अनन्या बिड़ला कौन हैं? बिज़नेस से बॉलीवुड तक जिनकी है चर्चा

अनन्या बिड़ला

इमेज स्रोत, Taylor Hill/Getty Images

इमेज कैप्शन, मशहूर उद्योगपति केएम बिड़ला की बेटी अनन्या बिड़ला ने 'कॉफी विद करण' शो के एक एपिसोड में परिवार, निज़ी ज़िंदगी और बिज़नेस की दुनिया में पितृसत्ता पर खुलकर बात की है

प्रकाशित 32 मिनट पहले

पढ़ने का समय: 8 मिनट

बिज़नेस, म्यूज़िक, फ़िल्म से लेकर सोशल मीडिया तक सक्रिय रहने वाली अनन्या बिड़ला इन दिनों चर्चा में हैं.

देश के टॉप उद्योगपतियों में से एक कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी अनन्या बिड़ला, बिड़ला परिवार की छह पीढ़ियों में कारोबार की दुनिया में कदम रखने वाली पहली महिला हैं.

अनन्या ने संगीत की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई है और अब बॉलीवुड में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं.

करण जौहर के शो 'कॉफ़ी विद करण' के नौवें सीजन के छठे एपिसोड में अनन्या बि़ड़ला ने अपनी निजी ज़िंदगी, शादी के प्रस्तावों और कारोबारी दुनिया में पितृसत्ता को लेकर कुछ ऐसी बातें की जिनपर ख़ासी चर्चा हो रही है.

शो के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या कभी किसी दूसरे बड़े उद्योगपति परिवार की ओर से सिर्फ़ इसलिए शादी का प्रस्ताव आया, क्योंकि दोनों परिवारों का ब्रांड और रुतबा एक जैसा था?

इस पर अनन्या ने बताया 'मुझे एक शादी का बड़ा प्रस्ताव मिला था और एक ही व्यक्ति की ओर से कई बार प्रस्ताव आए थे."

जब उनसे उस व्यक्ति का नाम पूछा गया तो उन्होंने नाम बताने से इनकार कर दिया.

करण जौहर ने इसपर मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि अब इंटरनेट को इस बारे में कयास लगाने देना चाहिए.

छोड़कर सबसे अधिक पढ़ी गईं आगे बढ़ें

सबसे अधिक पढ़ी गईं

  • हैदराबाद पुलिस ने बताया कि एक हजार लोग हनीट्रैप के शिकार हुए हैं.

  • नुसरत फ़तह अली ख़ान

  • असदुद्दीन ओवैसी और आज़म ख़ान

  • कुत्ता

समाप्त

अनन्या ने बताया कि उनके माता-पिता बार-बार शादी के प्रस्ताव आने से परेशान हो जाते हैं, क्योंकि एक बार मना करने के बाद बात वहीं ख़त्म हो जानी चाहिए.

'कॉफ़ी विद करण' में अपनी निजी ज़िंदगी के बारे में बात करते हुए अनन्या ने ख़ुद को पूरी तरह रोमांटिक मिज़ाज का इंसान बताया.

उन्होंने कहा कि वह अक्सर ऐसे लोगों की ओर आकर्षित हो जाती हैं, जो उनके लिए नहीं बने होते और न ही वह उनके लिए बनी होती हैं.

इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी किसी डेट के लिए पूरा वेन्यू ख़ाली करवाया है, तो उन्होंने हंसते हुए हाँ में जवाब दिया.

परिवार की छह पीढ़ियों में पहली बिज़नेस वुमन

अनन्या बिड़ला

इमेज स्रोत, Raju Shinde/Hindustan Times via Getty Images

इमेज कैप्शन, अनन्या बिड़ला ने खुद को अपने परिवार की पहली बिजनेस वुमन बताया है

32 साल की अनन्या बिड़ला आदित्य बिड़ला ग्रुप के बिज़नेस में कदम रखने वाली परिवार की पहली महिला हैं.

उनके मुताबिक़ वह बिड़ला परिवार की छठी पीढ़ी हैं. पिछली पांच पीढ़ियों में से बिड़ला परिवार की किसी महिला ने बिड़ला समूह के बिज़नेस में काम नहीं किया था.

जबकि अनन्या बिड़ला आदित्य बिड़ला समूह की 10 कंपनियों में डायरेक्टर की भूमिका निभा रही हैं.

उन्होंने स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड नाम से अपनी कंपनी बनाई हैं. वो इसकी चेयरपर्सन हैं.

अनन्या बिड़ला की पारिवारिक जड़ें उद्योगपति और स्वतंत्रता आंदोलन के समर्थक घनश्याम दास (जीडी) बिड़ला तक जाती हैं.

एक इंटरव्यू में अनन्या ने अपने परिवार में महिलाओं की कारोबारी भूमिका के बारे में बताया, "मैं अपने परिवार की छठी पीढ़ी से हूं. मुझसे पहले परिवार की किसी भी महिला ने बिज़नेस में काम नहीं किया. मेरी दादी ने भी 45-50 साल की उम्र में सीएसआर का काम शुरू किया. मैं परिवार की पहली महिला हूं, जो फ़ुल-टाइम काम कर रही हूं."

छोड़नी पड़ी म्यूज़िक से मोहब्बत

इमेज स्रोत, Prodip Guha/Getty Images

इमेज कैप्शन, आर्ट मुंबई की ओपनिंग पार्टी में करण जौहर के साथ अनन्या बिड़ला

कारोबार के अलावा अनन्या की एक पहचान संगीत की दुनिया से भी जुड़ी रही है. उन्होंने 2016 में अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत की थी.

हालांकि, मई 2024 में उन्होंने संगीत की दुनिया से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया. सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, "दो बिज़नेस और संगीत को एक साथ संभालना मेरे लिए मुश्किल हो रहा है. अब मैं अपना पूरा ध्यान बिज़नेस पर लगाना चाहती हूं. मेरे संगीत को प्यार देने के लिए सभी का शुक्रिया."

संगीत से दूरी बनाने के बावजूद अनन्या ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी मौजूदगी बनाए रखने की कोशिश की है.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अनन्या बिड़ला ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में बिड़ला स्टूडियोज़ के ज़रिए कदम रखा है.

उन्होंने इम्तियाज़ अली की फ़िल्म 'मैं वापस आऊंगा' से बतौर निर्माता बॉलीवुड की पारी शुरू की, जिसमें दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह और शरवरी जैसे कलाकार हैं.

अब वह फिल्म प्रलय को प्रोड्यूस कर रही हैं, जिसमें अभिनेता रणवीर सिंह हैं और जिसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं.

अनन्या की योजना हिन्दी के अलावा गुजराती, मलयालम और दूसरी भाषाओं में भी फ़िल्में बनाने की है.

उनका जोर कॉमर्शियल एंटरटेनमेंट के साथ नए कलाकारों, नई कहानियों और अलग-अलग तरह के सिनेमा को बढ़ावा देने पर है.

बिड़ला परिवार की पहली महिला उद्यमी कैसे बनीं?

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, कुमार मंगलम बिड़ला (सबसे बाएं) अपने परिवार के साथ (फ़ाइल फ़ोटो)

अनन्या अपने कारोबारी सफ़र के पीछे अपने पिता कुमार मंगलम बिड़ला के योगदान को काफी अहम मानती हैं.

उन्होंने बताया कि उनके पिता ने ही उन्हे आश्वस्त किया जेन्डर मायने नहीं रखता बल्कि काबिलियत मायने रखती है.

एक इंटरव्यू में उनके पिता कुमार मंगलम बिड़ला से पूछा गया कि भारतीय परिवारों में आमतौर पर वंश और विरासत की ज़िम्मेदारी पुरुषों को सौंपी जाती है.

क्या उन्होंने इस परंपरा को बदलने का फ़ैसला सोच-समझकर लिया था?

इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि अब हर जगह यह बदलाव आ रहा है. हमारी पिछली पीढ़ी में यह ज़िम्मेदारी सिर्फ़ बेटों की मानी जाती थी, लेकिन समय के साथ चीज़ें और लोगों की सोच बदलती हैं. मेरा मानना है कि यह ऐसी पीढ़ी है, जो बेटा और बेटी के बीच कोई फ़र्क़ नहीं करती."

इसी बातचीत में उन्होंने अनन्या के बचपन का एक क़िस्सा भी साझा किया.

उन्होंने बताया, "अनन्या चार-पांच साल की रही होगी. मैं स्कूल में उसका फ़ुटबॉल मैच देख रहा था. तभी मैंने एक छोटी बच्ची को बाकी बच्चों के बीच से तेज़ी से गेंद लेकर गोल करते देखा. बाद में पता चला कि वह अनन्या थी. उसे देखकर पहली बार लगा कि उसमें नेतृत्व करने की ख़ास क्षमता है."

उन्होंने आगे कहा, "वह वाक़ई एक बेहतरीन लीडर है. वह कई ख़ूबियों वाली इंसान है और जो भी काम करती है, उसमें अपना 400 फ़ीसदी देती है. मुझे लगता है कि आज के दौर में बेटियों और बेटों के बीच कोई फ़र्क़ नहीं रह गया है."

म्यूज़िक के लिए ऑक्सफ़ोर्ड छोड़ दिया था

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ऑक्सफ़ोर्ड में पढ़ रहीं अनन्या यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप के साथ अपना पहला गाना साइन करने के सिलसिले में भारत लौटी थीं

कारोबार और संगीत के बीच अपना रास्ता चुनते हुए अनन्या ने ऑक्सफ़ोर्ड में इकोनॉमिक्स एंड मैनेजमेंट की पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी. इसके बाद उन्होंने संगीत को करियर बनाने का फ़ैसला किया और यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप के साथ अपना पहला गाना साइन करने के सिलसिले में भारत आईं.

मार्च 2026 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने पढ़ाई छोड़ने के अपने फ़ैसले पर बात की. उन्होंने कहा, "मैं शिक्षा के पूरी तरह पक्ष में हूं और किसी को पढ़ाई छोड़ने की सलाह नहीं दूंगी. हर किसी का अपना सफ़र होता है और शायद मेरा सफ़र ऐसा ही होना था."

उन्होंने बताया कि ऑक्सफ़ोर्ड के इकोनॉमिक्स एंड मैनेजमेंट प्रोग्राम में दाख़िला पाने के लिए उन्होंने काफ़ी मेहनत की थी. पर प्रोग्राम के दूसरे साल उन्हें मेंटल हेल्थ से जुड़ी कुछ परेशानियां होने लगीं.

उन्होंने इंटरव्यू में बताया "मैंने गिटार उठाया और अपनी भावनाओं को गानों के जरिए व्यक्त करना शुरू किया."

एक दूसरे इंटरव्यू में उन्होंने इस दौर को याद करते हुए बताया, "मैं उस समय के माहौल में बहुत ख़ुश नहीं थी, क्योंकि मुझे पता था कि मैं कुछ और करना चाहती हूं. इसलिए मैंने लाइव म्यूज़िक परफ़ॉर्मेंस शुरू की."

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, बॉलीवुड फ़िल्म डायरेक्टर अयान मुखर्जी के साथ अनन्या बिड़ला

अनन्या के जीवन में संगीत को करियर बनाने का निर्णायक मोड़ तब आया, जब उन्होंने एक सेकेंड हैंड कपड़ों की दुकान में परफ़ॉर्म किया.

उन्होंने बताया कि वहां लोग उनकी परफ़ॉर्मेंस सुनने के बजाय ख़रीदारी करने में व्यस्त थे. इसके बावजूद उन्हें वहां गाना गाकर अच्छा लगा.

उन्होंने कहा, "मुझे एहसास हुआ कि संगीत मुझे ख़ुशी देता है और मैं इसे पूरी ज़िंदगी करना चाहती हूं."

इस अनुभव के बाद उन्होंने ऑक्सफ़ोर्ड छोड़ने का फ़ैसला किया. इसके बाद वह अपना संगीत ख़ुद लिखने और तैयार करने लगीं और अलग-अलग जगहों पर अपने गाने लेकर जाने लगीं.

इसी दौरान उन्होंने अपने कुछ ओरिजिनल गानों के डेमो यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप को भेजे. कुछ समय बाद कंपनी के तत्कालीन मार्केटिंग हेड सुनील डिसूज़ा का फ़ोन आया. उन्होंने अनन्या को मुंबई आकर मिलने के लिए कहा.

2016 के इस मुलाक़ात को याद करते हुए अनन्या ने बताया, "मैं मुंबई आई और यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप के प्रमुख को अपना गाना 'I Don't Want to Love' सुनाया. यह गाना मैंने दिल टूटने के दौर में लिखा था. उन्होंने इसे दो बार सुना और फिर अपने ऑफ़िस बुलाकर मुझे साइन करने की बात कही. यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा था."

क्या बिज़नेस की दुनिया भी पितृ सत्तात्मक है?

इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty Images

इमेज कैप्शन, एबी बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला (फ़ाइल फ़ोटो)

'कॉफ़ी विद करण' में उनसे पूछा गया कि क्या कारोबारी दुनिया में भी पितृसत्ता का प्रभाव है?

इसके जवाब में उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आज भी काफ़ी हद तक पितृसत्तात्मक है.

उन्होंने बताया कि बोर्डरूम में उन्हें इसका एहसास होता है, जहां कुछ पुरुष सिर्फ़ इसलिए उनकी बात पर सहमति जताते हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि वह किसी की 'लाडली बेटी' हैं.

हालांकि, अनन्या ने शो में बताया कि समय के साथ लोग आपकी काबिलियत को स्वीकार करने लगते हैं.

उन्होंने कहा कि आंकड़े झूठ नहीं बोलते. लोग आपके काम करने के तरीक़े और गवर्नेंस को देखते हैं.

यह बिल्कुल फ़िल्मों के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन की तरह है, जहां आंकड़ों के सामने किसी के पास कहने के लिए कुछ नहीं होता.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

Source: BBC Hindi · BBC News हिंदी

At a glance

Topic
World
Country
🇮🇳 IN
Publisher language
HI
Added to Allnira