पाकिस्तान के मंत्री मोसद्दिक़ मलिक की भारत यात्रा से क्या दोनों देशों के रिश्ते सुधरेंगे?

पाकिस्तान के मंत्री मोसद्दिक़ मलिक की भारत यात्रा काफ़ी सुर्खियों में है

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के मंत्री मोसद्दिक़ मलिक की भारत यात्रा काफ़ी सुर्खियों में है
    • Author, उबैद मलिक
    • पदनाम, बीबीसी उर्दू, इस्लामाबाद
  • प्रकाशित 6 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मामलों के केंद्रीय मंत्री मोसद्दिक़ मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे तो उनकी यात्रा को लेकर दोनों देशों में चर्चा लगातार जारी है.

कुछ लोग इसे भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में सुधार की उम्मीद के तौर पर देख रहे हैं. हालांकि, कई विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा से दोनों देशों के संबंधों में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए मोसद्दिक़ मलिक ने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा पूरी तरह एससीओ के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता से जुड़ा है. इस दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी द्विपक्षीय मुद्दे पर बातचीत नहीं हुई.

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान हमेशा से दोनों देशों के बीच विवादों को बातचीत के ज़रिए सुलझाने की बात करता रहा है. उनके मुताबिक़, "आतंकवाद के मुद्दे पर दोनों देशों को सबूतों के आधार पर बातचीत करनी चाहिए."

मोसद्दिक़ मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे थे. उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन के पहले 'डायलॉग ऑफ़ सिविलाइज़ेशंस' में हिस्सा लिया.

कार्यक्रम के पहले दिन पाकिस्तान के मंत्री मुसद्दीक मलिक, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य मेहमान

इमेज स्रोत, @Team_Musadik

इमेज कैप्शन, कार्यक्रम के पहले दिन पाकिस्तान के मंत्री मुसद्दीक मलिक, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य मेहमान

बिलावल भुट्टो ज़रदारी की मई 2023 की भारत यात्रा और मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले सैन्य संघर्ष के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री ने पहली बार भारत का दौरा किया.

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मोसद्दिक़ मलिक ने कहा कि 'आतंकवाद के मुद्दे पर होने वाली किसी भी बातचीत का आधार सबूत और ठोस तथ्य होने चाहिए.'

उन्होंने कहा, "पाकिस्तान इस मुद्दे पर द्विपक्षीय या बहुपक्षीय मंच पर अपने सबूत पेश करने के लिए तैयार है. पाकिस्तान चाहता है कि क्षेत्र में आतंकवाद ख़त्म करने के लिए सभी देश मिलकर प्रयास करें."

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • FSSAI

  • भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ नेपाल के पीएम बालेन शाह

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • सितंबर 2026 में भारत मंडपम में जेम्स एंड ज्वेलरी फ़ेयर के दौरान ली गई एक तस्वीर

समाप्त

कुछ लोग मोसद्दिक़ मलिक की इस यात्रा को दोनों देशों के बीच राजनयिक रिश्तों की बहाली के संभावित संकेत के तौर पर देख रहे हैं.

हालांकि, पूर्व राजनयिकों का कहना है कि फिलहाल इसे द्विपक्षीय संबंधों में किसी बड़ी कामयाबी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.

दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोसद्दिक़ मलिक ने कहा कि पाकिस्तान ख़ुद आतंकवाद का सामना करता रहा है. इसलिए इस मुद्दे पर एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय ठोस सबूतों और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर बात होनी चाहिए.

मोसद्दिक़ मलिक ने कहा कि आतंकवाद और चरमपंथ का असर पूरे क्षेत्र पर पड़ा है और पाकिस्तान के हज़ारों नागरिक भी इसका निशाना बने हैं. उनके मुताबिक, 'आतंकवाद को ख़त्म करना पाकिस्तान के अपने हित में है.'

'यह यात्रा सांस्कृतिक संवाद तक ही सीमित थी'

इमेज स्रोत, @Team_Musadik

इमेज कैप्शन, मलिक दिल्ली के क़ुतुब मीनार भी पहुंचे

पाकिस्तान के पूर्व राजदूत एजाज़ चौधरी और इमरान अली का मानना है कि मोसद्दिक़ मलिक का भारत दौरा सिर्फ़ एससीओ के 'डायलॉग ऑफ़ सिविलाइज़ेशंस' में हिस्सा लेने तक सीमित था. इसे भारत और पाकिस्तान के द्विपक्षीय संबंधों में किसी प्रगति के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.

बीबीसी उर्दू से बातचीत में एजाज़ चौधरी ने कहा कि यह दौरा एक बहुपक्षीय सम्मेलन के सिलसिले में था, न कि भारत और पाकिस्तान के आपसी रिश्तों को लेकर.

उनके मुताबिक़, पाकिस्तान ने ऐसे संवाद में हिस्सा लेने का फ़ैसला किया और यह सही क़दम था, क्योंकि एससीओ के साथ संपर्क बनाए रखना ज़रूरी है.

उन्होंने कहा कि भारत ने साफ़ कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ संबंधों को लेकर उसके रुख़ में कोई बदलाव नहीं आया है. वहीं, पाकिस्तान ने भी इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों में सुधार के तौर पर पेश नहीं किया है.

इसलिए इस दौरे को एससीओ के दायरे में ही देखा जाना चाहिए और इसके दूसरे मतलब नहीं निकाले जाने चाहिए.

एजाज़ चौधरी की बात से सहमति जताते हुए पूर्व राजदूत इमरान अली ने भी कहा कि मोसद्दिक़ का भारत दौरा सिर्फ़ एससीओ के मंच पर हिस्सा लेने तक सीमित था. इसके अलावा इस यात्रा का कोई दूसरा पहलू नहीं था.

दोनों देशों के रिश्तों में सुधार को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं और बयानों के बारे में पूछे जाने पर इमरान अली ने कहा कि फिलहाल द्विपक्षीय संबंधों को लेकर दोनों पक्षों के रुख़ में कोई नरमी नहीं दिख रही है.

उनके मुताबिक़, ट्रैक टू या बैकडोर डिप्लोमेसी के ज़रिए दोनों देशों के बीच संपर्क जारी रह सकता है. हाल के दिनों में ऐसी ख़बर भी आई थी कि पाकिस्तान के एक पूर्व राजदूत ने भारत का दौरा किया था.

हालांकि, उन्होंने कहा कि अब तक ऐसी कोई बड़ी प्रगति नहीं दिखी है जिससे यह लगे कि भारत की बीजेपी सरकार भी दोनों देशों के रिश्ते सुधारने की इच्छुक है.

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, मोसद्दिक़ मलिक की पत्नी दिल्ली हाट में

इमरान अली का कहना है कि अगर एक पक्ष बातचीत के लिए सकारात्मक बयान देता है और दूसरा पक्ष सख़्त रुख़ अपनाता है, तो देश की संप्रभुता और गरिमा बनाए रखना ज़रूरी है.

उन्होंने कहा कि कई लोग उनके इस रुख़ से सहमत नहीं होंगे. वे चाहेंगे कि बातचीत जारी रहे और दोनों देशों के रिश्ते बेहतर हों. लेकिन उनके मुताबिक़, पाकिस्तान के सम्मान और गरिमा को बनाए रखना भी उतना ही अहम है.

दूसरी ओर, एजाज़ चौधरी ने कहा कि भारत वैश्विक ताक़त बनना चाहता है, लेकिन इसके लिए उसे क्षेत्र के दूसरे देशों को भी साथ लेकर चलना होगा.

उनका कहना था कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत में रुकावट भारत की ओर से है, पाकिस्तान की ओर से नहीं.

मोसद्दिक़ की भारत यात्रा पर सोशल मीडिया में क्या चर्चा हो रही है?

इमेज स्रोत, @Team_Musadik

इमेज कैप्शन, मोसद्दिक मलिक ने दिल्ली में ताजिकिस्तान की संस्कृति मंत्री से मुलाक़ात भी की

पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्तों, कूटनीति, आतंकवाद और आपसी सहयोग की ज़रूरत को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं.

कुछ भारतीय यूज़र्स ने इस यात्रा को कूटनीतिक रिश्तों के महत्व से जोड़कर देखा और पाकिस्तान के साथ बातचीत फिर से शुरू करने की ज़रूरत बताई.

वहीं, पाकिस्तान के कुछ यूज़र्स ने मोसद्दिक़ मलिक की भारत यात्रा और उनकी बातचीत को कूटनीतिक कामयाबी बताया.

सोशल मीडिया पर हुई चर्चा में कुछ लोगों ने यह भी कहा कि दोनों देशों को राजनीतिक विवादों से अलग व्यापार और आम लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए. हालिया तनाव के बावजूद बातचीत के रास्ते खुले रखने की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया गया.

भारत और पाकिस्तान के रिश्तों पर क्या बोले विशेषज्ञ और नेता?

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, भारत और पाकिस्तान के मौजूदा रिश्ते पर कई लोगों ने टिप्पणी की

उनका कहना है कि 'आतंकवाद की समस्या 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद शुरू नहीं हुई, बल्कि यह कई दशकों पुरानी है. इसे राजनीतिक और विदेश नीति के मुद्दे के बजाय मुख्य रूप से सैन्य समस्या के तौर पर देखा जाना चाहिए.'

भारत के पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर कूटनीतिक नज़रिए से मोसद्दिक़ की यात्रा पर अपना पक्ष रखा.

उन्होंने कहा, "बहुपक्षीय मंचों की मेज़बानी करना भारत की ज़िम्मेदारी है. किसी पाकिस्तानी मंत्री को आमंत्रित करना या उन्हें इसमें हिस्सा लेने की अनुमति देना भी कूटनीतिक ज़िम्मेदारियों का हिस्सा है."

उन्होंने आगे कहा, "इस यात्रा का सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ता और इसे राजनीतिक या धार्मिक नज़रिए से देखना सही नहीं है."

पाकिस्तान के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीनेटर मुशाहिद हुसैन सैयद का कहना है कि मोसद्दिक़ मलिक ने "भारत में पाकिस्तान और इस्लामी सभ्यता की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक भूमिका का असरदार ढंग से ज़िक्र किया."

उनके मुताबिक़, एससीओ का सांस्कृतिक मंच दोनों देशों को अपने-अपने नज़रिए सामने रखने का अवसर देता है.

इमेज स्रोत, @Team_Musadik

इमेज कैप्शन, दिल्ली दौरे में मोसद्दिक़ मलिक ने पुराने क़िले को भी देखा

भारतीय यूज़र राहुल गुप्ता ने कहा कि पाकिस्तान के साथ मतभेद होने के बावजूद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत फिर से शुरू होनी चाहिए.

उन्होंने व्यापार को घरेलू "राजनीतिक मतभेदों से अलग रखने और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने" की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.

भारत में पाकिस्तान को लेकर चल रही बहस और उसमें लोगों की दिलचस्पी पर टिप्पणी करते हुए पाकिस्तानी सीनेटर शेरी रहमान ने कहा कि "भारतीय मुख्यधारा में पाकिस्तान को लेकर असाधारण रूप से ज़्यादा बहस हो रही है."

उन्होंने इस दिलचस्पी पर तंज़ करते हुए बॉलीवुड का भी ज़िक्र किया.

उन्होंने कहा, "दोनों देशों में कई समानताएं हैं और बेहतर सह-अस्तित्व के लिए उन्हें बातचीत करनी चाहिए."

भारतीय पत्रकार सुशांत सिंह ने कहा कि भारत की सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी मोसद्दिक़ मलिक के भाषण की आलोचना नहीं कर सकती, क्योंकि पाकिस्तानी मंत्री को दिल्ली आने का न्योता भारत ने ही दिया था.

हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान के मीडिया की आलोचना भी की.

उन्होंने कहा, "कूटनीतिक मामलों पर ज़रूरत से ज़्यादा ध्यान देने के बजाय पाकिस्तान को ग़रीबी, बेरोज़गारी, महंगाई, निवेश और आर्थिक विकास जैसे मुद्दों को भी अहमियत देनी चाहिए."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · उबैद मलिक

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira