बटर चिकन, निहारी से लेकर मटन कोरमा तक, चीन ने पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्री के लिए किया ख़ास इंतज़ाम

    • Author, असद सोहैब
    • पदनाम, बीबीसी उर्दू, इस्लामाबाद
  • प्रकाशित 2 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 10 मिनट

चिकन बसरा, निहारी, मटन कोरमा और चना शोरबा.

इन पकवानों के नाम सुनते ही किसी व्यस्त पाकिस्तानी रेस्तरां या दावत का ख़याल आता है. लेकिन इन दिनों पाकिस्तान के सोशल मीडिया पर इन लज़ीज़ पकवानों की चर्चा एक अलग ही वजह से हो रही है.

दरअसल, ये व्यंजन चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों के लिए तैयार किए गए ख़ास हलाल मेन्यू का हिस्सा हैं.

चीन के सरकारी चैनल चाइना ग्लोबल टेलीविज़न नेटवर्क (सीजीटीएन) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर छह लोगों के लिए रात्रिभोज का इंतज़ाम किया जा रहा है. इसमें पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के लिए ख़ास तौर पर चुने गए 100 से ज़्यादा तरह के हलाल डिश भी परोसे जाएंगे."

सीजीटीएन के मुताबिक़, इन व्यंजनों में निहारी, मटन कोरमा और छोले की सब्ज़ी भी शामिल हैं.

शेनझोउ-24 में चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी के अलावा पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री ज़ीशान अली भी सवार हैं.

शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन के तहत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन भेजा गया है.

इनमें तांग होंगबो मिशन कमांडर, वू यी फ़्लाइट इंजीनियर और पाकिस्तानी पायलट मोहम्मद ज़ीशान अली पेलोड स्पेशलिस्ट के तौर पर शामिल हैं.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • ड्रोन

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • आज़म ख़ान

  • पाकिस्तानी सीरियल 'दर-ए-निजात' भारत में भी बेहद लोकप्रिय है

समाप्त

बुधवार को जिउछुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से रवाना हुआ शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन चीन के अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया है. इसके बाद शेनझोउ-24 के चालक दल ने अंतरिक्ष स्टेशन में एंट्री की .

इस मिशन में पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली की मौजूदगी को देखते हुए चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े विभाग ने चीनी और अंग्रेज़ी, दोनों भाषाओं में कामकाज से जुड़े निर्देश तैयार किए हैं.

इसके अलावा, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की खानपान संबंधी पसंद को ध्यान में रखते हुए हलाल खाने का का भी इंतज़ाम किया गया है.

अंतरिक्ष में भोजन का मामला हमेशा से चर्चा का विषय रहा है. ऐसे में पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के लिए हलाल खाने और दक्षिण एशियाई स्वाद वाले व्यंजनों को शामिल किए जाने से सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है.

पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर क़रीब एक हफ़्ता बिताएंगे.

बटर चिकन बनाम निहारी

चीन और पाकिस्तान

इमेज स्रोत, CNSSPACESTATION

इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मुहम्मद जीशान अली सहित शेनझोउ 24 के चालक दल के अंतरिक्ष स्टेशन में एंट्री की तस्वीर

यह ख़बर सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूज़र्स पाकिस्तानी डिशेज के अंतरिक्ष तक पहुंचने पर हैरानी और ख़ुशी जता रहे हैं.

कुछ यूज़र्स ने इसे चीन और पाकिस्तान के क़रीबी रिश्तों का प्रतीक बताया, जबकि दूसरे लोगों ने निहारी और कोरमे जैसे पारंपरिक पकवानों के अंतरिक्ष के सफ़र पर दिलचस्प टिप्पणियां कीं.

असमा नाम की एक यूज़र ने पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के मेन्यू में ख़ास तौर पर निहारी को शामिल किए जाने की तारीफ़ करते हुए लिखा, "हमारे अंतरिक्ष यात्री के मेन्यू में निहारी को जगह देने के लिए शुक्रिया."

लैला नाम की एक यूज़र ने किसी देश का नाम लिए बिना लिखा कि यह ख़बर निश्चित रूप से हमारे "पड़ोसियों की कैलोरी जलाने" का कारण बनेगी.

ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली के चीनी अंतरिक्ष मिशन में शामिल होने की ख़बर को भारत में भी काफ़ी तवज्जो मिल रही है.

देश के बड़े अख़बारों, टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने इस घटनाक्रम को प्रमुखता से जगह दी है.

भारत में सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चा जारी है. अंतरिक्ष में भारत और पाकिस्तान की उपलब्धियों और दोनों देशों के बीच होड़ की तुलना भी की जा रही है.

गर्वसेसेक्युलर नाम के एक यूज़र ने लिखा, "हम भारतीयों के लिए यह गर्व की बात है कि बटर चिकन, जो एक भारतीय व्यंजन है, अंतरिक्ष तक पहुंच गया है. इससे क्या फ़र्क़ पड़ता है कि इसे चीनी अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के लिए तैयार किया गया है."

इसके साथ ही उन्होंने लिखा, "हालांकि, हम बीफ़ निहारी से अपना कोई संबंध नहीं होने की घोषणा करते हैं."

सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पाकिस्तानी थिंक टैंक 'पाकिस्तान स्ट्रैटेजिक फ़ोरम' के अकाउंट से इसकी तारीफ़ करते हुए कहा गया, "अगर आपके पास वही दिल है तो आप कितनी बार जीत सकते हैं?"

मेन्यू में बिरयानी न होने से निराशा

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की यात्रा की तारीफ़ करते हुए इसे चीन और पाकिस्तान के बीच घनिष्ठ संबंधों का प्रतीक बताया और साथ ही इस कदम को चीन की ग्लोबल पावर की ताक़त की अहमियत कहा.

एलेक्स हैंक नाम के एक यूजर ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा, "चीन की ओर से मेहमान की ख़ातिरदारी का एक अद्भुत प्रदर्शन. यही वजह है कि चीन को भविष्य की विश्व शक्ति माना जाता है. यह मिशन अंतरिक्ष सहयोग के एक नए युग का दरवाजा खोल सकता है."

जहां एक ओर यूजर्स ने मेनू में निहारी को शामिल किए जाने पर आश्चर्य और खुशी व्यक्त की, वहीं कई यूजर्स इस बात से थोड़े निराश दिखे कि बिरयानी को मेन्यू में जगह नहीं मिली.

सोशल मीडिया पर बिरयानी के स्वाद और उसे बनाने के तरीकों को लेकर यूजर्स के बीच हर दिन बातचीत होती रहती है. ऐसे में इस 'ऐतिहासिक' अवसर पर बिरयानी का उल्लेख न होने से कई यूजर्स निराश हैं.

बिरयानी के एक प्रशंसक ने लिखा, "मेनू में बीफ़ निहारी देखकर अच्छा लगा, लेकिन जब तक बिरयानी को मेज पर जगह नहीं मिलती, तब तक मिशन का मजा पूरा नहीं होगा. इसलिए हम पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री जीशान अली से जल्द से जल्द बिरयानी का आनंद लेते हुए अपनी तस्वीरें भेजने का इंतजार कर रहे हैं."

गौरतलब है कि पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मुहम्मद जीशान अली अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी बन गए हैं.

वे चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर अपने छह दिवसीय प्रवास के दौरान कई वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे.

पाकिस्तान अंतरिक्ष की दौड़ में शामिल प्रमुख शक्तियों में से एक नहीं है. हालांकि, इस ऐतिहासिक यात्रा की तैयारियां कई महीने पहले शुरू हो गई थीं.

इस साल अप्रैल में मोहम्मद जीशान अली और खुर्रम दाऊद को चीन में विशेष प्रशिक्षण के लिए चुना गया था.

मुहम्मद जीशान अली न केवल तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी हैं, बल्कि वे चीन के अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री भी हैं.

यह चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत चीनी और विदेशी अंतरिक्ष यात्रियों की पहली संयुक्त अंतरिक्ष उड़ान है.

पाकिस्तान के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन एसपीएआरसीओ के मुताबिक़ जीशान अली चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर छह दिन तक रहेंगे, जहां वे वैज्ञानिक प्रयोगों और अनुसंधान गतिविधियों में हिस्सा लेंगे.

जीशान अली अंतरिक्ष में क्या करेंगे?

जीशान अली

इमेज स्रोत, SUPARCO

इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन एसपीएआरसीओ के मुताबिक़ जीशान अली (सबसे बाएं) इस मिशन में पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर हिस्सा लेंगे

पाकिस्तान के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन एसपीएआरसीओ के मुताबिक, चीन की मानव अंतरिक्ष एजेंसी और एसपीएआरसीओ के सहयोग से शुरू की गई यह परियोजना पाकिस्तान के मानव अंतरिक्ष अन्वेषण कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

सुपारको के अनुसार, मोहम्मद जीशान अली इस मिशन में पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर हिस्सा लेंगे. उनकी मुख्य जिम्मेदारी अंतरिक्ष के सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण वाले वातावरण में पाकिस्तान के वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम देना होगा.

ये प्रयोग पाकिस्तानी विश्वविद्यालयों और रिसर्चरों के सहयोग से तैयार किए गए हैं.

इनका संबंध मैटेरियल साइंस, फ़्लुइड साइंस, बायोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी से है.

विशेषज्ञों के मुताबिक़, इन स्टडीज़ के नतीजे जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में मददगार हो सकते हैं.

इस मिशन के प्रमुख प्रयोगों में से एक अंतरिक्ष में लंबे समय तक इंसानों के रहने की संभावना का पता लगाना है.

इसके लिए सूक्ष्म शैवाल (पानी में पाए जाने वाले बेहद छोटे पौधे) की बढ़ोतरी का अध्ययन किया जाएगा ताकि यह समझा जा सके कि क्या भविष्य में लंबे अंतरिक्ष अभियानों के दौरान इन्हें भोजन और ऑक्सीजन के संभावित स्रोत के रूप में उपयोग किया जा सकता है.

पाकिस्तान के लिए ये अभियान कितना अहम

सुपारको के मुताबिक़, अंतरिक्ष स्टेशन के बाहरी मॉड्यूल पर तीन और प्रयोग किए जाएंगे.

इनके ज़रिए यह पता लगाया जाएगा कि क्विनोआ के बीज (एक पौष्टिक बीज, जिसे अनाज की तरह पकाकर खाया जाता है) ब्रह्रांड किरणों और कम गुरुत्वाकर्षण वाले वातावरण में कैसे टिके रहते हैं.

इसके अलावा, ऐसी उन्नत सामग्रियों का भी परीक्षण किया जाएगा जो क्षतिग्रस्त होने पर खुद अपनी मरम्मत कर सकती हैं और अंतरिक्ष के कठिन वातावरण का सामना कर सकती हैं.

वैज्ञानिकों का कहना है कि इन प्रयोगों से भविष्य में अधिक मजबूत फसलें विकसित करने, विमानों और अंतरिक्ष यानों के रखरखाव की लागत घटाने और अंतरिक्ष में इस्तेमाल होने वाली अधिक टिकाऊ सामग्री तैयार करने में मदद मिल सकती है.

'पाकिस्तान भी रेस में शामिल'

इमेज स्रोत, SUPARCO

इमेज कैप्शन, चीन की मदद से पाकिस्तान ने अपना पहला उपग्रह 'आई-क्यूब कमर' चंद्रमा की कक्षा में भेजा था

अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी संस्थान में 'आई-क्यूब कमर' पर काम करने वाली टीम के सदस्य प्रोफेसर डॉ. खुर्रम खुर्शीद का कहना है कि आज के दौर में दुनिया का हर देश अंतरिक्ष में अपनी जगह मजबूत करने की दौड़ में शामिल है और पाकिस्तान भी इसके महत्व को समझता है.

बीबीसी न्यूज़ उर्दू से बातचीत में डॉ. खुर्रम खुर्शीद ने कहा कि पाकिस्तान हाल के वर्षों में चीन के सहयोग से उपग्रहों के डिजाइन और प्रक्षेपण पर काम कर रहा है.

चीन की मदद से पाकिस्तान ने अपना पहला उपग्रह 'आई-क्यूब कमर' चंद्रमा की कक्षा में भेजा था.

गौरतलब है कि पाकिस्तान ने 2024 में चीन के अंतरिक्ष रॉकेट चांग'ई-6 की मदद से इस उपग्रह को चंद्रमा की ओर भेजा था.

इसके साथ ही पाकिस्तान चंद्रमा की कक्षा में उपग्रह भेजने वाला दुनिया का छठा देश बन गया.

डॉ. खुर्रम खुर्शीद का कहना है कि पाकिस्तान भी अंतरिक्ष की इस दौड़ में शामिल है और वहां अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहता है.

उन्होंने कहा, "किसी पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री का अंतरिक्ष में जाना और वहां प्रयोग करना पाकिस्तान के दीर्घकालिक अंतरिक्ष कार्यक्रम का हिस्सा है. इस मिशन का मकसद अंतरिक्ष में अपनी मौजूदगी दर्ज कराना है."

उनके मुताबिक़, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के अंतरिक्ष में जाने से पाकिस्तान के लोगों में अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी.

उन्होंने कहा, "जब पाकिस्तान ने चंद्रमा की कक्षा में उपग्रह भेजा था, तब लोगों में उत्साह और जागरूकता का माहौल था. यह आयोजन भी युवाओं को इस क्षेत्र में और अधिक रुचि लेने के लिए प्रेरित करेगा.''

भारत के साथ चार दिन चले संघर्ष के बाद बढ़ा बजट

इमेज स्रोत, SUPARCO

इमेज कैप्शन, जीशान अंतरिक्ष में एक सप्ताह बिताएंगे

प्रोफ़ेसर डॉ. खुर्रम खुर्शीद का कहना है कि पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले सैन्य संघर्ष के बाद सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए बजट बढ़ा दिया.

उन्होंने कहा, "मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए देश की अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के लिए इस क्षेत्र में प्रगति करना भी ज़रूरी है. पाकिस्तान अब अंतरिक्ष, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस और चिप डिजाइनिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहता है."

उनके मुताबिक, जीशान अंतरिक्ष में एक सप्ताह बिताएंगे. वहां हासिल किया गया उनका अनुभव बहुत अहम होगा. लौटने के बाद वह अपने अनुभव पाकिस्तान के दूसरे अंतरिक्ष यात्रियों के साथ साझा करेंगे.

पाकिस्तान के अंतरिक्ष कार्यक्रम के बारे में प्रोफेसर डॉ. खुर्रम खुर्शीद ने कहा कि अगले साल पाकिस्तान का एक अंतरिक्ष यान चंद्रमा पर उतरेगा.

उनके मुताबिक़, अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में पाकिस्तान के लिए आगे कई अच्छी ख़बरें आने वाली हैं.

चीन क्या हासिल करना चाहता है?

इमेज स्रोत, CGTN

इमेज कैप्शन, सीसीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक़, इस मिशन के दौरान लगभग 90 वैज्ञानिक प्रयोग और अनुसंधान परियोजनाएं चलाई जाएंगीं

चीन के सरकारी अख़बार 'ग्लोबल टाइम्स' ने लिखा है कि चीन भविष्य में विदेशी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ इस तरह के और मिशन आयोजित करने की योजना बना रहा है.

अख़बार के मुताबिक़, "पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों के लिए तैयार किया गया सिलेबस भविष्य में अन्य देशों के अंतरिक्ष यात्रियों के प्रशिक्षण में भी इस्तेमाल किया जाएगा."

सरकारी ब्रॉडकास्टर सीसीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक़ इस मिशन के दौरान लगभग 90 वैज्ञानिक प्रयोग और अनुसंधान परियोजनाएं चलाई जाएंगी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · असद सोहैब

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira