भारत, पाकिस्तान समेत इन देशों में महिलाओं को मैरिटल रेप से क़ानूनी सुरक्षा क्यों नहीं?
इमेज स्रोत, Getty Images
- Author, गीता पांडे
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
प्रकाशित 2 मिनट पहले
पढ़ने का समय: 5 मिनट
मैरिटल रेप (वैवाहिक बलात्कार) को पूरी तरह अपराध घोषित नहीं किए जाने के कारण दक्षिण एशिया के आठ देशों में लाखों महिलाएं और लड़कियां क़ानूनी सुरक्षा से वंचित हैं.
यहां जीवनसाथी की ओर से हिंसा के मामले वैश्विक औसत से 35% ज़्यादा हैं. यह बात एक नई स्टडी में कही गई है.
100 से ज़्यादा देशों में वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित किया जा चुका है. लेकिन दक्षिण एशिया के बड़े हिस्से में ऐसा नहीं है. भारत, अफ़ग़ानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश उन क़रीब तीन दर्जन देशों में शामिल हैं, जहां इसे अपराध नहीं माना गया है.
दक्षिण एशिया में सिर्फ़ मालदीव ऐसा देश है, जहां शादी के भीतर बलात्कार के लिए वही सज़ा दी जाती है, जो किसी अन्य बलात्कार के मामले में दी जाती है.
क्षेत्र में महिला अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों के गठबंधन साउथ एशियन मूवमेंट फ़ॉर एक्सेसिंग जस्टिस (समाज) की स्टडी के मुताबिक़, नेपाल और भूटान ने वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित किया है, लेकिन इसमें कम सज़ा का प्रावधान रखा है.
औपनिवेशिक काल के क़ानून
इमेज स्रोत, Getty Images
समाज का हिस्सा रहे वैश्विक महिला अधिकार संगठन इक्वैलिटी नाउ की रंजीता सिलवाल कहती हैं कि दक्षिण एशिया में वैवाहिक बलात्कार से जुड़े क़ानूनों की जड़ें मुख्य रूप से ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन में हैं.
भारत और बांग्लादेश में यह क़ानून 1860 का है, जबकि श्रीलंका में 1885 का. इन क़ानूनों में बलात्कार के कुछ अपवाद बताए गए हैं. इनमें किसी पुरुष का अपनी वयस्क पत्नी के साथ यौन संबंध बनाना भी शामिल है.
अभियान चलाने वाले लोगों का कहना है कि यह क़ानून पुराना पड़ चुका है. उनका तर्क है कि जबरन बनाया गया यौन संबंध बलात्कार है, चाहे ऐसा करने वाला कोई भी हो. विशेषज्ञों का कहना है कि वैवाहिक यौन हिंसा से महिलाओं की शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और यौन सेहत पर बुरा असर पड़ता है.
छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें
सबसे अधिक पढ़ी गईं
समाप्त
100 से ज़्यादा देशों ने वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित कर दिया है. इनमें ब्रिटेन भी शामिल है, जिसने 1991 में अपना क़ानून बदला था. लेकिन भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में अब भी यह छूट बरकरार है.
पाकिस्तान ने 2006 में वैवाहिक बलात्कार को लेकर क़ानून में मौजूद अपवाद हटा दिया था. लेकिन किसी भी उच्च अदालत ने अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि बलात्कार से जुड़े क़ानून शादी के भीतर भी लागू होते हैं. वहीं, हाल ही में हाई कोर्ट के एक फ़ैसले में पतियों को बिना सहमति के यौन संबंध बनाने के मामले में काफ़ी हद तक छूट दे दी गई.
2021 में सत्ता में लौटने के बाद से अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान ने महिलाओं को मिले अधिकारों और सुरक्षा को धीरे-धीरे ख़त्म किया है.
सिलवाल कहती हैं कि जनवरी में लागू की गई नई दंड संहिता ने स्थिति को और ख़राब कर दिया है. इसके तहत किसी पति पर अपनी पत्नी के साथ हिंसा करने के लिए तभी मुक़दमा चलाया जा सकता है, जब उसे हड्डी टूटने, खुले घाव या गंभीर चोट के निशान जैसी चोटें आई हों. दोषी पाए जाने पर भी पति को सिर्फ़ 15 दिन की जेल हो सकती है.
हैरानी की बात नहीं कि इस संहिता में वैवाहिक बलात्कार का कोई ज़िक्र नहीं है. लेकिन दंडनीय हिंसा की इसकी सीमित परिभाषा महिलाओं को इससे सुरक्षा देने से प्रभावी रूप से इनकार करती है.
'पितृसत्तात्मक सोच'
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
सिलवाल ने बीबीसी से कहा, ''इसके पीछे यह सोच है कि शादी के बाद यौन संबंध बनाने की सहमति अपने आप मिल जाती है. यानी शादी एक ऐसी सीमा है, जिसके बाद सहमति की ज़रूरत ही ख़त्म हो जाती है.''
''लेकिन यह सोच जागरूकता की कमी दिखाती है. इससे पता चलता है कि हम अब भी महिलाओं को संपत्ति की तरह देखते हैं और हमारी सोच अब भी पितृसत्तात्मक है.''
यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब पूरे दक्षिण एशिया में वैवाहिक बलात्कार को लेकर बहस फिर तेज़ हो गई है.
भारत में इस क़ानून को चुनौती देने वाली 10 याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं. सुप्रीम कोर्ट 9 दिसंबर से इन पर अंतिम सुनवाई शुरू करने वाला है.
पिछले कुछ वर्षों में अदालतों ने इस मुद्दे पर अलग-अलग फ़ैसले दिए हैं. कुछ जजों ने इस क़ानून को पुराना बताते हुए संसद से वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित करने की अपील की है.
पिछले साल एक अदालत ने एक ऐसे व्यक्ति को बरी कर दिया था, जिसकी पत्नी की मौत उसके साथ बेरहमी से बलात्कार किए जाने के बाद हुई थी. इस फ़ैसले पर काफ़ी नाराज़गी जताई गई थी.
लेकिन भारत सरकार, धार्मिक संगठनों और पुरुष अधिकार कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिकाओं का विरोध किया है. उनका कहना है कि वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित करना ''बेहद सख़्त'' क़दम होगा.
रिपोर्ट के मुताबिक़, बांग्लादेश में भी अधिकार समूहों ने वैवाहिक बलात्कार को लेकर क़ानून में मौजूद अपवाद को चुनौती दी है. उनका तर्क है कि यह जीवन, स्वतंत्रता और यातना व क्रूर व्यवहार से सुरक्षा के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करता है.
सिलवाल कहती हैं, ''वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित करने का विरोध करने वाले कहते हैं कि इससे परिवार की व्यवस्था कमज़ोर होगी और परिवार टूट जाएंगे. हमारे देशों में परिवार बहुत अहम है.''
''उनका कहना है कि इससे हमारे धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर असर पड़ेगा. उन्हें यह भी डर है कि पुरुषों के ख़िलाफ़ झूठे आरोप लगाए जाएंगे.''
हालांकि, सिलवाल कहती हैं कि क़ानून में बदलाव का मतलब यह ज़रूरी नहीं कि यौन हिंसा की शिकार महिलाओं को न्याय भी मिल जाए.
वह भूटान का उदाहरण देती हैं, जहां वैवाहिक बलात्कार अपराध है, लेकिन इसे मामूली अपराध माना जाता है. इसके लिए एक महीने से लेकर एक साल तक की सज़ा का प्रावधान है.
नेपाल में बलात्कार के लिए छह से 20 साल तक की सज़ा हो सकती है. लेकिन अगर कोई पति अपनी पत्नी के साथ बलात्कार करता है, तो उसे अधिकतम पांच साल तक की सज़ा हो सकती है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
Source: BBC Hindi · गीता पांडे
At a glance
- Topic
- World
- Country
- 🇮🇳 IN
- Publisher language
- HI
- Added to Allnira