न्यूज़ीलैंड में वनडे सिरीज़ जीतकर भी क्यों परेशान हैं गौतम गंभीर, शास्त्री ने भी जताई चिंता

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ चौथे वनडे में मिली करारी हार के बाद बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन पर चिंता जताई थी

इमेज स्रोत, Hannah Peters/Getty Images

इमेज कैप्शन, भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ चौथे वनडे में मिली करारी हार के बाद बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन पर चिंता जताई थी
    • Author, अभिषेक प्रताप सिंह
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित 16 नवंबर 2026

  • पढ़ने का समय: 9 मिनट

न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पाँच मैचों की वनडे सिरीज़ भारत ने 3-1 से जीत ली है. लेकिन इस जीत के बावजूद टीम की बल्लेबाज़ी पर सवाल उठ रहे हैं.

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ चौथे वनडे में मिली करारी हार के बाद बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन पर चिंता जताई थी. अब भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी गंभीर की चिंता को सही बताया है.

13 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेले गए चौथे वनडे में भारतीय टीम सिर्फ़ 89 रन पर ऑलआउट हो गई थी. न्यूज़ीलैंड ने ये मुक़ाबला 244 रन से जीता. इसके दो दिन बाद भारत ने पाँचवाँ वनडे 22 रन से जीतकर सिरीज़ अपने नाम कर ली, लेकिन इस मैच में भी भारतीय बल्लेबाज़ केवल 209 रन बना सके.

ये प्रदर्शन इसलिए भी अहम है क्योंकि 2027 में वनडे विश्व कप खेला जाना है. टूर्नामेंट की मेज़बानी दक्षिण अफ़्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे. गंभीर का मानना है कि न्यूज़ीलैंड में बल्लेबाज़ों को जिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, वे विश्व कप में मिलने वाली चुनौतियों से काफ़ी मिलती-जुलती हो सकती हैं.

89 रन पर कैसे सिमट गई भारतीय टीम?

334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद ख़राब थी

इमेज स्रोत, Michael Bradley / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सिरीज के तीसरे वनडे मुक़ाबले में रनों के अंतर से ये भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार थी

13 नवंबर को बे ओवल में भारत के ख़िलाफ़ न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए थे.

न्यूज़ीलैंड की ओर से विल यंग ने 108 गेंदों में 125 रन की पारी खेली. टिम साइफ़र्ट ने 58 और फ़िन एलन ने 41 रन बनाए.

334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद ख़राब रही.

न्यूज़ीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया. भारतीय टीम का स्कोर तीन विकेट पर शून्य रन हो गया.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • युवावस्था में घोड़े पर सवार डायने शीहान (फ़ाइल फ़ोटो)

  • मोदी और ट्रंप

समाप्त

इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ भी पाँच रन बनाकर आउट हो गए और भारत ने सिर्फ़ नौ रन पर चार विकेट गंवा दिए.

ईशान किशन ने 27 और अक्षर पटेल ने 21 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम 26.4 ओवर में 89 रन पर ऑलआउट हो गई.

मैट हेनरी ने 27 रन देकर छह विकेट लिए. वनडे क्रिकेट में रनों के अंतर से ये भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार थी.

गौतम गंभीर ने बल्लेबाज़ों को लेकर क्या कहा?

इमेज स्रोत, Ayush Kumar/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

इमेज कैप्शन, भारत को मिली हार पर क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने खुलकर बात की

गंभीर ने कहा कि जब कोई टीम लगभग 90 रन पर ऑलआउट हो जाती है, तो चिंता होना स्वाभाविक है.

उनके मुताबिक़, सबसे बड़ी परेशानी सिर्फ़ कम रन बनाना नहीं थी, बल्कि जिस तेज़ी से भारतीय टीम ने अपने विकेट गंवाए, वह ज़्यादा चिंता की बात थी.

गंभीर ने कहा कि भारत को न्यूज़ीलैंड जैसी परिस्थितियों में मानसिक और तकनीकी, दोनों स्तरों पर बेहतर तैयारी करनी होगी.

उन्होंने पहले 10 ओवरों की अहमियत पर भी ज़ोर दिया. गंभीर के मुताबिक़, भारतीय पिचों पर बल्लेबाज़ी के लिए शुरुआती 10 से 15 ओवर अक्सर आसान होते हैं, लेकिन न्यूज़ीलैंड में यही समय सबसे मुश्किल हो सकता है.

गंभीर ने ये भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी गेंद को इस हद तक मुश्किल नहीं माना जाना चाहिए कि बल्लेबाज़ उसका सामना ही न कर सकें. उनके मुताबिक़, मैट हेनरी ने अच्छी लाइन और लेंथ पर गेंदबाज़ी की, लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ों को उसका सामना करने में सक्षम होना चाहिए था.

गंभीर ने दूसरे वनडे का भी ज़िक्र क्यों किया?

इमेज स्रोत, Hannah Peters/Getty Images

इमेज कैप्शन, भारत ने सिरीज़ का दूसरा मैच डकवर्थ-लुईस-स्टर्न यानी डीएलएस नियम के तहत चार रन से जीता था

सात नवंबर को वेलिंगटन में खेले गए बारिश से प्रभावित मुक़ाबले में भारत को 135 रन के लक्ष्य का पीछा करना था,

भारत ने ये मैच डकवर्थ-लुईस-स्टर्न यानी डीएलएस नियम के तहत चार रन से जीता था.

गंभीर ने कहा कि केवल एक मैच में हारने की वजह से बल्लेबाज़ी की कमज़ोरी पर बात नहीं हो रही है. इससे पहले जीते गए मैच में भी सात विकेट गिर जाना चिंता की बात थी.

उनके बयान से स्पष्ट था कि भारतीय टीम को मुश्किल परिस्थितियों में लगातार विकेट गिरने की समस्या का समाधान ढूँढना होगा.

रवि शास्त्री ने गंभीर की चिंता का समर्थन क्यों किया?

इमेज स्रोत, Ranjith Kumar/NurPhoto via Getty Images

इमेज कैप्शन, रवि शास्त्री ने गौतम गंभीर की चिंता से सहमति जताई

न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पाँचवें वनडे में भारत की जीत के बाद पूर्व क्रिकेटर और टीम के कोच रह चुके रवि शास्त्री ने भी बल्लेबाज़ी को लेकर गौतम गंभीर की चिंता से सहमति जताई.

सोनी स्पोर्ट्स पर शास्त्री ने कहा, "गंभीर ने सही कहा था कि न्यूज़ीलैंड की परिस्थितियाँ दक्षिण अफ़्रीका में होने वाले अगले विश्व कप के लिहाज़ से महत्वपूर्ण हैं."

शास्त्री ने कहा कि भविष्य में भारतीय बल्लेबाज़ों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी. उनके मुताबिक़, बल्लेबाज़ों को मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य दिखाना होगा और खेल के ऐसे दौर से निकलना सीखना होगा, जब गेंदबाज़ हावी हों.

उन्होंने कहा कि हर मैच में 300 या 320 रन बनाने के लक्ष्य के साथ नहीं उतरा जा सकता.

शास्त्री के मुताबिक़, कुछ पिचों पर 260 या 270 रन भी मैच जिताने के लिए पर्याप्त हो सकते हैं.

उनकी इस टिप्पणी का मतलब था कि वनडे क्रिकेट में बल्लेबाज़ों को परिस्थितियों के हिसाब से अपनी रणनीति बदलनी होगी.

जहाँ पिच पर तेज़ गेंदबाज़ों को मदद मिल रही हो, वहाँ तेज़ी से रन बनाने के बजाय विकेट बचाकर लंबी साझेदारियाँ करना ज़्यादा अहम हो सकता है.

भारतीय बल्लेबाज़ी के आँकड़े क्या बताते हैं?

इमेज स्रोत, Joe Allison/Getty Images

इमेज कैप्शन, भारत के लिए एक और चिंता घरेलू और विदेशी परिस्थितियों में बल्लेबाज़ी के प्रदर्शन का अंतर है

न्यूज़ीलैंड दौरे पर भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन आँकड़ों में भी दिखाई देता है.

पूरी वनडे सिरीज़ में भारत का कोई भी बल्लेबाज़ कुल 100 रन के आँकड़े तक नहीं पहुँच सका.

सिरीज़ में गेंद की शुरुआती स्विंग और सीम मूवमेंट के सामने दोनों टीमों के बल्लेबाज़ों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

भारत के लिए एक और चिंता घरेलू और विदेशी परिस्थितियों में बल्लेबाज़ी के प्रदर्शन का अंतर है.

चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 के बाद खेले गए मैचों में भारत के मिडिल ऑर्डर ने (चौथे से सातवें नंबर के बल्लेबाज) घरेलू मैदानों पर 12 मैचों में 47.75 की औसत और 110.72 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए.

इसके उलट विदेशी मैदानों पर मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज़ों ने 11 मैचों में सिर्फ़ 24.64 के औसत से रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 79.58 रहा.

ये आँकड़े घरेलू और विदेशी परिस्थितियों में भारत के मध्यक्रम के प्रदर्शन में बड़ा अंतर दिखाते हैं.

श्रेयस अय्यर ने क्यों कहा कि दक्षिण अफ़्रीका और न्यूज़ीलैंड की तुलना नहीं कर सकते?

इमेज स्रोत, Sanka VIDANAGAMA / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, श्रेयस अय्यर ने मौसम और खेल की परिस्थितियाँ पर अपना पक्ष रखा है

सिरीज़ जीतने के बाद अय्यर ने कहा कि न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ़्रीका की परिस्थितियों की सीधे तौर पर तुलना नहीं की जा सकती.

उनके मुताबिक़, दोनों जगह मौसम और खेल की परिस्थितियाँ अलग हो सकती हैं.

अय्यर ने ये भी माना कि न्यूज़ीलैंड में गेंदबाज़ों को मदद मिली और दोनों टीमों के बल्लेबाज़ों के लिए रन बनाना मुश्किल रहा.

हालाँकि उन्होंने ज़ोर दिया कि टीम का सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य सिरीज़ जीतना था और भारत उसे हासिल करने में कामयाब रहा.

अय्यर के मुताबिक़, इस दौरे से हर खिलाड़ी को सीखने का मौक़ा मिलेगा और अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से खेल में बदलाव करना ज़रूरी है.

गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद भारत ने कौन से बड़े ख़िताब जीते?

इमेज स्रोत, Joe Allison/Getty Images

इमेज कैप्शन, गौतम गंभीर इस समय भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख़्य कोच हैं

गौतम गंभीर को नौ जुलाई 2024 को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था.

उन्होंने राहुल द्रविड़ की जगह ली थी, जिनके कार्यकाल में भारत ने 2024 का टी20 विश्व कप जीता था.

गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने अब तक तीन बड़े टूर्नामेंट जीते हैं. इनमें 2025 की चैंपियंस ट्रॉफ़ी, 2025 का एशिया कप और 2026 का टी20 विश्व कप शामिल हैं.

2027 विश्व कप से पहले भारत के सामने क्या चुनौतियाँ हैं?

इमेज स्रोत, Johan Rynners-ICC/ICC via Getty Images

इमेज कैप्शन, 2027 में दक्षिण अफ़्रीका में क्रिकेट विश्वकप आयोजित होगा

न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ जीतने के बावजूद भारत के सामने कई सवाल हैं.

सबसे बड़ा सवाल विदेशी परिस्थितियों में बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन को लेकर है. न्यूज़ीलैंड में तेज़ गेंदबाज़ों के सामने भारतीय बल्लेबाज़ जिस तरह जल्दी-जल्दी आउट हुए, उसने 2027 विश्व कप की तैयारियों पर चर्चा तेज़ कर दी है.

दूसरा सवाल बल्लेबाज़ी क्रम के संतुलन और विकल्पों को लेकर है. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ आख़िरी दो वनडे में शुभमन गिल और केएल राहुल के नहीं खेलने से टीम के शीर्ष क्रम में बदलाव करना पड़ा.

तीसरी चुनौती फ़ील्डिंग की है. सिरीज़ में छूटे कैच और दूसरी ग़लतियों ने दिखाया कि भारत को इस क्षेत्र में भी सुधार करने की ज़रूरत है.

हालाँकि न्यूज़ीलैंड दौरे से भारतीय गेंदबाज़ी के लिए सकारात्मक संकेत भी मिले हैं. अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और दूसरे तेज़ गेंदबाज़ों के प्रदर्शन ने दिखाया कि टीम में मुश्किल परिस्थितियों में मुक़ाबले को अपने पक्ष में करने की क्षमता है.

गौतम गंभीर और रवि शास्त्री की टिप्पणियाँ इसी बात की ओर इशारा करती हैं कि 2027 विश्व कप में सफल होने के लिए केवल बड़े स्कोर करना ही काफ़ी नहीं होगा. टीम को मुश्किल पिचों पर विकेट बचाने, परिस्थितियों के मुताबिक़ बल्लेबाज़ी करने और फ़ील्डिंग में मौक़ों का फ़ायदा उठाने पर भी काम करना होगा.

भारत न्यूज़ीलैंड से वनडे सिरीज़ जीतकर लौटा है, लेकिन अगला विश्व कप जीतने की उसकी तैयारियाँ कितनी मज़बूत हैं, इसका जवाब आने वाले मैचों में बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन से ही मिलेगा.

दक्षिण अफ़्रीका और न्यूज़ीलैंड की पिचों में क्या समानता है?

इमेज स्रोत, Christiaan Kotze / AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, विश्वकप टूर्नामेंट दक्षिण अफ़्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है

न्यूज़ीलैंड में भारतीय बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन को लेकर गौतम गंभीर की चिंता की एक वजह 2027 का वनडे विश्व कप भी है. ये टूर्नामेंट दक्षिण अफ़्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है.

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूज़ीलैंड दौरे से पहले कहा था कि वहाँ की परिस्थितियाँ उन दूसरे देशों के मुक़ाबले दक्षिण अफ़्रीका से ज़्यादा मिलती-जुलती हैं, जहाँ भारत को खेलना है.

गिल के मुताबिक़, साल के इस समय न्यूज़ीलैंड का मौसम भी दक्षिण अफ़्रीका में विश्व कप के दौरान मिलने वाली संभावित परिस्थितियों के क़रीब हो सकता है.

दक्षिण अफ़्रीका की पिचों पर मिलने वाली तेज़ी और उछाल का ज़िक्र वहाँ के मुख्य कोच शुकरी कॉनराड ने भी किया है.

कॉनराड ने कहा था कि दक्षिण अफ़्रीका की पिचें पारंपरिक रूप से तेज़ गेंदबाज़ों के लिए अनुकूल रही हैं और उन पर उछाल मिलता है.

हालाँकि कॉनराड ने ये भी कहा कि हाल के दिनों में जोहॉन्सबर्ग के वांडरर्स मैदान पर स्पिन गेंदबाज़ों को भी कुछ मदद मिली है.

भारतीय टीम सात अक्तूबर 2027 को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अपना पहला ग्रुप मैच खेलेगी. इसके बाद दस अक्तूबर को जोहॉन्सबर्ग में पाकिस्तान से उसका मुक़ाबला होगा.

ऐसे में अलग-अलग परिस्थितियों के मुताबिक़ बल्लेबाज़ी करना भारतीय टीम की तैयारियों का एक अहम पहलू होगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · अभिषेक प्रताप सिंह

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira