आम आदमी पार्टी के लिए पंजाब चुनाव 'करो या मरो' जैसा क्यों है?

पंजाब चुनाव

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, दिल्ली के बाद पंजाब दूसरा राज्य था, जहाँ आम आदमी पार्टी सत्ता में आई
    • Author, रजनीश कुमार
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित 7 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी (आप) के लिए कई विश्लेषक 'करो या मरो' की लड़ाई के रूप में देख रहे हैं. आप केवल पंजाब में ही सत्ता में है.

दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद अगर आप पंजाब में भी हार जाती है, तो देश के किसी भी राज्य में उसकी सरकार नहीं बचेगी. वहीं, अगर वह चुनाव जीतती है, तो उसे राष्ट्रीय स्तर पर दोबारा अपनी राजनीतिक ज़मीन मज़बूत करने का मौक़ा मिलेगा.

इसलिए ये चुनाव आम आदमी पार्टी की विश्वसनीयता, संगठनात्मक एकजुटता और भविष्य में विस्तार की संभावनाओं से भी जुड़ा है.

बीजेपी और कांग्रेस के विकल्प के तौर पर अपनी पहचान बनाने की आम आदमी पार्टी की हसरत काफ़ी हद तक इस बात पर टिकी है कि वह सत्ता में रहकर अपना शासन मॉडल साबित करे.

फ़िलहाल पंजाब उसके पास बचा एकमात्र मौक़ा है, जहाँ वह दिखा सकती है कि उसका शासन मॉडल न सिर्फ़ पहली बार जनादेश हासिल कर सकता है, बल्कि दोबारा भी लोगों का भरोसा जीत सकता है.

पंजाब में हार का मतलब होगा कि पार्टी के पास अपना शासन मॉडल दिखाने के लिए कोई राज्य सरकार नहीं बचेगी.

अरविंद केजीरीवाल

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल अगर पंजाब में चुनाव हारते हैं तो आप के सियासी भविष्य पर सवाल उठेंगे

आप के लिए सर्वाइवल का सवाल

राजनीतिक विश्लेषक विनोद शर्मा कहते हैं कि पंजाब विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी के सर्वाइवल के सवाल से जुड़ गया है.

विनोद शर्मा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, ''आम आदमी पार्टी के लिए ये चुनाव आसान नहीं है और अगर हार जाती है तो उसके सियासी भविष्य पर गहरा सवालिया निशान खड़ा होगा. आम आदमी पार्टी की सरकार में क़ानून व्यवस्था और ड्रग्स का मसला बहुत ही गंभीर है. लोककल्याणकारी योजनाओं की डिलीवरी इनके पक्ष में जा सकती है.''

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उच्छिपिल्लैयार मंदिर में हर बार की तरह दीपक जलाया गया

  • कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फ़ाइल फ़ोटो)

  • हानिया आमिर

  • वैभव सूर्यवंशी

समाप्त

विनोद शर्मा कहते हैं, ''अकाली और बीजेपी का गठबंधन विकल्प हीनता का गठबंधन है. मुझे लगता है कि ये कांग्रेस और आप को चुनौती पेश नहीं कर पाएंगे. इससे अमृतपाल सिंह को पंथी वोट ज़रूर मिल सकता है क्योंकि बीजेपी से गठबंधन के बाद अकाली की पंथी पार्टी की छवि कमज़ोर पड़ी है.''

पंजाब यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान के प्रोफ़ेसर आशुतोष कुमार मानते हैं कि तमाम मुश्किलों के बावजूद पंजाब में आम आदमी पार्टी मज़बूत स्थिति में है.

प्रोफ़ेसर कुमार ने बीबीसी हिन्दी से कहा, ''मेरा मानना है कि पंजाब में अकाली और बीजेपी के साथ आने के बावजूद लड़ाई द्विपक्षीय ही है. यानी आप और कांग्रेस के बीच. आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव उसके राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेगा लेकिन यह भी बताएगा कि बीजेपी अपनी चुनावी मशीनरी की बदौलत हर चुनाव नहीं जीत सकती है.''

2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीती थीं और उसे 42 फ़ीसदी से ज़्यादा वोट मिले थे. इस भारी बहुमत ने कांग्रेस और अकाली दल की राजनीति से निर्णायक बदलाव की उम्मीदें बढ़ा दी थीं.

अब अगला चुनाव इस बात की परीक्षा है कि क्या मतदाताओं को लगता है कि आप ने उस जनादेश को एक प्रभावी सरकार में बदला है. सिर्फ़ एक कार्यकाल के बाद हारने से स्थापित राजनीतिक दलों के सामने एक टिकाऊ विकल्प पेश करने के उसके दावे को गंभीर रूप से चोट पहुँच सकती है.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, पंजाब में आम आदमी पार्टी की कई कल्याणकारी योजनाएं हैं और उन्हें वो अपनी सफलता के रूप में पेश करती है

आम आदमी पार्टी को लोकसभा चुनाव में झटका

2022 के विधानसभा चुनाव में आप की भारी जीत 2024 के लोकसभा चुनाव में उसी तरह की सफलता में नहीं बदल सकी. आप पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से सिर्फ़ तीन सीटें जीत पाई, जबकि कांग्रेस ने सात सीटों पर जीत दर्ज की.

हालांकि, लोकसभा और विधानसभा चुनाव अलग-अलग मुद्दों और परिस्थितियों में लड़े जाते हैं, लेकिन इस नतीजे ने दिखाया कि पंजाब के मतदाता हमेशा के लिए आप के साथ नहीं हैं. इसने कांग्रेस को भी एक गंभीर चुनौती देने वाली पार्टी के रूप में स्थापित किया, न कि ऐसे दल के रूप में जिसे हमेशा के लिए सत्ता की दौड़ से बाहर कर दिया गया हो.

पंजाब में भगवंत मान आप के प्रमुख चेहरे हैं. मौजूदा विधायकों के कामकाज़ से पैदा हुई नाराज़गी को दूर करने के लिए कुछ विधायकों के टिकट काटने की रणनीति भी अपनाई जा रही है. लेकिन मौजूदा विधायकों को हटाने के फ़ैसले से पार्टी के भीतर बग़ावत और दलबदल की स्थिति भी पैदा हुई है. इसी महीने आप के तीन विधायकों ने बीजेपी का दामन थाम लिया था.

पंजाब में एक सवाल यह भी उठता रहता है कि सरकार दिल्ली से संचालित हो रही है. ऐसे में यह चुनाव इस बात की भी परीक्षा है कि क्या पार्टी अरविंद केजरीवाल के राष्ट्रीय नेतृत्व और पंजाब की स्थानीय राजनीतिक पहचान के बीच संतुलन बना पाती है. कांग्रेस अब भी आप की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी बनी हुई है.

2024 के लोकसभा चुनाव में झटके के बाद आम आदमी पार्टी ने इसी साल मई में नगर निगम चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया था. आम आदमी पार्टी को आठ नगर निगमों में से पाँच में जीत मिली थी.

2024 के लोकसभा चुनाव में आप उन आठ नगर निगमों के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में से केवल एक में आगे रही थी. लेकिन स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी ने इनमें से पांच नगर निगमों में बहुमत हासिल किया.

इन नतीजों के आधार पर भगवंत मान यह तर्क दे सकते हैं कि कुछ नीतियों या विधायकों को लेकर लोगों की नाराज़गी का मतलब उनकी सरकार को पूरी तरह ख़ारिज करना नहीं है. उन्होंने इस जनादेश को बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोज़गार से जुड़ी आप की पहलों के समर्थन के तौर पर पेश किया.

आप की वापसी सभी इलाक़ों में एक जैसी नहीं रही थी. अबोहर, पठानकोट और कपूरथला में पार्टी को अब भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, जहाँ बीजेपी और कांग्रेस की स्थिति मज़बूत बनी रही. शहरी इलाक़ों में जिन क्षेत्रों में पार्टी ने अपनी ताक़त दिखाई है, वहां उसे बनाए रखने के साथ-साथ इन कमज़ोर इलाक़ों में भी अपनी पैठ बढ़ाना उसके सामने चुनौती है.

इससे भी अहम बात यह है कि स्थानीय निकाय चुनाव विधानसभा चुनाव जैसे नहीं होते. पंजाब के 2021 के स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन प्रदर्शन किया था लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में 18 सीटों पर सिमट गई थी. आम आदमी पार्टी को 117 सीटों वाली पंजाब विधानसभा में 92 पर जीत मिली थी.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, पंजाब में आम आदमी पार्टी का उभार 2014 के लोकसभा चुनाव से शुरू हो गया था

पंजाब में आप के उभार की कहानी

पंजाब में आम आदमी पार्टी के उभार की कहानी एक नई राजनीतिक पार्टी के उस व्यवस्था में अपनी जगह बनाने की है, जहाँ लंबे समय तक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल-बीजेपी गठबंधन का दबदबा रहा.

पंजाब में आप का राजनीतिक सफ़र लगातार आगे बढ़ने वाला नहीं रहा. पार्टी ने 2014 में पहली बड़ी सफलता हासिल की, 2017 में विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल बनी, फिर उसे कई झटके लगे और आख़िरकार 2022 में उसने शानदार जीत के साथ सत्ता हासिल की.

पंजाब ने आप को संसद में पहली बड़ी राजनीतिक मौजूदगी दी. 2014 के आम चुनाव में पार्टी के सभी चार विजयी लोकसभा उम्मीदवार पंजाब से थे. राज्य में पार्टी को करीब 24.4 फीसदी वोट मिले थे.

इन जीतों ने साबित किया कि आप का राजनीतिक प्रभाव सिर्फ़ दिल्ली तक सीमित नहीं था. साथ ही, इन नतीजों ने पार्टी को पंजाब के अगले विधानसभा चुनाव में उतरने के लिए एक मज़बूत आधार दिया.

आप ने 2017 में पंजाब में अपना पहला विधानसभा चुनाव काफ़ी उम्मीदों के साथ लड़ा, लेकिन वह कांग्रेस के बाद दूसरे स्थान पर रही.

कांग्रेस ने 77 सीटें जीतीं. आप ने 20 सीटें जीतकर मुख्य विपक्षी दल का दर्जा हासिल किया. शिरोमणि अकाली दल-बीजेपी गठबंधन को 18 सीटें मिलीं.

इस नतीजे का राजनीतिक महत्व था. पार्टी ने विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के तौर पर अकालियों की जगह ले ली और ख़ुद को एक मज़बूत तीसरी राजनीतिक ताक़त के रूप में स्थापित किया. इस चुनाव में आप को क़रीब 23.7 फ़ीसदी वोट मिले थे.

इसके बाद आप की राजनीतिक प्रगति रुक गई. पार्टी के भीतर मतभेद, नेताओं का पार्टी छोड़ना और बाद के चुनावों में ख़राब प्रदर्शन ने उसके संगठन को कमजोर किया.

2019 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में आप का वोट शेयर गिरकर 7.38 फ़ीसदी रह गया. भगवंत मान पार्टी के इकलौते उम्मीदवार थे, जो चुनाव जीतने में सफल रहे. उन्होंने संगरूर सीट बरकरार रखी.

आप के राजनीतिक सफ़र में यह दौर इसलिए अहम है, क्योंकि 2022 की उसकी शानदार जीत लगातार बढ़ते जनाधार का नतीजा नहीं थी, बल्कि गंभीर राजनीतिक झटकों के बाद हुई वापसी थी.

2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आप ने 117 में से 92 सीटें जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की. पार्टी को क़रीब 42 फ़ीसदी वोट मिले. इसके मुक़ाबले कांग्रेस को 18, अकाली दल को तीन और बीजेपी को दो सीटें मिलीं. भगवंत मान राज्य के मुख्यमंत्री बने.

राजनीतिक वैज्ञानिक सुहास पलशीकर ने 2022 की जीत को ऐसी पार्टी को अचानक मिली सफलता मानने से आगाह किया, जिसकी पंजाब में पहले कोई राजनीतिक जड़ें नहीं थीं. उन्होंने 2014 में लोकसभा की चार सीटों और 2017 में विधानसभा की 20 सीटों पर आप की जीत का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी पंजाब में बिल्कुल शून्य से शुरुआत नहीं कर रही थी.

2024 के लोकसभा चुनाव में आप 13 में से सिर्फ़ तीन सीटें जीत सकी. विधानसभा की 33 सीटों पर ही उसे बढ़त मिली. इससे पता चलता है कि 2022 में मिले भारी जनादेश को आप हर चुनाव में मिलने वाले स्थायी समर्थन में नहीं बदल पाई. हालांकि, लोकसभा चुनाव के नतीजों से सीधे विधानसभा चुनाव के नतीजों का अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · रजनीश कुमार

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira