बालेन शाह का भारत दौरा नेपाल के बाक़ी प्रधानमंत्रियों से कितना अलग है?

नेपाल के बाक़ी प्रधानमंत्रियों से बालेन शाह का भारत दौरा कितना अलग है?

इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, नेपाल के बाक़ी प्रधानमंत्रियों से बालेन शाह का भारत दौरा कितना अलग है?
    • Author, रजनीश कुमार
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित 19 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

नेपाल के बाक़ी प्रधानमंत्रियों से बालेन शाह का भारत दौरा कितना अलग है? इस सवाल के जवाब की तलाश में एक और प्रश्न खड़ा होता है कि बालेन शाह बाक़ी प्रधानमंत्रियों की तुलना में कितने अलग हैं.

बालेन शाह पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आए हैं. शाह जिस पार्टी के ज़रिए सत्ता में आए, उसमें इसी साल चुनाव से ठीक पहले शामिल हुए थे. बालेन शाह किसी आंदोलन से निकले हुए नेता नहीं हैं. वह रैपर से मेयर बने और फिर प्रधानमंत्री.

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी यानी आरएसपी का नेपाल की राजनीति में उभार असाधारण रहा है.

पार्टी की स्थापना जून 2022 में हुई थी और उसी वर्ष नवंबर में हुए अपने पहले राष्ट्रीय चुनाव में उसने प्रतिनिधि सभा की 21 सीटें जीत ली थीं.

ख़ुद बालेन शाह ने भी चुनावी राजनीति में एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में एंट्री की थी और मई 2022 में काठमांडू के मेयर चुने गए थे. इस वर्ष पांच मार्च को हुए चुनावों में आरएसपी ने प्रतिनिधि सभा की 275 में से 182 सीटें जीत लीं, जिनमें 125 प्रत्यक्ष चुनाव से और 57 समानुपातिक प्रतिनिधित्व के ज़रिए मिलीं.

बालेन शाह भारत के लिए बिल्कुल नए थे. प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत ने बालेन शाह को तत्काल न्योता दिया, लेकिन उन्होंने कोई गर्मजोशी नहीं दिखाई थी. नेपाल में भारत के राजदूत नए प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें बधाई देते थे, लेकिन तत्कालीन राजदूत नवीन श्रीवास्तव ऐसा नहीं कर पाए थे. नेपाली मीडिया में ख़बरें आईं कि बालेन शाह सीधे राजनयिकों से नहीं मिलेंगे.

बालेन शाह ने नई चीज़ें शुरू कीं

"बालेन शाह के बारे में कुछ भी निश्चित तौर पर कहना आसान नहीं होता है. वो न प्रेस से बात करते हैं, न संसद में बहुत बोलते हैं"

इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, "बालेन शाह के बारे में कुछ भी निश्चित तौर पर कहना आसान नहीं होता है. वो न प्रेस से बात करते हैं, न संसद में बहुत बोलते हैं"

नेपाली कांग्रेस, नेकपा एमाले और माओवादी पार्टियों के शासनकाल में अक्सर ऐसा होता था कि प्रधानमंत्री पद संभालने के कुछ घंटों के भीतर ही विदेशी राजदूतों से मुलाक़ात कर लेते थे. लेकिन बालेन शाह ने इसे बदल दिया.

भारत में नेपाल के राजदूत रहे दीप कुमार उपाध्याय बालेन शाह के इस दौरे को बाक़ी प्रधानमंत्रियों से कितना अलग देखते हैं?

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • पुलमैन परिवार (बाईं ओर) और विलकॉक्स परिवार (दाईं ओर) एक साथ सोफ़े पर बैठे हैं.

  • नाहिद इस्लाम ने कहा कि भारत के वर्चस्व के ख़िलाफ़ सभी पार्टियों को एकजुट होना चाहिए

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • निखिल चौधरी ने शनिवार को इंग्लैंड के ख़िलाफ़ ऑस्ट्रेलिया की जीत में शानदार योगदान दिया

समाप्त

दीप कुमार उपाध्याय कहते हैं, "देखिए, बालेन शाह के बारे में कुछ भी निश्चित तौर पर कहना आसान नहीं होता है. वो न प्रेस से बात करते हैं, न संसद में बहुत बोलते हैं और यहां तक कि अपने मंत्रियों से भी बहुत नहीं मिलते हैं. ऐसे में वह विदेश नीति के बारे में क्या सोचते हैं, इसे लेकर कुछ अनुमान ही लगाए जा सकते हैं."

दीप कुमार उपाध्याय कहते हैं, "बालेन एक नई पार्टी से चुनाव जीते हैं. कम्युनिस्टों की तरह कोई वैचारिक मजबूरी नहीं है कि भारत और पश्चिम का विरोध करना है. पूर्ण बहुमत वाली सरकार है और जनता का भरोसा अब भी बना हुआ है. ऐसे में भारत को भी इस सरकार से सीधे बात करनी होगी. गठबंधन सरकार वाला विकल्प भारत के पास नहीं होगा कि प्रधानमंत्री से बात नहीं बन रही है, तो जिसके समर्थन से सरकार चल रही है, उससे बात कर लो."

नेपाल के प्रमुख अंग्रेज़ी अख़बार काठमांडू पोस्ट के सीनियर जर्नलिस्ट अनिल गिरी बालेन शाह के भारत दौरे को कवर करने आए हैं. अनिल गिरी कहते हैं कि पहले नेपाल के प्रधानमंत्री कमान संभालने के बाद ख़ुद नई दिल्ली आते थे, लेकिन इस बार बालेन शाह निमंत्रण के बाद आए हैं. अनिल गिरी कहते हैं कि मुख्य अंतर यही है.

अनिल गिरी कहते हैं, "बालेन शाह और आरएसपी के साथ भारत को काम करने का अनुभव नहीं है. पहले आरएसपी प्रमुख रवि लामिछाने भारत आए और बीजेपी मुख्यालय में उनका अप्रत्याशित रूप से स्वागत किया गया. इसके बाद बालेन शाह का दौरा हुआ. बालेन शाह बाक़ी प्रधानमंत्रियों की तरह भारत दौरे के लिए किसी जल्दबाज़ी में नहीं थे. उन्होंने पर्याप्त समय लिया, तब आने का फ़ैसला किया."

बालेन शाह चीन को लेकर भारत की चिंताओं को कैसे देखेंगे?

इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, "मेरा मानना है कि नेपाल में चीन और कम्युनिस्ट पार्टियों की जड़ें भारत ने मज़बूत की हैं"- काठमांडू पोस्ट के सीनियर जर्नलिस्ट अनिल गिरी

अनिल गिरी कहते हैं, "बालेन शाह सत्ता में किसी वैचारिक आंदोलन के ज़रिए नहीं आए हैं. नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टियों की तरह चीन को लेकर उनकी कोई वैचारिक सहानुभूति नहीं होगी, लेकिन उनके ऊपर डिलीवर करने का दबाव है."

"मेरा मानना है कि नेपाल में चीन और कम्युनिस्ट पार्टियों की जड़ें भारत ने मज़बूत की हैं. भारत ने 2015 में नाकाबंदी की और आम लोगों के लिए यह त्रासदी साबित हुई. इसका नतीजा यह हुआ कि नेपाल के लोग चीन की ओर देखने लगे और कम्युनिस्ट पार्टियों को भारत विरोधी नेपाली राष्ट्रवाद को हवा देने का मौक़ा मिला. भारत हर उम्मीद नेपाल से नहीं कर सकता है. उसे ख़ुद भी संवेदनशीलता से सोचना होगा."

नेपाल के जाने-माने डिप्लोमैट और लेखक लोकराज बराल कहते हैं कि बालेन शाह के साथ तालमेल बनाना भारत के लिए आसान नहीं होगा.

लोकराज बराल कहते हैं, "बालेन शाह अपने मंत्रियों से भी केवल कैबिनेट मीटिंग में मिलते हैं. प्रेस से संपर्क नहीं है. कोई भी लोकतांत्रिक संस्थान काम नहीं कर रहा है. सत्ता का केंद्र बालेन हैं. ऐसे में यह बहुत मायने रखता है कि उनका मूड कैसा है."

"लेकिन मुझे लगता है कि पिछले आठ महीनों में बालेन को नेपाल की असली स्थिति का अंदाज़ा हो गया होगा. भारत ने नेपाल को 1.6 अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज देने की घोषणा की है, लेकिन नेपाल कितना इस्तेमाल कर पाएगा, यह ज़्यादा अहम है."

बालेन शाह के भारत दौरे को कवर करने आए नेपाल के एक संपादक ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि नेपाली प्रधानमंत्री ने जानबूझकर दौरे को बहुत छोटा रखा.

उन्होंने कहा, "भारत तीन दिन का दौरा चाहता था लेकिन बालेन 22 नवंबर की शाम आए और 23 की शाम वापस चले गए. आमतौर पर नेपाल के पीएम का भारत दौरा तीन दिनों का होता है. नेपाली पीएम भारत में सिविल सोसाइटी से भी मिलते थे थे. कुछ चर्चित जगहों पर जाते थे लेकिन बालेन ने पूरे दौरे को रिज़र्व और छोटा रखा. बालेन एक रहस्य बनाकर रखना चाहते हैं ताकि क़यास और माहौल बना रहे. इस मामले में भी बालेन का दौरा बाक़ी प्रधानमंत्रियों से अलग है."

बालेन के फ़ैसलों से आशंका

इमेज स्रोत, Safal Prakash Shrestha/NurPhoto via Getty Images

इमेज कैप्शन, भारी जनादेश मिलने के बावजूद बालेन शाह ने ऑर्डिनेंस के ज़रिए क़ानून लाने की कोशिश की है

भारी जनादेश मिलने के बावजूद बालेन शाह ने ऑर्डिनेंस के ज़रिए क़ानून लाने की कोशिश की है. संवैधानिक परिषद में निर्णय लेने की प्रक्रिया में इस तरह बदलाव किया गया कि राज्य संस्थाओं में अधिकारियों की नियुक्ति की सिफ़ारिश करने वाली इस परिषद में प्रधानमंत्री को नया मुख्य न्यायाधीश चुनने का अंतिम अधिकार मिल गया. इससे न्यायपालिका पर कार्यपालिका के नियंत्रण की आशंका पैदा हो गई है.

इसी तरह, एक अन्य अध्यादेश के आधार पर सरकार ने 1,500 वरिष्ठ सिविल सेवकों को उनकी जगह किसी और की नियुक्ति की योजना बनाए बिना हटा दिया. इससे नागरिक उड्डयन के नियमन और स्कूली स्तर की परीक्षाएं आयोजित करने जैसे महत्वपूर्ण काम प्रभावित हुए.

इससे पहले, नेपाली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, 36 वर्षीय नेपाली प्रधानमंत्री ने भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाक़ात करने से इनकार कर दिया था. शाह के मुलाक़ात करने से इनकार करने के बाद मिस्री को नेपाल का अपना दौरा रद्द करना पड़ा.

दिलचस्प बात यह है कि शाह ने शुरुआत में मोदी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया था. उन्होंने चीन और अमेरिका के शीर्ष अधिकारियों से भी मुलाक़ात करने से इनकार कर दिया, जिससे नेपाल के दो अन्य महत्वपूर्ण साझेदार भी नाराज़ हुए.

इससे पहले मार्च में नई सरकार ने अपने कार्यकाल की शुरुआत कई राजनीतिक नेताओं को संदिग्ध क़ानूनी आधार पर गिरफ़्तार करके की थी. इसके बाद सरकार ने नदी किनारे बसी झुग्गी-बस्तियों को वहां रहने वाले लोगों के पुनर्वास की कोई योजना बनाए बिना ढहा दिया.

लोकराज बराल कहते हैं, "बालेन शाह को ऐसा लगता है कि उनकी सरकार से कोई ग़लती हो ही नहीं सकती. पुरानी पार्टियों के शासन में दशकों तक कुशासन और भ्रष्टाचार देखने के बाद लोग उन्हें संदेह का लाभ देने के मूड में हैं. शायद ऐसा करना सही भी हो. लेकिन कब तक?

वह उन वर्गों को अपने से दूर कर रहे हैं, जिनकी ज़रूरत अंततः हर सरकार को पड़ती है. इनमें मीडिया, बुद्धिजीवी वर्ग, विपक्षी दल और महत्वपूर्ण विदेशी साझेदार शामिल हैं."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · रजनीश कुमार

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira