पीएम मोदी की अपील के बाद क्या लोगों ने सोना ख़रीदना बंद कर दिया, क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट्स
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
- Author, चंदन कुमार जजवाड़े
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
प्रकाशित 10 मिनट पहले
पढ़ने का समय: 8 मिनट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में एक कार्यक्रम में शनिवार को कहा कि उनकी अपील पर लोगों ने सोना ख़रीदना कम कर दिया और लोगों ने उनकी बात मानी, जिसका उनका बड़ा फ़ायदा हुआ.
पीएम मोदी ने कहा, मैंने एक साल पहले कहा था कि मैं देशवासियों से आग्रह करता हूं कि एक साल के लिए अगर ज़रूरत न हो तो कृपया कर सोना मत ख़रीदिए, गोल्ड मत ख़रीदिए."
उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि अगर लाल बहादुर शास्त्री ने देशवासियों से कहा था कि एक बार खाना छोड़ दें, तो देश के लोगों ने उनकी बात को माना था. देशवासियों ने मेरी बात मानी और गोल्ड के दाम टूट गए. आज देश के लोग कह रहे हैं कि मोदी जी, मैंने आपकी बात मानी. मेरे पैसे बच गए."
बीते कुछ हफ़्तों में सोने की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है. भारत में इस साल यानी 2026 की शुरुआत में दस ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1.8 लाख पहुंच चुकी थी, जो फ़िलहाल 1.25 लाख तक गिर गई है.
इस तरह से देखें तो सोने की कीमतों में यह बड़ी गिरावट है. लेकिन क्या भारत में लोगों ने पीएम मोदी की अपील के बाद सच में सोना ख़रीदना बंद कर दिया था.
और क्या सोने के दाम कम होने के पीछे इसकी कम ख़रीदारी भी एक वजह है?
पीएम मोदी ने गोल्ड ख़रीदने को लेकर क्या कहा था
इमेज स्रोत, Indranil Aditya/Bloomberg via Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोना न ख़रीदने को लेकर जो अपील की थी वह दरअसल एक साल पहले का बयान नहीं था. उन्होंने 10 मई 2026 को तेलंगाना के दौरे पर यह बयान दिया था.
सिकंदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की थी.
छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें
सबसे अधिक पढ़ी गईं
समाप्त
उन्होंने कहा था, "सोने की ख़रीद का एक और पहलू है जिसमें विदेशी मुद्रा बहुत खर्च होती है. एक समय था जब संकट आता था तब लोग देशहित में सोना दान दे देते थे. आज दान की ज़रूरत नहीं है लेकिन देशहित में हमें यह तय करना होगा कि सालभर तक घर में कोई कार्यक्रम हो, हम सोने के गहने नहीं ख़रीदेंगे."
"सोना नहीं ख़रीदेंगे. विदेशी मुद्रा बचाने के लिए हमारी देशभक्ति हमें चुनौती दे रही है और हमें यह स्वीकार करके विदेशी मुद्रा बचानी होगी."
सोने की कीमत में गिरावट
इमेज स्रोत, ANI
'द इंस्टीट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ़ इंडिया के पूर्व प्रमुख और आर्थिक मामलों के जानकार वेद जैन ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "सोना भी एक तरह की मुद्रा है. लोग अपने निवेश का भविष्य देखकर इसमें पैसे निवेश करते हैं."
"अमेरिका में ब्याज दरें घटती हैं तो लोग सोने में निवेश करते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उन्हें इसका अच्छा रिटर्न मिलेगा. इसके साथ ही सोने का रेट एक तरह से अपनी ऊंचाई पर पहुंच चुका था. इसलिए अब सोने का रेट गिरा है. अभी लोगों को लग रहा है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ेंगीं तो लोग डॉलर में निवेश की योजना बना रहे हैं."
उनका कहना है, "सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कम हुई है. अमेरिका में यह क़रीब 5500 डॉलर प्रति औंस (क़रीब 31 ग्राम) से गिरकर फ़िलहाल 3500 डॉलर प्रति औंस के क़रीब हो गया है."
वेद जैन का मानना है मध्य-पूर्व के हालात की वजह से तेल की कीमतों पर जो असर हुआ था वह धीरे-धीरे स्थिर हो रहा है. उस जंग की वजह से भारत का रुपया दबाव में था, जो अब कम हो रहा है.
उन्होंने बताया कि इसकी वजह से डॉलर के मुक़ाबले रुपये की कीमत थोड़ी बेहतर हुई है और इसका असर भी सोने की कीमतों पर पड़ा है.
दिल्ली स्थित थिंक टैंक ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) के प्रमुख अजय श्रीवास्तव कहते हैं, "गोल्ड के रेट स्पेक्यूलेशन के कारण बढ़े थे. दिसंबर 2024 में यह 2500 डॉलर प्रति औंस के आसपास था. जो जनवरी 2026 में 5500 डॉलर के पार चला गया."
उनका कहना है, "इसके पीछे डॉलर के कमज़ोर होने की आशंका, मध्य-पूर्व में तनाव बढ़ने की आशंका और डोनाल्ड ट्रंप की नीतिया वगैरह कई वजह थीं, उस समय ईरान युद्ध शुरू नहीं हुआ था. लेकिन चीन और जापान के आर्थिक फ़ैसलों ने डॉलर पर असर डाला जिससे निवेशक अमेरिकी डॉलर से दूर हटने लगे और सोने में निवेश करने लगे."
अजय श्रीवास्तव कहते हैं, "उस दौरान भारतीय रिज़र्व बैंक समेत दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने सोने में निवेश किया."
उनका कहना है, "अब अगर फिर से सोने के भाव कम होने के पीछे स्पेक्यूलेशन भी एक वजह है. निवेशकों को लग रहा है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ सकती हैं तो वे अपना सोना, जिस पर वे काफ़ी मुनाफ़ा काम चुके हैं, उसे बेचकर अमेरिकी ट्रेजरी में निवेश करना चाहेंगे."
इमेज स्रोत, Getty Images
अजय श्रीवास्तव कहते हैं, "हाल के हफ़्तों में एआई स्टॉक की कीमतों में गिरावट की वजह से भी लोग इससे बाहर निकलने के लिए अपना सोना बेच रहे हैं और फिर ईरान युद्ध या मध्य-पूर्व को लेकर आशंकाएं भी कम हुई हैं."
भारत में सोने के दाम में बढ़ोतरी के पीछे एक बड़ी वजह मई 2026 में सरकार की ओर से लगाया गया 15 का टैरिफ़ भी था. इसकी वजह से भारत में सोने के दाम में काफ़ी ज़्यादा बढ़ोतरी देखी गई.
अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में दिसंबर 2024 से जनवरी 2026 के बीच सोने की कीमतों में 111 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि रुपये की कीमत गिरने और टैस्ट की वजह से भारत में यह बढ़ोतरी 132 फ़ीसदी रही.
क्या भारत में लोग कम सोना ख़रीद रहे
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
पीएम मोदी ने शनिवार को दावा किया कि उनकी अपील के बाद लोगों ने कम सोना ख़रीदा.
हालांकि बीते दिनों बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा था कि पूरा यूरोप तीन महीने जितना सोना-चांदी ख़रीदता है, उतना धनतेरस के दिन भारत में लोगों ने एक दिन में ख़रीदकर दिखाया.
अजय श्रीवास्तव कहते हैं, "भारत में सोने की मांग में गिरावट आई, क्योंकि बढ़ती कीमतों के कारण आभूषण खरीदना लोगों के लिए कम किफायती रह गया. आभूषणों, सोने की बार और सिक्कों की कुल मांग साल 2022 में 774 टन, 2023 में 761 टन और 2024 में 803 टन रही. हालांकि, 2025 में इसमें 11 फ़ीसदी की गिरावट आई और यह घटकर 711 टन रह गई."
यानी पीएम मोदी की अपील से पहले बढ़ती कीमतों की वजह से लोगों ने इसकी ख़रीदारी कम कर दी या उनके लिए महगा सोना ख़रीदना संभव नहीं रहा.
अजय श्रीवास्तव कहते हैं, "साल 2025 में आभूषणों की मांग में 24 फ़ीसदी की कमी आई 2026 में भी मांग में गिरावट जारी रही. पहले नौ महीनों में यानी सितंबर 2026 तक दौरान आभूषणों की मांग 18 फ़ीसदी गिरी."
यानी पिछले साल के मुक़ाबले यह गिरावट कम रही, जबकि इसमें त्योहारों के दौरान हुई ख़रीदारी का आंकड़ा शामिल नहीं है.
ज़ाहिर तौर पर इससे आभूषणों की ख़रीदारी के आंकड़ों में बढ़ोतरी ही होगी, क्योंकि भारत में धनतेरस और दिवाली के दौरान लोग सोने-चांदी की काफ़ी ख़रीदारी करते हैं.
इसके साथ ही भारत में आने वाले हफ़्तों में शादियों के दौरान भी आभूषणों की ख़रीदारी बढ़ने की संभावना है, जबिक साल 2024 के दिसंबर महीने की तुलना में अभी भी सोने के दाम क़रीब 34 फ़ीसदी ज़्यादा हैं.
वेद जैन कहते हैं, "भारत में लोगों ने सोना ख़रीदना कम नहीं किया. सोने के प्रति लोगों को लगाव अब भी उतना ही बना हुआ है."
उनका कहना है कि सोने की कीमत गिरने इसकी ख़रीद की मात्रा बढ़ेगी. जबकि सोने के रेट ज़्यादा हों तो भी लोग सोना ख़रीदते हैं, लेकिन उसकी मात्रा (वज़न) कम होती है.
क्या कह रहे हैं लोग
इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस नेता भूपेंद्र गुप्ता ने पीएम मोदी के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "इस देश में श्रेय लेने में वे सबसे आगे रहते हैं. यह बाज़ार की हलचल है, बाज़ार का तरीका है. आपने तो सोना न ख़रीदने की अपील इसलिए की थी कि आपके पास डॉलर नहीं बचे हैं."
कांग्रेस नेता और यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रमुख श्रीनिवास बीवी ने एक्स पर लिखा, "वैसे मोदी जी, सोने के भाव वैश्विक होते है, किसी मुल्क के आधार पर तय नहीं होते, तो क्या आपकी अपील के बाद पूरे विश्व ने सोना खरीदना बंद कर दिया था...?"
जैकी यादव नाम के एक यूज़र ने लिखा, "सोना न खरीदने वाले लोग आज जश्न मना रहे हैं और कुछ लोग तो मोदी जी को धन्यवाद भी दे रहे हैं. अरे भाई गोल्ड का इनवेस्टमेंट लंबे समय के लिए होता है. आज दाम कम हो गए हैं तो कल को इसके दाम बढ़ेंगे भी और हो सकता है उससे कहीं ज़्यादा चला जाए."
वहीं ज्योत्सना यादव नाम के एक यूजर ने लिखा, "मोदी जी आपने ये भी कहा था कि डॉलर और रुपया बराबर कर दूँगा उसका क्या हुआ?"
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
Source: BBC Hindi · चंदन कुमार जजवाड़े
At a glance
- Topic
- World
- Country
- 🇮🇳 IN
- Publisher language
- HI
- Added to Allnira