेवाओं की क़ीमतें बढ़ा सकते हैं. इस तरह खाने-पीने की चीज़ों की कीमतों में बढ़ोतरी धीरे-धीरे महंगाई के एक बड़े दबाव में बदल सकती है. इसे 'वेतन-मूल्य का चक्र' कहा जाता है, जिसे रोकने की कोशिश केंद्रीय बैंक करते हैं."

इमेज स्रोत, Robert Nickelsberg/Getty Images

इमेज कैप्शन, भारत के पास पर्याप्त खाद्य भंडार है

बदलती थाली, महंगाई और किसानों की चुनौती

भारत के लिए इन हालात में संतुलन बनाना ख़ास तौर पर मुश्किल है.

खेती ऐसा क्षेत्र है, जहां उत्पादकता अपेक्षा की तुलना में कम है. किसानों को सुरक्षा देने के लिए सरकार लंबे समय से कुछ फ़सलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करती रही है.

यह वह न्यूनतम क़ीमत होती है, जिस पर सरकार किसानों की फ़सल ख़रीदने का वादा करती है. इससे बाज़ार में क़ीमतें गिरने पर किसानों को नुक़सान से बचाने में मदद मिलती है.

वहीं, खाने-पीने की चीज़ों की क़ीमतें राजनीतिक रूप से भी संवेदनशील हैं. प्याज़ और टमाटर जैसी रोज़मर्रा की चीज़ों के दाम तेज़ी से बढ़ने पर लोग नाराज़ हो सकते हैं. ऐसे में सरकारें क़ीमतों को काबू में रखने के लिए कई क़दम उठाती हैं. इनमें निर्यात पर रोक लगाना, कारोबारियों के लिए सामान जमा करने की सीमा तय करना या दूसरी पाबंदियां लगाना शामिल है.

भारत में लोगों के खान-पान में आ रहे बदलावों को देखें, तो मौजूदा महंगाई की तस्वीर और दिलचस्प हो जाती है.

भारतीय परिवारों के खाने की आदतें पिछले एक दशक में बदली हैं. 2011-12 और 2023-24 के उपभोग सर्वेक्षणों के विश्लेषण से पता चलता है कि खाने-पीने पर होने वाले कुल खर्च में अनाज की हिस्सेदारी काफ़ी कम हुई है.

यह गिरावट सबसे ग़रीब परिवारों में ज़्यादा देखने को मिली है. इसकी एक वजह रियायती दरों पर अनाज देने वाली सरकारी योजनाओं का असर है.

वहीं, अध्ययन के मुताबिक, दूध, फल और मांस जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन सभी आय वर्गों में बढ़ा है. इनमें सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी ग़रीब परिवारों में हुई है.

भारत में लोगों की खाने की थाली में अब पहले से ज़्यादा तरह की चीज़ें शामिल हो रही हैं. लेकिन खान-पान में यह विविधता तभी मायने रखती है, जब आम लोग इन चीज़ों को ख़रीदने की क्षमता भी रखते हों. आख़िरकार, खाद्य महंगाई का सवाल इसी से जुड़ा है कि लोगों की थाली में क्या पहुंच पा रहा है और किन चीज़ों को उन्हें छोड़ना पड़ रहा है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · सौतिक बिस्वास

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira