गुरपतवंत सिंह पन्नू (फाइल फोटो)

इमेज स्रोत, SOCIAL MEDIA

इमेज कैप्शन, गुरपतवंत सिंह पन्नू (फाइल फोटो)
    • Author, कायला एपस्टीन
    • पदनाम, न्यूयॉर्क की अदालत में
    • Author, नादिन यूसुफ़
    • पदनाम, वरिष्ठ संवाददाता, कनाडा
  • प्रकाशित 16 मिनट पहले

  • पढ़ने का समय: 6 मिनट

अमेरिका की एक संघीय अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका में सिख राजनीतिक नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साज़िश के मामले में 235 महीने यानी 19 साल से ज़्यादा की सज़ा सुनाई है.

भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने फ़रवरी में सुपारी देकर हत्या कराने, हत्या की साज़िश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश रचने के आरोपों को क़ुबूल कर लिया था.

शुक्रवार को फ़ेडरल कोर्टे के जज ने कहा कि सज़ा पूरी होने के बाद संभव है कि उन्हें अमेरिका से निर्वासित कर दिया जाए या वापस भेज दिया जाए.

यूएस अटॉर्नी फ़ॉर द साउदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ न्यूयॉर्क ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "न्यूयॉर्क के दक्षिणी ज़िले के अमेरिकी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड ने कहा कि अमेरिकी न्याय विभाग और उसके क़ानून प्रवर्तन सहयोगी उन सभी लोगों के ख़िलफ़ कार्रवाई करेंगे और उन्हें जवाबदेह ठहराएंगे, जो अमेरिकी ज़मीन पर या अमेरिकी नागरिकों के ख़िलाफ़ हिंसा करने की कोशिश करेंगे."

अमेरिकी अभियोजकों का आरोप था कि भारत सरकार के एक अधिकारी ने गुप्ता को ख़ालिस्तान आंदोलन के प्रमुख चेहरे गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या करने का निर्देश दिया था. यह आंदोलन सिखों के लिए एक अलग देश की मांग करता है.

भारत ने इस मामले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है. भारत सरकार ने पन्नू को आतंकवादी बताया है, जबकि पन्नू इस आरोप से इनकार करते हैं.

अमेरिकी नागरिक पन्नू, अमेरिका में स्थित सिख अलगाववादी संगठन 'सिख्स फ़ॉर जस्टिस' (एसएफ़जे) के प्रवक्ता हैं. भारत में इस संगठन पर 2019 से प्रतिबंध लगा हुआ है.

पन्नू ने इससे पहले बीबीसी से कहा था, "निखिल गुप्ता की ओर से अपना अपराध स्वीकार करना इस बात की न्यायिक पुष्टि है कि भारत की मोदी सरकार ने अमेरिकी ज़मीन पर सुपारी देकर हत्या कराने की एक सुनियोजित साज़िश रची थी."

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • अनन्या बिड़ला

  • एपीईसी शिखर सम्मेलन

  • द‍िवाली

समाप्त

भारत ख़ालिस्तान आंदोलन का विरोध करता रहा है और देश के राजनीतिक दल भी इस मांग के ख़िलाफ़ हैं. सिख भारत में धार्मिक अल्पसंख्यक हैं और देश की आबादी में उनकी हिस्सेदारी क़रीब दो फ़ीसदी है.

कुछ समूह लंबे समय से सिखों के लिए अलग देश की मांग करते रहे हैं.

अभियोजकों का आरोप

निखिल गुप्ता को कोर्टरूम स्केच में देखा जा सकता है.

इमेज स्रोत, REUTERS/Jane Rosenberg

इमेज कैप्शन, निखिल गुप्ता ने भारत में अलगाववादी सिख नेता अमेरिकी नागरिक गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साज़िश रचने का अपराध क़ुबूल किया है

अभियोजकों का आरोप है कि मई 2023 में भारतीय ख़ुफ़िया अधिकारी विकास यादव ने पन्नू की हत्या कराने के लिए गुप्ता को अपने साथ जोड़ा था.

अभियोजकों के मुताबिक़, यादव ने गुप्ता को पन्नू की निजी जानकारी दी थी. इसमें न्यूयॉर्क में उनका पता और उनकी रोज़मर्रा की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी शामिल थी.

अभियोजकों ने कहा कि अपने हैंडलर के निर्देश पर गुप्ता ने हत्या की साज़िश को अंजाम देने के लिए एक व्यक्ति से संपर्क किया. लेकिन वह व्यक्ति असल में अमेरिकी सरकार का मुख़बिर था.

उस मुख़बिर ने गुप्ता की मुलाक़ात एक ऐसे व्यक्ति से कराई, जिसे उसने सुपारी लेकर हत्या करने वाला बताया. लेकिन वह असल में अमेरिकी ड्रग एन्फ़ोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) का अंडरकवर अधिकारी था.

जून 2023 में चेक गणराज्य की राजधानी प्राग के एक हवाई अड्डे से गुप्ता को गिरफ़्तार किया गया था. इसके बाद उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया. शुक्रवार को मैनहैटन की अदालत में सज़ा सुनाए जाने तक उन्हें न्यूयॉर्क की एक जेल में रखा गया था.

गुप्ता के अपराध स्वीकार करने की घोषणा करते समय अमेरिका के तत्कालीन अटॉर्नी जे क्लेटन ने एक बयान में कहा था, "उसे लगा कि वह इस देश के बाहर रहकर यहां किसी की हत्या कर सकता है और उसे इसका कोई नतीजा नहीं भुगतना पड़ेगा. वह व्यक्ति सिर्फ़ अभिव्यक्ति की आज़ादी के अपने अमेरिकी अधिकार का इस्तेमाल कर रहा था."

गुप्ता की गिरफ़्तारी के बाद भारत के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा था कि यादव अब भारत सरकार के कर्मचारी नहीं हैं.

प्रवक्ता ने यह भी कहा था कि अमेरिका की ओर से उठाई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर विचार करने के लिए भारत ने एक जांच समिति बनाई है.

ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गुरुद्वारे के प्रमुख के तौर पर हरदीप सिंह निज्जर के उत्तराधिकारी बने सिख अलगाववादी नेता नरिंदर सिंह रंधावा ने बीबीसी से कहा कि यह सज़ा उस चीज़ के ख़िलाफ़ "पहली बार इंसाफ़ मिलने" का संकेत है, जिसे वह भारत और विदेशों में भारत सरकार की ओर से सिखों का ऐतिहासिक और व्यवस्थित उत्पीड़न बताते हैं.

ओंटारियो में रहने वाले एक अन्य सिख अलगाववादी समर्थक इंदरजीत गोसल ने इस सज़ा को "समुदाय के लिए एक बड़ा आयोजन" बताया.

उन्होंने कहा, "यह पूरे समुदाय के लिए आख़िरकार यह देखने का मौक़ा है कि किसी को रंगे हाथों पकड़ा गया है."

निज्जर की हत्या का मामला

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में हत्या कर दी गई थी

भारत ने 1980 और 1990 के दशक में ख़ालिस्तान की मांग को लेकर चले हथियारबंद सिख विद्रोह को कुचल दिया था.

अब भारत में इस आंदोलन को बहुत कम समर्थन हासिल है, हालांकि सिख प्रवासियों के कुछ समूह अब भी ख़ालिस्तान की मांग करते हैं.

पन्नू को भारत में आतंकवाद से जुड़े आरोपों समेत कई गंभीर आरोपों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, वह इन आरोपों से इनकार करते हैं. उनका कहना है कि वह एक कार्यकर्ता हैं और सिर्फ़ ख़ालिस्तान में विश्वास रखते हैं.

अदालत में पीड़ित पर पड़े असर के बारे में दिए गए बयान में पन्नू ने कहा कि हत्या की नाकाम कोशिश से उनकी सक्रियता पर कोई असर नहीं पड़ा है.

उन्होंने लिखा, "अगर आज़ादी हासिल करने की क़ीमत भारत की गोलियां खाना है, तो मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं."

गुप्ता के मामले के बाद ब्रिटिश कोलंबिया में 2023 में एक सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की अलग घटना पर भी जांच और सवाल बढ़ गए. इस घटना के कारण भारत और कनाडा के बीच तनाव बढ़ गया था.

सितंबर 2023 में कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा था कि हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की संभावित भूमिका से जुड़े 'विश्वसनीय आरोप' हैं.

निज्जर भी ख़ालिस्तान बनाने के समर्थक थे और पन्नू के सहयोगी थे.

ब्रिटिश कोलंबिया में एक गुरुद्वारे के बाहर दो हमलावरों ने निज्जर को गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी. भारत ने उनकी हत्या में भी अपनी संलिप्तता से इनकार किया है.

अभियोजकों का आरोप है कि निज्जर की हत्या के अगले दिन गुप्ता ने अंडरकवर अधिकारी से कहा था कि निज्जर भी 'निशाने पर थे' और 'हमारे पास कई निशाने हैं.'

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · कायला एपस्टीन, नादिन यूसुफ़

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira