ट्रंप के टैरिफ़ लगाने को कैसे देख रहे हैं एक्सपर्ट, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्या पड़ेगा असर?

मोदी और ट्रंप

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित 2 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 8 मिनट

अमेरिका ने भारत समेत कई देशों पर नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है, जिसके बाद एक बार फिर से टैरिफ़ वॉर तेज़ होने की आशंका गहरा गई है.

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) ने मैन्युफ़ैक्चरिंग में ज़रूरत से अधिक उत्पादन के लिए सेक्शन 301 की जांच के बाद टैरिफ़ का ये प्रस्ताव दिया गया है.

अमेरिका ने भारत की 'मेक इन इंडिया' जैसी प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग योजनाओं को भी निशाने पर लिया है. प्रस्ताव के मुताबिक़, भारतीय सामानों पर 25% तक टैरिफ़ लगाया जा सकता है.

हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने की स्थिति में यह दर घटकर 17% किए जाने का भी प्रस्ताव दिया गया है. इस बीच, भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने अमेरिकी जांच में लगाए आरोपों का खंडन किया है.

भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "इस नोटिस पर फ़िलहाल विचार किया जा रहा है. जांच शुरू करने के नोटिस के जवाब में और उसके बाद हुई कार्यवाही में वाणिज्य विभाग ने कहा था कि भारत के किसी भी सेक्टर में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है."

मंत्रालय ने कहा, "ट्रेड डील को लेकर बातचीत चल रही है. भारत का रुख़ रहा है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इन वार्ताओं के दायरे में ही किया जाना चाहिए."

बयान के अनुसार, "भारत सरकार भारत-अमेरिका ट्रेड डील को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है."

यूएसटीआर ने भारत की 'मेक इन इंडिया' और दूसरी मैन्युफ़ैक्चरिंग योजनाओं पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि इन योजनाओं से भारत की औद्योगिक क्षमता में ऐसी बढ़ोतरी हुई है, जिसे अमेरिका ने 'अनुचित' बताया है और इसे अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए नुक़सानदायक माना है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • ज़ीशान अली

  • शेख़ हसीना

  • आज़म ख़ान

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

समाप्त

भारतीय उद्योगों पर क्या पड़ेगा असर?

अमेरिकी बयान

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

अमेरिका की ओर से नए टैरिफ़ लगाने के एलान पर फिक्की-सीएमएसएमई की अध्यक्ष हरजिंदर कौर तलवार ने इसे भारतीय उद्योगों के लिए चिंताजनक बताया है.

हरजिंदर कौर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "भारत और अमेरिका अहम रणनीतिक और कारोबारी साझेदार हैं और दोनों देशों के बीच बड़े स्तर पर व्यापार होता है. भारत व्यापार समझौता चाहता है, लेकिन किसी भी कीमत पर नहीं. हम एक निष्पक्ष व्यापार समझौता चाहते हैं. 25% टैरिफ भारतीय एमएसएमई के लिए बेहद मुश्किल होगा, क्योंकि वे पहले से ही बहुत कम मुनाफ़े पर काम करते हैं."

"हम निश्चित रूप से अमेरिका के साथ व्यापार समझौते का स्वागत करेंगे, बशर्ते यह निष्पक्ष और उचित शर्तों पर आधारित हो. फिक्की-सीएमएसएमई के अध्यक्ष के तौर पर मैं यह सुनिश्चित करने की भी कोशिश करूंगी कि हमारे एमएसएमई तकनीक के मामले में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनें, ताकि वे दूसरे देशों के साथ भी कारोबार कर सकें."

उन्होंने कहा कि भारत ट्रेड डील का स्वागत करता है, लेकिन "सिर्फ़ निष्पक्ष शर्तों पर. निश्चित रूप से 25% टैरिफ़ के साथ नहीं. यह नुकसान पहुंचाने वाला है. हमारे एमएसएमई इसे झेल नहीं पाएंगे."

इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक़, ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) ने भारत को सतर्क रहने और टैरिफ़ में बदलाव के बदले भारत को एकतरफ़ा रियायतें देने से बचने की सलाह दी है.

जीटीआरआई के हवाले से अख़बार ने लिखा, "अगर दूसरे देशों में औद्योगिक क्षेत्र की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता का आकलन करने के लिए अमेरिका जिन मानकों का इस्तेमाल कर रहा है, उनमें से कुछ को अमेरिकी कृषि क्षेत्र पर लागू किया जाए, तो कई कृषि उत्पादों के मामले में अमेरिका के पास भी अतिरिक्त उत्पादन क्षमता होगी."

इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक जीटीआरआई ने भारत सरकार से अपील की है कि वह सिर्फ कम टैरिफ़ हासिल करने के लिए व्यापार समझौता स्वीकार न करे क्योंकि प्रस्तावित टैरिफ़ दरों का मक़सद अमेरिका के व्यापारिक साझेदार देशों से एकतरफ़ा रियायतें हासिल करना है.

ट्रेड डील पर क्या बोले एक्सपर्ट?

इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट्स प्रमोशन काउंसिल (ईईपीसी) इंडिया के अध्यक्ष पंकज चड्ढा ने कम दर वाले प्रस्तावित टैरिफ़ को फ़ायदे का सौदा होने पर शंका ज़ाहिर की है.

उन्होंने एएनआई से कहा, "जैसा कि मैं देख रहा हूं, हमारे पड़ोसी देश बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड, इन सभी पर लगभग 18% टैरिफ़ है. अगर उन पर 18% टैरिफ़ है और ट्रेड डील के तहत हम पर 17% टैरिफ़ लगाया जाता है, तो मुझे यकीन नहीं है कि यह इतना बड़ा फ़ायदा होगा कि हमें ट्रेड डील करना चाहिए."

"अभी इस बारे में कोई फैसला करना जल्दबाज़ी होगी. पहली बात, ये टैरिफ़ जनवरी में ही लागू होंगे. दूसरी बात, भारत के साथ-साथ इन दूसरे देशों के साथ भी बातचीत होगी."

उन्होंने कहा, "अगर अमेरिका के साथ ट्रेड डील नहीं हो पाता है, तभी अमेरिका 25% शुल्क लगाएगा. अगर हम सफलतापूर्वक समझौता कर लेते हैं, तो भारत पर 17% टैरिफ़ लगेगा."

"अगर आप वियतनाम, चीन और बांग्लादेश जैसी प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं को देखें, तो मुझे लगता है कि उन पर हमसे ज्यादा टैरिफ़ है. मुझे लगता है कि यह बातचीत के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक साधन है."

डॉ. मेहता ने कहा, "फ़िलहाल भारत निश्चित रूप से मजबूत स्थिति से ट्रेड डील पर बातचीत करेगा. अमेरिका भारत का बेहद अहम रणनीतिक साझेदार है. अब हमें इस व्यापार समझौते पर जल्द से जल्द बातचीत करने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि हमें सिर्फ़ 17% टैरिफ़ का फ़ायदा मिल सके."

"इस समय हमारे लिए इस व्यापार समझौते पर बातचीत करना और वास्तव में इसे अंतिम रूप देना बेहद ज़रूरी है."

विदेश मामलों के विशेषज्ञ रॉबिंदर सचदेव ने कहा, "निश्चित रूप से टैरिफ़ का ख़तरा अभी भी बना हुआ है. दरअसल, सेक्शन 301 के तहत ऐसे पांच या छह और ख़तरे हो सकते हैं, जिनकी जांच चल रही है या शुरू होने वाली है."

"इनमें पहली जांच जबरन मज़दूरी को लेकर थी. इसी वजह से भारत समेत कई देशों पर 10% से 12.5% तक टैरिफ़ लगाया गया है. अब दूसरी जांच जिस बारे में चर्चा हो रही है, वह अतिरिक्त उत्पादन क्षमता या सरकारों की ओर से अपने स्थानीय उद्योगों को दी जाने वाली सब्सिडी से जुड़ी है. इससे ये उद्योग अमेरिकी उत्पादों के मुकाबले ज़्यादा प्रतिस्पर्धी बन जाते हैं."

उनके अनुसार, "अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर लगाए जाने वाले ये टैरिफ़ भारत, चीन, जापान और यूरोपीय संघ पर भी लागू हो सकते हैं. इसके अलावा डिजिटल टैक्स, समुद्री व्यापार और चावल उत्पादों को लेकर भी टैरिफ़ पर चर्चा हो रही है और जांच चल रही है. इस तरह कम से कम तीन से चार और मुद्दे हैं, जिन पर जांच जारी है."

उन्होंने आशंका जताई, "मुझे समझ नहीं आता कि अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील 99% पूरा कैसे हो गया, जबकि अमेरिकी पक्ष से इस समीकरण का एक हिस्सा पूरी तरह अस्पष्ट है. कम से कम तीन से चार और मुद्दे हैं, जिन पर अतिरिक्त टैरिफ़ लगाए जा सकते हैं."

"जब तक ये टैरिफ़ लगाए जाते रहेंगे या इन मुद्दों पर जांच चलती रहेगी, तब तक हमारे लिए पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं होगी. यह ऐसा है जैसे हम अल्जेब्रा (बीजगणित) का एक समीकरण हल करने की कोशिश कर रहे हों, जबकि सवाल जियोमेट्री का हो."

हालांकि भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर वाणिज्य मंत्रालय में विदेश व्यापार के अतिरिक्त महानिदेशक बिपिन मेनन ने कहा, "फ़िलहाल समझौते को लेकर बातचीत चल रही है."

भारत पर दबाव बनाने की नीति

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, मनीला में क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, पीएम मोदी, जापान की पीएम ताकाइची और ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बानीज़ भी शामिल हुए थे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत के ख़िलाफ़ आर्थिक दबाव बनाने की नीति को लेकर भी चर्चा हो रही है.

अमेरिका की ओर से पिछले साल भारत पर 50% टैरिफ़ लगाए जाने के बाद अब उसने व्यापार समझौते के लिए कम टैरिफ़ का विकल्प रखा है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले साल भारत पर सबसे ज़्यादा टैरिफ़ लगाए थे.

वरिष्ठ पत्रकार सुहासिनी हैदर ने एक्स पर लिखा, "पहले भारत पर सबसे ज़्यादा 50% टैरिफ़ लगाकर दबाव बनाया गया और अब अमेरिका भारत को उसके पड़ोसी देशों और निर्यात प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले 1% कम टैरिफ़ देने की पेशकश कर रहा है. इसके लिए भारत को मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर करने होंगे. ऐसा नहीं करने पर 25% टैरिफ़ लगाने की धमकी दी जा रही है."

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब भारत इस ट्रेड डील को स्वीकार करेगा?

भारत के पूर्व वरिष्ठ राजनयिक अशोक सज्जनहार ने कहा, "अमेरिका के मामले में अनिश्चितता और अप्रत्याशितता अब उसकी पहचान बन गई है. इस संदर्भ में किसी व्यापार समझौते का होना या न होना बहुत कम मायने रखता है. जिन 16 देशों की बात हो रही है, उनमें जापान और यूरोप के कई देशों जैसे वे देश भी शामिल हैं, जिनके अमेरिका के साथ पहले से ट्रेड डील हैं."

"हमें अमेरिकी प्रशासन की ओर से उठाए जा सकने वाले किसी भी कदम के लिए तैयार रहना होगा. यही वजह है कि हम अपने विकल्पों में विविधता ला रहे हैं और जोखिम कम करने की दिशा में काम कर रहे हैं. यह रुझान साफ़ तौर पर दिखाई दे रहा है."

हालांकि ट्रंप प्रशासन को लेकर सिर्फ उन देशों में ही असहजता नहीं है, जिन पर टैरिफ़ लगाने का प्रस्ताव दिया गया है बल्कि अमेरिका में भी बेचैनी है.

हाल ही में हुए मध्यावधि चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटर चक शूमर ने राष्ट्रपति ट्रंप पर निशाना साधा है.

अपने एक्स हैंडल पर उन्होंने लिखा, "डोनाल्ड ट्रंप कभी नहीं सीखते. यहां असली समस्या पैदा करने वाला चीन है, लेकिन समस्या का समाधान करने के बजाय ट्रंप उन्हें शर्तें तय करने दे रहे हैं. साथ ही वे हमारे सहयोगियों को दूर कर रहे हैं और इसकी क़ीमत अमेरिकी परिवारों पर डाल रहे हैं. इससे अमेरिकी कामगारों को बहुत कम फ़ायदा हो रहा है."

उन्होंने आगे लिखा, "जनवरी में बदलाव आने वाला है."

दरअसल उनका संकेत मध्यावधि चुनावों में जीत के बाद सीनेट और हाउस ऑफ़ रेप्रेजेंटेटिव की गणित की ओर था, जिसमें ट्रंप के मुखर आलोचक डेमोक्रेट्स का बहुमत हो जाएगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira