घी, नारियल या मूंगफली तेल, सेहत के लिए क्या अच्छा-एक्सपर्ट्स क्या कह रहे हैं

आईसीएमआर ने खाने में इस्तेमाल होने वाले तेल पर एक अध्ययन किया है

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, आईसीएमआर ने खाने में इस्तेमाल होने वाले तेल पर एक अध्ययन किया है

प्रकाशित 5 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 9 मिनट

खाना पकाने के लिए कौन सा तेल बेहतर है, ये चर्चा घरों में अक्सर होती है. ये ऐसा विषय है जिस पर बहस भी रहती है.

हाल के समय में खाना पकाने के लिए 'नारियल तेल का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है' जैसी बातें सुनने को मिलती है.

'कीटो और पैलियो' जैसे डाइट प्लान में नारियल तेल को विशेष स्थान दिया गया है.

इसी बीच भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के एक अध्ययन ने नारियल तेल और घी के इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

इस अध्ययन के अनुसार, मूंगफली के तेल की तुलना में नारियल तेल और घी का इस्तेमाल करने वाले लोगों में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर अधिक होने की आशंका रहती है.

एलडीएल (लो-डेंसिटी लिपोप्रोटीन) कोलेस्ट्रॉल को 'खराब कोलेस्ट्रॉल' भी कहा जाता है.

आईसीएमआर की स्टडी क्या कहती है?

इस अध्ययन में प्रतिभागियों से खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले तेल के प्रकार के बारे में जानकारी ली गई.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

आईसीएमआर के भारतीय मधुमेह अनुसंधान कार्यक्रम 'ICMR-INDIAB' के अध्ययन में शामिल 18,090 लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया.

इस अध्ययन में प्रतिभागियों से खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले तेल के प्रकार के बारे में जानकारी ली गई.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • सॉफ्ट ड्रिंक्स के साथ फ़्रिज में रखा लाहौरी जीरा

  • सितंबर 2026 में भारत मंडपम में जेम्स एंड ज्वेलरी फ़ेयर के दौरान ली गई एक तस्वीर

  • कुत्ता

समाप्त

इसके बाद उनके कोलेस्ट्रॉल और मेटाबॉलिज्म से जुड़े अन्य स्वास्थ्य मानकों के साथ इसकी तुलना की गई.

मूंगफली के तेल का इस्तेमाल करने वालों की तुलना में अन्य तेलों का इस्तेमाल करने वालों में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल अधिक होने की संभावना इस प्रकार थी:

  • नारियल तेल: 2.89 गुना अधिक संभावना
  • घी या मक्खन: 3.45 गुना अधिक संभावना
  • सूरजमुखी का तेल: 1.49 गुना अधिक संभावना
  • सोयाबीन का तेल: 1.81 गुना अधिक संभावना
  • पाम ऑयल: 1.77 गुना अधिक संभावना

इस अध्ययन के बारे में बताते हुए मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहन कहते हैं, "बहुत से लोग कहते हैं कि नारियल तेल बहुत अच्छा होता है और इससे उम्र बढ़ती है. लेकिन इस दावे के समर्थन में स्पष्ट आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं."

वे आगे कहते हैं, "हाल ही में किए गए ICMR-INDIAB अध्ययन को देखें तो तमिलनाडु में नारियल तेल का इस्तेमाल बहुत कम होता है, जबकि केरल और गोवा जैसे राज्यों में इसका इस्तेमाल अधिक होता है. वहां के लोगों का औसत कोलेस्ट्रॉल तमिलनाडु के लोगों की तुलना में 40 से 50 मिलीग्राम अधिक है. इसका एक आसान स्पष्टीकरण नारियल तेल हो सकता है."

हालांकि, डॉ. मोहन कहते हैं, "मैं यह नहीं कहूंगा कि आपको नारियल तेल बिल्कुल नहीं खाना चाहिए या यह बहुत खतरनाक है. अगर आपको नारियल तेल ही पसंद है, तो इसका इस्तेमाल थोड़ी कम मात्रा में करें."

क्या घी और नारियल तेल से हार्ट अटैक होता है?

इमेज स्रोत, DrArunkumar/Facebook

इमेज कैप्शन, आहार विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार

यह अध्ययन एक निश्चित समयावधि में लोगों की खान-पान की आदतों और उनके स्वास्थ्य से जुड़े मानकों की तुलना करता है.

यह अध्ययन एक संबंध की ओर इशारा करता है. लेकिन यह साबित नहीं करता कि कोई खास तेल सीधे तौर पर हार्ट अटैक का कारण बनता है.

इस बारे में बात करते हुए डॉक्टर और पोषण सलाहकार अरुण कुमार कहते हैं, "इस अध्ययन में सभी लोगों से 14 सवालों वाला एक सर्वे किया गया. उनसे पूछा गया कि वे कौन-सा तेल इस्तेमाल करते हैं, लगभग कितनी मात्रा में इस्तेमाल करते हैं और क्या वे बाहर का खाना भी खाते हैं. इस तरह के कुछ सवाल पूछने के बाद उनका एक बार कोलेस्ट्रॉल टेस्ट किया गया. फिर उनके जवाबों के आधार पर आंकड़ों की तुलना की गई."

वे कहते हैं, "इस अध्ययन का आधार सिर्फ़ इतना है कि जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल स्तर अधिक है, उनमें से कितने लोग कौन-सा तेल इस्तेमाल करते हैं. इस शोध में सबसे अहम बात यह पता लगाना होनी चाहिए थी कि क्या हार्ट अटैक के मामलों में कमी आती है या नहीं. लेकिन इस अध्ययन में इसकी जांच ही नहीं की गई."

नारियल तेल और घी में सेचुरैडेट फैट

इमेज कैप्शन, मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. मोहन

हम अपने भोजन में शामिल वसा (फैट) को आमतौर पर दो श्रेणियों में बांट सकते हैं-सैचुरेटेड फैट और अनसैचुरेटेड फैट

अनसैचुरेटेड फैट भी दो प्रकार की होती है:

मोनोअनसैचुरेटेड फैट

पॉलीअनसैचुरेटेड फैट

नारियल तेल, घी, मक्खन और पाम ऑयल में सैचुरेटेड फैट की मात्रा अधिक होती है.

उदाहरण के लिए, घी में 60-65% सैचुरेटेड फैट, 20-25% मोनोअनसैचुरेटेड फैट, 3-4% पॉली अनसैचुरेटेड फैट और कुछ विटामिन होते हैं.

नारियल तेल 100% वसा से बना होता है, जिसमें 80-90% सैचुरेटेड होती है.

कुछ अध्ययनों में यह पुष्टि हुई है कि सैचुरेटेड फैट (संतृप्त वसा) का अधिक सेवन एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ा सकता है.

डॉ. मोहन कहते हैं, "इन सैचुरेटेड फैट में निश्चित रूप से कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने की क्षमता होती है."

वे मूंगफली के तेल और तिल के तेल में मौजूद मोनोअनसैचुरेटेड फैट को बेहतर विकल्प बताते हैं.

वे कहते हैं, "सबसे पहले मूंगफली का तेल और उसके बाद दूसरे स्थान पर तिल का तेल आता है. इन दोनों में मुख्य रूप से मोनोअनसैचुरेटेड फैट होता है. यह खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और अच्छे कोलेस्ट्रॉल यानी एचडीएल को बढ़ाता है."

वे आगे बताते हैं, "अगर आप भारत के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में जाएंगे, तो वहां सरसों का तेल इस्तेमाल किया जाता है. इसमें भी लगभग मूंगफली के तेल जितनी ही मोनोअनसैचुरेटेड फैट होती है. वहां लोग इसी तेल का इस्तेमाल करते हैं."

इसी तरह, "सूरजमुखी का तेल और कुसुम का तेल पॉलीअनसैचुरेटेड फैट की श्रेणी में आते हैं. इनसे खराब कोलेस्ट्रॉल कम होता है, इसमें कोई संदेह नहीं है."

'नारियल तेल अच्छा कोलेस्ट्रॉल भी बढ़ाता है'

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

डॉ. अरुण कुमार कहते हैं, " सैचुरेटेड फैट एलडीएल को थोड़ा बढ़ा सकता है, लेकिन इसके साथ कुछ अन्य सकारात्मक बदलाव भी हो सकते हैं. कोलेस्ट्रॉल को थोड़ा बढ़ाता है, लेकिन यह एचडीएल यानी अच्छे कोलेस्ट्रॉल को भी बढ़ाता है."

वो कहते हैं, "इसी तरह घी में मौजूद शॉर्ट-चेन फैटी एसिड पेट में अवशोषित होकर कुछ स्वास्थ्य लाभ पहुंचाते हैं. इसलिए केवल कोलेस्ट्रॉल में थोड़ी वृद्धि के आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए कि इससे सीधे तौर पर हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है."

2020 में जर्नल 'सर्कुलेशन' में प्रकाशित एक अध्ययन में नारियल तेल से संबंधित 16 क्लिनिकल अध्ययनों के नतीजों का संयुक्त विश्लेषण किया गया.

इसमें पाया गया कि अन्य वनस्पति तेलों की तुलना में नारियल तेल का इस्तेमाल करने वालों में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर औसतन 10.47 mg/dL बढ़ा था. वहीं, HDL कोलेस्ट्रॉल का स्तर 4 mg/dL बढ़ा था.

इसी तरह, 2020 में प्रकाशित एक कोक्रेन रिव्यू में यह जांच की गई कि क्या संतृप्त वसा का सेवन कम करने से हृदय रोग का खतरा घटता है.

इस समीक्षा में 15 अध्ययनों के 56,000 से अधिक लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया.

इसमें पाया गया कि संतृप्त वसा का सेवन कम करने से हृदय रोग और स्ट्रोक सहित कुल हृदय संबंधी बीमारियों की घटनाओं में 17 प्रतिशत की कमी आई. हालांकि, कुल मृत्यु दर में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं देखा गया.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, केरल में लोग नारियल तेल का अधिक इस्तेमाल करते हैं

एलडीएल कोलेस्ट्रॉल की क्या अहमियत है

एलडीएल ख़ून में कोलेस्ट्रॉल को शरीर की विभिन्न कोशिकाओं तक पहुंचाने वाला एक प्रकार का लिपोप्रोटीन कण है.

हमारे शरीर की कोशिकाओं के कामकाज के लिए कोलेस्ट्रॉल जरूरी होता है. कोशिकाओं की बाहरी झिल्ली बनाने और कुछ हार्मोन के उत्पादन के लिए इसकी आवश्यकता होती है.

लेकिन जब रक्त में एलडीएल कणों की मात्रा अधिक हो जाती है, तो वे रक्त वाहिकाओं की दीवारों में वसा के जमाव (प्लेक) का कारण बन सकते हैं. इससे रक्त वाहिकाएं संकरी हो जाती हैं और हृदय तक रक्त का प्रवाह प्रभावित हो सकता है.

इस वजह से हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है.

2017 में 'यूरोपीय हार्ट जर्नल' में प्रकाशित यूरोपियन एथेरोस्क्लेरोसिस सोसाइटी की एक शोध रिपोर्ट ने विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर एलडीएल कोलेस्ट्रॉल और हृदय संबंधी बीमारियों के बीच संबंध की पुष्टि की थी.

खाना पकाने के लिए कौन-सा तेल इस्तेमाल करना सबसे बेहतर है?

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, डॉ. मोहन कहते हैं कि तेल खरीदते समय मोनोअनसैचुरेटेड फैट वाले मूंगफली के तेल और तिल के तेल का विकल्प चुना जा सकता है

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से 2023 में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी व्यक्ति की प्रतिदिन की कुल कैलोरी में संतृप्त वसा की मात्रा 10 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए.

डब्ल्यूओएचओ के अनुसार, वसायुक्त मांस, मक्खन, नारियल तेल, घी और पशु वसा में पाए जाने वाले संतृप्त वसा की तुलना में मछली, एवोकाडो, मेवे, सूरजमुखी, सोयाबीन, कैनोला और जैतून के तेल में पाए जाने वाले असंतृप्त वसा का सेवन बेहतर है.

डॉ. मोहन कहते हैं, "तेल खरीदते समय मोनोअनसैचुरेटेड फैट वाले मूंगफली के तेल और तिल के तेल का विकल्प चुना जा सकता है. साथ ही, तेल का इस्तेमाल कम मात्रा में करना भी महत्वपूर्ण है."

वे आगे कहते हैं, "पॉलीअनसैचुरेटेड फैट वाले सूरजमुखी के तेल का भी जरूरत के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकता है. जहां तक संभव हो, पाम ऑयल जैसे तेलों की जगह दूसरे विकल्प अपनाना बेहतर है."

तेल इस्तेमाल करने में इन बातों का रखें ध्यान

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

डॉ. मोहन यह भी सलाह देते हैं कि तेल में बने खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन करने और एक ही तेल को बार-बार गर्म करके इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के तहत काम करने वाला राष्ट्रीय पोषण संस्थान भी अपने आहार संबंधी दिशा-निर्देशों में इस बात पर जोर देता है.

वे कहते हैं, "तेल को बार-बार गर्म करने से उसमें ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया होती है और ऐसे यौगिक बन सकते हैं, जो शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. इसलिए जरूरत के मुताबिक ही तेल का इस्तेमाल करें और अगर तेल बच जाए, तो उसे फेंक दें."

डॉ. अरुण कुमार का कहना है कि तेल के चुनाव के साथ-साथ हमें अपने संपूर्ण खान-पान और जीवनशैली पर भी ध्यान देना चाहिए.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira