डीलिमिटेशन बिल: क्या इस बार पास करा पाएगी मोदी सरकार, क्या कहता है गणित?

अमित शाह और नरेंद्र मोदी

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है

प्रकाशित 2 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 7 मिनट

केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का एलान किया है. चर्चा है इस दौरान मोदी सरकार डीलिमिटेशन बिल पास कराने की कोशिश करेगी.

हालांकि रिजिजू ने किसी विशेष एजेंडे का नाम नहीं लिया है और एक्स पर जारी बयान में विशेष सत्र का मक़सद 'ज़रूरी सरकारी कामकाज निपटाना' बताया है.

विपक्षी इंडिया गठबंधन की साझेदारों में से एक एनसीपी (शरद पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने दो दिन पहले ये बयान देकर इस चर्चा को और हवा दे दी कि 'अगर यह देश के हित में होगा तो उस पर भी एकमत हुआ जा सकता है." हालांकि उन्होंने कहा कि 'हमें अभी तक कुछ नहीं पता, पहले बिल आने दीजिए.'

नए बिल पेश किए जाने की ख़बरों के बीच इस पर चर्चा तेज़ हो गई है कि क्या संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए बीजेपी के अगुवाई वाले सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए के पास दो तिहाई बहुमत है, क्योंकि इसी साल अप्रैल में हुए मतदान में दो तिहाई बहुमत न होने से यह बिल पास नहीं हो पाया था.

केंद्रीय संसदीय मंत्री के मुताबिक़, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की दो नवंबर को बैठक होगी और तीन दिसंबर को इस विशेष सत्र का समापन हो सकता है.

विपक्षी नेताओं ने दावा किया है कि भले ही एजेंडा घोषित नहीं किया गया है लेकिन 'इस विशेष सत्र में डीलिमिटेशन बिल लाया जाएगा.'

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने सरकार पर 'संसद चोरी' का आरोप लगाया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "इसमें कोई शक नहीं है कि उनका परिसीमन विधेयक संसद की चोरी की एक कवायद से ज़्यादा कुछ नहीं होगा. हम इसे पारित नहीं होने देंगे."

अप्रैल में क्या हुआ था?

संसद

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, बीते अप्रैल में डीलिमिटेशन बिल संसद में पास नहीं हो पाया था

महिला आरक्षण क़ानून और डीलिमिटेशन से जुड़ा 131वां संवैधानिक संशोधन विधेयक 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में गिर गया था.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • डॉली वडालिया

  • कई दशकों से पेड़ों की कटाई और खनन के कारण ब्राज़ील के अमेज़न वर्षावन में रहने वाले आवा आदिवासियों को अपना इलाक़ा छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है.

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • स्टालिन

समाप्त

संसद में महिलाओं को 33 फ़ीसदी आरक्षण देने वाले क़ानून में संशोधन और डीलिमिटेशन से जुड़े बिलों के समर्थन में जब मतदान हुआ तो पक्ष में 298 मत पड़े जबकि इसके विरोध में 230 मत पड़े. 11 सांसद अनुपस्थित रहे थे.

संविधान संशोधन विधेयक पारित करने के लिए लोकसभा में कम से कम दो तिहाई बहुमत होना चाहिए. बीते अप्रैल में लोकसभा में 528 सदस्य थे और विधेयक पारित कराने के लिए 352 वोटों की ज़रूरत थी. यानी बिल को पास कराने में 55 वोट कम थे.

इसके बाद सरकार ने परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े दो अन्य विधेयकों को भी आगे नहीं बढ़ाया.

लेकिन इस बार मोदी सरकार नए सिरे से इस विधेयक को संसद में ला सकती है और वह इसे पास करने की पुरजोर कोशिश करेगी.

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, केंद्र सरकार को दो-तिहाई बहुमत मिलने का भरोसा इसलिए है, क्योंकि पहले इंडिया गठबंधन का हिस्सा रही डीएमके की ओर से इस बिल के समर्थन के संकेत मिले हैं.

अख़बार ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि डीएमके चाहती है कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में मौजूदा करीब 7.2 फ़ीसदी हिस्सेदारी बरकरार रखने की गारंटी दी जाए.

मौजूदा गणित क्या कहता है?

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके ने राज्य के हितों की शर्त पर बिल का समर्थन करने के संकेत दिए हैं

अभी लोकसभा में कुल 540 सांसद हैं. ऐसे में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 360 पर पहुँचता है. लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को 293 सीटें मिली थीं.

लेकिन तृणमूल कांग्रेस के 20 बाग़ी सांसदों के अलग होने और एनडीए को समर्थन घोषित कर देने से यह आंकड़ा बदला है.

इसी साल जून में उद्धव ठाकरे की शिव सेना के छह सांसदों ने पाला बदल लिया और शिंदे गुट में आ गए, जो पहले से ही एनडीए के सहयोगी हैं. इस तरह एनडीए की संख्या बढ़कर 319 हो गई थी.

डीएमके ने पिछली बार डीलिमिटेशन बिल का विरोध किया था. लेकिन इस बार उसने समर्थन देने के संकेत दिए हैं.

शुक्रवार को डीएमके के प्रवक्ता टीकेएस एलानगोवन ने एएनआई से कहा, "अगर यह (नया) विधेयक हमें स्वीकार्य होगा, तो हम इसका समर्थन करेंगे. पहले विधेयक आने दीजिए."

लोकसभा में डीएमके के 22 सांसद हैं. तमिलनाडु में हार के बाद कांग्रेस के अलग हो जाने से डीएमके ने इंडिया गठबंधन का साथ छोड़ दिया.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक , डीएमके के एक नेता ने माना कि सरकार ने उनसे संपर्क किया था और अगर तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में मौजूदा करीब 7.2 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार रखने की गारंटी मिलती है, तो पार्टी परिसीमन का समर्थन कर सकती है.

एनसीपी (शरद पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने बिल के समर्थन के संकेत दिए थे हालांकि शुक्रवार को उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. लोकसभा में पार्टी के आठ सांसद हैं.

सुप्रिया सुले ने पत्रकारों से बात करते बीते बुधवार को कहा था, "विपक्ष ने अतीत में कई मुद्दों का समर्थन किया है, जैसे पहलगाम मामला, जीएसटी बिल, महिला आरक्षण का बिल हमने एकमत से पास किया. देश हित में चर्चा होनी चाहिए."

अगर लोकसभा में मंजूरी मिल जाती है तो विधेयक को राज्यसभा की बैठक में पेश किए जाने की उम्मीद है. 245 सदस्यों वाली राज्य सभा में एनडीए के 142 सांसद हैं. संविधान संशोधन के लिए 161 सदस्यों का समर्थन जरूरी होगा. ऐसे में सत्तारूढ़ गठबंधन को 19 सांसदों के समर्थन की ज़रूरत है.

राज्यसभा में डीएमके के आठ और एनसीपी (शरद पवार) का एक सांसद है. क्षेत्रीय दलों समेत एनडीए से बाहर के दलों के करीब 100 सांसद हैं. बीजेपी को भरोसा है कि वो पर्याप्त संख्या जुटाने में सफल होगी.

विपक्ष ने क्या कहा?

विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेताओं ने डीलिमिटेशन बिल को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार को चेताया है.

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं है, महिला आरक्षण तो पहले से ही क़ानून बन चुका है.

जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "विशेष सत्र का असली मक़सद निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है ताकि लोगों की आवाज़ दबाई जा सके."

उन्होंने सवाल किया, "निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी?

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डीलिमिटेशन बिल को मोदी सरकार की सबसे बड़ी भूल करार दिया है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा."

राष्ट्रीय जनता दल के सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने डीलिमिटेशन के बहाने राजनीतिक पक्षपात करने का आरोप लगाया है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "यह स्पष्ट होना चाहिए कि प्रस्तावित परिसीमन की प्रक्रिया केवल सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है. इससे बड़ी चिंता राजनीतिक मकसद से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करने की आशंका है."

"अगर यह प्रक्रिया संवैधानिक सिद्धांतों और लोकतांत्रिक निष्पक्षता के बजाय राजनीतिक पक्षपात के आधार पर की जाती है, तो इससे प्रतिनिधि लोकतंत्र, संघीय संतुलन और राष्ट्रीय एकता को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है."

ममता बनर्जी गुट की टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने एक्स पर लिखा, "नरेंद्र मोदी सरकार परिसीमन विधेयक ला रही है, जिसका मक़सद भाजपा को सभी निर्वाचन क्षेत्रों का नक़्शा अपने चुनावी फ़ायदे के हिसाब से नए सिरे से तैयार करने का मौका देना है. इसके बाद सरकार दावा कर रही है कि यह सब किसी तरह "नारी शक्ति" या "महिलाओं के प्रतिनिधित्व" के लिए किया जा रहा है."

उन्होंने लिखा, "परिसीमन विधेयक कुछ और नहीं, बल्कि सत्ता पर बेशर्मी से क़ब्ज़ा करने की कोशिश है, जिसे साड़ी में लपेटकर पेश किया जा रहा है. यह न सिर्फ़ भाजपा की लोकतंत्र के प्रति अवमानना को उजागर करता है, बल्कि महिलाओं के प्रति उसकी नफ़रत और अपमानजनक रवैये को भी दिखाता है."

राजनीतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव ने एक्स पर अपना एक लेख साझा करते हुए लिखा, "अप्रैल में भाजपा की पहली कोशिश को विपक्ष नाकाम कर चुका है. अब विपक्ष को सत्तारूढ़ दल की दूसरी रणनीति यानी प्लान बी का मुकाबला करने की तैयारी करनी होगी. इसके तहत राज्यों की लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी नहीं बदली जाएगी, बल्कि चुनावी नक्शे को इस तरह नए सिरे से तैयार किया जाएगा, जिससे भाजपा को लंबे समय तक चुनावी फायदा मिलता रहे."

"असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन के जरिए सत्तारूढ़ दल को बड़े चुनावी फायदे मिलने की झलक पहले ही दिख चुकी है. इसे चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में इस तरह बदलाव करने की प्रक्रिया कहा जाता है, जिससे किसी खास पार्टी को फ़ायदा पहुंचे. इसे गेरिमैंडरिंग (चुनावी क्षेत्र की सीमा को जानबूझ कर बदलना) कहते हैं."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira