ब्लैक फ़्राइडे: दुनिया के सबसे मशहूर सेल सीज़न के पीछे की कहानी, ऑफ़र्स के जाल से कैसे बचें?

ऑफर्स को देखकर कई बार लोग ऐसे सामान भी ख़रीद लेते हैं, जिनकी पहले से योजना नहीं होती है (सांकेतिक तस्वीर)

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ऑफ़र्स को देखकर कई बार लोग ऐसे सामान भी ख़रीद लेते हैं, जिनकी पहले से योजना नहीं होती है (सांकेतिक तस्वीर)
    • Author, मजदी अल-कसूस
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़ अरबी
  • प्रकाशित 2 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 9 मिनट

आज आप किसी दुकान में सिर्फ़ एक सामान ख़रीदने के इरादे से जा सकते हैं, लेकिन बाहर निकलते समय आपकी ट्रॉली उन चीजों से भरी हो सकती है, जिन्हें ख़रीदने के बारे में आपने सोचा भी नहीं था.

ऐसा सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि आपने बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा 'सेल' शब्द पढ़ लिया. अपने फैसलों पर ज़्यादा सवाल मत उठाइए, क्योंकि आप ऐसे सीज़न में हैं, जिसे आपकी इच्छाशक्ति की परीक्षा लेने के लिए बहुत सोच-समझकर तैयार किया गया है.

हर साल नवंबर के अंतिम शुक्रवार को अरब देशों के लाखों ख़रीदारों की नज़रें दुकानों और ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइटों पर रहती हैं. वे उन ऑफ़र्स और छूट का इंतजार करते हैं, जिनकी घोषणा कंपनियां 'व्हाइट फ़्राइडे' के नाम से करती हैं.

इस दौरान कुछ उत्पादों पर छूट 70 फ़ीसदी या उससे भी ज़्यादा हो जाती है.

इस मौक़े पर क्षेत्र के अलग-अलग देशों की दुकानें और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए एक-दूसरे से मुक़ाबला करते हैं.

यह सीज़न दुनिया के मशहूर शॉपिंग सीज़न 'ब्लैक फ़्राइडे' के साथ आता है, जिसे दुनिया के सबसे बड़े सेल और बिक्री के मौक़ों में से एक माना जाता है.

लेकिन अमेरिका में इसे 'ब्लैक फ़्राइडे' और ज़्यादातर अरब बाज़ारों में 'व्हाइट फ़्राइडे' क्यों कहा जाता है? यह दुनिया भर में शॉपिंग का इतना बड़ा सीज़न कैसे बन गया?

कैसे शुरू हुई यह कहानी?

अरब बाज़ारों में 'व्हाइट फ़्राइडे' नाम भले ही काफ़ी लोकप्रिय हो गया है, लेकिन इसकी शुरुआत दुनिया भर में 'ब्लैक फ़्राइडे' के नाम से मशहूर शॉपिंग सीज़न से हुई थी.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह

  • अमेरिका

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

समाप्त

इसकी शुरुआत अमेरिका में हुई और इसका संबंध थैंक्सगिविंग के अगले दिन से है, जो हर साल नवंबर के चौथे शुक्रवार को पड़ता है.

अरब क्षेत्र में इसके नाम में अंतर की वजह कुछ दुकानों और कारोबारी प्लेटफॉर्मों का 'ब्लैक फ़्राइडे' के बजाय 'व्हाइट फ़्राइडे' नाम चुनना है.

ऐसा क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक परिस्थितियों के लिहाज से ज़्यादा उपयुक्त नाम देने के लिए किया गया, जबकि इसका कारोबारी विचार वही रखा गया.

हालांकि, अमेरिकी नाम की कहानी शॉपिंग सीज़न से भी पुरानी है. 'ब्लैक फ़्राइडे' शब्द का इस्तेमाल पहली बार सन 1869 में हुआ था. उस समय अमेरिका के गोल्ड मार्केट में एक वित्तीय संकट आया था.

दो सट्टेबाजों ने बाज़ार पर नियंत्रण करने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी योजना नाकाम हो गई और इसके चलते गंभीर आर्थिक उथल-पुथल मची.

कैसे पड़ा ब्लैक फ़्राइडे नाम

ब्लैक फ़्राइडे नाम के पीछे की कहानी दिलचस्प है

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, ब्लैक फ़्राइडे नाम के पीछे की कहानी दिलचस्प है

इस नाम का शॉपिंग से संबंध अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में सन 1950 के दशक के दौरान जुड़ा.

उस समय पुलिस ने थैंक्सगिविंग के अगले शुक्रवार को शहर में होने वाले ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था के लिए 'ब्लैक फ़्राइडे' शब्द का इस्तेमाल किया था.

इस दिन बड़ी संख्या में ख़रीदार और पर्यटक शहर पहुंचते थे. इसी दौरान अमेरिकी सेना और नौसेना के बीच सालाना फुटबॉल मैच भी होता था.

1960 के दशक में यह शब्द लोकप्रिय होने लगा. इसके बाद कारोबारियों ने इसे सकारात्मक अर्थ देने की कोशिश की. उन्होंने 'ब्लैक' रंग को दुकानों के हिसाब-किताब में मुनाफे से जोड़ा, जबकि 'रेड' रंग को नुक़सान का संकेत बताया जाता है.

यह कहानी भले ही लोकप्रिय हो गई हो, लेकिन इस नाम की ऐतिहासिक शुरुआत इससे नहीं हुई थी.

यह बाद में सामने आई एक कारोबारी व्याख्या थी, जिसने इस नाम को लोकप्रिय बनाने में मदद की. धीरे-धीरे ब्लैक फ़्राइडे, जो पहले संकट और भीड़भाड़ से जुड़ा था, दुनिया के सबसे बड़े कारोबारी मौक़ों में से एक बन गया.

यह दुनिया भर में एक बड़ा चलन कैसे बना?

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, सेल सीज़न पूरी दुनिया के कारोबार में देखा जाता है

ब्लैक फ़्राइडे की शुरुआत अमेरिकी बाज़ार से जुड़े एक मौक़े के रूप में हुई थी, लेकिन यह लंबे समय तक सिर्फ़ अमेरिका तक सीमित नहीं रहा.

अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के विस्तार, शॉपिंग मॉल की बढ़ती संख्या और फिर ऑनलाइन कारोबार के तेजी से विकास ने इस सेल सीज़न को दुनिया के अलग-अलग बाज़ारों तक पहुंचा दिया.

जब यह मौक़ा अरब क्षेत्र में पहुंचा, तो कई दुकानों और कारोबारी प्लेटफॉर्मों ने इसे 'व्हाइट फ़्राइडे' नाम दिया. हालांकि, इसका कारोबारी स्वरूप पहले जैसा ही रहा. इसमें ख़ासतौर पर इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू उपकरणों और कपड़ों जैसे क्षेत्रों के उत्पादों पर बड़ी छूट दी जाती है.

ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों ने अरब देशों में इस सीज़न को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई. इनके ज़रिए ग्राहकों को अलग-अलग दुकानों के ऑफर्स देखने, कीमतों की तुलना करने और बिना बाज़ार गए या दुकानों के बाहर इंतजार किए ऑनलाइन सामान ख़रीदने की सुविधा मिली.

अब यह सेल सिर्फ शुक्रवार तक सीमित नहीं रह गई है. कई दुकानों में इसके ऑफर्स कई दिनों या हफ्तों तक चलते हैं. कुछ कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने और बढ़ती ख़रीदारी का फायदा उठाने के लिए पारंपरिक तारीख से पहले ही अपने सेल कैंपेन शुरू कर देती हैं.

क्या छूट वास्तव में मिलती है?

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, कंपनियां जो ऑफर्स दिखाती हैं, उनकी सच्चाई भी कई मामलों में संदिग्ध होती है (सांकेतिक तस्वीर)

अरब देशों में व्हाइट फ़्राइडे का दायरा बढ़ने के साथ ज़्यादातर देशों की सरकारी एजेंसियों ने निगरानी और जागरूकता से जुड़े कदम तेज कर दिए हैं. इसका मक़सद भ्रामक ऑफर्स पर रोक लगाना है.

इनका मक़सद यह जांचना होता है कि दुकानें ऑफर्स और छूट से जुड़े नियमों का पालन कर रही हैं या नहीं. इनमें सऊदी अरब, मिस्र, जॉर्डन और यूएई जैसे देश शामिल हैं.

