पाकिस्तान में था परिवार, मिलने निकले इरफ़ान ने नदी में लगाई छलांग, बच्चों के पास पहुंचा शव

बाईं ओर इरफ़ान हसन शाह और दाईं ओर नीलम नदी का किनारा (फ़ाइल तस्वीर)

इमेज स्रोत, Maqsood Muntazir/ Getty Images

इमेज कैप्शन, बाईं ओर इरफ़ान हसन शाह और दाईं ओर नीलम नदी का किनारा (फ़ाइल तस्वीर)
    • Author, नसीर चौधरी
    • पदनाम, बीबीसी उर्दू
  • प्रकाशित 2 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए निकले बारामूला के इरफ़ान हसन शाह का शव पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में मिला.

पाकिस्तान के अधिकारियों ने नीलम नदी से मिले इरफ़ान हसन शाह के शव को मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को सौंप दिया.

प्रशासन के मुताबिक़, इरफ़ान हसन शाह भारत प्रशासित कश्मीर के बारामूला ज़िले के रहने वाले थे. वह पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में रह रही अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने की कोशिश के दौरान नीलम नदी में डूबे.

भारत सरकार ने अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम हमले के बाद जम्मू कश्मीर में रह रही इरफ़ान की पत्नी और बच्चों को पाकिस्तानी नागरिक होने के कारण डिपोर्ट कर दिया था.

इसके बाद उनका परिवार मुज़फ़्फ़राबाद में रहने लगा था. हालांकि, इरफ़ान भारतीय नागरिक थे, इसलिए वह बारामूला ज़िले में ही रह गए थे.

इरफ़ान के बच्चों का दावा है कि बारामूला में रह रहे उनके पिता समय-समय पर उनसे संपर्क करते थे.

उनकी आख़िरी बार करीब 15 दिन पहले बात हुई थी. उस दौरान इरफ़ान हसन शाह ने कहा था कि तमाम रुकावटों के बावजूद वह हर हाल में पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पहुंचने की कोशिश करेंगे.

परिवार का कहना है कि इसके बाद उनके पिता से कोई संपर्क नहीं हुआ. बाद में उन्हें सूचना मिली कि इरफ़ान का शव नीलम नदी से मिला है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • ख़लील अल-हय्या

  • पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह

  • ऑफर्स को देखकर कई बार लोग ऐसे सामान भी ख़रीद लेते हैं, जिनकी पहले से योजना नहीं होती है (सांकेतिक तस्वीर)

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

समाप्त

इरफ़ान हसन शाह का शव मिलने के बाद इस बात पर विवाद शुरू हो गया था कि भारतीय नागरिक होने के कारण उनका शव भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाए या फिर मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को.

असिस्टेंट कमिश्नर अथकमाम चौधरी बशारत ने बीबीसी उर्दू को बताया कि जम्मू कश्मीर में रह रहे इरफ़ान के भाई और बहनों की सहमति के बाद उनका शव मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही पत्नी और बच्चों को सौंप दिया गया.

असिस्टेंट कमिश्नर के मुताबिक़, जब किसी मृत व्यक्ति की पत्नी और बच्चे मौजूद हों, तो विरासत के अधिकार के लिहाज़ से वे सबसे पहले हक़दार होते हैं. इसी वजह से सभी ज़रूरी मंज़ूरी और क़ानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया.

स्थानीय लोगों के मुताबिक़, यह सिर्फ़ एक घटना नहीं है. यह अलग हुए एक परिवार की जुदाई, बेबसी और आख़िरी बार मिलने की चाहत की दर्दनाक कहानी है.

लेकिन सवाल यह है कि इरफ़ान हसन शाह ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में शादी कैसे की और उनका शव अधिकारियों को कैसे मिला और शव सौंपने को लेकर क्या विवाद हुआ?

23 नवंबर को नीलम नदी में मिला अज्ञात शव

23 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद इरफ़ान हसन शाह का शव निकाला गया था

इमेज स्रोत, DMA

इमेज कैप्शन, 23 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद इरफ़ान हसन शाह का शव निकाला गया था

23 नवंबर को पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के नीलम ज़िले के अधिकारियों को सूचना मिली कि केरन इलाक़े से होकर बहने वाली नीलम नदी में एक शव दिखाई दिया है.

शुरुआत में अधिकारियों और स्थानीय लोगों को लगा कि शायद कोई अनजान व्यक्ति नदी के तेज़ बहाव का शिकार हो गया है.

नीलम ज़िले की डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के प्रमुख अख्तर अयूब के मुताबिक़, 23 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे नीलम नदी से शव निकाला गया.

डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की टीम ने शारदा क्षेत्र के 'कश्मीर बोटिंग क्लब', पाकिस्तान आर्मी की केरन यूनिट और स्थानीय पुलिस की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला.

उनके मुताबिक़, मृतक की जेब से भारत सरकार का एक पहचान पत्र मिला. इस पर उस व्यक्ति का नाम और पहचान दर्ज थी. इसके बाद शव ज़िला प्रशासन को सौंप दिया गया.

जेब से मिले दस्तावेज़ों के आधार पर मृतक की पहचान भारत प्रशासित कश्मीर के बारामूला ज़िले के रफ़ियाबाद डंगीवच्छा इलाक़े के निवासी के रूप में हुई.

ज़िला प्रशासन ने लोगों को जानकारी देने के लिए इरफ़ान हसन शाह का पहचान पत्र, शव की तस्वीर और दूसरी जानकारियां सोशल मीडिया पर साझा कीं.

इसके बाद मुज़फ़्फ़राबाद में रह रहे उनके बच्चों और पत्नी तक यह सूचना पहुंची. बच्चों ने अधिकारियों से संपर्क किया और शव की पहचान अपने पिता के रूप में की.

इरफ़ान के परिवार और स्थानीय अधिकारियों को शक है कि वह पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए बारामूला से नीलम ज़िले तक पहुंचे थे.

संभव है कि उन्हें लगा हो कि किसी तरह नीलम नदी पार करके वह अपने परिवार तक पहुंच सकते हैं. यह नदी कुछ जगहों पर नियंत्रण रेखा का काम भी करती है.

परिवार का दावा है कि इरफ़ान ने कुछ दिन पहले हर हाल में पाकिस्तान पहुंचने की बात कही थी. परिवार और अधिकारियों को शक है कि नदी के दूसरी तरफ पहुंचने के बजाय वह तेज़ बहाव में बह गए होंगे.

शव सौंपने में क्यों देरी हुई

इमेज स्रोत, Naseer Chaudhary

इमेज कैप्शन, इरफ़ान हसन शाह का शव मिलने के बाद उसके परिजनों को सौंपने को लेकर खड़ा हो गया था विवाद

इरफ़ान हसन शाह का शव मिलने के बाद उसे परिवार को सौंपने को लेकर विवाद भी हुआ. इस वजह से शव सौंपने और अंतिम संस्कार में देरी हुई.

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते के तहत दोनों देशों के नागरिकों के शवों को ज़रूरी क़ानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द से जल्द उनके देश वापस भेजा जाता है.

नीलम के डिप्टी कमिश्नर ने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि नदी से शव मिलने और उसकी पहचान होने के बाद उसे प्रशासन के पास रखा गया था.

इस पर फ़ैसला होना था कि भारत-पाकिस्तान समझौते के तहत शव भारत भेजा जाएगा या फिर मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को सौंपा जाएगा.

उन्होंने बताया कि इरफ़ान के तीन बेटे और पत्नी पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के मुज़फ़्फ़राबाद में रहते हैं.

असिस्टेंट कमिश्नर अथकमाम चौधरी बशारत ने बीबीसी उर्दू को बताया कि भारत प्रशासित कश्मीर में रह रहे इरफ़ान के भाई और बहनों की सहमति ली गई थी. इसके बाद ज़रूरी क़ानूनी प्रक्रिया पूरी करके शव मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को सौंपा गया.

हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक़, इस पूरी प्रक्रिया में तीन दिन लगे. इसके बाद मुज़फ़्फ़राबाद में इरफ़ान की नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई.

पीएके में कैसे हुई इरफ़ान हसन शाह की शादी?

इमेज स्रोत, Maqsood Muntazir

इमेज कैप्शन, 20 साल की उम्र में पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पहुंचे थे इरफ़ान हसन शाह (फ़ाइल तस्वीर)

पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की राजधानी मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही इरफ़ान हसन शाह की पत्नी के भाई अख्तर ने बीबीसी को बताया कि इरफ़ान साल 1992 में नियंत्रण रेखा पार करके पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर आए थे.

"इरफ़ान हसन शाह का संबंध भारत प्रशासित कश्मीर के बारामूला ज़िले के रफ़ियाबाद डंगीवच्छा इलाके से था."

अख़्तर के मुताबिक़, इरफ़ान ने 20 साल की उम्र में साल 1992 में नियंत्रण रेखा पार की थी. यहां पहुंचने के बाद उन्होंने कश्मीर के मीरपुर ज़िले में पढ़ाई की. साल 1998 से 2002 के बीच उन्होंने एफए और ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

"इसके बाद इरफ़ान ने शादी करने का फैसला किया और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में ही अपना घर बसा लिया. उनकी शादी मुज़फ़्फ़राबाद के चकार इलाक़े में हुई थी."

पत्नी के भाई अख़्तर के मुताबिक़, इरफ़ान साल 2008 तक पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में रहे. इसके बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते वापस भारत प्रशासित कश्मीर चले गए. वहां उन्होंने अपनी ज़िंदगी का नया सफ़र शुरू किया.

इरफ़ान की पत्नी के एक अन्य रिश्तेदार फ़ारूक़ मीर ने बताया कि इरफ़ान ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में काफी अच्छा समय बिताया था.

"शादी के बाद उनके दो बच्चों का जन्म भी यहीं हुआ था. फ़ारूक़ के मुताबिक़, इरफ़ान अपने परिवार के साथ बहुत खुश थे."

फ़ारूक़ मीर ने बताया कि इरफ़ान के माता-पिता और भाई-बहन अब भी भारत प्रशासित कश्मीर में रहते थे. इसी वजह से पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में 16 साल बिताने के बाद उन्होंने वापस लौटने का फैसला किया.

फ़ारूक़ मीर और अख़्तर ने बताया कि मार्च 2025 में हुए पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था. इसका असर इरफ़ान हसन शाह के परिवार पर भी पड़ा.

भारतीय सरकार ने पाकिस्तान से संबंध रखने वाले लोगों को वापस उनके देश भेजने का फैसला किया था.

परिवार के मुताबिक़, इस फ़ैसले के तहत इरफ़ान की पत्नी और उनके बेटों को भी पाकिस्तान वापस डिपोर्ट कर दिया गया. जबकि इरफ़ान भारत प्रशासित कश्मीर में ही रह गए.

इरफ़ान की पत्नी फ़िलहाल मुज़फ़्फ़राबाद में अपने भाई के साथ रहती हैं.

मुज़फ़्फ़राबाद में रहने वाले उनकी पत्नी के रिश्तेदार मकसूद मुंतज़िर ने बताया कि माता-पिता की मौत और पत्नी-बच्चों से जुदाई के कारण इरफ़ान अपने पुश्तैनी इलाक़े में अकेले रह गए थे.

"वह अक्सर इस अकेलेपन के बारे में अपनी पत्नी और बच्चों से बात करते थे."

मुंतज़िर के मुताबिक़, जब भी फ़ोन पर उनकी बात होती थी, तो बच्चों से बातचीत करने के बाद इरफ़ान और दुखी हो जाते थे. वह लगातार परिवार से मिलने के तरीकों के बारे में सोचते रहते थे.

मुंतज़िर का कहना है कि शायद इरफ़ान को लगा हो कि अगर वह नीलम नदी पार कर लें, तो दोबारा अपनी पत्नी और बच्चों से मिल सकेंगे.

बच्चों तक पहुंचा पिता का शव

इमेज स्रोत, Naseer Chaudhary

इमेज कैप्शन, इरफ़ान हसन शाह की नमाज़-ए-जनाज़ा में शामिल लोग

इरफ़ान शाह के शव को शुरुआत में सीएमएच अस्पताल ले जाया गया था.

जब इरफ़ान का शव पत्नी और बच्चों के घर पहुंचा, तो परिवार के लोग फूट-फूटकर रोने लगे. इसके बाद मुज़फ़्फ़राबाद की ईदगाह में उनकी नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई.

पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के अलग-अलग कैंपों में करीब 48 हज़ार कश्मीरी शरणार्थी रहते हैं. ये सभी ऐसे परिवार हैं, जिनके लोग नियंत्रण रेखा के दोनों तरफ बंटे हुए हैं.

शरणार्थी नेता हामिद कश्मीरी ने बीबीसी को बताया कि इरफ़ान शाह उनके दोस्त थे. जब इरफ़ान पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में रहते थे, तब दोनों साथ में कारोबार करते थे.

हामिद कश्मीरी के मुताबिक़, पत्नी और बच्चों को डिपोर्ट किए जाने के बाद से इरफ़ान उनसे मिलने की कोशिश कर रहे थे.

हालांकि, वह ज़िंदा अपने परिवार तक नहीं पहुंच सके, लेकिन आख़िरकार उनका शव उनकी पत्नी और बच्चों तक पहुंच गया.

उन्होंने कहा कि शरणार्थी कैंप में कई परिवार इसी तरह की अनिश्चितता में ज़िंदगी गुज़ार रहे हैं. उन्हें नहीं पता कि अपने बिछड़े हुए परिवार के लोगों से दोबारा कब और किस हालात में मुलाक़ात हो पाएगी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · नसीर चौधरी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira