युवावस्था में घोड़े पर सवार डायने शीहान (फ़ाइल फ़ोटो)

इमेज स्रोत, Courtesy of Diane Sheehan

इमेज कैप्शन, युवावस्था में घोड़े पर सवार डायने शीहान (फ़ाइल फ़ोटो)
    • Author, आउटलुक, बीबीसी वर्ल्ड सर्विस
  • प्रकाशित 7 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

दिसंबर 2018 की एक गर्म रात थी. 63 साल की डायने शीहान ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में अपने घर लौटी थीं. वह दोस्तों के साथ डिनर करके आई थीं. घर पहुंचने के बाद वह सोफे पर बैठी ही थीं कि उनके फोन पर एक ईमेल आया.

यह ईमेल एक ऐसे शख्स ने भेजा था, जिसने अपने जन्म का साल और उस अस्पताल का नाम बताया था, जहां उसका जन्म हुआ था. इसके बाद उसने कुछ ऐसा लिखा, जिसने डायने की ज़िंदगी बदल दी. उसने कहा कि उसे लगता है कि डायने उसकी मां हैं.

डायने ने बीबीसी के कार्यक्रम 'आउटलुक' को बताया, "मेरा दिमाग सुन्न पड़ गया था. मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था. मैं सांस भी नहीं ले पा रही थी. कई घंटों तक मेरी यही हालत रही. ऐसा लग रहा था जैसे मैं खुद से बाहर निकल गई हूं."

ईमेल में दी गई सारी जानकारियां सही थीं. डायने ने 1976 में उसी तारीख को उसी अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था. लेकिन उन्हें बताया गया था कि उनका बच्चा मर गया है.

उस समय अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें यही बताया था.

"सेक्स एजुकेशन की नहीं थी जानकारी"

बचपन में बहन के साथ डायने (बाएं) (फ़ाइल फ़ोटो)

इमेज स्रोत, Courtesy of Diane Sheehan

इमेज कैप्शन, बचपन में बहन के साथ डायने (बाएं) (फ़ाइल फ़ोटो)

डायने का जन्म 1950 के दशक में न्यूज़ीलैंड के वेलिंगटन में हुआ था. उनका पालन-पोषण एक कैथोलिक परिवार में हुआ. उन्होंने ननों के स्कूल में पढ़ाई की थी.

डायने बताती हैं कि स्कूल में उन्हें सेक्स एजुकेशन नहीं दी गई थी. उन्हें सिर्फ लड़कों से दूर रहने की सलाह दी जाती थी.

वह कहती हैं, "हमें बस इतना बताया जाता था कि लड़कों के साथ बस में एक सीट पर मत बैठना, वरना प्रेग्नेंट हो जाओगी."

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • मोदी और ट्रंप

  • अनंत सिंह

समाप्त

सेक्स और गर्भनिरोधक के बारे में सही जानकारी नहीं होने के कारण डायने को कभी यह ख्याल नहीं आया कि उन्हें गर्भनिरोधक का इस्तेमाल करना चाहिए.

कनाडा में आया का काम करते हुए उनकी मुलाकात रिक नाम के एक युवा घुड़सवार से हुई थी. दोनों को घोड़ों का शौक था. धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए.

डायने कहती हैं, "वह मेरा पहला प्यार था. वह बहुत ख्याल रखने वाला और दयालु इंसान था. हमारी रुचियां भी एक जैसी थीं. उसे घोड़ों की अच्छी जानकारी थी और वह बहुत अच्छा घुड़सवार था."

दोनों की पहली डेट 'मैकडॉनल्ड्स' में हुई थी.

डायने याद करती हैं, "हमने वहां बर्गर और फ्रेंच फ्राइज खाए. मैंने इससे पहले ऐसी जगह कभी नहीं देखी थी. रिक काफी आत्मविश्वासी और दुनिया को समझने वाला इंसान था. मैं बस उस पल में खो गई थी."

कुछ समय बाद रिक कैलिफोर्निया चला गया. डायने उससे मिलने वहां पहुंचीं. लेकिन कनाडा लौटने के लिए उनकी फ्लाइट छूट गई. इसके बाद उन्हें तुरंत नौकरी से निकाल दिया गया.

नौकरी जाने के साथ ही कनाडा में रहने का उनका अधिकार भी खत्म हो गया. इसलिए उन्हें वहां से जाना पड़ा और वह ऑस्ट्रेलिया चली गईं.

उस समय तक डायने प्रेग्नेंट हो चुकी थीं, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी.

'प्रेग्नेंसी का पता चला तो डर गई'

उस दौर में न मोबाइल फोन थे और न सोशल मीडिया. ऐसे में डायने और रिक का एक-दूसरे से संपर्क टूट गया.

डायने को सिडनी में एक घोड़े के फार्म पर काम मिल गया. यह फार्म एक डॉक्टर और उनकी पत्नी चलाते थे. दोनों के विचार डायने के माता-पिता की तरह ही रूढ़िवादी और कैथोलिक थे.

जब डायने को पहली बार अपनी प्रेग्नेंसी का पता चला तो वह डर गईं.

वह कहती हैं, "मैं खुद इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही थी. मैं इसे शब्दों में भी नहीं कह सकती थी."

उन्हें इस सच्चाई को स्वीकार करने में करीब छह महीने लग गए. इस दौरान उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी की बात सबसे छिपाकर रखी.

डायने ढीले कपड़े पहनती थीं, ताकि किसी को उनके गर्भवती होने का पता न चले.

वह बताती हैं, "मैं बहुत दुबली-पतली थी. फार्म पर काम करती थी और वहां ओवरऑल पहनती थी. इसलिए मेरा पेट आसानी से छिप जाता था."

डायने के मुताबिक, उस समय समाज का रवैया बहुत सख्त था. लोगों की सोच भी काफी रूढ़िवादी थी.

वह कहती हैं, "वे दिन बहुत मुश्किल थे. समाज में एक अविवाहित महिला का मां बनना बहुत बड़ी बात मानी जाती थी. ऐसी महिलाओं को गलत नज़र से देखा जाता था. उन्हें समाज से लगभग अलग कर दिया जाता था."

जब उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो उन्होंने अकेले ही इसे सहने की कोशिश की. लेकिन जब उन्हें उल्टियां होने लगीं तो उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

"बच्चे को जन्म दिया, लेकिन गोद में नहीं लेने दिया"

इमेज स्रोत, Courtesy of Diane Sheehan

इमेज कैप्शन, एमबीए की डिग्री मिलने के बाद डायने शीहान (फ़ाइल फ़ोटो)

डायने के लिए अस्पताल में बच्चे को जन्म देने का अनुभव बेहद दर्दनाक था.

वह बताती हैं, "मुझे याद है कि वहां कोई मुझसे ठीक से बात नहीं कर रहा था. जब वे मेरे बच्चे को मुझसे दूर ले गए तो मुझे नग्न अवस्था में एक टेबल पर छोड़ दिया गया. मुझे बहता हुआ खून याद है. मुझे बहुत ठंड लग रही थी."

उन्हें न तो अपने बच्चे को गोद में लेने दिया गया और न ही यह बताया गया कि बच्चा लड़का है या लड़की.

इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनका बच्चा मर गया है.

डायने ने अगले कई दशकों तक इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताया. उन्होंने न तो रिक को कुछ बताया, न अपने माता-पिता को. यहां तक कि सालों बाद जिस शख्स से उन्होंने शादी की, उसे भी इस बारे में नहीं बताया. उनकी शादी से दो बच्चे हुए, लेकिन उन्होंने उनसे भी यह बात छिपाकर रखी.

डायने कहती हैं, "शायद मैं इसे एक ऐसी घटना मानकर आगे बढ़ना चाहती थी, जिसके बारे में सोचने का कोई मतलब नहीं था. मैं सोचती थी कि अब इसके बारे में बात करने से क्या फ़ायदा. उस समय तक मैं अंदर से काफी टूट चुकी थी."

उन्होंने खुद को काम और पढ़ाई में व्यस्त कर लिया. वह एक पशु चिकित्सक के तौर पर काम करती थीं.

वह बताती हैं, "अगर मेरे पास एक काम होता तो मैं दो-तीन और काम ले लेती थी. मैं खुद को इतना थका देती थी कि रात को बिस्तर पर जाते ही सो जाऊं. मैं इस घटना के बारे में सोचना नहीं चाहती थी. इसलिए खुद को जितना हो सके, व्यस्त रखती थी."

ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने मांगी माफ़ी

इमेज स्रोत, Courtesy of Diane Sheehan

इमेज कैप्शन, डायने की बचपन की फ़ोटो

लेकिन 42 साल बाद एक ईमेल ने उन्हें अपने अतीत का सामना करने के लिए मजबूर कर दिया.

ईमेल भेजने वाला उनका वही बेटा था, जिसके बारे में उन्हें बताया गया था कि उसकी मौत हो गई है. अब उन्हें पता चला कि उनका बेटा ज़िंदा था और उसे किसी दूसरे परिवार ने गोद ले लिया था. उनका बेटा अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करना चाहता.

बाद में डायने को पता चला कि वह ऑस्ट्रेलिया की उन हजारों महिलाओं में से एक थीं, जिन्हें 1950 से 1970 के दशक के बीच जबरन अपने बच्चों को गोद देने के लिए मजबूर किया गया था.

उस समय कैथोलिक चर्च और दूसरी संस्थाएं ऐसी अविवाहित महिलाओं पर दबाव डालती थी, ताकि वे अपने बच्चों को गोद देने के लिए तैयार हो जाएं. इस प्रक्रिया में महिलाओं को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था. मां और बच्चे को जन्म के तुरंत बाद अलग कर दिया जाता था. कुछ मामलों में गोद लेने की प्रक्रिया में नियमों का भी पालन नहीं किया गया.

2013 में ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया कि इन नीतियों की वजह से हजारों परिवारों को नुकसान पहुंचा था. सरकार ने पीड़ित महिलाओं और परिवारों से माफी भी मांगी थी.

डायने के बेटे ने अपने ईमेल में लिखा था कि उसे उनसे कुछ नहीं चाहिए. वह सिर्फ़ अपनी मां से मिलना चाहता था. वह यह भी जानना चाहता था कि क्या भविष्य में दोनों के बीच कोई रिश्ता बन सकता है.

उसने बताया कि उसकी ज़िंदगी अच्छी रही है. उसे गोद लेने वाले माता-पिता ने उसे हर वह चीज दी, जिसकी उसे ज़रूरत थी.

ईमेल में उसने एक और बात बताई. उसने लिखा, "वैसे, आपको बता दूं कि आप दादी भी हैं."

इसके साथ उसने एक छोटी बच्ची की तस्वीर भेजी थी. बच्ची के बाल घुंघराले थे.

डायने कहती हैं कि तस्वीर देखते ही उन्हें यकीन हो गया था कि ईमेल भेजने वाला उनका बेटा ही है.

वह बताती हैं, "जब मैं करीब ढाई या तीन साल की थी, तब की मेरी एक तस्वीर है. मेरी पोती भी उसी उम्र की है. दोनों की शक्ल इतनी मिलती है कि लगता है हम जुड़वां हैं. यह सब देखकर मेरा सिर घूमने लगा था."

42 साल बाद हुई बेटे से मुलाक़ात

इमेज स्रोत, Courtesy of Diane Sheehan

इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया स्थित अपने वेटरनरी क्लिनिक में डायने शीहान

डायने को डर था कि इतने सालों तक छिपाए गए इस राज के सामने आने से उनके परिवार पर क्या असर पड़ेगा. लेकिन उनके पति और बच्चों ने उनका साथ दिया. सभी चाहते थे कि वह अपने पहले बच्चे से मिलें.

इसके बाद डायने अपने बेटे से मिलने सिडनी पहुंचीं. उनका बेटा उन्हें एयरपोर्ट पर लेने आया था.

डायने याद करती हैं, "वह हाथ में सफेद फूलों का छोटा-सा गुलदस्ता लेकर खड़ा था. उसने मुझे गले लगाया. मैं उसे छोड़ना ही नहीं चाहती थी."

इसके बाद वे उसके घर गए. वहां डायने अपने बेटे की पत्नी और बच्चों से मिलीं.

धीरे-धीरे उन्हें यह भी पता चला कि उनके बेटे को गोद लेने वाले माता-पिता को भी सच्चाई नहीं बताई गई थी.

डायने बताती हैं, "उन्हें बताया गया था कि बच्चे की मां उसकी देखभाल नहीं कर सकती. वह चाहती है कि बच्चे को किसी धार्मिक परिवार में गोद दिया जाए. उसने बच्चे का एक खास नाम रखने और उसकी तस्वीरें एक तय पते पर भेजने की भी इच्छा जताई है."

बाद में डायने को पता चला कि उनके बेटे की गोद लेने वाली मां ने उन्हें कई सालों तक चिट्ठियां लिखी थीं.

एक दिन दोनों की मुलाक़ात उनके पोते के स्कूल में हुए एक कार्यक्रम में हुई. वहां उनके बेटे की गोद लेने वाली मां ने डायने की ओर इशारा करते हुए उनके बेटे, बहू और बच्चों की तरफ देखा. फिर उन्होंने कहा, "मुझे यह सब देने के लिए आपका शुक्रिया."

डायने के लिए यह पल बेहद भावुक कर देने वाला था. वह कहती हैं कि उस समय उनके मन में कई तरह की भावनाएं थीं. यह एक ऐसी सच्चाई थी, जिसके साथ उन्हें हमेशा जीना होगा.

इमेज स्रोत, Courtesy of Diane Sheehan

इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया स्थित घर पर घोड़े के साथ डायने शीहान

वह कहती हैं, "मेरा बेटा एक प्यार भरे रिश्ते से पैदा हुआ था. अब जब मुझे सच्चाई पता चली है तो वह दर्द और बढ़ गया है. लेकिन उन लोगों ने मेरे बच्चे को गोद लिया, उसे बड़ा किया और उससे प्यार किया. उन्होंने उसकी हर ज़रूरत का ख्याल रखा. उनके बीच बहुत अच्छा रिश्ता था. वे बेहद अच्छे और सीधे-सादे लोग थे."

आज डायने अपने बेटे और उसके परिवार के साथ रिश्ते को आगे बढ़ा रही हैं. वह कहती हैं कि वह इस घटना को लेकर गुस्से में नहीं रहना चाहतीं.

उनके मुताबिक, "जो कुछ हुआ, उसे मैं बदल नहीं सकती. उस समय इसमें शामिल लोग, समाज के नियम और लोगों की सोच सब अलग थे. मैं अब अपना गुस्सा और ऊर्जा उस अतीत पर खर्च नहीं करना चाहती. मैं उस बच्चे के साथ अपना रिश्ता मजबूत करना चाहती हूं, जिसे मैंने 40 साल से ज्यादा समय तक खोया हुआ समझा."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · आउटलुक, बीबीसी वर्ल्ड सर्विस

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira