'जो बचे हैं संग समेट लो': पाकिस्तान की पहली नेटफ़्लिक्स सिरीज़ पर भारत में बैन की मांग क्यों?

हानिया आमिर

इमेज स्रोत, haniaheheofficial

इमेज कैप्शन, हानिया आमिर
    • Author, उमैर अल्वी
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़ उर्दू के लिए
  • प्रकाशित 3 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

अगले महीने नेटफ़्लिक्स पर पाकिस्तान की पहली ओरिजिनल सिरीज़ 'जो बचे हैं संग समेट लो' रिलीज़ होने जा रही है. इसे पाकिस्तान के फ़िल्म उद्योग के लिए एक बड़ी क़ामयाबी माना जा रहा है.

लेकिन भारत में इस सीरीज़ की रिलीज़ पर बैन लगाने की मांग उठ रही है.

यह सीरीज़ 4 दिसंबर, 2026 को रिलीज़ होगी और दुनिया भर के 191 देशों में उपलब्ध होगी. इसे कई भाषाओं में डब किया गया है.

एमडी फ़िल्म्स के बैनर तले बनी इस सीरीज़ की कहानी मशहूर उपन्यासकार फ़रहत इश्तियाक़ ने लिखी है, जबकि इसका निर्माण और निर्देशन मोमिना दुरैद ने किया है.

इस सीरीज़ के पहले हिस्से में कुल पाँच एपिसोड हैं, जबकि इसमें कुल 13 एपिसोड होने की संभावना है. इसकी कहानी तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द घूमती है.

पाकिस्तानी लेखिका फ़रहत इश्तियाक़ ने 2013 में 'जो बचे हैं संग समेट लो' नाम से एक उपन्यास लिखा था.

क्या है कहानी?

माहिरा और फ़वाद

इमेज कैप्शन, फ़वाद ख़ान और माहिरा ख़ान इससे पहले भी 'हमसफ़र' नाम के ड्रामें में एक साथ दिख चुके हैं. ये दोनों भारत में भी जाने-पहचाने नाम हैं.

इसकी कहानी मुख्य रूप से सिकंदर (अहद रज़ा मीर) और लीसा (इक़रा अज़ीज़) के इर्द-गिर्द घूमती है. सिकंदर हार्वर्ड में क़ानून का छात्र है. वह अपने अतीत से परेशान होकर इटली के रोम शहर चला जाता है, जहां उसकी मुलाक़ात लीसा से होती है.

लीसा एक चित्रकार है और उसका जीवन भी कई उलझनों से घिरा हुआ है.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उच्छिपिल्लैयार मंदिर में हर बार की तरह दीपक जलाया गया

  • शेख़ हसीना ने कहा है कि वो 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी (फ़ाइल फ़ोटो)

  • वैभव सूर्यवंशी

  • वैभव सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

समाप्त

इटली में उनकी मुलाक़ात उनके जीवन को एक अप्रत्याशित मोड़ देती है. ट्रेलर से पता चलता है कि इस ड्रामा की शूटिंग रोम के अलावा कराची, स्कार्दू और लंदन में भी हुई है.

प्यार, रिश्ते और इंसानी जुड़ाव इसकी कहानी के मुख्य विषय हैं, जिन्हें अलग-अलग क़िरदारों और पीढ़ियों के जीवन के ज़रिए दिखाया गया है.

इस सीरीज़ का नाम और इसका मूल विचार फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की एक ग़ज़ल से प्रेरित है. इस लिहाज़ से, कहानी सिर्फ़ प्रेम संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जीवन भर संजोई गई यादों, रिश्तों और अनुभवों को भी शामिल किया गया है

पाकिस्तानी सितारों से सजी सिरीज़

इमेज स्रोत, humtvpakistanofficial

इमेज कैप्शन, 'जो बचे हैं संग समेट लो' सिरीज़ में अहद रज़ा मीर और इकरा अज़ीज़ के साथ फ़वाद ख़ान, माहिरा ख़ान, हानिया आमिर, हमज़ा अली अब्बासी जैसे बड़े सितारे शामिल हैं

इस सीरीज़ की एक ख़ास बात इसमें शामिल पाकिस्तान के कुछ बड़े कलाकारों की टोली है. इसमें अहद रज़ा मीर और इकरा अज़ीज़ के साथ फ़वाद ख़ान, माहिरा ख़ान, हानिया आमिर, हमज़ा अली अब्बासी, सनम सईद, माया अली, आमना शेख़, ख़ुशाल ख़ान, अहमद अली अकबर और बिलाल अशरफ़ भी हैं.

निर्देशक मोमिना दुरैद के बेटे शाह ज़ैन दुरैद इस सीरीज़ से अभिनय की शुरुआत कर रहे हैं. पाकिस्तानी दर्शकों के लिए इस सीरीज़ की एक ख़ास बात फ़वाद ख़ान और माहिरा ख़ान की जोड़ी है.

बीबीसी न्यूज़ उर्दू से बात करते हुए अमीना शेख़ ने बताया कि एक अभिनेत्री के तौर पर वह अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स में व्यस्त थीं, लेकिन निर्माता और बाकी टीम इस सीरीज़ को पूरा करने में जुटी हुई थी. हाल ही में डबिंग के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि इस दौरान कितना काम हो चुका है.

वह कहती हैं, "मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर बहुत ख़ुश और उत्साहित हूं. मुझे ख़ुशी है कि इस सीरीज़ में नज़र आने वाले सभी कलाकारों ने इसके लिए अपना समय दिया. मुझे लगता है कि इस टीम का हर कलाकार इसके लायक़ है."

उनके मुताबिक़, "एक ही प्रोजेक्ट में इतने सारे कलाकारों का एक साथ आना पाकिस्तानी मनोरंजन उद्योग के लिए भी स्वागत योग्य है."

आठ साल की तैयारी, 200 दिन की शूटिंग

इमेज स्रोत, aaminasheikh

इमेज कैप्शन, अमीना शेख़

इस सीरीज़ को बनाने का सफ़र भी काफ़ी लंबा रहा है. मोमिना दुरैद के मुताबिक़, इस प्रोजेक्ट पर काम करने में लगभग आठ साल लगे, जबकि इसकी शूटिंग 200 दिनों तक चली.

वह कहती हैं, "जब इस परियोजना के ज़रिए नेटफ़्लिक्स के दरवाज़े पाकिस्तान के लिए खुलेंगे, तब मुझे गर्व होगा."

उपन्यासकार फ़रहत इश्तियाक़ भी इस मौक़े को अपने काम के वैश्विक प्रदर्शन से कहीं बढ़कर मानती हैं.

वह कहती हैं, "इस समय बहुत ख़ुशी है और साथ ही बहुत डर भी. यह एक बहुत बड़ी और भावनात्मक स्थिति है. मुझे अपने लिए उतनी ख़ुशी नहीं है जितनी अपने देश के लिए है कि अब पाकिस्तानी नाटकों को वैश्विक दर्शक देखेंगे. मैं चाहती हूं कि पाकिस्तान की वह छवि जो दुनिया को जाननी चाहिए, इस नाटक के माध्यम से दुनिया तक पहुंचे."

संगीत और ट्रेलर पर प्रतिक्रिया

इमेज स्रोत, realhamzaaliabbasi

इमेज कैप्शन, हमज़ा अली अब्बासी पाकिस्तान के नामचीन कलाकार हैं

इस सीरीज़ का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जाने-माने संगीतकार रोहैल हयात ने तैयार किया है. वह 80 और 90 के दशक में 'वाइटल साइंस' बैंड के सदस्य थे. बाद में कोक स्टूडियो के शुरुआती और लोकप्रिय दौर में भी उन्हें काफ़ी शोहरत मिली.

रोहैल हयात का इस परियोजना से जुड़ना इसलिए भी अहम है क्योंकि उनका काम पाकिस्तानी संगीत में पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के मेल के लिए जाना जाता है.

सीरीज़ का ट्रेलर और संगीत जारी होने के बाद इसके कलाकारों ने भी इसे सोशल मीडिया पर साझा किया, जहां इस परियोजना को लेकर लोगों ने दिलचस्पी दिखाई.

अभिनेत्री माहिरा ख़ान ने अपने क़िरदार राहत के बारे में एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, "इस क़िरदार का एक हिस्सा उसके जीवन भर उसके साथ रहेगा."

क्या भारत जैसी सफलता मिलेगी?

इमेज स्रोत, iiqraaziz

इमेज कैप्शन, 'जो बचे हैं संग समेट लो में इक़रा' अज़ीज़ भी अहम भूमिका में हैं.

पाकिस्तानी ड्रामे विदेशों में रहने वाले दक्षिण एशियाई दर्शकों के बीच कई साल से लोकप्रिय रहे हैं.

यूट्यूब और सोशल मीडिया ने इनकी पहुंच और बढ़ा दी है. भारत समेत दूसरे देशों में भी पाकिस्तानी ड्रामा के संवादों और किरदारों पर बने वीडियो इस लोकप्रियता की मिसाल हैं.

लेकिन यह लोकप्रियता ज़्यादातर उन लोगों तक ही सीमित रही है जो पाकिस्तानी संस्कृति, भाषा या कलाकारों से पहले से परिचित हैं.

नेटफ़्लिक्स जैसे मंच पर मौजूदगी से उन लोगों तक भी पहुंचना मुमकिन हो सकता है जिन्होंने पहले कभी कोई पाकिस्तानी ड्रामा नहीं देखा है.

वियना स्थित संगीत और प्रदर्शन कला विश्वविद्यालय में स्क्रीनप्ले राइटिंग के प्रोफ़ेसर डॉ. उमैर अहमद ख़ान भारत में नेटफ़्लिक्स के अनुभव का उदाहरण देते हैं.

उनके मुताबिक़, नेटफ़्लिक्स ने भारतीय दर्शकों के लिए स्थानीय कहानियों और सांस्कृतिक विषयों को फ़िल्म निर्माण की एक अलग शैली के साथ पेश किया. इसमें विश्व स्तरीय प्रोडक्शन के मानकों को भी शामिल किया गया. इससे न सिर्फ़ नेटफ़्लिक्स को एक अलग पहचान मिली, बल्कि स्थानीय सामग्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिली.

वे कहते हैं, "जब नेटफ़्लिक्स भारत आया, तो उसने वहां की अनूठी कहानी कहने की शैली को अपनाया और उसे अपने प्रोडक्शन मूल्यों के साथ मिला दिया. शुरुआत से ही उसे बड़े नामों की ज़रूरत नहीं थी. राधिका आप्टे और सैफ़ अली ख़ान जैसे अभिनेता मुख्य भूमिकाओं में थे, लेकिन थिएटर और छोटे मंचों के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने और अपनी पहचान बनाने का मौक़ा दिया गया. यही बात भारतीय नेटफ़्लिक्स को अद्वितीय बनाती है."

डॉ. उमैर अहमद ख़ान का मानना है कि 'जो बचे हैं संग समेट लो' में इतने सारे जाने-माने अभिनेताओं को शामिल करने के बजाय दो या तीन बड़े नामों के साथ सहायक भूमिकाओं में नए और अपेक्षाकृत कम मशहूर कलाकारों को मौक़ा दिया जा सकता था.

उनके मुताबिक़, किसी एक प्रोजेक्ट में बहुत सारे बड़े नामों की मौजूदगी कभी-कभी ज़रूरत से ज़्यादा प्रचार का एहसास कराती है. उनका कहना है कि पाकिस्तानी फ़िल्म उद्योग की असली क्षमता को वैश्विक मंच पर दिखाने के लिए नए कलाकारों को आगे लाना भी ज़रूरी है.

उनका कहना है, "ट्रेलर का प्रोडक्शन अच्छा लग रहा है. इसे ख़ूबसूरत जगहों पर शूट किया गया है, सिनेमैटोग्राफ़ी भी बढ़िया है और अंग्रेज़ी भाषा का इस्तेमाल भी प्रमुखता से किया गया है. लेकिन कहानी कहने के तरीक़े में कुछ कमियां हैं. संवाद स्वाभाविक नहीं लगते और अभिनय भी कुछ जगहों पर बनावटी या बढ़ा-चढ़ाकर किया हुआ लगता है."

उनकी आलोचना से यह सवाल भी उठता है कि क्या पाकिस्तानी ड्रामा उद्योग वैश्विक मंच की मांगों को पूरा करने के लिए सिर्फ़ बड़े बजट, ख़ूबसूरत जगहों और मशहूर कलाकारों पर निर्भर रह सकता है?

डॉ. उमैर अहमद ख़ान के मुताबिक़, भारत के अनुभव से एक सबक़ यह मिलता है कि विश्व स्तरीय प्रस्तुतियों के साथ-साथ स्थानीय कहानियों की पहचान बनाए रखना भी ज़रूरी है.

भारत में प्रतिबंध की मांग

भारत में फ़िल्म उद्योग से जुड़े श्रमिकों, तकनीशियनों और कलाकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए बने संगठन ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर 'जो बचे हैं संग समेट लो' रिलीज़ पर भारत में रोक लगाने की मांग की है.

भारतीय समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह पत्र लिखा है. इसकी प्रतियां नेटफ़्लिक्स इंडिया और भारतीय सूचना मंत्री को भी भेजी गई हैं.

इस पत्र में पाकिस्तानी नाटकों, फ़िल्मों और धारावाहिकों पर स्थायी प्रतिबंध लगाने के लिए क़ानून बनाने की मांग की गई है. साथ ही, 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर भारत में प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है.

पत्र में पुलवामा, पहलगाम और 2008 के मुंबई हमलों का ज़िक्र करते हुए पाकिस्तान पर भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · उमैर अल्वी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira