चीन की 'एआई वंडरलैंड' में पहुंचे ट्रंप-पुतिन समेत दुनिया के कई नेता, जानिए क्यों खास है यह शहर

4 अक्तूबर, 2026 को शेनज़ेन में राष्ट्रीय दिवस की छुट्टी के दौरान रोशनी से जगमगाते भवनों के प्रतिबिंब की तस्वीरें लेने के लिए लोग समुद्र तट पर इकट्ठा हुए और स्मार्टफोन का इस्तेमाल किया.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, चीन के एआई-संचालित "सपनों के शहर" शेनझेन की एक झलक
    • Author, लौरा बिकर
    • पदनाम, चीन संवाददाता
    • ........से, शेनझेन
  • प्रकाशित 5 घंटे पहले

  • पढ़ने का समय: 12 मिनट

27 साल के हुआंग शिहुआ शेनझेन की एक प्रमुख ह्यूमनॉइड रोबोट कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं. दक्षिण-पूर्व में बसा यह शहर चीन के उस हाईटेक भविष्य की शुरुआत के तौर पर पेश किया जाता है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और देश में विकसित तकनीक से संचालित होगा.

यहां ड्रोन आपका खाना पहुंचाते हैं. बिना ड्राइवर वाली टैक्सियां आपको मंजिल तक ले जाते समय सुकून देने वाला संगीत बजाती हैं और रोबोट न सिर्फ आपको कॉफी देते हैं, बल्कि यह भी बताते हैं कि आपकी कॉफी कहां से आई है.

हुआंग कहते हैं, "हमने शेनझेन में एक चमत्कार किया है."

उनके आसपास ह्यूमनॉइड रोबोट कॉफी बना रहे हैं और शतरंज खेल रहे हैं. वह कहते हैं, "पूरे चीन से जोश और सपनों से भरे हुए युवा यहां आए हैं."

चीनी लोग शेनझेन को "सपनों का शहर" कहते हैं. यह नाम इस शहर पर सटीक बैठता है. यह चीन के सबसे अमीर शहरों में से एक है और हांगकांग के करीब है.

यहां बनने वाली चीजों की सूची चीन के विकास की कहानी बयां करती है. पहले कैबेज पैच गुड़िया, फिर टीवी, उसके बाद आईफोन, इलेक्ट्रिक वाहन, ड्रोन और अब रोबोट.

ये रोबोट चीन की नई पीढ़ी को यहां खींचकर ला रहे हैं.

ये युवा इंजीनियर जिन "चमत्कारों" को हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, वे चीन के लिए शी जिनपिंग की महत्वाकांक्षी विजन का अहम हिस्सा हैं.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • मोदी और ट्रंप

  • अनंत सिंह

समाप्त

इस हफ्ते होने वाले वैश्विक आर्थिक शिखर सम्मेलन में यह शहर मुख्य आकर्षण होगा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के नेता व्लादिमीर पुतिन और अन्य नेता यहां पहुंचे हैं.

लेकिन इस चमक-दमक वाले तटीय शहर का एक दूसरा पहलू भी है, जिसे वे नहीं देख पाएंगे.

मिसाल के तौर पर, ऊंची-ऊंची इमारतों के पीछे छिपे शाजिंग और सोंगगांग. कभी दुनिया के इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन का बड़ा हिस्सा यहीं से आता था.

अस्थायी नौकरियों की ओर जाते मज़दूर

हुआंग शिहुआ बोलते समय मुस्कुरा रहे हैं. पृष्ठभूमि में पीले रोबोट दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने एक काली शर्ट पहनी हुई है जिस पर उनकी कंपनी का लोगो सफेद रंग में छपा है.

इमेज कैप्शन, हुआंग का कहना है कि युवा और महत्वाकांक्षी डेवलपर्स ने शेनझेन को एक "चमत्कार" में बदल दिया है

इन इलाकों में काम कर रहे एक मज़दूर ने हमें बताया, "हर किसी को लगता है कि जिंदगी मुश्किल हो गई है. बहुत सी फैक्ट्रियां दूसरी जगह चली गई हैं और मजदूरों की नौकरियां चली गई हैं."

चीन आज भी चीजें बनाने में बेहद कुशल है और शेनझेन इसका सबूत है. लेकिन यह शहर दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की परेशानियों को भी दिखाता है.

प्रॉपर्टी का संकट अभी खत्म नहीं हुआ है. यह चीन के सबसे महंगे शहरों में से एक है, लेकिन यहां भी टैक्सी ड्राइवर हमें बताते हैं कि उनके घर की कीमत अब उसकी मूल कीमत का सिर्फ एक तिहाई रह गई है.

प्रॉपर्टी बाजार की कमजोरी और उपभोक्ताओं के कम खर्च करने की वजह से कई परिवार कम खरीदारी कर रहे हैं. फैक्ट्रियां अब तेजी से निर्यात पर निर्भर हो रही हैं.

कई मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों ने उत्पादन घटा दिया है, कर्मचारियों की संख्या कम कर दी है, ऑटोमेशन अपना लिया है या सस्ते मजदूरों की तलाश में दूसरी जगह चली गई हैं.

इसका नतीजा यह है कि बड़ी संख्या में मजदूर अस्थायी नौकरियों की ओर जा रहे हैं. ये नौकरियां गिग इकॉनमी का हिस्सा हैं, जिनमें अक्सर कम वेतन मिलता है और सुविधाएं भी कम होती हैं.

करीब 40 साल के एक डिलीवरी ड्राइवर कहते हैं, "शेनझेन कोई जादुई जगह नहीं है. कुछ लोग कहते हैं कि शेनझेन में हर जगह सोना बिखरा हुआ है, लेकिन अब ऐसा नहीं है. यह ऐसा शहर नहीं है जहां आकर आप तरक्की कर सकते हैं. अगर आप कड़ी मेहनत नहीं करेंगे, तो आपके पास कुछ नहीं होगा."

वह अपना नाम नहीं बताना चाहते. बीबीसी ने शेनझेन में कई दिन बिताकर चीन की तरक्की के इन दो बिल्कुल अलग पहलुओं को समझने की कोशिश की. एक तरफ एआई की चमकदार संभावनाएं हैं, तो दूसरी तरफ उन मजदूरों की चिंताएं हैं, जिन्हें डर है कि भविष्य में उनके लिए जगह होगी भी या नहीं.

इमेज कैप्शन, शेनझेन में डिलीवरी ड्रोन पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं

डेक्सफोर्स टेक्नोलॉजीज के दफ्तर में बुधवार का दिन सैंडविच और बबल टी का होता है.

लिफ्ट युवा इंजीनियरों और डेवलपर्स से भरी हुई है. वे मुफ़्त में मिलने वाले कार्बोहाइड्रेट और चीनी से भरपूर खाने के लिए सही मंजिल पर जा रहे हैं, ताकि दोपहर में काम करने की ऊर्जा मिल सके.

रास्ते में वे अपनी बनाई चीजों के पास से गुजरते हैं. इनमें इंसान के आकार के पीले रोबोट भी हैं, जिनके हाथ-पैर हर खाली जगह में फैले हुए हैं.

हुआंग कहते हैं, "मुझे यकीन है कि अगले दस साल में रोबोट ख़तरनाक काम अपने जिम्मे लेकर इंसानों की बेहतर सेवा कर सकेंगे."

इन कामों में कॉफी परोसने से लेकर खदानों में काम करने तक की जिम्मेदारियां शामिल हो सकती हैं. भविष्य की इस प्रयोगशाला में रोबोट को इन सभी कामों के लिए ट्रेनिंग दी जा रही है.

यहां मशीनें सीखने के दौरान हाथ-पैर हिलाती हैं, झटके खाती हैं और लड़खड़ाते हुए चलने की कोशिश करती हैं.

शी जिनपिंग चीन को एडवांस्ड टेक्नोलॉजी के मामले में दुनिया का नेतृत्व करते देखना चाहते हैं.

ऐसे में हुआंग की ये बातें वही हैं, जो शी सुनना चाहेंगे. शेनझेन लंबे समय से अवसरों की तलाश करने वालों के लिए एक जगह रहा है, लेकिन हुआंग और उनके साथी इससे कहीं ज्यादा करना चाहते हैं.

वे सिर्फ चीन के मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के दबदबे को जारी नहीं रखना चाहते. वे इसे पूरी तरह बदलना चाहते हैं.

इमेज कैप्शन, डेक्सफोर्स टेक्नोलॉजीज रोबोट बनाने के क्षेत्र में एक बड़ी कंपनी है

हुआंग को लगता है कि एआई न सिर्फ "हमारी जिंदगी को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक" बनाएगा, बल्कि "पूरी दुनिया को एक परिवार, एक वैश्विक गांव में बदलने" में भी मदद करेगा.

उन्हें उम्मीद है कि रोबोट अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया की उभरती अर्थव्यवस्थाओं को भी आगे बढ़ने में मदद करेंगे.

यहां उम्मीद से भरा माहौल उन दूसरे इलाकों की अनिश्चितता से बिल्कुल अलग है, जहां रोबोट कहीं नजर नहीं आते. लेकिन दोनों इलाकों के बीच यह सिर्फ पहला अंतर है.

शहर के हुआंग वाले हिस्से में टेक और फाइनेंस सेक्टर के कर्मचारी सुबह कसरत करने के बाद कॉफी पीते हुए दफ्तर जाते हैं. इस कॉफी की कीमत शायद 30 युआन (करीब 422 रुपये) से भी ज्यादा होती है.

दूसरी तरफ, सड़कों पर स्कूटर तेजी से गुजरते हैं. इन सड़कों पर सामान के ढेर लगे हैं, जिन्हें फैक्ट्रियों के बीच पहुंचाया जा रहा है.

शहर के इस दूसरे हिस्से में दुकानदार 3 युआन (करीब 42 रुपये) से भी कम कीमत में तीखे नूडल्स की पूरी प्लेट बेचते हैं.

लिफ़्ट के लिए आधे घंटे का इंतज़ार

इमेज कैप्शन, शेनझेन के दोनों पहलू कई मायनों में एक दूसरे से बिल्कुल अलग हैं

शहर की सबसे ऊंची इमारतों में से एक के बाहर 50 साल की लू फ़ोन पर बात कर रही हैं. उनके दाएं हाथ में पेन है और बाएं हाथ से वह एक डिलीवरी ड्राइवर से बैग ले रही हैं.

वह अपने सहकर्मी को चार अहम नंबर बताती हैं. ये निर्देश एक दूसरी चीनी महिला के लिए हैं, जो लिफ्ट से डिलीवरी लेकर उसे ऊपर किसी डेस्क पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने का इंतजार कर रही है.

यह एसईजी प्लाजा के बाहर दोपहर के खाने के समय की भागदौड़ है. इस इमारत में 70 मंज़िलें हैं और हज़ारों लोग रहते हैं. लू भी कभी उनमें से एक हैं.

वह कहती हैं, "मैं दूसरी मंज़िल पर एक छोटा कारोबार चलाती थी. मैं सर्किट बोर्ड बेचती थी. लेकिन इन दिनों कारोबार करना बहुत मुश्किल हो गया है और किराया भी बढ़ गया है."

शेनझेन की तुलना अक्सर चीन की सिलिकॉन वैली से की जाती है. यहां नई पूंजी आने के साथ किराये तेजी से बढ़े हैं, जिससे छोटे और पारंपरिक कारोबारों के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं.

50 साल की उम्र में लू को दूसरी नौकरी नहीं मिल रही थी. तभी डिलीवरी ड्राइवर उनके पास एक योजना लेकर आए.

लिफ्ट के इंतजार में आधा घंटा लग सकता है. इस दौरान ड्राइवर का पैसा बर्बाद होता है, क्योंकि वह ज़्यादा से ज़्यादा ऑर्डर पूरे करना चाहता है. ऐसे में लू गिग इकॉनमी की लगातार बदलती व्यवस्था की एक नई कड़ी बन गईं.

वह बताती हैं, "डिलीवरी ड्राइवर खाना इमारत के गेट पर लाते हैं. हम उसे लेकर ऊपर जाते हैं. ड्राइवर हमें हर ऑर्डर के दो युआन देते हैं."

वह लगातार काम में लगी रहती हैं. डिलीवरी ड्राइवरों को हर ऑर्डर के चार से आठ युआन मिलते हैं. ऐसे में लू को उनकी कमाई का एक ठीक-ठाक हिस्सा मिल जाता है.

वह कहती हैं, "दोपहर में खाने के ऑर्डर का सबसे ज़्यादा समय सिर्फ़ दो या तीन घंटे रहता है. अगर वे हमारी सर्विस लेते हैं, तो ज़्यादा ऑर्डर पूरे कर सकते हैं और हम भी कुछ पैसे कमा सकते हैं. लेकिन बाज़ार की हालत खराब है. इन दिनों मैं रोजाना सिर्फ़ 200 (क़रीब 2800 रुपये) युआन के आसपास कमाती हूं."

इमेज कैप्शन, बीच में खड़ी लू ने अपनी नौकरी खोने के बाद डिलीवरी का व्यवसाय शुरू किया

अनुमान है कि चीन के क़रीब 20 करोड़ कामगार अब किसी न किसी तरह के गिग वर्क पर निर्भर है.

शेनझेन के कई डिलीवरी ड्राइवरों ने हमें बताया कि उन्होंने अस्थायी काम इसलिए चुना, क्योंकि पहले के मुक़ाबले फैक्ट्रियों में नौकरियों के मौक़े कम हो गए हैं.

एक ड्राइवर ने हमसे कहा, "हमें हालात के हिसाब से खु़द को ढालना होगा, न कि यह इंतज़ार करना होगा कि हालात हमारी जरूरतों के हिसाब से बदलें."

इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बनाने वाली एक फैक्ट्री के गेट के बाहर कुछ ड्राइवर औद्योगिक सामान की डिलीवरी करने के लिए इंतजार कर रहे हैं.

बाक़ी ड्राइवर भी उनकी बात से सहमत होते हैं. एक अन्य ड्राइवर कहता है कि उसके पास ज़्यादा विकल्प नहीं हैं. "मुझे दो बच्चों की परवरिश करनी है और मैं काम बंद नहीं कर सकता. मेरे पास किसी और चीज के बारे में सोचने का समय नहीं है."

स्थायी नौकरियों में अक्सर सामाजिक सुरक्षा और पेंशन के लिए योगदान देना पड़ता है, जिससे हाथ में आने वाली सैलरी कम हो जाती है. लेकिन गिग वर्क में ज़्यादा नकद पैसा मिलता है और काम के घंटे भी लचीले होते हैं.

जॉब एजेंट ली शियाओहे कहते हैं, "ज़्यादा मजदूर तय और कम अवधि वाली नौकरियां पसंद करते हैं. इससे उन्हें अपनी मर्जी से कभी भी नौकरी छोड़ने की आजादी मिलती है. वे स्थायी कर्मचारी नहीं बनना चाहते."

अब वह फुटपाथों पर ऐसे बोर्ड ज़्यादा लगाने लगे हैं, जिन पर छोटी इलेक्ट्रॉनिक चीजें जोड़ने के लिए फैक्ट्रियों में अस्थायी नौकरियों के विज्ञापन होते हैं. इन नौकरियों में क़रीब 22 युआन प्रति घंटे मिलते हैं.

कई पुरानी दुकानों के शटर बंद हो चुके हैं. यह पारंपरिक मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में मंदी का एक और संकेत है.

ली मानते हैं, "हमारा कारोबार शायद अब उतना अच्छा नहीं चल रहा, जितना पहले चलता था. हम शेनझेन में हो रहे बदलाव के असर को महसूस कर सकते हैं."

मछुआरों का गांव बना तकनीक का शहर

इमेज कैप्शन, अस्थायी नौकरियां दिलाने वाले लेबर एजेंट ली बताते हैं कि अब हालात पहले जैसे नहीं रहे.

इस बदलाव को नज़रअंदाज़ करना मुश्किल है. शहर के समुद्र तट के किनारे बनाए गए एक खास "टैलेंट पार्क" के हरे-भरे परिसर के ऊपर ड्रोन मंडराते हैं.

ड्रोन नीचे आते हैं और इधर-उधर मुड़ते हुए खाना एक खास प्लेटफॉर्म तक पहुंचाते हैं. पर्यटक ड्रोन को खाने के साथ उतरते हुए रिकॉर्ड करते हैं.

कनाडा से आए एक पर्यटक उत्साहित होकर कहते हैं, "यह अद्भुत है. तकनीक वाकई शानदार है. काश, हमारे यहां भी ऐसा होता."

हमारे पांच युआन वाले कॉफी ऑर्डर को पहुंचने में 15 मिनट से थोड़ा ज़्यादा समय लगता है. ड्रोन आसानी से उतरता है और मैं अपना ऑर्डर उठा लेता हूं.

वियतनाम से आए अनले कहते हैं, "मैंने सुना है कि कई साल पहले शेनझेन मछुआरों का एक गांव था. अब यह मछुआरों का गांव नहीं रहा."

इसके बाद वह अपने और अपनी पत्नी के लिए ड्रोन से मिल्क टी मंगवाते हैं. लेकिन ये डिलीवरी शहर की कुछ खास जगहों पर ही हो सकती हैं और स्थानीय समय के मुताबिक़ रात 8 बजे बंद हो जाती हैं.

बिना ड्राइवर वाली कारें भी अभी नई चीज हैं. इन्हें बुक करने के लिए अलग ऐप की जरूरत होती है. ये कारें सफर के दौरान आपको मसाज भी देती हैं.

रात में हज़ारों झिलमिलाती रोशनियों के बीच ड्रोन एक अलग भूमिका निभाते हैं. वे पार्क के ऊपर उड़कर लोगों को चेतावनी देते हैं कि वे नियमों का पालन करें और कोई परेशानी खड़ी न करें.

इमेज कैप्शन, शेनझेन आज भी पूरे चीन से लाखों प्रवासी कामगारों को आकर्षित करता है

14 घंटे काम और रहने को छोटा सा कमरा

चमकती इमारतों से दूर, मजदूर सस्ते हॉटपॉट और सीफूड परोसने वाले रेस्तरां के बाहर प्लास्टिक की मेजों के आसपास इकट्ठा होते हैं.

यहाँ कुछ महंगे रेस्तरां भी हैं, लेकिन उनका कारोबार भी प्रभावित हुआ है. एक रेस्तरां मालिक ने हमें बताया कि कारोबार में 70 फीसदी से ज़्यादा की गिरावट आई है, क्योंकि मजदूर रात के खाने पर ज़्यादा पैसे ख़र्च करने से हिचक रहे हैं.

इनमें से कई लोग दशकों से यहां रह रहे हैं. इनमें 58 साल के मजदूर वू भी शामिल हैं. वह 1990 के दशक में सिचुआन से शेनझेन आए थे.

वह उन लाखों प्रवासी मजदूरों में शामिल थे, जो चीन के गरीब राज्यों से यहां ऊंची इमारतें बनाने आए थे. आज भी ऐसे लोग यहां आ रहे हैं. जिन लोगों से हमने बात की, वे सभी दूसरे इलाक़ों से यहां आए थे. वे अक्सर दिन में 14 घंटे तक काम करते हैं और एक साथ रहते हैं.

इमेज कैप्शन, इस तरह के होस्टल दशकों से मज़दूरों का घर रहे हैं

इन मज़दूरों के लिए कोविड महामारी पहला बड़ा मोड़ साबित हुई. उस दौरान चीन का मैन्युफैक्चरिंग उत्पादन बहुत घट गया था.

वू याद करते हैं, "कोविड के बाद हमारी सैलरी कम से कम एक तिहाई घट गई."

वह आगे कहते हैं, "मैं काम करता रहूंगा. जब तक आप काम करते रहेंगे, आपकी आमदनी होती रहेगी. सैलरी ज़्यादा मिले या नहीं, इससे फर्क नहीं पड़ता."

"अगर अर्थव्यवस्था धीमी होगी, तो हम सबकी रफ्तार धीमी होगी. अगर अर्थव्यवस्था बढ़ेगी, तो हम सबकी हालत बेहतर होगी."

शेनझेन ने अब तक तो 'मेहनत करो और अपनी ज़िंदगी बदलो' वाला अपना वादा निभाया है. लेकिन अब ऑटोमेशन और एआई से बदलते इस शहर में यह पुराना वादा पहले जितना भरोसेमंद नहीं लगता.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · लौरा बिकर

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira