डीलिमिटेशन लागू होने के बाद सांसदों-विधायकों पर कितना बढ़ जाएगा ख़र्च
इमेज स्रोत, SANSAD TV
- Author, चंदन कुमार जजवाड़े
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
प्रकाशित 40 मिनट पहले
पढ़ने का समय: 6 मिनट
भारत में डीलिमिटेशन बिल यानी परिसीमन बिल को लेकर सियासी चर्चा काफ़ी तेज़ हो गई है.
एक तरफ कांग्रेस समेत कई बीजेपी विरोधी दलों ने साफ़ तौर पर इस बिल का विरोध किया है तो वहीं कई दलों ने सरकार को अपना समर्थन भी दिया है.
केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का एलान किया है. चर्चा है कि इस दौरान मोदी सरकार डीलिमिटेशन बिल पास कराने की कोशिश करेगी.
इस सियासी चर्चा के बीच जो बात स्पष्ट है वह यह कि अगर परिसीमन बिल पारित हो जाता है और नया परिसीमन लागू होता है तो लोकसभा और राज्यों के साथ ही केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभा के सीटों के क्षेत्र में बदलाव आएगा. इन सीटों की संख्या भी परिसीमन के बाद बदल जाएगी.
इमेज स्रोत, centralvista.gov.in
मौजूदा प्रस्तावों के मुताबिक़ अगर डीलिमिटेशन बिल पारित हो जाता है तो इससे लोकसभा सीटों के संख्या 543 से बढ़कर अधिकतम 850 तक हो सकती है.
विपक्षी दलों को एक आरोप यह भी है कि इससे सांसदों के ऊपर सरकार के ख़र्च का बोझ बढ़ेगा.
विपक्ष का आरोप
इमेज स्रोत, ANI
भारत में नए संसद भवन में लोकसभा में 888 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था की गई है.
वहीं उच्च सदन राज्य सभा के 384 सदस्य इसमें बैठ सकेंगे. नए संसद भवन की संयुक्त बैठक के दौरान वहाँ 1272 सदस्य बैठ सकेंगे.
छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें
सबसे अधिक पढ़ी गईं
समाप्त
नए संसद भवन का निर्माण भविष्य में सांसदों की संख्या में वृद्धि को ध्यान में रखकर किया गया है. इसे बनाने में 862 करोड़ रुपये ख़र्च हुए हैं.
भारत में अभी लोक सभा में 543 और राज्य सभा में 245 सीटें हैं.
संजय सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "भारत में जनसंख्या बढ़ी, लेकिन जनता के लिए डॉक्टर, टीचर, स्कूल, अस्पताल और युवाओं के लिए नौकरी नहीं बढ़ाई जा रही. बीजेपी को जिताने के लिए सांसद बढ़ाए जा रहे हैं."
30 नवंबर यानी सोमवार को संसद का विशेष सत्र आयोजित है जिसमें डीलिमेटेशन बिल पेश किया जाएगा.
वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर दावा किया, ""सरकार मंत्रिपरिषद (वर्तमान में 68 मंत्री) पर हर साल करदाताओं के 620 करोड़ ख़र्च करती है. औसतन, प्रत्येक मंत्री पर हर साल करदाताओं के 9.1 करोड़ रुपये ख़र्च होते हैं."
"परिसीमन के बाद मंत्रियों की अधिकतम संख्या 81 से बढ़कर 122 हो सकती है. 41 अतिरिक्त मंत्रियों पर सरकार हर साल अनुमानित 374 करोड़ रुपये और ख़र्च कर सकती है."
अभिजीत दीपके का कहना है कि लोकसभा और मंत्रिपरिषद का विस्तार करने का मतलब केवल इतना होगा कि आम जनता को कुछ भी हासिल नहीं होगा.
दरअसल संविधानिक प्रावधानों के मुताबिक़ मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या लोकसभा या किसी राज्य के मामले में विधानसभा की कुल सीटों के 15 फ़ीसदी से ज़्यादा नहीं हो सकती.
अगर कुल सीटों की संख्या बढ़ेगी तो ज़ाहिर है कि सरकार के पास ज़्यादा लोगों को मंत्री बनाने का अवसर होगा.
कितनी हो जाएंगीं सीटें
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल ने 16 अप्रैल को संसद में तीन बिल पेश किए थे, जिनका मकसद महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना और लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाना है.
मेघवाल ने कहा, "लोकसभा के सदस्यों की संख्या में 50 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी. जिससे लोकसभा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 815 हो जाएगी. इनमें से 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी."
वहीं स्वतंत्र रिसर्च संस्था पीआरएस इंडिया के मुताबिक़ अगर सरकार संविधान संशोधन विधेयक पारित करा लेती है तो इससे लोकसभा में सांसदों की अधिकतम संख्या 850 तक हो सकती है. फ़िलहाल यह संख्या अधिकतम 550 तक है.
अगर परिसीमन लागू होता है तो इससे विधानसभाओं में सीटों की संख्या भी 50% तक बढ़ सकती है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़ फ़िलहाल देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विधायकों की कुल संख्या 4123 है जो 6185 तक बढ़ाई जा सकती है.
मौजूदा समय में राज्यसभा में सीटों की अधिकतम संख्या 250 है.
इस समीकरण में सरकार को एक स्पष्ट फ़ायदा यह होगा कि अगर किसी मसले पर संसद को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक बुलाई गई तो लोकसभा सीटों के आधार पर उसे संयुक्त बैठक में भी पहले के मुक़ाबले ज़्यादा बढ़त मिलेगी.
कितना बढ़ेगा ख़र्च
इमेज स्रोत, ANI
परिसीमन का सरकार के खजाने पर भार स्पष्ट तौर पर बढ़ेगा.
भारत सरकार फ़िलहाल हर सांसद पर हर महीने क़रीब 2,86000 रुपये ख़र्च करती है. यह आंकड़ा सालाना क़रीब 35 लाख रुपये का होता है.
इसमें 124000 रुपये बेसिक सैलरी, 87 हज़ार रुपये संसदीय क्षेत्र भत्ता, ऑफ़िस अलाउंस 75 हज़ार रुपये शामिल हैं.
इनमें मुफ़्त हवाई यात्रा, मुफ़्त ट्रेन यात्रा, सड़क के ज़रिए यात्रा करने पर उसका भुगतान किया जाता है.
सांसदों को हर साल 1.5 लाख मुफ़्त लोकल कॉल करने की सुविधा, वाहन ख़रीदने के लिए 4 लाख रुपये तक का एडवांस, हर साल 4 हज़ार किलोलीटर मुफ़्त पानी, और 50 हज़ार यूनिट मुफ़्त बिजली की सुविधा भी दी जाती है.
अगर परिसीमन के बाद लोकसभा सांसदों की संख्या 850 तक हो जाती है तो इससे हर महीने सरकार का ख़र्च 186 करोड़ रुपये से बढ़कर 291 करोड़ हो जाएगा.
ज़ाहिर तौर पर अगर सांसदों की संख्या बढ़ेगी तो उनके लिए सरकारी आवास, सुरक्षा और अन्य व्यवस्था की भी ज़रूरत पड़ेगी.
लोकसभा या विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने का एक बड़ा असर चुनावी ख़र्चों पर भी हो सकता है.
विधायकों पर ख़र्च
जहां तक विधायकों की बात है तो उन्हें अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग वेतन और भत्ते मिलते हैं. विधायकों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर उन पर होने वाला ख़र्च भी काफ़ी बढ़ जाएगा.
दिल्ली में विधायकों को 15 हज़ार रुपये हर महीने सेक्रेटेरियल असिस्टेंस के तौर पर दिया जाता है. साथ ही हर विधायक को 10 हज़ार रुपये का टेलीफ़ोन भत्ता दिया जाता है. उन्हें 10 हज़ार रुपये परवहन भत्ता भी मिलता है.
1500 रुपये का दैनिक भत्ता भी मिलता है.
दिल्ली में विधायकों को एक बार में एक लाख रुपये अलग से दिए जाते हैं जो कि लैपटॉप, कम्प्यूटर, प्रिंटर, मोबाइल वगैरह ख़रीदने के लिए होता है.
दिल्ली में हर विधायक को ख़ुद या परिवार के साथ ट्रैवल के लिए हर साल अधिकतम एक लाख रुपये भी दिए जाते हैं.
इसके अलावा विधायकों पर हर महीने बिजली और अन्य सुविधाओं पर सरकार की ओर से ख़र्च किए जाते हैं.
विधायकों को स्वास्थ्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाती हैं. साथ ही वे डेटा एंट्री ऑपरेटर के लिए हर महीने 1 लाख रुपये तक क्लेम कर सकते हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
Source: BBC Hindi · चंदन कुमार जजवाड़े
At a glance
- Topic
- World
- Country
- 🇮🇳 IN
- Publisher language
- HI
- Added to Allnira