ब्लैक फ़्राइडे या व्हाइट फ़्राइडे के ऑफर्स पर बड़ी संख्या में लोग ख़रीदारी करते हैं. हालांकि, इन छूटों की वास्तविकता पर सवाल भी उठने लगे हैं. इसकी एक वजह कुछ दुकानों के ऐसे मार्केटिंग तरीके हैं, जिनसे ग्राहकों को लगता है कि वे वास्तव में जितनी बचत कर रहे हैं, उससे कहीं ज़्यादा फायदा हो रहा है.

ब्रिटेन की उपभोक्ता संरक्षण संस्था 'Which?' ने 24 नवंबर 2026 को एक अध्ययन प्रकाशित किया.

इसमें संस्था ने घरेलू उपकरणों, टेक्नोलॉजी और स्वास्थ्य से जुड़े उपकरणों के 756 उत्पादों के दानों पर नज़र रखी.

यह निगरानी आठ ऑनलाइन स्टोर पर की गई और साल 2025 के ब्लैक फ़्राइडे सीजन के दौरान 2.5 लाख से ज़्यादा दामों को ट्रैक किया गया.

अध्ययन में सामने आया कि सिर्फ़ 22 फ़ीसदी उत्पादों की क़ीमतें ब्लैक फ़्राइडे के दौरान पूरे साल में सबसे कम थीं. वहीं, 44 फ़ीसदी उत्पादों के दाम, उस साल के अन्य महीनों में सबसे कम दाम के बराबर थे.

अध्ययन में यह भी पाया गया कि 62 फ़ीसदी उत्पादों के दाम ब्लैक फ़्राइडे के बाद के छह महीनों में उस दौरान की क़ीमतों के बराबर या उससे कम थे.

ख़रीदारी का दबाव बनाने के तरीक़े

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, सेल सीज़न के दौरान ग्राहकों को लुभाने वाले विज्ञापन भी खूब दिखाए जाते हैं (सांकेतिक तस्वीर)

मार्च 2026 में यूरोपीय आयोग की ओर से किए गए एक रिव्यू से भी इन नतीजों को समर्थन मिला. इस रिव्यू में 25 देशों के 314 ऑनलाइन स्टोर शामिल थे. इनमें यूरोपीय संघ के 23 देशों के अलावा आइसलैंड और नॉर्वे भी शामिल थे.

इसमें सामने आया कि 30 फ़ीसदी ऑनलाइन स्टोर ने तय नियमों के मुताबिक़, रेफ़्रेंस रेट के आधार पर छूट की गणना नहीं की थी. वहीं, 18 फ़ीसदी स्टोर ने ग्राहकों पर जल्दी ख़रीदारी करने का दबाव बनाने वाले तरीक़े अपनाए.

इनमें ऑफर ख़त्म होने की उलटी गिनती दिखाना या सामान की सीमित उपलब्धता का संकेत देना शामिल था. इनमें से आधे से ज़्यादा मामले भ्रामक दिखाई दिए.

यूरोपीय नियमों के मुताबिक़, जब दुकानें किसी उत्पाद पर छूट का विज्ञापन करती हैं, तो उन्हें पिछले 30 दिनों के दौरान लागू सबसे कम क़ीमत भी भतानी होती है.

इसका मक़सद यह रोकना है कि सेल से पहले क़ीमतें बढ़ा दी जाएं और फिर उन्हें घटाकर बड़ी छूट का दावा किया जाए.

स्पेन की उपभोक्ता और उपयोगकर्ता संरक्षण संस्था (ओसीयू) के एक अध्ययन में पाया गया कि 2026 के ब्लैक फ़्राइडे से पहले जिन क़ीमतों पर नज़र रखी गई, उनमें से सिर्फ़ 6 फ़ीसदी ही वास्तविक ऑफ़र्स थे.

इस अध्ययन में 55 ऑनलाइन वेबसाइटों पर क़रीब तीन हज़ार प्रोडक्ट्स को शामिल किया गया. इसमें सामने आया कि 24 फ़ीसदी प्रोडक्ट्स की क़ीमतें सितंबर और अक्तूबर के दौरान दर्ज सबसे कम कीमतों से कम थीं.

लेकिन, 43 फ़ीसदी उत्पाद उस अवधि में और कम दाम पर ख़रीदे जा सकते थे. दामों में औसतन 13 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि औसत छूट सिर्फ 7 फ़ीसदी थी.

ऑफर्स के जाल से कैसे बचें?

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, शॉपिंग करने से पहले प्रोडक्ट के दाम और अन्य जांच में समय देना ख़रीदारी का अच्छा तरीका होता है

सेल सीज़न के दौरान ख़तरे सिर्फ भ्रामक दामों और फ़र्जी वेबसाइटों तक सीमित नहीं हैं. इसमें ऐसे मार्केटिंग तरीक़े भी शामिल हैं, जो ग्राहकों को अपने फैसले के बारे में सोचने का मौक़ा दिए बिना जल्दी ख़रीदारी करने के लिए उकसाते हैं.

बीबीसी को पहले दिए एक इंटरव्यू में लंदन स्थित चैरिटी संस्था इंस्टीट्यूट ऑफ मनी एंड मेंटल हेल्थ के प्रवक्ता ब्रायन सिम्पल ने कहा था कि ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान ऐसे तरीक़ों का विरोध करना ज़्यादा मुश्किल हो जाता है.

इसकी वजह यह है कि खुदरा दुकानदारों के लिए ग्राहकों पर दबाव बनाने वाली रणनीतियों को अपनाना आसान होता है.

इन जाल में फंसने से बचने के लिए विशेषज्ञ ख़रीदारी से पहले कुछ वक़्त लेने की सलाह देते हैं.

उनका कहना है कि किसी ऑफ़र को देखकर तुरंत ख़रीदारी करने के बजाय उत्पाद के बारे में जानकारी जुटानी चाहिए और अलग-अलग दुकानों पर उसकी क़ीमतों की तुलना करनी चाहिए.

उन ऑफ़र्स के पीछे जल्दबाज़ी नहीं करनी चाहिए, जिनसे ऐसा लगे कि यह मौक़ा दोबारा नहीं मिलेगा.

इसके अलावा, असामान्य रूप से कम दामों को लेकर सतर्क रहना चाहिए. ख़रीदारी से पहले ऑनलाइन स्टोर की विश्वसनीयता की जांच करनी चाहिए और स्वतंत्र व भरोसेमंद प्लेटफॉर्मों पर उत्पादों की रेटिंग और रिव्यू देखने चाहिए.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, आप शॉपिंग के लिए दूसरों से सलाह भी ले सकते हैं, इससे उनके अनुभव का लाभ आपको मिल सकता है (सांकेतिक तस्वीर)

अगर ख़रीदारी का फैसला लेने में संदेह हो, तो किसी दूसरे व्यक्ति की राय भी ली जा सकती है.

भुगतान करते समय ऐसे तरीक़ों का इस्तेमाल करना बेहतर है, जो ग्राहकों को सुरक्षा देते हैं. इनमें क्रेडिट कार्ड जैसे विकल्प शामिल हैं.

लेनदेन हमेशा आधिकारिक प्लेटफॉर्म और पहचाने जाने वाले पेमेंट चैनलों के जरिए करना चाहिए. अनजान लिंक या संदिग्ध संदेशों के जरिए कार्ड की जानकारी या निजी डेटा साझा करने से बचना चाहिए.

आख़िर में, हो सकता है कि आप सेल सीज़न में यह सोचकर ख़रीदारी करने जाएं कि आप पैसे बचाने वाले हैं, लेकिन बिल देखने के बाद पता चले कि आपने सिर्फ़ दुकानदार को एक ग्राहक खोने से बचा लिया.

ब्लैक फ़्राइडे या व्हाइट फ़्राइडे उन चीजों को कम दामन पर ख़रीदने का मौक़ा हो सकता है, जिनकी आपको ज़रूरत है.

लेकिन यह उन चीजों को ख़रीदने का मौक़ा भी बन सकता है, जिनके बारे में आपको पहले पता तक नहीं था कि आप उन्हें चाहते हैं.

इसलिए ख़रीदारी करने से पहले खु़द से पूछिए कि क्या आपको वास्तव में इस प्रोडक्ट की ज़रूरत है, या छूट ने आपको यह यक़ीन दिला दिया है कि आप इसके बिना रह ही नहीं सकते?

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · मजदी अल-कसूस

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira