आईसीजे ने म्यांमार को रोहिंग्या समुदाय के जनसंहार का दोषी ठहराया

अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे)

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

इमेज कैप्शन, अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने ये भी कहा कि म्यांमार में नरसंहार से जुड़े सबूतों को बड़े पैमाने पर नष्ट किया गया

प्रकाशित 4 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 2 मिनट

अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) ने म्यांमार को रोहिंग्या अल्पसंख्यक समुदाय के नरसंहार का दोषी पाया है.

दुनिया के अलग-अलग देशों के 15 जजों की पीठ ने यह फ़ैसला सुनाया. अंतरराष्ट्रीय अदालत के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी देश को जनसंहार का दोषी ठहराया गया है.

फ़ैसले का सार बताते हुए जज यूजी इवासावा ने कहा कि म्यांमार का इरादा रोहिंग्या आबादी के एक बड़े हिस्से को ख़त्म करने का था.

उन्होंने कहा कि म्यांमार में नरसंहार से जुड़े सबूतों को बड़े पैमाने पर नष्ट किया गया.

साथ ही, जनसंहार के अपराधों में शामिल लोगों के ख़िलाफ़ जांच, मुक़दमा चलाने और सज़ा देने के लिए भी ज़रूरी क़दम नहीं उठाए गए.

साल 2017 में म्यांमार की सेना की कार्रवाई में हज़ारों रोहिंग्या मारे गए थे.

इस कार्रवाई के बाद सात लाख से ज़्यादा रोहिंग्या म्यांमार छोड़कर पड़ोसी देश बांग्लादेश भागने को मजबूर हुए थे. म्यांमार में बौद्ध धर्म के मानने वालों की आबादी बहुसंख्यक है.

इस मामले को गांबिया ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में उठाया था. म्यांमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया था. उसका कहना था कि उसकी सेना सशस्त्र समूहों के हमलों का जवाब दे रही थी.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • एपीईसी शिखर सम्मेलन

  • द‍िवाली

  • आज़म ख़ान

समाप्त

म्यांमार को रोहिंग्या समुदाय को मुआवज़ा देने का आदेश

अदालत ने ये फ़ैसला भी दिया कि नरसंहार रोकने की अपनी ज़िम्मेदारी का उल्लंघन करने के लिए म्यांमार रोहिंग्या समुदाय और उसके सदस्यों को मुआवज़ा देने के लिए बाध्य है.

अदालत ने कहा कि रोहिंग्या समुदाय को दिए जाने वाले मुआवज़े की रक़म और उसके तौर-तरीके के साथ-साथ दूसरे तरह की भरपाई पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) फ़ैसला करेगा.

बांग्लादेश के रोहिंग्या शरणार्थी शिविर में जश्न का माहौल

हम बांग्लादेश के एक रोहिंग्या शरणार्थी शिविर के दृश्यों पर नज़र रख रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग एक छोटी स्क्रीन पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का फ़ैसला सुन रहे थे.

अदालत ने म्यांमार को रोहिंग्या समुदाय के नरसंहार का दोषी पाया. फ़ैसला आते ही वहां मौजूद कई पुरुष ख़ुशी से उछल पड़े.

ह्यूमन राइट्स वॉच की प्रतिक्रिया

ह्यूमन राइट्स वॉच ने कहा है कि आईसीजे के इस फ़ैसले से साबित होता है कि म्यांमार की सेना की ओर से रोहिंग्या समुदाय पर लंबे समय तक अत्याचार किए गए.

संगठन की वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय न्याय सलाहकार मारिया एलेना विग्नोली ने कहा, "यह फ़ैसला दुनिया भर में नरसंहार और दूसरे गंभीर अपराधों के पीड़ितों के लिए न्याय पाने की कोशिश में एक अहम मिसाल भी पेश करता है."

विग्नोली ने कहा कि म्यांमार को अदालत के फ़ैसले का जल्द पालन करना चाहिए और रोहिंग्या समुदाय पर ज़ुल्म बंद करने चाहिए.

उन्होंने कहा कि संबंधित सरकारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि रोहिंग्या शरणार्थी सुरक्षित और अपनी मर्ज़ी से म्यांमार लौट सकें.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

और जानें

शॉर्ट वीडियो छोड़ें और जारी रखें

शॉर्ट वीडियो

  • डोनाल्ड ट्रंप

शॉर्ट वीडियो का अंत

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira