पति से तलाक़ लिया, लेकिन नहीं छोड़ा साथ: प्यार और ज़िम्मेदारी की अनोखी कहानी

क्रिस ने केवल 21 साल की उम्र में पहले पति ब्रैंडन से शादी की थी.

इमेज स्रोत, Courtesy of Kris Armstrong

इमेज कैप्शन, क्रिस ने केवल 21 साल की उम्र में पहले पति ब्रैंडन से शादी की थी. बीच में क्रिस हैं, बाईं ओर जेम्स और दाईं और हैं ब्रैंडन

प्रकाशित 21 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 8 मिनट

क्रिस आर्मस्ट्रांग की उम्र उस समय 20 साल से कुछ ज़्यादा थी. उनकी शादी को केवल दो साल हुए थे, जब एक दिन उनका फ़ोन बजा.

फ़ोन पुलिस अधिकारी का था. उन्होंने क्रिस को बताया कि उनके पति ब्रैंडन एक भयानक कार हादसे का शिकार हो गए हैं.

क्रिस कहती हैं, "ऐसा लगा जैसे मैं अपने शरीर से बाहर खड़ी होकर यह सब देख रही हूं. जैसे फ़िल्मों में किसी को एक ऐसा फ़ोन आता है, जो उसकी पूरी ज़िंदगी बदल देता है."

क्रिस ने केवल 21 साल की उम्र में ब्रैंडन से शादी की थी.

ब्रैंडन बेहद फुर्तीले और जोश से भरे हुए थे. वह ब्रेकडांस करते थे और स्नोबोर्डिंग के शौक़ीन थे. वह खुलकर अपने प्यार का इज़हार करते और क्रिस के लिए बड़े-बड़े रोमांटिक सरप्राइज़ भी देते थे.

दोनों ने साथ मिलकर अपने भविष्य के लिए कई सपने देखे थे. लेकिन उस एक फ़ोन कॉल के साथ उनकी सारी योजनाएं बिखर गईं.

अस्पताल जाते समय क्रिस ने अपनी मां से पूछा कि अगर ब्रैंडन की मौत हो गई है, तो वह क्या करेंगी.

उन्हें नहीं पता था कि वह अस्पताल के मुर्दाघर में अपने पति के शव की पहचान करने जा रही हैं या किसी दूसरी मंज़िल पर उन्हें ज़िंदा देखेंगी.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उच्छिपिल्लैयार मंदिर में हर बार की तरह दीपक जलाया गया

  • शेख़ हसीना ने कहा है कि वो 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी (फ़ाइल फ़ोटो)

  • वैभव सूर्यवंशी

  • वैभव सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

समाप्त

जब उम्मीद साथ भी दे रही थी और दर्द भी

क्रिस कहती हैं कि अगर वह सिंड्रेला थीं, तो ब्रैंडन उनके प्रिंस चार्मिंग थे.

इमेज स्रोत, Courtesy of Kris Armstrong

इमेज कैप्शन, क्रिस कहती हैं कि अगर वह सिंड्रेला थीं, तो ब्रैंडन उनके प्रिंस चार्मिंग थे

हादसे में ब्रैंडन के दिमाग़ को गंभीर चोट लगी थी और वह कोमा में थे.

हादसे के दो हफ़्ते बाद जब उन्होंने पहली बार आंखें खोलीं, तो उनकी नज़र में किसी को पहचानने का कोई भाव नहीं था.

क्रिस बताती हैं, "वह आपकी ओर नहीं देखते थे. वह बस आंखें खोलते और रात में बंद कर लेते. अगले दिन फिर आंखें खोलते और रात में बंद कर लेते. इसके अलावा उनके शरीर में कोई हरकत नहीं होती थी."

धीरे-धीरे ब्रैंडन की हालत में कुछ सुधार दिखाई देने लगा.

एक बार उन्होंने अपनी और क्रिस की शादी की तस्वीर में क्रिस की ओर उंगली से इशारा किया. एक दूसरे मौक़े पर उन्होंने क्रिस से कहा, "मैं तुमसे प्यार करता हूं."

क्रिस कहती हैं, "वे मेरे लिए अब तक सुने गए सबसे ख़ूबसूरत शब्द थे."

कभी-कभी उन्हें ब्रैंडन के पुराने मज़ाकिया अंदाज़ की झलक भी दिखाई देती थी.

लेकिन हादसे ने ब्रैंडन की सोचने, समझने और याद रखने की ताक़त पर गंभीर असर डाला था. वह कुछ मिनट पहले हुई बात भी भूल जाते थे.

वह अपने हाथ से खाना नहीं खा सकते थे, कपड़े नहीं पहन सकते थे और चल भी नहीं सकते थे.

क्रिस कहती हैं, "उन्हें नहीं पता होता था कि हफ़्ते का कौन-सा दिन है, कौन-सा महीना चल रहा है या कई बार यह भी कि हम कहां हैं. इसलिए मुझे एक ही बात बार-बार दोहरानी पड़ती थी."

शुरुआत में सुधार की कुछ उम्मीद दिखाई दी थी. लेकिन धीरे-धीरे ब्रैंडन ने अपनी व्हीलचेयर ख़ुद चलाने, बोलने और सामान्य बातचीत को समझने की ताक़त भी खो दी.

ब्रैंडन की हर ज़रूरत पूरी करने की कोशिश में लगी क्रिस को धीरे-धीरे एहसास हुआ कि अब उनका रिश्ता बदल चुका है. वह केवल पत्नी नहीं रह गई थीं, बल्कि हर समय उनकी देखभाल करने वाली बन चुकी थीं.

वह कहती हैं, "वह मुझे उसी तरह देखते थे, जैसे कोई छोटा बच्चा अपने माता-पिता को देखता है. वह डर जाते थे या उन्हें किसी चीज़ की ज़रूरत होती थी. अचानक मुझे लगने लगा कि मैं उनकी पत्नी नहीं, मां बन गई हूं."

इमेज स्रोत, Courtesy of Kris Armstrong

इमेज कैप्शन, ब्रैंडन बेहद फुर्तीले और जोश से भरे हुए थे. वह ब्रेकडांस करते थे और स्नोबोर्डिंग के शौक़ीन थे

इसके कुछ दिन बाद डॉक्टर के दस्तख़त वाली एक चिट्ठी आई. इसमें लिखा था कि ब्रैंडन अब कभी काम नहीं कर पाएंगे. उस चिट्ठी ने क्रिस को एहसास करा दिया कि यह स्थिति हमेशा रहने वाली है.

फिर भी उन्होंने तय किया कि वह सब संभाल लेंगी और ब्रैंडन को घर ले आईं. ब्रैंडन की हर समय देखभाल करना बेहद थका देने वाला था. कई बार घर से निकलने से पहले ही क्रिस को उनके कपड़े कई बार बदलने पड़ते थे.

क्रिस के परिवार और दोस्त यह सब देख रहे थे और उन्हें उनकी चिंता होने लगी थी. फिर एक रात क्रिस पूरी तरह टूट गईं.

वह कहती हैं, "मैं उस हालत में पहुंच गई थी, जहां मैं बस बिखर गई. मैंने बहुत ज़्यादा शराब पी ली और एक बाल्टी में उल्टियां कर रही थी. मेरे दोस्त वहां मौजूद थे. वे चर्च के मेरे दोस्त थे."

क्रिस ने उनसे पूछा, "अगर मैं यह सब ठीक से नहीं कर पाई, तो क्या तुम लोग तब भी मुझसे प्यार करोगे?"

आख़िरकार क्रिस इस बात के लिए तैयार हो गईं कि ब्रैंडन को एक नर्सिंग होम में रखा जाए. वहां पहले दिन कर्मचारियों ने दोपहर का खाना कई छोटे-छोटे डिब्बों में दिया.

उन्हें देखकर ब्रैंडन बहुत ख़ुश हुए. उन्हें लगा जैसे वह किसी हवाई जहाज़ में बैठे हों.

उन्होंने कहा, "देखो, कितने सारे छोटे-छोटे डिब्बे हैं. कितने प्यारे हैं."

तलाक़ का फ़ैसला, लेकिन साथ छोड़ने का नहीं

इमेज स्रोत, Courtesy of Kris Armstrong

इमेज कैप्शन, क्रिस और ब्रैंडन की मुलाक़ात चर्च में हुई थी.

ब्रैंडन नर्सिंग होम में रहने लगे. इसके बाद क्रिस ने अपने और ब्रैंडन के रिश्ते के बारे में लंबे समय तक सोचा और प्रार्थना की. आख़िरकार उन्होंने ब्रैंडन से तलाक़ लेने का फ़ैसला किया. लेकिन इसका मतलब यह नहीं था कि वह उनका साथ छोड़ना चाहती थीं.

क्रिस ने तय किया कि वह तलाक़ के बाद भी ब्रैंडन की कानूनी अभिभावक बनी रहेंगी और इसके लिए लड़ेंगी. क्रिस के मुताबिक़, जब उन्होंने ब्रैंडन को तलाक़ के बारे में समझाने की कोशिश की, तो वह उनकी बात नहीं समझ पाए. लेकिन वह इतना समझ सके कि क्रिस उन्हें छोड़कर नहीं जाएंगी.

क्रिस कहती हैं, "मैंने उन्हें भरोसा दिलाया कि मैं हमेशा उनके साथ रहूंगी."

फिर तलाक़ हुआ और तलाक़ के बाद भी ब्रैंडन के साथ उनका रिश्ता नहीं बदला.

वह कहती हैं, "कुछ भी नहीं बदला. मैं पहले की तरह उनसे मिलने जाती रही, उनके साथ उतना ही समय बिताती रही और उनसे उतना ही प्यार करती रही."

लेकिन तलाक़ के बाद भी ब्रैंडन की कानूनी अभिभावक बने रहना आसान नहीं था. इसके लिए क्रिस को लंबी काग़ज़ी कार्रवाई और अदालती प्रक्रिया से गुज़रना पड़ा.

कई वकीलों के लिए यह समझना मुश्किल था कि जो महिला अपने पति से तलाक़ लेना चाहती है, वही तलाक़ के बाद उनकी कानूनी ज़िम्मेदारी भी क्यों लेना चाहती है.

लेकिन क्रिस पीछे नहीं हटीं.

क़रीब एक साल तक उन्होंने ब्रैंडन की देखभाल में अपनी भूमिका का पूरा रिकॉर्ड रखा. वह उनकी हर ज़रूरी मुलाक़ात में जातीं और हर दिन उनसे मिलने पहुंचतीं.

इसके ज़रिए उन्होंने दिखाया कि तलाक़ लेने से ब्रैंडन के लिए उनकी ज़िम्मेदारी और उनका साथ नहीं बदलेगा.

आख़िरकार जब क्रिस को ब्रैंडन की कानूनी अभिभावक बनाए जाने पर सुनवाई हुई, तो उनके किसी दूसरे रिश्तेदार ने इसका विरोध नहीं किया.

क्रिस कहती हैं, "मुझे याद है कि उस समय मैंने कितनी राहत महसूस की थी."

'मुझे लगता है, यह बहुत ख़ूबसूरत है'

इमेज स्रोत, Courtesy of Kris Armstrong

इमेज कैप्शन, समय के साथ जेम्स और ब्रैंडन के बीच अपना अलग रिश्ता बन गया

कई साल बाद पहली बार क्रिस ने अपने भविष्य के बारे में सोचना शुरू किया. वह हमेशा से अपना परिवार और बच्चे चाहती थीं. वह अकेलापन भी महसूस करती थीं.

उन्होंने एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर अपनी प्रोफ़ाइल बनाई. उन्होंने शुरुआत से ही ब्रैंडन के बारे में पूरी सच्चाई बताने का फ़ैसला किया.

जब उनकी मुलाक़ात जेम्स से हुई, तो उन्होंने उन्हें सब कुछ बता दिया.

उन्होंने बताया कि उनके पहले पति ज़िंदा हैं, हादसे में उनके दिमाग़ को गंभीर चोट लगी थी और क्रिस अब भी उनकी कानूनी अभिभावक हैं.

यह सब सुनकर जेम्स पीछे नहीं हटे. बल्कि क्रिस की बात ने उन्हें भावुक कर दिया.

क्रिस याद करती हैं कि जेम्स ने उनसे कहा था, "मुझे लगता है, यह बहुत ख़ूबसूरत है."

क्रिस और जेम्स ने जब एक-दूसरे से मिलना शुरू किया, उसके कुछ समय बाद क्रिस ब्रैंडन को चर्च लेकर गईं. जेम्स भी उनके साथ गए.

क्रिस कुछ देर के लिए वहां से बाहर गईं. जब वह वापस लौटीं, तो उन्होंने देखा कि जेम्स ब्रैंडन के पास बैठे थे. उन्होंने अपना हाथ ब्रैंडन के कंधे पर रखा हुआ था और ब्रैंडन मुस्कुरा रहे थे.

क्रिस हंसते हुए कहती हैं, "उसी समय मुझे लगा, बस अब फ़ैसला हो गया."

इमेज स्रोत, Courtesy of Kris Armstrong

इमेज कैप्शन, फ़िज़ियोथेरेपी के एक सेशन के दौरान ब्रैंडन को सहारा देते जेम्स

समय के साथ जेम्स और ब्रैंडन के बीच अपना अलग रिश्ता बन गया. जेम्स अकेले भी ब्रैंडन से मिलने जाते और उनके लिए स्टारबक्स से उनकी पसंदीदा ड्रिंक लेकर आते थे.

क्रिस और जेम्स ने मिलकर अपनी नई ज़िंदगी बनाई. बाद में उनकी दो बेटियां हुईं. लेकिन ब्रैंडन हमेशा उनके परिवार का हिस्सा बने रहे. क्रिस अब क़रीब 18 साल से उनकी देखभाल कर रही हैं.

वह कहती हैं, "हमारा परिवार है, हमारी बेटियां, मेरा सौतेला बेटा और ब्रैंडन. जब हम अपने परिवार की बात करते हैं, तो ब्रैंडन भी उसका हिस्सा होते हैं."

बच्चों को पता है कि ब्रैंडन कौन हैं और उनके साथ क्या हुआ था.

वे उन्हें 'अंकल ब्रैंडन' कहते हैं, नियमित रूप से उनसे मिलने जाते हैं और परिवार के ख़ास मौक़ों पर उन्हें भी अपने साथ शामिल करते हैं.

कुछ साल पहले परिवार ने साथ मिलकर तस्वीरें खिंचवाई थीं. इन तस्वीरों ने दिखाया कि ब्रैंडन कितनी सहजता से इस परिवार का हिस्सा हैं.

तस्वीरें खिंचवाने से पहले क्रिस ने जेम्स से पूछा था कि क्या वह ब्रैंडन के बिना भी परिवार की कुछ तस्वीरें खिंचवाना चाहते हैं.

जेम्स ने तुरंत जवाब दिया, "नहीं. ब्रैंडन हमारा परिवार हैं. वह हर तस्वीर में रहेंगे."

यह कहानी बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के कार्यक्रम 'लाइव्स लेस ऑर्डिनरी: लव स्टोरीज़' के एपिसोड 'माई टू हज़बैंड्स' पर आधारित है. इसे एमिली नेलर ने प्रोड्यूस किया है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira