एनडीए के साथ आए यूसुफ़ पठान को प्लॉट देगी गुजरात सरकार, जानें पूरा मामला

यूसुफ़ पठान

इमेज स्रोत, ANI

प्रकाशित 20 अक्टूबर 2026

पढ़ने का समय: 6 मिनट

मशहूर क्रिकेटर और सांसद यूसुफ़ पठान एक बार फिर चर्चा में हैं. कुछ महीने पहले वह ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से अलग हो गए थे.

यूसुफ़ पठान वडोदरा में अपने बंगले के पास सरकारी ज़मीन का एक प्लॉट लेना चाहते थे, लेकिन अब तक सरकार इसके लिए तैयार नहीं थी. अब सरकार इस प्लॉट का आधा हिस्सा उन्हें मुफ़्त देने और बाकी आधा हिस्सा रियायती दर पर देने को तैयार हो गई है.

वडोदरा से बीबीसी गुजराती के हार्दिक के मुताबिक़, राज्य सरकार ने पूर्व क्रिकेटर और सांसद यूसुफ़ पठान को विवादित प्लॉट आवंटित करने की मंज़ूरी दे दी है.

सरकार ने वडोदरा के तांदलजा इलाक़े में 978 वर्ग मीटर ज़मीन आवंटित करने को हरी झंडी दी है. इस ज़मीन की क़ीमत 20.53 करोड़ रुपये बताई गई है.

मिली जानकारी के मुताबिक़, 978 वर्ग मीटर में से 500 वर्ग मीटर ज़मीन आवासीय इस्तेमाल के लिए यूसुफ़ पठान को मुफ़्त दी जाएगी. वहीं, बाकी 478 वर्ग मीटर ज़मीन तय क़ीमत से 45 फ़ीसदी कम दाम पर दी जाएगी. यानी पठान को इस हिस्से की क़ीमत का सिर्फ़ 55 फ़ीसदी चुकाना होगा.

वडोदरा में पठान परिवार का बंगला ‘बाग़-ए-महमूद’

इमेज स्रोत, Hardik

इमेज कैप्शन, वडोदरा में पठान परिवार का बंगला 'बाग़-ए-महमूद'

गुजरात सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह फ़ैसला एक विशेष मामले के तौर पर लिया गया है और इसे भविष्य में मिसाल के रूप में नहीं माना जाएगा.

सरकार के फ़ैसले के मुताबिक़, राजस्व विभाग इस ज़मीन के मूल्य के बराबर दूसरी ज़मीन वडोदरा नगर निगम को मुआवज़े के तौर पर आवंटित करेगा. इस प्रस्ताव पर अंतिम फ़ैसला अगले शुक्रवार को होने वाली नगर निगम की स्थायी समिति और आम सभा की बैठक में मंज़ूरी मिलने के बाद लिया जाएगा.

ग़ौरतलब है कि यूसुफ़ पठान ने इस मामले को लेकर गुजरात हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे उन्होंने बाद में वापस ले लिया.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • रांका और दास के वकीलों ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि एसईएम कोर्ट के इस आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है.

  • एसबीआई

  • அனிருத் - காவ்யா மாறன் திருமணம்: சன் டிவி குழும மதிப்பு எவ்வளவு தெரியுமா?

  • अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

समाप्त

पूरा मामला क्या है?

इमेज स्रोत, Hardik

इमेज कैप्शन, वडोदरा के तांदलजा इलाक़े में यूसुफ़ पठान और इरफ़ान पठान का बंगला है

यूसुफ़ पठान वडोदरा में अपने घर के पास 978 वर्ग मीटर का एक प्लॉट लीज़ पर लेना चाहते थे, लेकिन नगर निगम इसके लिए तैयार नहीं था. इसी वजह से विवाद शुरू हुआ. दो साल पहले वडोदरा नगर निगम (वीएमसी) ने सरकारी ज़मीन पर कथित तौर पर कब्ज़ा करने को लेकर यूसुफ़ पठान को नोटिस भी दिया था.

बीबीसी के हार्दिक से मिली जानकारी के मुताबिक़, क़ानूनी तौर पर पठान को आवंटित नहीं किए गए इस प्लॉट पर चारदीवारी और एक शेड बना दिया गया था. इस मामले को वडोदरा में बीजेपी के पूर्व पार्षद विजय पवार ने उठाया. उन्होंने 21 जून 2024 को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी.

विजय पवार की शिकायत के बाद वडोदरा नगर निगम ने यूसुफ़ पठान को नोटिस जारी कर प्लॉट से कथित अतिक्रमण हटाने को कहा. इसके ख़िलाफ़ यूसुफ़ पठान ने गुजरात हाई कोर्ट का रुख़ किया.

उस समय वडोदरा नगर निगम के उप आयुक्त सुरेश तुवीर ने आधिकारिक बयान में कहा था, "यह प्लॉट पूरी तरह नगर निगम के स्वामित्व में है. यूसुफ़ पठान ने इस प्लॉट पर चारदीवारी बनाकर अतिक्रमण किया है. हमने यह अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया था, जिसके ख़िलाफ़ वह हाई कोर्ट गए हैं."

इमेज स्रोत, SANJAYDAS

इमेज कैप्शन, यूसुफ़ पठान, ममता बनर्जी के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रहते हुए उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हुए थे

2024 के लोकसभा चुनाव में यूसुफ़ पठान ने टीएमसी के उम्मीदवार के तौर पर पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से जीत हासिल की थी. इसके कुछ ही समय बाद, जून में बीजेपी शासित वडोदरा नगर निगम ने एक प्लॉट पर कथित तौर पर कब्ज़ा करने के मामले में पठान को नोटिस जारी किया था.

जून 2026 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत हुई. इसके कुछ ही समय बाद टीएमसी के 20 सांसदों ने पार्टी छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ़ इंडिया (एनसीपीआई) का दामन थाम लिया. इनमें यूसुफ़ पठान भी शामिल थे.

अब टीएमसी से अलग होने के दो महीने बाद राज्य सरकार यूसुफ़ पठान को 500 वर्ग मीटर का प्लॉट मुफ़्त देने और बाकी 478 वर्ग मीटर ज़मीन रियायती दर पर उपलब्ध कराने के लिए सहमत हो गई है.

यूसुफ़ पठान को प्लॉट आवंटित करने का प्रस्ताव जल्द ही वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति के सामने रखा जाएगा. इसके बाद इस पर फ़ैसला लिया जाएगा.

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद यूसुफ़ पठान और काकोली घोष समेत कई नेताओं ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाक़ात की थी. इसके बाद उन्होंने एनसीपीआई नाम की एक कम चर्चित पार्टी में विलय कर लिया

वीडियो कैप्शन, कीर्ति आज़ाद इंटरव्यू: TMC में उथल-पुथल या बिखराव?

यह प्लॉट टाउन प्लानिंग स्कीम नंबर 22 के फ़ाइनल प्लॉट नंबर 90 में स्थित है. इस साल वडोदरा नगर निगम (वीएमसी) ने इस प्लॉट की सार्वजनिक नीलामी की तैयारी शुरू की थी. इसके लिए प्रति वर्ग मीटर 2.10 लाख रुपये की क़ीमत तय की गई थी. इस हिसाब से प्लॉट की अनुमानित क़ीमत 20.5 करोड़ रुपये बैठती है.

यूसुफ़ पठान ने 2012 में वीएमसी के सामने प्रस्ताव रखा था कि उन्हें यह ख़ाली प्लॉट बिना सार्वजनिक नीलामी के 99 साल की लीज़ पर दिया जाए. उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके बंगले के पास आवासीय इस्तेमाल के लिए ज़मीन आवंटित की जानी चाहिए.

उस समय वीएमसी की स्थायी समिति और आम सभा प्लॉट आवंटित करने के लिए तैयार थीं. ज़मीन की क़ीमत क़रीब 5.6 करोड़ रुपये आंकी गई थी और पठान यह रकम देने को तैयार थे. लेकिन तब शहरी विकास विभाग सार्वजनिक नीलामी के बिना सीधे प्लॉट आवंटित करने के पक्ष में नहीं था.

इसके बाद जून 2024 के लोकसभा चुनाव में यूसुफ़ पठान टीएमसी में शामिल हुए और बहरामपुर सीट पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को हराया. चौधरी इस सीट से पांच बार सांसद चुने जा चुके थे.

स्टैंडिंग कमेटी लेगी फ़ैसला

इमेज स्रोत, Hardik

इमेज कैप्शन, वडोदरा नगर निगम की अगली बैठक के एजेंडे में पठान को प्लॉट आवंटित करने का मुद्दा शामिल है

वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष वर्षाबेन व्यास ने बीबीसी से कहा, "शुक्रवार को स्थायी समिति की बैठक होगी, जिसमें इस संबंध में प्रस्ताव रखा जाएगा. सर्वसम्मति से लिया गया फ़ैसला अंतिम माना जाएगा."

वडोदरा में बीजेपी के पूर्व पार्षद विजय पवार ने इस पूरे मामले को उजागर किया था. उन्होंने बीबीसी से कहा, "2012 में इस प्लॉट को लेकर प्रस्ताव लाया गया था और आम सभा में इसे मंज़ूरी भी मिल गई थी. इसके बाद राज्य सरकार से मंज़ूरी मांगी गई. 2014 में राज्य सरकार ने जवाब दिया कि नीलामी के बिना यह प्लॉट नहीं दिया जा सकता. इसी वजह से हमने इस मामले को उजागर किया था."

उन्होंने कहा, "अब अगर राज्य सरकार यूसुफ़ पठान को प्लॉट देने के लिए तैयार है, तो कुछ नहीं किया जा सकता. सरकार सर्वोपरि है. इसलिए अब इस मामले का विरोध करने की ज़रूरत नहीं है."

इस मामले पर यूसुफ़ पठान का पक्ष जानने के लिए बार-बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी. वडोदरा नगर निगम के आयुक्त अरुण महेश बाबू से भी संपर्क नहीं हो पाया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

और जानें

शॉर्ट वीडियो छोड़ें और जारी रखें

शॉर्ट वीडियो

शॉर्ट वीडियो का अंत

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira